बुधवार, अप्रैल 27, 2011

पटना अमरीका से कनाडा चला आया-बस, एक हफ्ते के लिए!!!

लगभग साल भर पहले एक पोस्ट आई: समीर लाल & अनूप शुक्ल. शीर्षक अजीब था लेकिन उस वक्त के ब्लॉगजगत के माहौल में ऐसी ही पोस्टें आ रही थीं और निश्चित ही, ऐसी कोई भी पोस्ट मेरा और अनूप शुक्ला का ध्यान आकर्षित करने के लिए तो काफी थी ही. मेरा नाम शीर्षक में हो और मैं न देखूँ? न भी देखूँ तो मित्र दिखवा ही देते.

तब वो पोस्ट पढ़ी और जिस खिलंदड़े अंदाज में उस समय के व्याप्त तनाव के बीच यह पोस्ट लिखी गई थी, वो काबिले तारीफ थी. बस, मुरीद हो गये इस लेखन शैली के. फिर पढ़ डाला पूरा ब्लॉग: भानुमति का पिटारा. पहले हल्का फुल्का बिना खास तव्वजो के पढ़ा भी था मगर अब रडार पर था.

उसी के आस पास या इधर उधर फिर राजू बिन्दास (राजीव ओझा जी)  के अखबार के कॉलम में ’विदेश में बसे देसी’ में मेरा और इनका जिक्र साथ साथ आया, तो और जाना.

पता चला और फिर धीरे धीरे जाना कि एक पटना अमेरीका में आ बसा है. वही अंदाज, वही सलीका (?) :), वही बोलने का ढंग, वही अपनापन और फिर अमरीकियों के बीच किसी अमरीकी से कम नहीं, न ज्ञान में, न शान में.

कई बार फोन पर बात हुई. कब सह ब्लॉगर से खुद ही प्यारी सी बिटिया बन बैठी, न मैं जान पाया और न मेरी पत्नी साधना.

फिर पता चला कि टोरंटो आ रही है किसी परिवारिक प्रयोजन से. बात हुई तो बताया कि अपनी मौसी के पास आ रही है. उसकी मौसी लता पांडे हमारी पूर्व परिचिता निकली. साथ साथ टी वी पर और कई कवि सम्मेलनों में काव्य पाठ का सिलसिला रहा है.

बस, पिछले शुक्रवार को शाम मेरे घर से ८० किमी दूर अपनी मौसी के घर रुकी स्तुति पांडे से मिलने हम जा पहुँचे सपत्निक मिसिसागा. मेरे बेटे के घर से पाँच मिनट की दूरी पर.

लगा ही नहीं कि पहली बार मिल रहे हैं. बहुत आनन्द आया. किताब ’देख लूँ तो चलूँ’ भी भेंट कर दी (पता नहीं पढ़ी भी कि नहीं), आशीर्वाद भी दे दिया, फिर आने का वादा भी ले लिया और स्तुति के हाथ की बनी चाय और उन्हीं हाथों से परोसे समोसे का आनन्द भी लिया गया. मैने जब सिर्फ आधा समोसा लिया तो स्तुति के चहेरे पर खुशी देखने लायक थी. कारण मेरा संयम नहीं, उसके लिए अतिरिक्त उपलब्धता ही होगा क्यूँकि टोरंटो जैसे समोसे उसके शहर में तो मिलने से रहे. ढेरों बात हुई. अच्छाई बुराई ऑफ ब्लागर्स की गई. हूंह, बतायेंगे थोड़े न किसी का नाम!!! हम तो अजय झा, प्रशान्त, पंकज, अभिषेक आदि किसी का नाम भी क्यूँ बतायें- जस्ट गैस!!!

करीब एक घंटा पाँच मिनट में बीत गया और फिर भारी मन से विदा ली गई. जब तक कार पहले मोड़ से मुड़ नहीं गई, स्तुति हाथ हिलाते नजर आई या हो सकता है, नजर रख रही हो कि कहीं लौट न आयें. समोसे तो बचे हुए थे ही. बाद में अकेले दबाकर खाई होगी पक्का!!!

वही हाथ हिला कर अलविदा कहती स्तुति की तस्वीर जेहन में बसाये लौट आये फिर कभी मिलने की ख्वाहिश को थामे. अगली सुबह उसे अमरीका लौट जाना था.

यही तो है जिन्दगी!!!

अब देखो कब मिलना होता है मगर यह मिलन यादगार रहा.

कुछ तस्वीरें उस मौके की:

st1a

 

st2a

 

st3a 

यूँ

इसके पहले

मिले तो न थे कभी

पर

जब मिले

तो लगा

कि

फिर मुलाकात हुई!!

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, अप्रैल 24, 2011

हरे सपने...

उसे भी सपने आते थे. वो भी देखती थी सपने जबकि उसे मनाही थी सपने देखने की.

माँ के पेट के भीतर थी तब भी वो. खूब लात चलाती थी,यह सोचकर कि माँ को लगेगा लड़का है. लेकिन माँ न जाने कैसे जान गई थी कि लड़की ही है. माँ ने उसे तभी हिदायत दे दी थी कि उसे  सपने देखने की इजाजत नहीं है. अगर गलती से दिख भी जाये तो उनका जिक्र करने  या उन्हें साकार करने की कोशिशों की तो कतई भी इजाजत नहीं. ऐसा सोचना भी एक पाप होगा.

जन्म के साथ ही यही हिदायतें माँ लगातार दोहराती रही,  लेकिन सपनों पर किसका जोर.चला है जो अब चलता, वो देखा करती सपने. मगर न जाने क्यों उसके सपने होते हमेशा हरे, गाढ़े हरे. जितना वो सपनों में उतरती वो उतने ही ज्यादा और ज्यादा हरे होते जाते.

समय बीतता रहा. सपने अधिक और अधिक गाढ़े हरे होते चले गये. स्कूल जाती तो सहेलियाँ अपने सपनों के बारे में बताती, गुलाबी और नीले सपनों की बात करतीं. मगर वो चुप ही रहती. बस, सुना करती और मन ही मन आश्चर्य करती कि उसके सपने हरे क्यूँ होते हैं? उसे गुलाबी और नीले सपने क्यूँ नहीं आते?. सपनों के बारे में बात करने या बताने की तो उसे सख्त मनाही थी. आज से नहीं, बल्कि तब से जब वो माँ की कोख में ही थी.

चार बेटों वाले घर की अकेली लड़की, बहन होती तो शायद चुपके से कुछ सपने बाँट लेती उसके साथ, लेकिन वो भी नहीं. माँ से बांटने का प्रश्न ही न था. उसने तो सपने देखने को भी सख्ती से मना कर रखा था.

बहुत मन करता उन हरे सपनों को जागते हुए बांटने का. उन्हें जीने का. उन्हें साकार होता देखने का. यह सब होता तो था मगर उन्हीं हरे सपनों के भीतर... एक हरे सपने के भीतर बंटता एक और  दूसरा हरा सपना. एक हरे सपने के बीच सपने में ही सच होता दूसरा हरा सपना. हरे के भीतर हरा, उस हरे को और गाढ़ा कर जाता. उसे लगता कि वो एक हरे पानी की झील में डूब रही है. एकदम स्थिर झील. कोई हलचल नहीं. जिसकी सीमा रेखा तय है.

कई बार कोशिश की सपनों में दूसरा रंग खोजने की. शायद कभी गुलाबी या फिर नीला रंग दिख जाये. हल्का सा ही सही. जितना खोजती, उतना ज्यादा गहराता जाता हरा रंग. और तब हार कर उसने छोड़ दिया था किसी  और रंग की अपनी तलाश को सपनों में. सपने हरे ही रहे, गहरे सुर्ख हरे. उसके भीतर कैद. कभी जुबान तक आने की हिम्मत न जुटा पाये और न कभी वह सोच पाई उन्हें साकार होते देखने की बात को. माँ की हिदायत हमेशा याद रहती.

स्कूल खत्म हुआ. कालेज जाने लगी लेकिन सपने पूर्ववत आते रहे वैसे ही हरे रंग के और दफन होते रहे उसके भीतर, तह दर तह.क्योंकि उन्हें मनाही थी बाहर निकलने की, किसी से भी बताये जाने की या साकार रुप लेने की.

कालेज में एक नया माहौल मिला. नये दोस्त बने. सपनों के बाहर भी एक दुनिया बनी, जो हरी नहीं थी. वह रंग बिरंगी थी. वो उड़ चली उसमें. पहली बार जाना कि डूब कर कैसे उड़ा जाता है बिना पंखों के. वो भूल गई कि जिसे दरवाजा खोलने तक की इजाजत न हो उसे बाहर निकलने की अलग से मनाही की जरुरत ही नहीं है. वो तो स्वतः ही समझ लेने वाली बात है. किन्तु रंगों का आकर्षण उसे बहा ले गया. अपने संग उड़ा ले गया.

goingskyway

फिर वह दिन भी आया जब तह दर तह दमित सपनों का दबाव इतना बड़ा कि वो एक विस्फोट की शक्ल में बाहर फट निकला और उस शाम वो अपने रंगों की दुनिया में समा गई और भाग निकली अपने सपनों से बाहर उग रहे एक ऐसे रंग के साथ, जो हरा नहीं था.

उस शाम बस्ती में कहर बरपा. दंगा घिर आया. सुबह के साथ ही दो लाशें बिछ गई. एक उसकी खुद की और एक उसकी जिसके साथ वह भाग निकली थी. अब न हरा रंग और न ही गुलाबी या नीला. दोनों रक्त की लालिमा में सने थे.

वो निकल पड़ी अपनी लाश को छोड़ उस दुनिया में जाने के लिए, जो रंग बिरंगी है. जहाँ सभी रंग सभी के लिए हैं. एक बार पलट कर उसने देखा था अपनी लाश की तरफ. रक्त की लालिमा में लिपटा हरा रंग. हरे सपनों की कब्रगाह.

अब वह जान चुकी थी अपने हरे सपनों का रहस्य. उसका नाम था शबाना ...

एक नजर उसने बगल में पड़ी लाश पर भी डाली. रोहित अपनी लाश के भीतर अब भी जिन्दगी तलाश रहा था.

वह मुस्कराई और चल पड़ी अपनी नई दुनिया से अपना रिश्ता जोड़ने. उसे कोई मलाल न था.

आज बहुत खुश थी वो. 

Indli - Hindi News, Blogs, Links

मंगलवार, अप्रैल 19, 2011

चलो, दिल्ली में ही सेटल हो जायें...

कल ही पोता लौटा है दिल्ली से घूम कर. अपने कुछ दोस्तों के साथ गया था दो दिन के लिए.

सुना उपर अपने कमरे में बैठा है अनशन पर कि यदि मोटर साईकिल खरीद कर न दी गई तो खाना नहीं खायेगा. जब तक मोटर साईकिल लाने का पक्का वादा नहीं हो जाता, अनशन जारी रहेगा.

माँ समझा कर थक गई कि पापा दफ्तर से आ जायें, तो बात कर लेंगे मगर पोता अपनी बात पर अड़ा रहा. आखिर शाम को जब उसके पापा ने आकर अगले माह मोटर साईकिल दिला देने का वादा किया तब उसने खाना खाया.

खाना खाने के बाद वो मेरे पास आकर बैठ गया. मैने उसे समझाते हुए कहा कि बेटा, यह तरीका ठीक नहीं है. तुमको अगर मोटर साईकिल चाहिये थी तो अपने माँ बाप से शांति से बात करते, उन्हें समझाते. पोता हंसने लगा कि दादा जी, यह सब पुराने जमाने की बातें हो गई. आजकल तो बिना आमरण अनशन और भूख हड़ताल के कोई खाने के लिए भी नहीं पूछता. यही आजकल काम कराने के तरीका है. इसके बिना किसी के कान में जूं नहीं रेंगती. सब अपने आप में मगन रहते हैं. मुझे तो यह तरीका एकदम कारगर लगता है.

मुझे लगा कि शायद मैं ही कुछ पुराने ख्यालात का हो चला हूँ, नये जमाने का शायद यही चलन हो.

खैर, मैने उससे दिल्ली यात्रा के बारे में जानना चाहा.

delhi

उसने बाताया कि दो दिन में से एक दिन तो फिल्म, क्रिकेट मैच और दोस्तों के साथ चिल आऊट करने में निकल गया. हालांकि मैनें उससे जानने की कोशिश की कि चिल आऊट कैसे करते हैं, मगर वह टाल गया. मैने भी जिद नहीं की इसलिए कि कहीं मेरी अन्य अज्ञानतायें भी प्रदर्शित न हो जायें. क्रिकेट मैच ट्वेन्टी ट्वेन्टी वाला था, एकदम कूल. चीअर गर्लस, वाईब्रेशन, गेम सब का सब डेमssकूssल.

मुझे फिर लगा कि जमाना कितना बदल गया है. हमारे समय में मैच माहौल में गर्मी पैदा कर देते थे और हर दर्शक एक गर्मजोशी के साथ मैच देखा करता था और आज- हून्ह- कूssल.

वो आगे बताता रहा कि रात में एक क्लब में दोस्तों के साथ चिल आऊट किया और फिर दूसरे दिन, दिल्ली का सेलेक्टेड टूर लिया. समय एक ही दिन का बचा था तो सेलेक्टिव होना पड़ा. सिर्फ राज घाट, जंतर मंतर इंडिया गेट और संसद भवन देखा गाईड के साथ.

मुझे भी दिल्ली गये एक अरसा बीत चुका था तो मैने सोचा कि चलो, इसी से आँखों देखा हाल सुन कर यादें ताजा कर लूँ. इसी लिहाज से मैं पूछा बैठा कि गाईड ने क्या क्या बताया?

आजकल के बच्चे इतने शार्प होते हैं कि अपने फोन में सारी तस्वीरें भी ले आया था. उसी को दिखाते हुए उसने वर्णन देना शुरु किया कि यह राजघाट है जहाँ सारे नेता इन्क्लूडिंग प्रधान मंत्री और फारेन के नेता भी अपना काम शुरु करने के पहले दर्शन के लिए जाते हैं, जैसे आप मंदिर जाते हो न, वैसे ही. फिर फोटो में उसने दिखाया कि यहाँ से सन २००६ में कुत्ते घुसे थे और कुत्तों के द्वारा पूरा चैक करने के बाद यहाँ से यू एस के राष्ट्रपति बुश. उन्होंने नें भी भारत में काम शुरु करने के पहले यहाँ के दर्शन किये थे.

बहुत सुन्दर जगह है, वैल मेन्टेन्ड, ग्रीन और क्लीन. फिर हम लोग जंतर मंतर गये. ये देखो तस्वीर.

मैने बस उसका ज्ञान जानने के हिसाब से पूछ लिया कि जंतर मंतर क्या है?

फिर क्या था- दादा जी, आप इतना भी नहीं जानते कि यह अनशन स्थल है. यहाँ अन्ना हजारे आमरण अनशन पर बैठे थे और भारत सरकार के दांत खट्टे कर दिये थे. ये देखो, इस जगह अन्ना हजारे बैठे थे और ये.. इस तरफ सारा जन सैलाब था. इस वाले रास्ते से नेता उनसे मिलने आने की कोशिश कर रहे थे. इस तरफ से पब्लिक ने उन नेताओं को खदेड़ा था. सरकार को झुकना पड़ा. उनकी मांगें माननी ही पड़ी.

मैने उससे कहा कि वो तो सही है बेटा मगर इसे बनवाया किसने था और किस लिए. पोता बोला वो तो गाईड ने बताया नहीं मगर यह जगह फेमस इसीलिए है.  सब फोटो खींच कर लाया था मगर यंत्रों की एक भी नहीं. मानों वो सिर्फ सजावट के लिए लगे हों तो उनकी क्या फोटो खींचना- सिर्फ इम्पोर्टेन्ट जगहों की खींची.

फिर संसद भवन भी देखा जहाँ देश भर से चुने हुए भ्रष्ट आकर भ्रष्टाचार को अंजाम देने की योजना बनाते हैं. इतने जरुरी काम में खलल न पड़े इसलिए आम जनता को बिना पास के अंदर जाने की इजाजत नहीं है. हर तरफ सिक्यूरिटी लगी है जबरदस्त. इन सारे चुने हुए लोगों का स्टार स्टेटस है. उन्हें देखते ही प्रेस वाले टूट पड़ते हैं. कैमरे चमकने लगते हैं. मैं तो उनको दूर से ही देखकर बहुत इम्प्रेस हुआ.

मैं अपने इम्प्रेस्ड पोते को ठगा सा देख रहा था और वो इससे बेखबर मुझे अपने फोन से फोटो दिखाये जा रहा था.

पोता जब बहुत लाड़ में होता है तो अपने पापा को डैड और मुझे डैडू कहता है. नये जमाने का है.

कहने लगा डैडू, आपको पता है कि यह इंडिया गेट है. यह इसलिए फेमस है कि यहाँ पर विख्यात मॉडल जेसिका के मर्डर केस में मीडिया और जनता ने मिल कर केन्डल लाईट विज़िल किया था. जिसके चलते ही पूरा केस साल्व हुआ. न्यायपालिका को हिला कर रख दिया था जनता ने. फिर एक दिन उसी मीडिया की फेमस मिडीया कर्मी और राडिया धर्मी को जनता नें यहीं से नारे लगा लगा कर खदेड़ा. जनता के बदलते मिजाज का गवाह है यह गेट. व्हाट ए गेट, ह्यूज!!! फिल्म वालों के लिए भी बेहतरीन लोकेशन है, कितनी सारी फिल्मों में यहाँ की शूटिंग की है.

रात को जब लाईटिंग होती है, तो क्या गजब का लगता है यह गेट. कितने सारे लोग पहुँचते हैं यहाँ चिल आऊट करने रात में..ग्रेट नाईट आऊट!!!

लुक!!! डेहली इज़ सो फेसिनेटिंग.

दादा जी, चलो न!! हम लोग दिल्ली में ही सेटल हो जायें............. क्या सोच रहे हैं?..................क्या ख्याल है...मैने ने तो सोच लिया है बस.........एक बार ये पढ़ाई पूरी हो जाए........


वो बोलता जा रहा है तो मैं अपने ही ख्यालों में डूबा था कि वाकई, बहुत दिन हो गये दिल्ली गये. कितना कुछ बदल गया है इतने सालो में.

 

दीवार पर टंगा
कलेन्डर
हनुमान जी के चिरे
सीने से झांकते
सीता-राम......
और
तलाश नई तारीखों की...
मुई!! मिलती ही नहीं...

जाने कौन पुराना हुआ...
मैं,
कलेन्डर
या तारीखें!!

कोई समझाओ मुझे!!

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

शुक्रवार, अप्रैल 15, 2011

मैं हूँ न!!

रात देर गये अपने बिखरे कमरे को सहेजता हूँ, इधर उधर सर्वत्र बिखरी तुम्हारी यादों को उठा उठा कर एक दराज में जमाता हूँ  और फिर आ बैठता हूँ खिड़की से बाहर आसमान ताकते अपने पलंग पर. आसमान में आखेट करते चंद तारे हैं और उनके बीच मुझे मुँह चिढ़ाता चाँद.

आज अपने सामने बैठे खुद को पाता हूँ नाराज, रुठा हुआ खुद से.

मुस्कराता हूँ मन ही मन उसकी इस नादानी पर.

वो सोचता है तुम्हारा बिछुड़ जाना उसकी गल्ती है. वह नहीं जानता कि यही जमाने का चलन है. एक अफसोस सा होता है दुनिया से इतर उसकी सोच पर.

आज की इस व्यवसायिक दुनिया में एक सच्चे प्यार की आस लगाये बैठा है, मूरख.

जाने क्यूँ उसकी मुर्खता पर एक प्यार सा उठता है और बाँहों में समेट लेता हूँ खुद को अपने आप में.

भींच लेता हूँ कस कर, खुद को अपने होने का अहसास कराने-और धीरे से बुदबुदाता हूँ खुद ही खुद के कानों में- मैं हूँ न!!

आज लगा कि खुद को खुद ही सच्चा अहसास रहा हूँ बहुत अरसों बाद वरना तो खुद से मिलने के लिए भी एक मुखौटा धारण करना पड़ता है आज के जमाने में. एक आदत जो लाचारी बन गई है. यही चलन भी है.

आईना भी तो देखा देखी न जाने कब से झूठ बोलना ऐसा सीखा कि सच बोलना ही भूल चुका है. वो भी वही दिखाता है जो हम देखना चाहते हैं.

अपने साथ अपने खुद के होने का अहसास तसल्ली भरा लगता है और सो जाता हूँ मैं खुद से लिपट एक चैन की नींद-कल सुबह जाग एक नये सबेरे के इन्तजार में.

काश! पहले जान पाता तो कम से कम खुद से खुद तो ईमानदार रहा होता....

self

कल जाग
सारी रात
दिल के दराज से
पुरानी बिखरी
बातों और यादों को सहेज
एक कागज पर उतारा,

फिर कान में खुसे
इत्र के फुए से
कुछ महक उधार ले
मल दिया था
उस कागज पर उसे...

करीने से मोड़
लिफाफे में बंदकर
रख दिया है उसे
डायरी के पन्नों के बीच

जहाँ हल्की हल्की
साँसे ले रहे हैं
तुमको लिखे मेरे
सारे खत!!!
कभी तुम तक
पहुँचने की
एक जिन्दा
आस लिए...

सोचता हूँ
ये मैं हूँ
या
मेरे खत!!!

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

शुक्रवार, अप्रैल 08, 2011

सांप चालाक हैं दूरबीन लिये बैठे हैं.....अन्ना संभलना!!

यूँ तो किसी का बैठ जाना या खड़े हो जाना कोई बातचीत का विषय नहीं होता जब तक कि शेयर बाजार न बैठ जाये, सरकार न बैठ जाये या इन्कम टैक्स वाले आपके दरवाजे पर न आ कर खड़े हो जायें.

वैसे मौत का आपके दर पर आकर खड़ा हो जाना या सर पर आकर नाचना भी चर्चा का विषय हो सकता है लेकिन तब आप इसके लिए उपलब्ध नहीं होते. मौत तो खड़े होकर या नाच कर साथ ले जाती है.

किन्तु आज अन्ना का बैठ जाना सारे देश को उनके साथ खड़ा कर गया.

पता चला अन्ना भ्रष्टाचार के खिलाफ अनशन पर बैठ रहे हैं. सारा देश जो भ्रष्टाचार से परेशान बैठा था, अन्ना के बैठने की खबर आते ही उठ खड़ा हुआ.कहते हैं साथ देना है अन्ना का इस मुहिम में. पहली बार देखा कि किसी बैठने वाले का साथ खड़े होकर देते. मैं भी खड़ा हूँ इस बेहतरीन मुहिम में साथ देने. मुझे खड़े रहना ही होगा, आज की जरुरत है.

सच है, जो हालात देश के हो गये हैं इसमें शायद अब उल्टी बंसी बजाने से ही काम होगा. चुप रह कर देख लिया, सह कर देख लिया, झेल कर देख लिया लेकिन भ्रष्टाचार है कि सीधों की बात समझने को ही तैयार नहीं तो लो, अब देखो उल्टा. बैठे का साथ देने खड़े लोग तुम्हारी ईंट से ईंट बजा देंगे. मौत पर उल्टा नगाड़ा ही बजाया जाता है सो भ्रष्टाचार की शव यात्रा ही मानिये इसे. उल्टा ही कारगर सिद्ध होगा. अन्ना के बैठने का साथ देने के लिए कंधे से कंधा मिला कर खड़े होना ही होगा,

हर तरफ पढ़ रहा हूँ, देख रहा हूँ और सुन रहा हूँ कि जन आन्दोलन छिड़ गया है. देश का कोना कोना जाग गया है..एक आग उठी है विरोध की-यह ऐसी आग है जो भकभका के फैलती है. इस आग रुपी भीड़ को रोक पाना अच्छे अच्छों के बस का नहीं.

सरकार इस बात को समझती है. वो इसे तब भी समझ रही थी जब वो भारत पाकिस्तान का मैच देख रही थी और तब भी, जब उसने भारत के क्रिकेट विश्व विजेता होने का जश्न मनाया. उसे मालूम था कि अन्ना अनशन पर बैठने जा रहे हैं. जा क्या, आ रहे हैं. नेता होशियार होता है वो अच्छे अच्छों से परे होता है और उससे उपर होता है. वो जानता है कि कब क्या करना है? जो उपर की कमाई टेबल के नीचे से करना जानता हो, उसे क्या समझाना और क्या समझना.

वो मोटी चमड़ी का धारक होता है. उसे कोई अन्तर नहीं पड़ता कि भीड़ उसकी तरफ आ रही है या वो भीड़ की तरफ जा रहा है. उसे आता है कि कब कौन सा दांव फेंकना है और भीड़ को तितर बितर कर देना हैं या कब कैसे पैतरा बदलना है और भीड़ में शामिल हो जाना है. वो मौका देख कर हँसना जानता है तो मौका देख कर रोना भी जानता है. बड़े बड़े अभिनेता भी उसकी अदा के सामने पानी भरते हैं और बस, एक ही अरमान पाले घूमते हैं कि काश!! हम अभिनेता से नेता हो पाते. कई तो हो भी गये. यह एक प्रकार का प्रमोशन है.

इरफ़ान झांस्वी का एक शेर है-

’संपेरे बांबियों में बीन लिये बैठे हैं,
सांप चालाक हैं दूरबीन लिये बैठे हैं।’

इन नेताओं की दूरबीन की पहुँच से भला कोई क्या चूक पाया है. आप लाख बीन बजायें क्या फरक पड़ना है.

snake_7

कल खबर पढ़ी थी कि कुछ नेताओं नें अन्ना का साथ देने के लिए, अन्ना के अनशन पर बैठ जाने के समर्थन में साथ खड़े होने की कोशिश की. इस हेतु वह जंतर मंतर पहुँचे भी मगर भीड़ ने उन्हें घुसने ही नहीं दिया और भगा दिया.

आज खबर पढ़ी कि अन्ना को इससे ठेस पहुँची. वह दुखी हुये. उन्होंने बहन नेत्री से इस हेतु माफी माँगी. वह बहन नेता नहीं, साध्वी हैं. पूर्व मुख्य मंत्री मात्र साध्वी है. अपनी मुख्य पार्टी से बाहर हो एक पार्टी बना कर पुनः सत्ता पर काबिज होने का असफल प्रयास करने वाली महान नेत्री साध्वी नेता इसलिए नहीं है क्यूँकि वह न तो सत्ता में है  और न ही विपक्ष में और फिर बहन तो है ही. उन्हें आने से रोकना अन्ना को दुखी कर गया.

यूँ ही अगर छांटने बीनने की प्रक्रिया चली तो कल कुछ और बहनें आयेंगी और जब बहनें आयेंगी तो भाई भी आयेंगे. आज साध्वी आईं हैं तो कल साधु भी आयेंगे. वो सब कभी या अभी सत्ता से जुड़े थे या हैं तब यह मुहिम किसके खिलाफ. यही तो भ्रष्टाचार के वाहक से, जन्मदाता हैं, पालनकर्ता हैं.

एक तरफ माना जा रहा है कि पूरा तंत्र भ्रष्ट हो चुका है. पूरी जनता त्रस्त है और दूसरी तरफ, इस भ्रष्ट तंत्र का हिस्सा रहे लोगों से माफी की दरकार? बात समझ के परे हो तो पूछना बेहतर है. शायद मेरी समझ में ही कुछ कमी हो.

सुना मेरे शहर में भईया जी ने आनन फानन में भ्रष्टाचार उन्मूलन समिति बना ली. सोसायटी एक्ट में एक दिन में कुछ लेने देन कर पंजीयन भी करा लिया और खुद स्वयंभू अध्यक्ष भी नियुक्त हो आंदोलन में साथ देने का शंखनाद कर दिल्ली की ओर, रेल्वे के टीसी को गाँधी की तस्वीर वाला रिजर्व बैंक वाला सिफारशी पत्र पकड़ा, पहली ट्रेन से कूच कर गये. उनके साथ चन्द वो भक्त भी इस धार्मिक यात्रा में शामिल हो गये, जिन्हें भईया जी ने अपने संपर्कों कें माध्यम से दिल्ली में काम करा देने का वादा कर काफी पहले अपने कई महिनों के खर्चे का इन्तजाम कर लिया था. भ्रष्टाचार को पालते पोसते भ्रष्टाचार खत्म करने निकले भईया जी को देख ईद पर कटने वाले बकरे का लालन पालन याद कर आँखें नम हो आईं.

भईया जी का मानना है कि इस आंदोलन में उनकी शिरकत अगले चुनावों में उनकी जीत के लिए संजीवनी साबित होगी और उन्हें कोई माई का लाल नहीं हरा पायेगा. शहर के अनेक ठेकेदारों और व्यापारियों को इस बात का पूरा भरोसा है और उन्हीं के सौजन्य से भईया जी इस आंदोलन में शिरकत के दौरान दिल्ली के पांच सितारा होटल में ठहरे हैं और अनशन स्थल तक वातानकूलित गाड़ी में आ जा रहे हैं.

देर रात भईया जी से अनशन की स्थिति और उनका विचार जानने हेतु होटल में संपर्क करने की कोशिश की परन्तु भईया जी को दिन भर की आमरण अनशन स्थल पर उपस्थिति से उपजी थकान उतारने की दवा जरा ज्यादा हो गई थी, अतः बात न हो सकी.

कोशिश होगी कल सुबह उनके नाश्ते के तुरंत बाद (आखिर फिर दिन भर उन्हें भूखा रहना है) पुनः सभा स्थल को जाने के पूर्व बात हो जाये तो उनके अनमोल एवं ओजस्वी विचार आप तक पहुँचा सकूँ.

अन्ना बैठे हैं. सारे देश की तरह मैं भी उनके साथ खड़ा हूँ. भ्रष्टाचार मिटाना है. लोकपाल बिल लाना है. इस आंदोलन के प्रति मेरी प्रतिबद्धता में कोई कमी नहीं है मगर चिन्तित हूँ- अगर ऐसे ही बहन भाईयों से माफी मांग उन्हें शामिल करते गये तो होगा कैसे......? ये भाई बहन तो मौके की तलाश में हैं ही....एक शेर याद आया:

’फ़िराक तो उसकी फ़िराक में है जो तेरी फ़िराक में है....’

इनका काम तो बन जायेगा..मगर हमारा क्या होगा?

अब सुन रहे हैं कि सरकार के साथ कुछ सहमति हुई है और शनिवार की सुबह अनशन समाप्त हो जायेगा और लोक पाल विधेयक लाने के मार्ग पर कार्यवाही शुरु हो जायेगी.

हम जनता हैं, हमें उम्मीदों पर जीने की आदत है. हम ताकना जानते हैं. पिछले ६४ सालों से तो शून्य में ही टकटकी लगाये बैठे हैं.

अन्ना!! अब हम तुम्हारी ओर ताक रहे हैं. हमें तुममें उम्मीद की किरण नजर आती है, हमने तुमसे बहुत सी उम्मीदें लगा ली हैं. एक ऐसे देश की, एक ऐसे समाज की जो भ्रष्टाचार से मुक्त होगा.

हम जनता हैं- हम राहत चाहते हैं!!!

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, अप्रैल 06, 2011

आज कोई पोस्ट नहीं...

उड़न तश्तरी की गुरुवारीय पोस्ट अन्ना के आंदोलन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रकट करते हुए नहीं लगाई जा रही है.


-समीर लाल ’समीर’
Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, अप्रैल 03, 2011

काश!! ऐसा मैच रोज हो!!!

शनिवार अप्रेल २, २०११ को दैनक जनवाणी, मेरठ मे प्रकाशित मेरा आलेख

janwani

पहले हल्ला मचाया. शेर जाग उठा है. कंगारुओं को दौड़ाया. १२ साल के विजेता को जमीन चटाई. अब पाकिस्तान की खैर नहीं. आँधी आये या तूफान, टीम इंडिया खड़ी है सीना तान. और भी जाने क्या क्या चिंगारीनुमा.

आग भड़की. वो तो यूँ भी भड़कना ही थी. मगर सेहरा इन चिंगारियों को बंधा. लोग उत्साहित हो उठे, पाकिस्तान के साथ सेमी फायनल, खेल न होकर इज्जत आबरु का मसला हो गया. हिन्दु मुसलमान का मामला हो गया. राम रहीम मैदान में उतर आये. हरा भगवा लहराने लगे, ललकारने लगे.

सारा काम धाम रुक गया, मानो युद्ध घिर आया हो. खेल प्रेमी उत्साहित होते तो बात अलग थी. ऐसे लोग भी, जो क्रिकेट का अ ब स द लिखने में पैन की निब तोड़ दें, उत्साहित हो उठे. घर घर, गली मोहल्ले, पान ठेले से लेकर दफ्तर, रेलगाड़ी, रिक्शे वाले, कुली सभी क्रिकेटमय हो गये. जो कल तक यह भी नहीं जानते थे कि कितनी टीमें खेल रहीं हैं. कौन कप्तान है, वो भी रातों रात विशेषज्ञ हो गये. सलाह दी जाने लगी कि धोनी को ऐसा करना चाहिये, सचिन को वैसा और अफरीदी को बीमारी का बहाना बना कर भाग जाना चाहिये.

सड़क छाप विशेषज्ञ चाय पीते पीते यहाँ तक आँकने लगे कि कौन सा खिलाड़ी कितने में बिकेगा और पूरी टीम खरीदने में क्या खर्चा आयेगा. कौन खरीदेगा और इस खरीद फरोक्त में फायदा किसका होगा. कई ने तो सौदा अपनी आँखो से देखने का दावा किया कि फलाना खिलाड़ी बिक गया. ऐसा लगा जैसे वह खुद अपनी साईकिल से रुपये पहुँचा कर आया हो.

राजनितिक पहलुओं पर चर्चा का भी बाज़ार गरम हो उठा. जरदारी के आने का कारण क्या हो सकता है? हाई लेवल एजेन्डा रिक्शे वाले से डिस्कस करते लोग राज्य परिवहन की बस पकड़ कर काम से निकल गये. मनमोहन सिंह कहीं उन्हें तोहफे में मैच ही न दे दें, भारी चिन्ता का विषय बना रहा. यहाँ तक तय कर लिया गया कि क से क का सौदा होने जा रहा है. क से कप तुम ले लो और क से कश्मीर हमें दे दो.

खूब कार्टून बने, बँटे, फेसबुक से लेकर बज़्ज़ तक हर जगह सटाये गये. कुल मिला कर ऐसा माहौल बन गया कि जापान का सुनामी और परमाणु लिकेज मामला हल्का पड़ बगलें झांकने लगा. सुनामी लाने वाला समुन्दर और लिकेज लाने वाला रियेक्टर आपस में मिलकर खूब रोये कि एक तो जगह पहले ही गलत हो गई थी जहाँ वो आये और इस मैच के कारण टाईमिंग भी गलत हो गया. क्या फिर से कहीं और, फिर जल्द आना होगा. वैसे उन्हें मौके तो हम देते ही जा रहे हैं, उसकी कोई कमी नहीं बस शरम लिहाज जो उनमें है, सो ही बचाये है.

जरदारी नया सूट पहन कर आये मगर हमारे सरदार जी पुरानी पगड़ी मे ही डटे रहे. एक इन्च जानी पहचानी सदाबहार मुस्कान पूरे मैच के दौरान उनके चेहरे पर बनी रही. उन्होंने मैच के दौरान न तो युवराज की चिन्ता की और न उनकी मम्मी की. वो अलग से बैठे और बैठीं. जरदारी को लगा होगा कि सरदार जी इन्डिपेन्डेन्ट हो गये हैं ठीक उसी तरह जैसे कि इस मैच को देखे बिना आप यह कह उठें कि भारतीय टीम बहुत ताकतवर हो गई है, कंगारुओं के बाद अब पाकिस्तान को पछाड़ दिया. अगले मैच में श्री लंकनस की खैर नहीं. किसी ने इसकी चिन्ता नहीं की कि भारत जीता कि पाकिस्तान हारा. जीत तो आपको यूँ भी हासिल हो सकती है अगर अगला हार जाये. मगर यह इस प्रकरण का विषय ही नहीं बन पाया. विषय वही बनता है जो हमें सुहाता है. बाकी तो विषय होकर भी आऊट ऑफ सिलेबस हो जाता है.

जब कुली, मवाली, ठेलावी से लेकर रिक्शा चालक, गुंडा, नेता, व्यापारी, साहित्यकार, कवि, ब्लॉगर, बज़्ज़िया, फेसबुकर, सट्टाबुकर, ट्विटर, आर्कुटिया, चिरकुटिया, छात्र, मात्र, नौकरानी, देवरानी, जेठानी, बहुरानी सब बोलें तो भला लगातर बोलने वाले ज्योतिष कैसे चुप रह जायें. हमेशा की तरह ५०% ने बताया कि भारत जीतेगा. ५०% ने पाकिस्तान की जीत का तो दावा नहीं किया मगर कहा कि भारत हारेगा. टॉस तक बता गये कि कौन जीतेगा. बड़े नाम वाले ज्योतिष सेफ खेले. कुछ अखबारों को बताया कि भारत जीतेगा गणेष जी कृपा से और कुछ चैनलों को बताया कि भारत नहीं जीतेगा शनि की वक्र दृष्टि के कारण. कहीं न कहीं तो सही बैठ ही जायेगा. उतने क्लाईंटस की आस्था के आगे, बाकी की सुनेगा कौन. आस्था की आवाज डंका होती है और नास्तिक फुसफुसाते हैं. इसीलिए ये साधु संत फलते जाते हैं. यही सिद्ध फार्मूला है.

फिल्म स्टार भी मैच देखने पहुंचे. कैमरे उन पर तने रहे. मूंछ का हाव भाव गेंद के हिसाब से बदलता रहा. पूरा स्टेडियम रण क्षेत्र, पूरा भारत सजग, तैनात, जज्बाती, ज्ञानी और पारखी हो उठा.

सट्टेबाजी खुल कर हुई. फोन लाईनें व्यस्त रहीं. भाव हर गेद के साथ बदले. कोई जीता कोई हारा मगर रुपयों का क्या, मैच तो भारत जीता. वही सबको चाहिये था, सो हो गया. मनमोहना मुस्काये, मम्मी ने ताली बजाई, युवराज ने मुस्करा कर डिम्पल दिखाये. जरदारी क्या करते, अतः ताली बजाने लगे. वही हाल कश्मीर मसले पर है कि जब कुछ नहीं सुझता तो ताली बजाने लगते हैं. उनकी क्या गलती अगर टीम के ब्यॉज अच्छा नहीं खेले. इसे तो अफरीदी तक ने माना.

जीत के जश्न में पटाखे फूटे, गुलाल लगाया गया बस पतंग उड़ाना और राखी बाँधना रह गया मगर फिर भी त्यौहार तो मन ही गये.

मौहाली हॉट स्पॉट बन गया. सारे होटल बुक हो गये. सारे होटल को चलाने वाले बुक हो गये. सारे होटल में चलने वाले बुक हो गये.

तुम्हीं ने दर्द दिया है, तुम्हीं दवा देना...का फार्मुला लेकर मिडिया को चमकाया गया तो वो सब बुद्ध हो गये.

जो कल तक चिंगारी लगा रहे थे वो कहते मिले कि खेल को खेल भावना से लो. इसे युद्ध न समझो.

डर तो सबको लगता है प्रशासन को भी. तो संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बरतना पड़ा. यहाँ संवेदनशीलता का मानक मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र रहा क्योंकि मैच पाकिस्तान के साथ था. दफ्तर बंद रहे. अघोषित छुट्टी के वातावरण में गर्मागरम माहौल में पुलिस थाने शांत रहे.

आज चोरियाँ, लूटपाट, बालात्कार, भ्रष्ट्राचार, भूत प्रेत, साँप सपेरा और बोरवेल में बच्चा गिरने के कम मामले सामने आये. कम से कम चैनल और अखबार देखकर तो यही समझ आया.

काश!! ऐसा मैच रोज हो. ज्यादा टेंशन नित के इन्हीं सब मामलों से होती है. सरकारी दफ्तर बंद भी रहेंगे तो चलेगा. खुले भी होते हैं तो कौन सा काम हो जाता है.

जनमानस तो लगता है अपने मानस से यह बिसरा ही बैठा है कि यह क्रिकेट विश्व कप, २०११ का सेमी फायनल था और अभी एक पायदान बाकी है जिसे श्री लंका को परास्त करके ही पूरा किया जा सकता है. फायनल मैच के लिए कहीं भी उस तरह कर उन्माद, उत्सव या उत्साह नहीं दिख रहा है जैसा कि भारत और पाकिस्तान के मैच को लेकर रहा. इस से बड़ा काम कर गुजरे, जब आस्ट्रेलिया को हराया, पर वो जोश नजर ही नहीं आया.

सेमीफायन वाले भी पड़ोसी ही थे और फायनल वाले भी पर पड़ोसी पड़ोसी का अन्तर आमजन का व्यवहार बता जाता है.

देखते हैं फायनल में कौन जीतता है- भारतीय टीम या श्रीलंकन टीम- अब कप किसी को भी मिले, भारत तो जीत गया.

cricketfever

(आलेख यहाँ तक आया उससे पहले भारत कप जीत चुका-बधाई)

Indli - Hindi News, Blogs, Links

गुरुवार, मार्च 31, 2011

ओ साकी! व्यर्थ न हाला जाए!!

पिछली भारत यात्रा के दौरान सायंकालीन महफिलों में लाल और बवाल की संगत नित का नियम सा थीं. उसी माहौल में एक शाम यह रचना लिखी गई और फिर बाद में बवाल ने इसे गा कर जब सुनाया तो सभी झूम उठे. रिकार्डिंग तो उस वक्त नहीं हो पाई मगर बवाल का वादा था कि आप कनाडा पहुँचो और बस, रिकार्डिंग आपके ईमेल में होगी.

तब से ईमेल में आँख गड़ाये बैठे हैं. चलिये, कोई बात नहीं.

वाकिफ तो हूँ उनकी आदत से, मुकर जाने की,
न जाने क्यूँ फिर भी इन्तजार किये जाता हूँ मैं..

रिकार्डिंग फिर कभी आ जायेगी और तब सुना दी जायेगी. अभी तो आप पढ़्कर इस रचना का आनन्द लें.

drink

ओ साथी! क्यूँ मधुशाला जाए, ओ साकी! व्यर्थ न हाला जाए!!

तौल रहा है लिए तराजू, किन बातों में कितना दम है...
जा बैठा मधुशाला में वो, सोच रहा ये कितने गम हैं...
भूल गया था शायद वो यह, इस गम का कारण भी हम हैं...

अपने ही कर्मों के फल का
ये अभिशाप न टाला जाए!!

ओ साथी! क्यूँ मधुशाला जाए, ओ साकी! व्यर्थ न हाला जाए!!

क्यूँ उसका दिवानापन है, भला किसी की वो अपनी है..
जग जाहिर सी यह बात रही कि वो तो बस एक ठगनी है...
होश लूट कर ले जायेगी, इतनी ही उसकी करनी है....

मदहोशी की राह दिखा कर
कब वो गुम हो बाला जाए!!

ओ साथी! क्यूँ मधुशाला जाए, ओ साकी! व्यर्थ न हाला जाए!!

जाने कितने गम के मारे, इसकी धुन पर नाच रहे हैं
जैसे ही मदहोशी टूटी, फिर अपना गम बांच रहे हैं..
अब तक किसका गम हर पाई, क्यूँ न इसको जांच रहे हैं...

दर्देगम जो और बढ़ा दे
वो मर्ज ही न पाला जाए!!

ओ साथी! क्यूँ मधुशाला जाए, ओ साकी! व्यर्थ न हाला जाए!!

फूलों की जो गंध चुरा ले, और भौरों सा झूम रहा हो..
गम से जिसका न (कु)कोई नाता, खुशियाँ देने घूम रहा हो..
देखी जो गैरों की खुशियाँ, अपनी किस्मत चूम रहा हो..

उसी प्याले में पैमाना
भर भर करके ढाला जाए!

ओ साथी! वो मधुशाला आए, ओ साकी! व्यर्थ न हाला जाए!!

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, मार्च 27, 2011

ब्लॉग बेहतर या किताब...परिवर्तन की बयार- भाग २

नोट: राजस्थान पत्रिका के १३ मार्च के अंक में कुछ काट-छांट के बाद प्रकाशित मेरा आलेख. यह आलेख सूचनार्थ ’अपनी माटी वेब पत्रिका’ द्वारा भी छापा गया.

आलेख

नित बहस जारी है साहित्य/ किताब/ पत्रिकायें/चिट्ठा/ अन्तर्जाल. जाने क्या सिद्ध किये जाने की पुरजोर कोशिश. कौन बेहतर, कौन आगे और कौन बाजी जीतेगा.

अभी बहुत समय नहीं बीता है जब आदरणीय श्रीलाल शुक्ल जी की कालजयी पुस्तक ’राग दरबारी’ को नेट पर एक ब्लॉग के माध्यम से लाये जाने का प्रयास किया गया था. इस हेतु आदरणीय़ श्रीलाल शुक्ल जी ने मौखिक स्वीकृति भी दे दी थी. निश्चित ही यह स्वीकृति देते वक्त उनके मन में एक चिट्ठाकार कहलाने का लोभ तो नहीं ही रहा होगा. अगर कोई मंशा होगी तो मात्र इतनी कि इस कालजयी रचना को और अधिक लोग पढ़ें. यूँ भी बिना नेट पर आये उसे पढ़ने वालो की कोई कमी नहीं है फिर भी. उस दौर में मैने भी राग दरबारी को नेट पर लाने के इस अभियान में इसके टंकण में सहयोग कर यथा संभव योगदान किया था और भाई अनूप शुक्ल जी, जो कि इस अभियान के सूत्रधार थे, ने अपनी बात कहते हुए स्पष्ट किया था कि ’किताब नेट पर पूरी उपलब्ध होने पर भी खरीदने वाले इसे खरीदकर पढ़ेंगे ही। इसके नेट पर उपलब्ध होने पर इसकी बिक्री में इजाफ़ा ही होगा, कमी नहीं आयेगी।’

उस दौर में जब हिन्दी के प्रचार एवं प्रसार का ज़ज्बा लिए मात्र मुट्ठीभर १२५ चिट्ठाकार सक्रिय थे और आज भी, जब यह संख्या ३०००० पार कर चुकी है, एक कोशिश हमेशा होती है कि जो साहित्य किताबों में उपलब्ध है या बंद है, उसे अन्तर्जाल पर लाया जाये और एक ऐसे माध्यम पर दर्ज कर दिया जाये जो सर्व सुलभ है और दीर्घजीवी है. विभिन्न आयोजनों के दौरान चाहे फिर वो इलाहाबाद या वर्धा का हिन्दी विश्वविद्यालय का ब्लॉग सम्मेलन रहा हो या अन्य कोई, सभी में प्रख्यात साहित्यकारों को अन्तर्जाल से जोड़ने के प्रयास हुए हैं और यह प्रयास सर्वविदित भी हैं और सर्वमान्य भी. मैने स्वयं भी कितने ही सेमिनारों ,गोष्ठियों और सम्मेलनो के माध्यम से जाने कितने ख्याति लब्ध साहित्यकरों से अन्तर्जाल पर आने का निवेदन किया है और यहाँ तक पेशकश की है कि अगर उम्र के इस पड़ाव में वो नई तकनीक सीखने में असहज महसुस करते हों तो हमें अनुमति दें ताकि हम उनकी रचनायें अन्तर्जाल के माध्यम से सुलभ करायें. 

कुछ स्वभाविक उम्रजनित, अक्षमताओं जनित एवं अहमजनित विरोध भी अन्तर्जाल की ओर आने की दिशा में रहा है मगर वह तो हर परिवर्तन का स्वभाव है और वो पीढ़ी विशेष के प्रस्थान के साथ ही प्रस्थित होगा. उसका कोई विशेष प्रभाव भी नहीं होता मात्र चर्चा के अलावा. चर्चा अवश्य आवश्यक एवं आकर्षक होती है क्यूँकि उसमें विशिष्ट व्यक्ति की स्टेटस की विशिष्टता होती है न कि विचारों की.

परिवर्तन सृष्टि का नियम है और यह निरन्तर जारी रहता है. जिन्दगी में अगर आगे बढ़ना है तो परिवर्तन के साथ कदमताल मिला कर इसे आत्मसात करना होगा.जो अपनी झूठी मान प्रतिष्ठा के चलते उपजे अहंकारवश या उम्रजनित अक्षमताओं की दुहाई देते हुए मजबूरीवश ऐसा नहीं कर पाते, उन्हें अपने पीछे छूट जाने का एवं अस्तित्व को बचाये रखने का भय घेर लेता है. अक्सर जीवन के उस पड़ाव में समय भी कम बचा होने का अहसास होता है अतः नई चीज सीखकर उसे आत्मसात करने की रुचि और उत्साह भी नहीं बच रहता. यही पीढ़ा और खीज असहय हो कुंठा का रुप धारण कर विरोध के रुप में चिंघाड़ती है जिसकी बुनियाद खोखली होती है अतः स्वर तीव्र.

किन्तु ऐसे में भी बहुतेरे आत्म संतोषी विरोध का स्वर न उठा अपने आपको अतीत की यादों में कैद कर जीवन गुजार देते हैं. यूँ भी अतीत की यादें स्वभावतः रुमानियत का एक मखमली लिहाफ ओढ़े सुकून देती हैं और निरुद्देश्य जीवन को खुश होने का एक मौका हाथ लग जाता है भले ही और कुछ हासिल हो न हो. ऐसे लोग ही गाहे बगाहे कहते पाये जाते हैं कि हमारा समय गोल्डन समय था, अब तो जमाना को न जाने क्या हो गया है और भविष्य गर्त में जाता नजर आता है. ऐसे स्वभाव के हर कल ने सदियों से भविष्य को गर्त में ही जाते देखा है. उम्र के इस पड़ाव में यह पीढ़ियाँ भूल चुकी होती हैं कि कभी वह भी ऐसे ही किसी परिवर्तन के वाहक थे जिसे उनके पूर्वज गर्त में जाना कहते कह्ते इस धरा से सिधार गये.

इस तरह से अपने अस्तित्व को परिवर्तन की आँधी से बचाने के लिए अतीत रुपी खम्भे को पकड़े रहना या विरोध में चिल्ला उठना मात्र उन्हें आत्म संतुष्टी देता है किन्तु परिवर्तन होकर रहता है. न कभी समय रुका है और न कभी परिवर्तन की बयार- युग बदलते हैं. विरोध पीढ़ियों की विदाई के साथ रुखसत होता जाता है और जन्म लेता रहता है एक नया विरोध, एक नई पीढ़ी का, एक नये परिवर्तन के लिए, जिसका स्वागत कर रही होती है एक नई पीढ़ी, बहुत उम्मीदों के साथ.

परिवर्तन को रोकने का विचार मात्र नदी के प्रवाह को रोकने जैसा है जो कभी किसी प्रयास से ठहरा हुआ प्रतीत हो तो सकता है किन्तु सही मायने में वो प्रवाह और परिवर्तन ठहरता नहीं. वह उस रुकन को नेस्तनाबूत करने की तैयारी कर रहा होता है, जिसे हम ठहराव मान भ्रमित होते है. यह भ्रम भी क्षणिक ही होता है और देखते देखते ढह जाता है वह रुकन का कारण और प्रयास, वह खो देता है अपना अस्तित्व और बह निकलता है नदिया का प्रवाह अपनी मंजिल की ओर किसी सागर मे मिल उसका हिस्सा बन जाने के लिए या नये प्रवाह/ परिवर्तन को एक स्पेस प्रदान करने के लिए.

आज अभिव्यक्ति के माध्यमों में होते परिवर्तनों और प्रिन्ट/ अन्तर्जाल के बीच छिड़ी जंग देख बस यूँ ही इन विचारों ने शब्द रुप लिया और आपके विचार हेतु प्रस्तुत हो गये.

अन्तर्जाल पर कविता कोष, अभिव्यक्ति, अनुभूति, साहित्य शिल्पी, हिन्दी विकीपिडिया,  गद्यकोष  आदि सभी साहित्य को अन्तर्जाल पर सर्व सुलभ कराने के अभियान के उदाहरण है, जो अपने चरम पर हैं. यहाँ तक कि हमारे ब्लॉग बंधुओं के साझा भागीरथी प्रयासों से राम चरित मानस ब्लॉग स्वरुप में ऑन लाईन किया गया और भरसक मुस्कराते हुए वाह वाही भी ली गई. यह साधुवादी प्रयास था भी इस योग्य.

यदि इस पर गहन विचार किया जाये तो यह तय है कि यह सब जो कार्य किया जा रहा है वो एक उज्जवल भविष्य के निर्माण को दृष्टिगत रख कर किया जा रहा है. इसका तात्कालिक लाभ तो मात्र एक छोटा सा वर्ग उठा रहा है.

आंकड़ों पर नजर डालें तो आज विश्व की मात्र १५% आबादी अन्तर्जाल का प्रयोग कर रही है और इन उपयोगकर्ताओं में भारत ७वें स्थान पर है, जहाँ इसका उपयोग करने वालों की संख्या पूरी आबादी का मात्र २.५०% ही है याने ९७.५०% आबादी का हिस्सा अभी भी अन्तर्जाल से कोई सारोकार नहीं रखता. अगर विकास की दर बहुत त्वरित भी रही तो भी आने वाले २० सालों में यह प्रतिशत बहुत बढ़ा तो चार गुना हो जायेगा याने तब भी ९०% आबादी अन्तर्जाल का उपयोग नहीं कर रही होगी. हालांकि प्रतिशत के बदले यदि संख्या के आधार पर आंका जाये तो यही १०% आबादी की संख्या, कई बड़े देशों की आबादी से अधिक ही होगी, जो की एक बहुत संतोष का विषय है और अन्तर्जाल पर हिन्दी को समृद्ध करने के लिए जूझते लोगों के लिए उत्साहित करने वाला तथ्य है. आने वाले समय में यही संख्या अन्तर्जाल पर हिन्दी से संबंधित पृष्ठों से व्यवसायिक लाभ दिलवाने का भी काम करेगी. हिन्दी किताबों का व्यवसायिक पक्ष तो खैर किसी से क्या छिपा है. वैसे यह १०% का आंकड़ा मैं एकदम आशावादी दृष्टिकोण अपना कर कह रहा हूँ.

ऐसे में एक बहुत बड़ा वर्ग निश्चित रुप से ऐसा बच रह जाता है, जिसे साहित्य एवं पठन पाठन में तो रुचि है किन्तु अन्तर्जाल से कोई संबंध नहीं है. इस वर्ग की जरुरतें पूरी करने हेतु किताबें, पत्रिकाएँ, अखबार आदि ही मुख्य भूमिका निभाते रहेंगे, यह भी तय है.

मेरी पुस्तक ’देख लूँ तो चलूँ’ का विमोचन करते हुए प्रख्यात साहित्यकार श्री ज्ञानरंजन नें अपने उदबोधन में कहा भी था कि ’समीर लाल, एक बड़े और निर्माता ब्लॉगर के रुप में जाने जाते हैं. मेरा इस दुनिया से परिचय कम है. रुचि भी कम है. मैं इस नई दुनिया को हूबहू और जस का तस स्वीकार नहीं करता. अगर विचारधारा के अंत को स्वीकार भी कर लें, तो भी विचार कल्पना, अन्वेषण, कविता, सौंदर्य, इतिहास की दुनिया की एक डिज़ाइन हमारे पास है. यह हमारा मानक है, हमारी स्लेट भरी हुई है.
मेरे लिए काबुल के खंडहरों के बीच एक छोटी सी बची हुई किताब की दुकान आज भी रोमांचकारी है. मेरे लिए यह भी एक रोमांचकारी खबर है कि अपना नया काम करने के लिए विख्यात लेखक मारक्वेज़ ने अपना पुराना टाइपराईटर निकाल लिया है. कहना यह है कि समीर लाल ने जब यह उपन्यास लिखा, या अपनी कविताएं तो उन्हें एक ऐसे संसार में आना पड़ा जो न तो समाप्त हुआ है, न खस्ताहाल है, न उसकी विदाई हो रही है. इस किताब का, जो नावलेट की शक्ल में लिखा गया है, इसके शब्दों का, इसकी लिपि के छापे का संसार में कोई विकल्प नहीं है. यहां बतायें कि ब्लॉग और पुस्तक के बीच कोई टकराहट नहीं है. दोनों भिन्न मार्ग हैं, दोनों एक दूसरे को निगल नहीं सकते."

गौर तलब है कि उनका मानना है कि "ब्लॉग और पुस्तक के बीच कोई टकराहट नहीं है. दोनों भिन्न मार्ग हैं, दोनों एक दूसरे को निगल नहीं सकते." मैं इससे भी आगे की बात कहता हूँ कि दोनों ही वर्तमान में एक दूसरे के पूरक हैं.

आज अन्तर्जाल पर हो रहे प्रयासों को आमजन तक पहुँचाने के लिए प्रिन्ट माध्यमों की जरुरत है, वहीं किताबों, पत्रिकाओं, अखबारों आदि को अपनी पहुँच बढ़ाने के लिए अन्तर्जाल की जरुरत है. जो लोग प्रिन्ट माध्यमों में ब्लॉग की खबर छपने पर खुश हो रहे ब्लॉगरों की खुशी देख उनकी खिल्ली उड़ाने में मगन रहते हैं वो यह भूलवश एवं खुद न छप पाने की आत्म कुंठा से उबरने हेतु ही ऐसा कर रहे हैं, ऐसा मेरा मानना है.

निश्चित ही अन्तर्जाल एक त्वरित, तेज, और व्यापक माध्यम है तो इसके प्रारुप का आधार भी वैसा ही है फिलहाल तो. अन्तर्जाल पर छोटी छोटी प्रस्तुतियाँ जो कम समय में त्वरित रुप से पढ़ी जा सकें, ज्यादा लोकप्रियता हासिल कर लेती हैं. लोगों को लुभाती भी हैं और सुहाती भी हैं. बोझिल और लम्बें आलेख हेतु फिलहाल शायद विषय वस्तु विशेष से संबंधित विशिष्ट उत्सुक्ता रखने वाले वर्ग (इन्टरेस्टेड ग्रुप) को छोड़ किसी के पास समय नहीं है. अतः सीमित शब्दों और पैराग्राफों में बँधे छोटे छोटे आलेख लोकप्रियता का मुकाम हासिल कर लेते हैं हालाँकि यह कोई मानक नहीं है किन्तु फिर भी कम से कम आज तो ऐसा ही होता है .

ठीक इसके विपरीत किताबों की दुनिया में, पाठक समय निकाल कर विस्तार ढ़ूँढ़ता है चाहे वो दृष्यांकन का विस्तार हो या कथानक का.

ब्लॉग का पाठक टिप्पणी या प्रतिक्रिया यह जानते हुए और लिखने के लिए लिखता है कि वो पढ़ी जायेगी, न सिर्फ लेखक के द्वारा बल्कि अन्य पाठकों के द्वारा भी, जो उस टिप्पणी के आधार पर ही टिप्पणीकर्ता का व्यक्तित्व आंकलन करेंगे, यह विशिष्टता शायद इस वजह से भी हो कि वर्तमान में चिट्ठे के पाठक खासतौर पर टिप्पणीकर्ता स्वयं भी अधिकतर चिट्ठाकार ही हैं और उन्हें भी अपनी रचनायें एवं कृतियाँ इन्हीं पाठकों को पढ़वाना होता है.

इससे इतर किताब और पत्रिकाओं का पाठक टिप्पणी लिखता नहीं, पठन के साथ मन ही मन बुनता चलता है और फिर पठन समाप्ति पर अपनी इस बुनावट को काल्पनिक तौर पर निहार कर लेखक एवं उसके लेखन के विषय में एक धारणा स्थापित कर भूल जाता है. उसी लेखक की अगली कृति पर जब उसकी नज़र पड़ती हैं और तो वो उस लेखक के प्रति अपनी अतीत में स्थापित अवधारणाओं को खंगालता है.

यह एक बहुत बड़ा अंतर है अन्तर्जाल पर चिट्ठा अवलोकन और वास्तविक जगत के पुस्तकावलोकन में, जिसे निश्चित ही विचार में लिया जाना चाहिये.

इस आधार पर देखें तो एक दूसरे की पूरक होते हुए भी दोनों फिलहाल अलग अलग दुनिया हैं और निश्चित ही उनमें कोई टकराहट नहीं होना चाहिये और अगर अभियानित धारा के विपरीत धारा में कोई प्रयास होता है, जो कि समय की मांग है, जैसे अन्तर्जाल पर उपलब्ध सामग्री का किताबीकरण, तो ऐसे में इस विचारधारा और आधार को ध्यान में लेना ही होगा. साथ ही ऐसी विपरीत धारा का स्वागत भी होना चाहिये.

अतः ब्लॉग पर प्रकाशित पोस्टों को, जो भले ही ब्लॉग के दृष्टिकोण से अपने आप में पूरी तरह मुक्कमल भी नजर आयें, उन्हें अगर अन्तर्जाल से बाहर रह रहे वर्ग तक पहुँचाने का प्रयास हो तो इस विचार को मद्दे नजर रखते हुए उसी प्रारुप में निकालना ज्यादा श्रेयकर होगा जिस रुप में वो किताब पाठक को अधिक आकर्षित करे. ब्लॉग में अलग अलग समय पर प्रकाशित हुई रचनायें आपस में जोड़ जुड़ाव करके एक ही स्थान पर पढ़ी जा सकती हैं, रिफरेन्स दिये जा सकते हैं मगर किताबों की दुनिया के लिए यह उपयुक्त तरीका नहीं कहलायेगा. किताबों में दृष्टांत दिये जाते हैं और अन्तर्जाल पर लिंक.

अंत में तो लेखक, प्रस्तुतकर्ता और साहित्यकार का निर्णय ही अंतिम और सर्वमान्य होगा, सही या गलत, अच्छे या बुरे का निर्णय भी पाठक ही करेगा,  इस पर टीका टिप्पणी कैसी?

यह तो सिर्फ एक विचार है जो विमर्श मांगता है.

Indli - Hindi News, Blogs, Links

मंगलवार, मार्च 22, 2011

बेवकूफियों का पुलिंदा

पिछले दिनों वन्दना जी का ईमेल आया कि देर से इत्तला करने की माफी और जल्दी से जल्दी अपनी कोई ऐसी बेवकूफी का प्रसंग भज दें, जो यादगार बन गई हो, होली पर छापना है.

एक बार विचारा तो चारों तरफ अपनी बेवकूफियों का भंडार ही भंडार छितरा नजर आया. शायद नॉन बेवकूफी यादगार पूछी होती तो भेजने में समय लगता. तुरंत भेज दी. छप भी गई. अगर वहाँ न देखी हो तो यहाँ देख लें:

***************************

एक दिन दफ्तर जाने के लिए सुबह सुबह ट्रेन पकड़ी. भीड़ तो काफी थी किन्तु बैठने के लिए सीट मिल गई. अब तक ट्रेन पूरी भर चुकी थी, शायद अगले स्टेशन से पकड़ते तो खड़े खड़े ही जाना पड़ता एक घंटे ऑफिस तक.

अगले स्टेशन पर ट्रेन रुकी तो बहुत से लोग और चढ़े. अब ट्रेन में भी कुच्च्मकुच्चा हो गई. ऐसे में शिष्टाचारवश लोग किसी बुजुर्ग या गर्भवति महिला या छोटे बच्चों के साथ आई महिला के लिए जगह खाली कर देते हैं और खुद खड़े हो जाते हैं. मेरे बाजू में भी एक महिला आ कर खड़ी हुई. देखा तो गर्भवति महिला थी अतः मैं अपनी सीट से खड़ा होकर उनसे आग्रह करने लगा कि आप बैठ जाईये.

उस महिला ने मुझसे कहा कि नहीं, मैं ठीक हूँ. आप बैठिये.

मैने पुनः निवेदन किया कि आप गर्भवति हैं, आपको इतनी दूर खड़े खड़े यात्रा नहीं करना चाहिये, आप बैठ जाईये. देर तक खड़े रहना स्वास्थय और आने वाले बेबी के लिए ठीक नहीं है.

उसने चौंकते हुए मुझे देखा और बोली- मैं..गर्भवति...यू मस्ट बी किडिंग (आप जरुर मजाक कर रहे होंगे) और वो मुँह बनाकर डिब्बे के दूसरी तरफ चली गई.

मैं झेंपा सा अपने आस पड़ोस वालों को देखने लगा. सभी मुस्करा रहे थे. मैने तो बस उसका पेट देख अंदाजा लगाया था. काश, मैं मोटी महिला और गर्भवति महिला का स्पष्ट भेद जानता होता.

मगर अब हो भी क्या सकता था-बेवकूफी तो कर ही बैठे थे. सो अपना सा मुँह लिए वापस बैठ गए सर झुकाये और राम-राम करते रहे, कि जल्दी से जल्दी मेरा स्टेशन आये और मैं उतर कर गुम हो जाऊँ भीड़ में.

आज भी जब यह वाकिया याद आता है तो अपनी बेवकूफी पर एक बार फिर शरम आ जाती है.

fat and pregnant

चलते चलते:

कभी न रहा शर्मिंदा मैं, नमालूम वाणियों की सूफियों से
मगर मैं बच नहीं पाया, गुजर कर अपनी बेवकूफियों से...

और फिर:

खाली बैठा

आज

रोजानामचा (ट्रायल बैलेन्स) बनाता रहा

अपनी समझदारी

और

बेवकूफियों का...

बेवकूफियों का पलड़ा

भारी निकला...

और

अपने हल्केपन को भूल

समझदारियाँ

भरती रहीं

अपनी समझ की

दंभ भरी

उड़ान......

-कितने कमजर्फ होते हैं यह गुब्बारे
जो चंद साँसों में फूल जाते हैं....
थोड़ा ऊपर उठ जायें तो
औकात भूल जाते हैं... (शायर नामालूम)

-संस्मरण द्वारा समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

सोमवार, मार्च 14, 2011

अखबार क्या सिर्फ पढ़ा जाता है, जो नेट से काम चल जाये?

रमेश बाबू के साथ आज हम चाय की दुकान पर बैठे थे, रमेश बाबू बातूनी आदमी और हम चुप रहने वाले, हमने अखबार उठा लिया और पढ़ने लगे.मगर रमेश बाबू ... वो कहाँ किसीको चुप रहने दें......कहने लगे कि--- का समीर बाबू... टीवी,मोबाईल, नेट के जमाने मे भी ई ..आर्ट फ़िलम की तरह अखबारे में घुसे रहते हैं ...कभी मौर्डनियाईयेगा कि नहीं? अख़बारों का अब भी कोई मतलब है?

बस, उनके ऐसे ही प्रस्न हमें बर्दाश्त नहीं होते तो हम कहे कि रमेश बाबू, मतलब काहे नहीं है जी अखबार का? यात्रा करना बिल्कुले छोड़ दिये का ? चप्पल काहे में लपेट के धरियेगा.. कपड़ों के बीच वी आई पी सूटकेस में?? बताईये बताईये..और जानिये कि अगर रेल( जैसा कि होइबे करता है ), विलम्ब से चल रही हो और पूरा स्टेशन यात्रियों से खचाखच भरा हो , तब बैठियेगा काहे पर?... कि खड़े खड़े ही आठ घंटा गुजार देंगे?... भीड़ एसन ही तो लग नहीं गई होगी?. आये दिन की पार्टी रैली में से एक यह भी है. सब दिल्ली जायेंगे. अब गई आपकी रिज़र्व सीट भी. उनसे झगड़ियेगा? गुंडा लोगों से..अरे नहीं नहीं, नेता लोगों से? वैसे तो एक ही बात है. तब काहे पर बैठ कर सफर करेंगे? यही अखबार न काम आयेगा…बोलिए....बोलिए ...

चलिए, नहीं जाईये कहीं घूमने फिरने..घर में ही गतियाये किताबें पढ़ते रहिये तो आले में बिना अखबार बिछाये किताबें सजाईयेगा? बताईये-इका.. कौनो आल्टरनेट है?.. और फिर उ... किताब पर तो जिल्द भी इसी से न चढ़ाते हैं कि भूरा पन्ना खरीद के लाते हैं??

गरमी का हालत नहीं देखे हैं का , रमेश बाबू? अभी करंट चला जाएगा तब पढ़ते रहियेगा किताब. बता दे रहे हैं.... कि तब ई अखबार ही काम आयेगा पंखा झलने के.

हमरे गांव की नुक्कड़ पर उ गुमटी वाला तो इसी की पूँगी बना कर चना/चबेना बेचता है सदियों से. काहे गरीब के पेट का ख्याल नहीं आया आपको?..चलिए, न आया होगा इतना संवेदनशील हृदय नहीं होगा. मरने दिजिये उसको भी भूखा. जब चना उगाने वालों को मरने दिये सब लोग, किसी के कान में जूं तक नहीं रेंगी तो इन बेचने वालों की क्या बिसात. इसी अखबार में न छपा था?-- कि कितने किसान आत्महत्या कर लिए थे? बताईये जरा कितने थे? टीवी न्यूज तो रिवाईंड नहीं न कर पायेंगे मगर पुराना अखबार तो बता ही देगा, जरा खोजिये तो.

जाने दिजिये, कहाँ मन खट्टा करियेगा मगर वो छुटकु तो घर में है न..जरा उसकी अम्मा से पूछियेगा...कितने काम आता है अखबार..केतन डायपर घर में खराब करियेगा केतन डायपर घर में खराब करियेगा जी गवैंठी शहरी लेखक...लिख लिख के और कविता गा कर टाटा बिड़ला तो नहिये हो जायेंगे. फिर कैसे अफोर्ड करियेगा? दो जून की रोटी आ रही है लिख लिख कर, इतना ही तरक्की लेखक के लिए एतिहासिक मानिये, कम से कम हिन्दी में और तनि ये भी पूछिएगा कि सिगड़ी काहे से जलाएगी?...और उ महंगावाला सारी...रेसमी के बीच में का धरती है?.....कभी देखे हैं? अउर कभी ड्रायक्लीन/प्रेस को कपड़ा दिए है का? उ धोबी का रखता है कपड़ा का बीच में? अउर जो कभी पिकनिक-विकनिक गए हो तो ई तो जानते ही होंगे कि काहे में खाए थे पूड़ी-सब्जी अउर जो पानी नहीं था तो हाथ भी तो साफ़ करे ही होंगे न....अब कहिए त..अखबारों का कोई मतलब है कि नहीं? ......

अच्छा ये बताईये रमेश बबू, उस रोज जब आप राधेश्याम जी के पिता जी की अर्थी के संग मुँह लटकाये गमगीन मरघटाई चले जा रहे थे, तो कहाँ से जाने थे?-- कि उनके पिता जी गुजर गये. अखबार से ही न... कि कोई लाऊड स्पीकर पर घोषणा हुई थी? या जी टी वी वाला दिखाया था?. जानते तो हैं आप कि जाना कितना जरुरी है, आप नहीं जायेंगे तो ऐसा हादसा सब के साथ होना है, कभी आप के साथ भी होगा तो क्या अकेले ढोकर ले जाईयेगा खुद को?या चलकर जाइयेगा ?.. . बिना अखबार पढ़े तो न जान पाईयेगा कि शहर में कब कौन पहचान का बैकुंठ के राजमार्ग पर चल पड़ा. कभी पुण्य तिथि मिस करियेगा तो कभी तेहरवीं. अकबका कर बस मुँह-बाये हाय हाय करते रहियेगा- कि हम तो जानबे नई करे ....

देखबे करता हूँ कि आप सिनेमा भी बड़े शौक से देखते हैं- आँख मिचका मिचका कर. आखिर तीन घंटे का समय बिना किसी से मूंह छिपाये गुजर भी जाता है, बिना ग्लानि के. तब बताईये कि कहाँ देखियेगा कि कौन सिनेमा कहाँ खेला जा रहा है. टॉकिज टॉकिज तो नहिये घूमियेगा अपनी खटारा स्कूटर लेकर बीबी को बैठाये.

किसी को हम तो खैर नहीं बतायेंगे आपके बारे में मगर आप तो हमें बता ही दिजिये कि सब कर लेंगे मगर सट्टे का नम्बर कहाँ से मिलायेंगे?. हम तो सुने हैं कि पिछले ३० दिन के नम्बर से आप चार्ट बना कर अगले दिन का बड़ा सिद्ध नम्बर निकालते हैं, उसका क्या?

वैसे आपको बता देते है कि ऐसा किसी प्रिंट मिडिया के पत्रकार से मत कह दिजियेगा. उनको बड़ी ठेस पहुँचेगी. आप क्या समझते हैं कि कहीं और वो क्लर्की कर लेंगे. पगार तो बराबर की पा ही जायेंगे मगर वो जो पुलिस और सरकारी अधिकारियों को चमका कर गठरी पाते थे वो क्या आप देंगे? अरे, खुद का तो ठिकाना नहीं, उनको क्या दिजियेगा? उत्ती मोटी गठरी देने लायक जो आप होते तो एसन बात करते भला? और जो देते भी त गठरी को कपड़ा में लपेटते का?

एक बात और बतायें रमेश बाबू, कभी किसी मध्यम वर्गीय भले मानस से पूछियेगा. वो भले ही १५० रुपया अखबार खरीदने में खर्च कर देता हो महिने भर में मगर तीन महिने बाद जब उसे रद्दी वाले को झीक झीक कर के बेच कर ६० रुपये पाता है, उस वक्त उसको जिस आलोकिक सुख की अनुभूति होती है?... वो अद्वितीय है. अह्हा!! आनन्दम आनन्दम!! क्या उसका यह जरा सा सुख भी छीन कर ही मानियेगा?

चौराहा सूना करवाईयेगा क्या? आधा लोग तो चाय-पान की दुकान पर सुबह इक्कठा ही इसलिए होता है कि फ्री का अखबार पढ़ लिया जायेगा. एक पन्ना तू, एक मैं और फिर बदल कर. फिर उस पर चर्चा. कितना अच्छा लगता है चहल पहल देखे है? चौराहे पर. मगर आप कहाँ बर्दाश्त कर पा रहे हैं. न खुदे रौनक पैदा करते है, न कौनो रौनक बच रहने देना चाहते हैं.

कभी सोचे है कि बड़े सरकारी अधिकारी दफ्तर जा कर क्या करेंगे अगर अखबार नहीं आयेगा? मख्खी मारेंगे क्या? मख्खी मारने की तनख्वाह मिलती है भला?और जो उनको नाक-कान में सरसराहट हुई तो बैठे-बैठे .... कितना जरुरी है उनके लिए अखबार.

और फिर जरा ऊँचा दिखने की आपकी ख्वाहिश तो जाने कबकी मर गई है. मरी क्या, थी ही नहीं मगर जिनमें है, उनको तो अंग्रजी का फायनेनशियल टाईम पढ़ते पढ़ते पब्लिक पलेस में जगह जगह अंडरलाईन करने दिजिये. उनकी अभिजात्यता से भी कौनो दुश्मनी है क्या? उ क्या बिगाड़े हैं आपका?

क्या क्या बताया जाये आपको रमेश बाबू, सारे नेता लोगों की रैली में चार ठो लोग इक्कठा हो जायें बिना अखबार के तो बहुत बड़ी बात मानियेगा. कहिये तो लिख कर दे दें.

अच्छा रमेश बाबू, जरा गंभीरता से सोचियेगा कभी कि जवान बिटिया के लिए लड़का तलाशते असफल थका हारा मजबूर बाप अपनी माँ और बीबी के ताने या फिर बेटे की स्कूल की बड़ी फीस चुकाने के बाद खाली जेब लिए अपने बेटे से नये फैशन को वाहियात बताते नई जिन्स के लिए नकारता खीजा हुआ मध्यमवर्गीय बाप, इसी अखबार में तो मुँह छिपा कर अपनी हताशा और खीज को ढांक अपने मुखिया होने की रक्षा करता है.

ये वो ही अखबार है जो हर भिनसारे दुनिया भर के बड़े बड़े दुखों को मुख्य पृष्ट पर छाप कर लोगों को अहसास दिलाता है कि तुम्हारा दुख कितना छोटा है और उन्हें हौसला देता है अपने दुखों को भूल एक और दिन हिम्मत से जीने का.

कितनी बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी निभाता है हमारा यह अखबार.

यह भला कभी भी अपनी प्रासंगिगता खो सकता है?

आप नहीं न समझ पायेंगे!!! रमेश बाबू!! आप तो चाय पिजिये!


Akhbaar


वो

रोज मुझे पढ़ती है

कभी मेरे दुख

कभी खुशियाँ

कभी रंगीनियाँ

तो कभी

काले हर्फों में दर्ज

मेरे अवसाद

और

फिर

सर झटक कर

मगन हो जाती है

अपनी किसी और दुनिया में...

अखबारों की भला उम्र ही कितनी होती है!!!

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, मार्च 09, 2011

आशंकित मन: एक बुजुर्ग की डायरी-३

जब से पत्नी गुजरी, हर सुबह एक अलग तरह से जागती है, आज वो खिड़की से आते एक सर्द झोकें के साथ दालान में बैठे बेटे बहु की फुसफुसाहट की आवाज के साथ जागी.

आज देर तक सो गया अन्यथा बेटे बहु के जागने के पहले ही मैं दालान में पहुँच जाता हूँ और फिर जब वो जाग कर बाहर आते हैं, तब तक मैं अखबार का पहला पन्ना लगभग पढ़ चुका होता हूँ. बेटे के आते ही मैं न जाने किस अनजान भयवश अखबार उसके आगे उसके पढ़ने के लिए कर देता हूँ. वह अखबार हाथ से लेते हुए कहता भी है कि नहीं, आप पहले पढ़ लीजिये मगर मेरे एक आग्रह पर वो पढ़ने लगता है. हालांकि अखबार मेरे शहर का है, जहाँ मुझे रोज रहना है और उसे कल को चले जाना है मगर फिर भी. कहीं टोक न दे कि आपके पास तो सारा दिन है पढ़ने को. लगभग रोज सुबह की चाय इस तरह साथ होती है. बस, सिर्फ यही एक ऐसा समय होता है जब सिर्फ हम साथ बैठे होते हैं.

oldman2

बेटा बहु कुछ दिनों की छुट्टियाँ बिताने घर आये हैं. कहते तो हैं कि मेरे साथ समय बिताने आये हैं लेकिन अक्सर ही दोनों अपने कमरे में बंद टीवी देखते रहते हैं या फिर कहीं अपने दोस्तों के साथ बाहर सिनेमा देखने या होटल गये होते हैं. हर बार मुझे समझा देते हैं कि मुझे साथ इसलिए नहीं लेकर जाते कि मैं थक जाऊँगा या मुझे तकलीफ होगी या बाहर ठंड बहुत है.

फुसफुसाहट से नींद खुलते ही न जाने क्यूँ मुझे लगा कि जैसे वो मेरे बारे में ही बात कर रहे होंगे. मैं उठकर खिड़की से सटकर खड़ा हो गया और उनकी बातें सुनने लगा. अपने किसी दोस्त के परिवार की चर्चा कर रहे थे और उन बातों पर हँस रहे थे. एकाएक नौकर चाय लेकर पहुँचा तो बहु ने उससे पूछा कि बाबू जी जागे नहीं क्या? कमरा बंद करके सोता हूँ तो नौकर को पता ही न था कि मैं जाग गया हूँ. उसने कह दिया कि अभी सोये हैं.

मैं आशान्वित था कि अब मेरा जिक्र आ गया है तो नौकर के हटते ही मेरी बात होगी. न जाने क्यूँ मुझे हमेशा लगता है कि पीठ पीछे ये मेरे बारे में बात करते हैं. मैं १५ मिनट तक जड़ खड़ा रहा और खिड़की के पीछे.से एक एक बात सुनता रहा किन्तु मेरा जिक्र न आया और फिर दोनों किसी बात पर हँसते हुए उठे और अपने कमरे में चले गये.

तब मैं कमरे के बाहर आया और दालान में आकर कुर्सी खींच कर बैठ गया और अखबार पढ़ने लगा. नौकर चाय ले आया.

रोज जिस चाय की उष्मा से मुझे उर्जा मिलती थी, स्फूर्ति मिलती थी और मैं तरोताजा हो जाया करता था, आज वही उष्मा मेरे भीतर अंगार सी उतर रही थी और न जाने कैसी अजब सी कमजोरी का अहसास करा रही थी.

गुलाबी ठंडक वाली सुबह की शीतल बयार मेरे शरीर को जला रही थी और मैं पसीने में भीगा यह सोच रहा था कि अब कल सुबह ही बेटे बहु के साथ बैठना हो पायेगा.

किसी ने सही ही कहा है कि अक्षमतायें और असुरक्षा की भावना अपने साथ कितनी ही आशंकायें लेकर आती हैं

न जाने कहाँ से छा गये ये कुहांसे
खुशी हो किसी की, हुए हम रुआँसे
सुबह आ के धीरे से कहती है हमसे
चलो जाग जाओ, कि बाकी हैं सांसे...

-समीर लाल ’समीर’

पिछले अंक:

पीले पन्नों पर दर्ज हरे हर्फ : एक बुजुर्ग की डायरी-१

चितरंजन अस्पताल का कमरा नं. ४११: एक बुजुर्ग की डायरी-२ 

नोट: संभवतः यह नोस्ट्स कल को किसी उपन्यास का हिस्सा बनें…..

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, मार्च 06, 2011

कॉफी हाऊस में शाम…

तनेजा जी मित्र हैं अतः ये बात जोर देकर साधिकार कहते हैं, ’अमां, तुम समझते नहीं. हम जहाँ हैं, वहाँ शहर की चारों दिशाओं से आकर सड़कें खत्म हो जाती है.’

दरअसल, हम कुछ मित्र रोज ही शाम को शहर के चौक बाज़ार के कॉफी हाऊस में बैठ कर कॉफी पीते-समय गुजारा करते थे. मेरा मानना होता कि इस चौराहे पर आकर सड़कें खत्म नहीं होती बल्कि इस चौराहे पर आप कहीं से भी आयें, आपको चार विकल्प मिलते हैं कि अगर चाहो तो जिस राह आये हो उसी राह वापस लौट जाओ या फिर अन्य तीन में से कोई सी चुन कर नई मंजिल की ओर बढ़ जाओ. जीवन में भी न जाने कितने ही ऐसे चौराहे मिलते हैं. कुछ उसे राह का ख्त्म हो जाना मान मंजिल मान लेते हैं तो कुछ नई मंजिल तक पहुँचने के लिए उपस्थित विकल्प. स्थितियाँ सभी के लिए एक सी उपस्थित होती हैं बस यह आपकी सोच पर आधारित है कि आप उसे किस रुप में लेते हैं, मै हमेशा तीन में से विकल्प तलाश कर नई मंजिल की ओर बढ़ चलता हूँ।.

मित्र मंडली में सभी को पता रहता था कि शाम की महफिल कॉफी हाऊस में जमेगी. जैसे जैसे जिसे दिन भर के काम से निवृत हो कर समय मिलता जाता, आकर वहाँ जम जाता. वो कोने वाली १२ कुर्सियों से घिरी टेबल नित हमारा इन्तजार करती. सफेद कोट और पैन्ट में हरी बेल्ट और फुनगी वाली टोपी लगाया वेटर ’श्रीनि’ भी लगभग तय था और वो जानता था कि कौन कैसी कॉफी पीता है. उसे यह भी पता था कि तिवारी जी कॉफी के साथ दो ब्रेड बटर स्लाईस भी लेते हैं और अग्रवाल जी ८.३० बजे के आसपास डोसा खाकर घर लौटते हैं क्यूँकि वो घर पर अकेले ही रहते हैं और खाना बनाने के लिए उनके पास न तो व्यवस्था है और न हुनर. अग्रवाल जी अक्सर दुखी मन से कहते सुने जाते थे कि काश!! रसोई भी देश की सरकार के समान होती तो झंझट ही खत्म हो जाता, बिना व्यवस्था और हुनर के भी चल ही जाती.

मैं सोचा करता था कि श्रीनि का पूरा नाम शायद कभी माँ बाप ने बड़े जतन से श्रीनिवास रखा होगा लेकिन फिर खुद ही प्यारवश और सुविधा के लिए घर में श्रीनि पुकारने लगे होंगे. पूछने पर उसने बताया कि नहीं, उसका पूरा नाम वैंकटैय्या श्रीनिवासन है और ’श्रीनि’ श्रीनिवासन से निकला है. मुझे अचरज हुआ कि श्रीनि ही क्यूँ, वैंकी क्यूँ नहीं? अव्वल तो नाम उसका, मुझे अचरज करने की क्या वजह? किन्तु कॉफी हाऊस में खाली बैठे हिन्दुस्तानी, उनसे और आशा भी क्या की जा सकती है जबकि व्यस्त हिन्दुस्तानी तक उन्हीं बातों में व्यस्त हैं, जिनसे उनका कुछ लेना देना नहीं. फिर भी श्रीनि ने ही निराकरण भी किया कि उसके बड़े भाई का नाम वैंकटैय्या राधाकृष्णन है और ’पहले आओ, पहले पाओ’ की स्कीम में उसने वैंकी पर अधिकार जमाया हुआ है.

तब उस शाम मित्रों के बीच चर्चा का विषय यही बना कि आखिर भारत में हम अधिकतर हर व्यक्ति के दो नाम रखने में क्यूँ विश्वास रखते हैं. एक घर का, एक बाहर का. माना कि घर में उस व्यक्ति को ज्यादा बार बुलाने में/पुकारने में मेहनत कम करना पड़े तो नाम छोटा करके या प्यार वाला नाम पुकार कर काम चला सकते हैं तो फिर बाहर वालों से ऐसी क्या दुश्मनी कि उनसे ज्यादा मेहनत करवाने की ठान बैठे. उनके लिए भी वही प्यारा वाला नाम रख छोड़ते?

किन्हीं मित्र का कहना था कि वो तो छोटे नाम से हम स्नेहवश एवं अपनेपन के कारण पुकारते हैं. मैं समझ नहीं पाता कि फिर बाहर वालों से आप बाई डिफाल्ट ऐसा ही क्यूँ मान कर चल रहे हैं कि वो स्नेहवश न पुकारेगा या अपनेपन से पेश न आयेगा. यह तो कुछ कुछ पूर्वाग्रह पाल लेने जैसा हुआ.

पूरी शाम गुजरी वैसी ही और जैसी कि उस कॉफी हाउस में अधिकतर शामें गुजरती थीं, कोई निष्कर्ष न निकला दो नामों के औचित्य पर और बस मान लिया गया कि ऐसा ही होता है तो होता है. इसमें बहस कैसी?

सभी मुस्कराते हुए घर लौट लिए, मानों संसद से लौटते सांसद हों. निष्कर्ष निकले या न निकले, कोई फर्क नहीं पड़ता-दिन निकल जाना चाहिये, बस!!

 

coffeehouse

यूँ ही कुछ और:

बड़ी बेशऊर होती है वो खिड़कियाँ
जो भीतर का नज़ारा दिखलायें......
कभी खुद को जिताने की खातिर
वो अपनों को ही हारा दिखलायें...

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, मार्च 02, 2011

युगपुरुष

उस रात किसी बड़ी किताब का भव्य विमोचन समारोह था. यूँ भी हिन्दी में किताबों के बड़े या छोटे होने का आंकलन उसके लेखक के बड़े या छोटे होने से होता है और लेखक के बड़े या छोटे होने का आंकलन उसके संपर्कों के आधार पर.

बड़े लेखक की बड़ी किताब का विमोचन हो तो विमोचनकर्ता का बड़ा होना भी जाहिर सी बात है. अतः इस समारोह के विमोचनकर्ता भी बहुत बड़े और नामी साहित्यकार थे. वह इतना अच्छा लिखते हैं कि वर्षों से इसी चक्कर में कुछ लिखा ही नहीं (शायद भीतर ही भीतर यह भय सताता हो कि कहीं कमतर न आंक लिए जाये) मगर फिर भी, नाम तो चल ही रहा है.

अधिकतर अच्छा लिखने वालों के साथ यही विडंबना है कि वो इतना उत्कृष्ट लिखते हैं, इतना अच्छा लिखते हैं कि कुछ लिख ही नहीं पाते. बरसों बरस बीत जाते हैं उनका अच्छा लिखा पढ़ने को. बस, उनसे दूसरों के बारे में सुनने और पढ़ने के लिए यही मिलता चला जाता है कि फलाने ने अच्छा लिखा और ढिकाने ने खराब. सलाह भी उन्हीं की ओर से लगातार बरसती है कि अच्छा लिखने की कोशिश होना चाहिये साहित्य को धनी बनाने के लिए. वे बिना अपना योगदान देखे, हर वक्त दुखी नजर आते हैं कि आजकल अच्छा नहीं लिखा जा रहा है और यह चिन्ता का विषय है.

मंचासीन श्रृद्धास्पद विभूतियों में एक तो लेखक स्वयं, फिर मुख्य अतिथी की आसंदी को सुशोभित करते ’सुकलम सम्मान’, २००८ से सम्मानित वरिष्ठ साहित्यकार, कविमना, उपन्यासकार, आलोचक माननीय श्रद्धेय आचार्य श्री चंडिका दत्त शास्त्री, किताब के प्रकाशक एवं कार्यक्रम के संचालक स्थानीय साहित्यकार एवं कवि श्री विराट स्तंभी जी.

सस्वर सरस्वती पूजन, माल्यार्पण आदि के बाद संचालक महोदय ने माईक संभाला और मुख्य अतिथि का परिचय प्रदान करते हुए स्तुति गान में ऐसा रमे कि यह कह कर मुस्कराने लगे कि माननीय मुख्य अतिथी श्रद्धेय आचार्य श्री चंडिका दत्त शास्त्री पुरुष नहीं हैं.

इतना कह वह मौन हो गये और मुस्कराते हुए मंच से लोगों के हावभाव देखते रहे. पूरे हॉल में इस सनसनीखेज खुलासे की वजह से सन्नाटा छा गया. सब छिपी आँख एक दूसरे को देखने लगे. संपूर्ण मंच भी असहज सा नजर आने लगा तब श्री विराट स्तंभी जी आगे बोले कि माननीय मुख्य अतिथी श्रद्धेय आचार्य श्री चंडिका दत्त शास्त्री जी पुरुष नहीं, महापुरुष हैं. तब जाकर सभागृह में जान लौटी. श्री विराट स्तंभी जी के इस बयान से उनके सहज हास्य बोध का परिचय मिला जबकि कर्म एवं नाम से वह वीर रस हेतु प्रख्यात हैं. पूरे सभागृह में करतल ध्वनि की गुंजार उठ खड़ी हुई.

विचार आया कि यदि दो वाक्यों के बीच मौन के दौरान बिजली महारानी की कोप दृष्टि पड़ जाती, तब क्या होता?

अपनी बात आगे बढ़ाते हुए श्री विराट स्तंभी जी नें अन्य बातों के अलावा यह भी बताया कि माननीय मुख्य अतिथी श्रद्धेय आचार्य श्री चंडिका दत्त शास्त्री  एक व्यक्ति नहीं, अपने आप में संपूर्ण संस्था हैं.

संस्था का नाम सुनते ही मेरी रीढ़ की हड्ड़ी में न जाने क्यूँ एक अरसे से एक सुरसुरी सी दौड़ जाती है. एक चित्र खींच आता है मानस पटल पर किसी संस्था का, जिसे अपने पापों, घोटालों को अंजाम देने के लिए सबसे मुफीद और पावन उपाय मान व्यक्ति, व्यक्ति न रह संस्था में बदल जाता है. फिर गोपनीय वार्षिक बैठक, बेनामी पदाधिकरी और स्वयंभू अध्यक्ष की आसंदी पर विराजमान स्वयं वह.

देश में आजतक जितना संस्थाओं के नाम पर घोटालों को अंजाम दिया गया है, उतना शायद ही कहीं और हुआ हो किन्तु फिर भी यह प्रचलन हर जगह और खास तौर पर ऐसे समारोहों में मुख्य अतिथि के लिए लगातार देखने मिलता रहता है कि वह व्यक्ति नहीं, एक संस्था हो गये हैं.

शायद संस्था ही वह वजह हो जिससे उनका स्टेटस बिना बरसों तक लिखे भी बहुत ऊँचा लिखने वाले का बरकरार रहा आया हो, कौन जाने? संस्था के भीतर की बात जानना तो सरकारी ऑडीटर के लिए भी टेढ़ी खीर ही रहा है अतः भीतर जाने की बजाय वो बाहर के बाहर पैसे लेकर निपटारा करना सदा से सरल उपाय मानता रहा है. यह पुराणों में भी संस्था और ऑडीटर दोनों के लिए ही सहूलियत का मार्ग माना गया है. 

खैर, समारोह बहुत भव्य रहा. उतना ही भव्य मुख्य अतिथि का उदबोधन जिसमें उन्होंने पुनः साहित्य और लेखन के गिरते स्तर पर गहरी चिन्ता जतलाई और इस पुस्तक को इस दिशा में सुधार लाने का एक ऐतिहासिक कदम निरुपित किया.

इस कार्यक्रम के बाद एक और वरिष्ट साहित्यकार की श्रद्धांजलि सभा में जाना था. वहाँ भी श्रद्धांजलियों के दौर में अनेक संदेशों में मृतात्मा को एक व्यक्ति नहीं, युग बताया गया और उनके अवसान को एक युग का पटाक्षेप.

एक युग के भीतर समाप्त होते अनेक युग, हर वरिष्ठ, हर गरिष्ठ के प्रस्थान के साथ एक युग का पटाक्षेप, और एक ऐसे रिक्त का निर्माण, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं. शुरु से आजतक ऐसे रिक्त स्थानों की जिनकी भरपाई संभव न थी, एक एक बिन्दी के आकार का भी गिन लें तो शीघ्र ही, या कौन जाने पूर्व में ही, शायद ही कोई स्थान बचे जो रिक्त न हो.

 

literature

कैसी ये
भीषण त्रासदि
न गरीब बचे,
न अमीर

भाषा
संवेदनशीलता
इन्सानियत
सब जाते रहे....

एक उम्मीद थी जिनसे
लिखेंगे शोकगीत इनपर
उनका भी यूँ गुजर जाना

एक युग की समाप्ति नहीं
तो और क्या है?

-समीर लाल ’समीर’

<< आज उड़न तश्तरी के ५ साल पूरे हुए. इस बीच आपसे प्राप्त स्नेह और उत्साहवर्धन के लिए हृदय से आभारी. कृपया अपना स्नेह बनाये रखें>>

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, फ़रवरी 27, 2011

फिर एक नाकामी हाथ लगी!!!

टेबल लेम्प की फीकी रोशनी. सामने टेबल पर एक काँच का गिलास और उसमें बची दो घूँट स्कॉच. उसी टेबल पर छितराये कुछ कोरे कागज, एक पेन्सिल और बगैर जिल्द वाली कोई पुरानी शेरो शायरी की किताब.

मुझे बाँसुरी बजाना नहीं आता..वरना बहुत पहले तुम्हें सम्मोहित करने को धुन छेड़ चुका होता. मलाल बहुत से हैं मेरे जीवन में, उनमें से एक यह भी है.

हाथ मसलता हूँ आपस में और फिर...

पैंसिल उठाकर उसको मानिंद बाँसुरी लगा लेता हूँ अपने ओठों से और जाने क्यूँ, कुछ धुन छेड़ देने को जी चाहता है.

फिर मन हार, कागज पर कुछ लकीरें खींच, आड़ी तिरछी- उसमें तुम्हें खोजता हूँ.

पानी लेने रसोई तक जाना होगा. उदासी आलस बन गई.

ऐसे ही नीट स्कॉच गले से उतार लेता हूँ और अहसासता हूँ उतरते उस आग के गोले को- हलक से पेट की गहराई तक.

आँख में जलन उतर आती है एक चमकीली लाल डोरी के साथ. एक छोटी सी बूँद बह निकली आंसू की-मानो तुम्हारी याद जिसे वो चमकीली डोरी बाँध के न रख पाई.

ओंठों को गोल कर-एक भरपूर कोशिश- सीटी बजा कोई दिली धुन निकालने की.

बस, एक फुसफुसाहट-कोरी हवा की.

आज फिर एक नाकामी हाथ लगी!!!

यूँ ही तमाम होगी एक दिन- ये याद, ये इन्तजार की घड़ी और मेरी जिन्दगी!!!

















जब भी उठती है
कहीं दूर वादियों में
बाँसुरी की धुन....

जाने क्यूँ...
बहुत याद आती हो
तुम!!!

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, फ़रवरी 23, 2011

साहित्य और अन्तर्जाल...परिवर्तन की बयार- भाग १

परिवर्तन सृष्टि का नियम है और यह निरन्तर जारी रहता है. जिन्दगी में अगर आगे बढ़ना है तो परिवर्तन के साथ कदमताल मिला कर इसे आत्मसात करना होगा.जो अपनी झूठी मान प्रतिष्ठा के चलते उपजे अहंकारवश या उम्रजनित अक्षमताओं की दुहाई देते हुए मजबूरीवश ऐसा नहीं कर पाते, उन्हें अपने पीछे छूट जाने का एवं अस्तित्व को बचाये रखने का भय घेर लेता है. अक्सर जीवन के उस पड़ाव में समय भी कम बचा होने का अहसास होता है अतः नई चीज सीखकर उसे आत्मसात करने की रुचि और उत्साह भी नहीं बचा रहता. यही पीड़ा और खीज असह्य हो कुंठा का रुप धारण कर विरोध के रुप में चिंघाड़ती है जिसकी बुनियाद खोखली होती है और स्वर तीव्र.

किन्तु ऐसे में भी बहुतेरे आत्म संतोषी विरोध का स्वर न उठा अपने आपको अतीत की यादों में कैद कर जीवन गुजार देते हैं. यूँ भी अतीत की यादें स्वभावतः रुमानियत का एक मखमली लिहाफ ओढ़े सुकून का अहसास देती हैं और निरुद्देश्य जीवन को खुश होने का एक मौका हाथ लग जाता है भले ही और कुछ हासिल हो न हो. ऐसे लोग ही गाहे बगाहे कहते पाये जाते हैं कि हमारा समय गोल्डन समय था, अब तो जमाने को न जाने क्या हो गया है और भविष्य गर्त में जाता नजर आता है. ऐसे स्वभाव के हर कल ने सदियों से भविष्य को गर्त में ही जाते देखा है. उम्र के इस पड़ाव में यह पीढ़ियाँ भूल चुकी होती हैं कि कभी वह भी ऐसे ही किसी परिवर्तन के वाहक थे जिसे उनके पूर्वज गर्त में जाना कहते कहते इस धरा से सिधार गये.

इस तरह से अपने अस्तित्व को परिवर्तन की आँधी से बचाने के लिए अतीत रुपी खम्भे को पकड़े रहना या विरोध में चिल्ला उठना मात्र उन्हें आत्म संतुष्टी देता है किन्तु परिवर्तन होकर रहता है. न कभी समय रुका है और न कभी परिवर्तन की बयार- युग बदलते हैं. विरोध पीढ़ियों की विदाई के साथ रुखसत होता जाता है और जन्म लेता रहता है एक नया विरोध, एक नई पीढ़ी का, एक नये परिवर्तन के लिए, जिसका स्वागत कर रही होती है एक नई पीढ़ी, बहुत उम्मीदों के साथ.

परिवर्तन को रोकने का विचार मात्र नदी के प्रवाह को रोकने जैसा है जो कभी किसी प्रयास से ठहरा हुआ प्रतीत तो हो सकता है किन्तु सही मायने में वो प्रवाह और परिवर्तन ठहरता नहीं. वह उस रुकन को नेस्तनाबूत करने की तैयारी कर रहा होता है, जिसे हम ठहराव मान भ्रमित होते है. यह भ्रम भी क्षणिक ही होता है और देखते देखते ढह जाता है वह रुकन का कारण और प्रयास, वह खो देता है अपना अस्तित्व और फिर बह निकलता है नदिया का प्रवाह अपनी मंजिल की ओर किसी सागर मे मिल उसका हिस्सा बन जाने के लिए या नये प्रवाह/ परिवर्तन को एक स्पेस/यथोचित प्रदान करने के लिए.

आज अभिव्यक्ति के माध्यमों में होते परिवर्तनों और प्रिन्ट/ अन्तर्जाल के बीच छिड़ी जंग देख बस यूँ ही इन विचारों ने शब्द रुप लिया. आज किताबों में उपलब्ध हिन्दी साहित्य को अन्तर्जाल पर लाने का एक भागीरथी प्रयास अपना आगाज़ कर चुका है.नया अन्तर्जाल और किताबों में समानान्तर दर्ज होता चल रहा है.

कुछ स्वभाविक उम्रजनित, अक्षमताओं जनित एवं अहमजनित विरोध भी अन्तर्जाल की ओर आने की दिशा में रहा है मगर जैसा कि पहले कह चुका हूँ कि वही तो हर परिवर्तन का स्वभाव है और वो पीढ़ी विशेष के प्रस्थान के साथ ही प्रस्थित होगा. उसका कोई विशेष प्रभाव भी नहीं होना है मात्र चर्चा के अलावा. चर्चा अवश्य आवश्यक एवं आकर्षक होती है क्यूँकि उसमें विशिष्ट व्यक्ति की स्टेटस की विशिष्टता होती है न कि विचारों की.

मुझे न जाने क्यूँ ऐसा लगता है कि मेरा यह विचार कुछ विमर्श मांगता है.

resisting_change

मैं

अतीत के गलीचों पर

नृत्य करता

अपने में मगन

न जाने कहाँ खो गया....

जमाना बदला....

और

आज खुद को तलाशता हूँ

मैं!!!

-समीर लाल ’समीर’ Indli - Hindi News, Blogs, Links

सोमवार, फ़रवरी 21, 2011

समीर जी अपनी बात कहीं से भी शुरू  करें, बखूबी अपना संदेश पाठकों तक पहुँचाने में सक्षम हैं: विजय तिवारी ' किसलय '

dekh_lun

भाई समीर लाल ’समीर’ की पुस्तक ’देख लूँ तो चलूँ’ पर बात करने के पूर्व उनके बारे में बताना भी आवश्यक है क्योंकि कृति और कृतिकार एक तरह से संतान और जनक जैसे होते हैं. जनक का प्रभाव अपनी संतान पर स्पष्ट रूप से देखा जाता है. अड़तालीस वर्षीय भाई समीर जी पैदा तो हुए थे रतलाम में, परन्तु अध्ययन एवं संस्कार उन्होंने संस्कारधानी में प्राप्त किये. आप म.प्र. विद्युत मंडल के पूर्व कार्यपालक निदेशक इंजी पी.के.लाल जी के सुपुत्र हैं. चार्टर्ड एकाउंटेंसी भारत में एवं मेनेजमेंट एकाउंटेंसी अमेरीका से की. सन १९९९ के बाद आप कनाडा के ओंटारियो में निवास करने लगे. कनाडा के एक प्रतिष्ठित बैंक में तकनीकी सलाहकार होने के साथ साथ आप टेक्नोलाजी पर नियमित लेखन करते हैं.

आपका एक लघुकथा संग्रह ’मोहे बेटवा न कीजो’ के साथ ही वर्ष २००९ में चर्चित एवं लोकप्रिय काव्य संग्रह ’बिखरे मोती’ भी हिन्दी साहित्य धरोहर में शामिल हो चुके है. इसमें गीत, छंदमुक्त कविताएँ, गज़लें, मुक्तक एवं क्षणिकाएँ समाहित हैं. एक ही पुस्तक में पाँच विधाओं की ये अनूठी पुस्तक भाई समीर के चिन्तन का प्रमाणिक दस्तावेज की तरह है.

हिन्दी और हिन्दुस्तान से दूर समन्दर पार कनाडा में अपनों की कमी का अहसास आज भी समीर जी को कचोटता है. इसी कसक ने समीर जी को पहले ई-कविता के याहू ग्रुप से जोड़ा और बाद में ब्लाग्स के आने पर आप अपने हिन्दी ब्लॉग ’उड़न तश्तरी’ के माध्यम से संपूर्ण विश्व के चहेते बने हुए हैं. ब्लागरों के बादशाह समीर भाई के ब्लॉग को विश्व का सर्वश्रेष्ठ हिन्दी ब्लॉग सम्मान भी प्राप्त हो चुका है. आप विश्व के शीर्षस्थ ब्लागर हैं. ब्लॉग पर आपकी जादुई कलम की पूरी दुनिया कायल है. इसके साथ ही टोरंटो कनाडा एवं अमेरीका से निकलने वाली पत्रिका ’हिन्दी चेतना’ के आप नियमित व्यंग्यकार हैं. आप कनाडा में हिन्दी रायटर्स गिल्ड एवं अन्य संस्थाओं के शताधिक सदस्यों के साथ

मासिक कथा एवं काव्य गोष्ठियों सहित अन्य कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.

अब हम बात करते हैं ’देख लूँ तो चलूँ’ कृति की. वरिष्ठ साहित्यकार एवं ब्लागर श्री पंकज सुबीर जी के शिवना प्रकाशन सीहोर, मध्य प्रदेश, भारत से प्रकाशित यह कृति ’देख लूँ तो चलूँ’ चौदह उपखण्डों में लिखी संस्मरणात्मक, वैचारिक, तात्कालिक अन्तर्द्वन्द्व की अभिव्यक्तियों का संग्रह है. लेखक ने विवरणात्मक शैली को अपनाकर सामाजिक सरोकार, विषमताएँ, सामाजिक, धार्मिक, व्यक्तिगत, प्रशासनिक कठनाईयों का चित्रण करते हुए पाठकों के साथ तादात्म्य बैठाने में सफलता प्राप्त की है.

मित्र के गृह-प्रवेश की पूजा में अपने घर से ११० किलोमीटर दूर कनाडा की ओंटारियो झील के किनारे बसे गाँव ब्राईटन तक कार ड्राईव करते वक्त हाईवे पर घटित घटनाओं, कल्पनाओं एवं चिन्तन श्रृंखला ही ’देख लूँ तो चलूँ’ है. यह महज यात्रा वृतांत न होकर समीर जी के अन्दर की उथल-पुथल, समाज के प्रति एक साहित्यकार के उत्तरदायित्व का भी सबूत है. अवमूल्यित समाज के प्रति चिन्ता भाव हैं. हम यह भी कह सकते हैं कि इस किताब के माध्यम से मानव मानव से, पाठक पाठक से सीधा वैचारिक सेतु बनाने की कोशिश है क्योंकि कहीं न कहीं कोशिशें कामयाब होती ही हैं.

कृति का पहला उपखण्ड मांट्रियल की पूर्वयात्रा से प्रारम्भ होता है जिसमें उनकी सहधर्मिणी साथ होती हैं परन्तु यह यात्रा उन्हें अकेले ही करना पड़ रही है. बस यहीं से उनकी विचार यात्रा भी शुरु होती है. यात्रा के दौरान आये विचारों को श्रृंखलाबद्ध कर समीर जी ने पाठकों के साथ सीधा सम्बन्ध बनाया है. कहीं वे सिगरेट पीती महिला को सिगरेट पीने से रोकना चाहते हैं तो कहीं कनाडा में बसे पुरोहित के तौर तरीके बताते हैं. गाँव का चित्रण, फर्राटे भरती गाडियाँ अथवा ट्रेफिक नियमों की बातें जो भी सामने आया, उसको पाठकों के समक्ष चिन्तन हेतु रखा गया है. अप्रवासी भारतीयों के एकत्र होते ही बस भारत की बातें करना और जड़ से जुड़े रहने की लालसा प्रमुख मुद्दा होता है. परन्तु समीर जी इसे घड़ियाली आँसू करार देते हुए कहते हैं कि इसके लिए बहुत बड़ा जिगरा चाहिये.

अगले क्रम में लेखक की बाल सुलभ संवेदनायें जागृत होती हैं और हाई-वे पर बच्चों द्वारा कॉफी सर्व करने पर भारत और कनाडा में बेतुका फर्क पाठकों के सामने प्रस्तुत करते हैं. भारतीय बच्चों का काम करना बालशोषण और कनेडियन बच्चों का काम करना पर्सनालिटी डेवेलपमेंट कहा जाता है. उनका मानना है कि बच्चों से उनका बचपन छीन लेने की बात भला कैसे पर्सनालिटी डेवेलपमेंट हो सकती है. आगे आप महिलाओं के तथाकथित फिगर कान्सियसनेस को महत्व नहीं देते तो कहीं वे अमेरीका को देश के बजाय कन्सल्टेंट कहना ज्यादा उपयुक्त मानते हैं क्योंकि वह अपनी छोड़ दूसरों को सलाह देता है. इसके पश्चात ’देख लूँ तो चलूँ’ का ऐसा उपखण्ड आता है जिसमें समीर जी पर हरिशंकर परसाई जी की छाप प्रतीत होती है क्योंकि उन्हीं ने कहीं बताया है कि बचपन में अध्ययन के दौरान उनके हाथों पुरस्कार ग्रहण किया था और उनका स्पर्श आज भी वे महसूस करते हैं.

भारत से कनाडा की यात्रा के वक्त फ्रेंकफर्ट, जर्मनी में एक दिन सपत्नीक रुकने पर भाषाई अनभिज्ञता के चलते अन्तरराष्ट्रीय समलैंगिक महोत्सव में शामिल होने का व्यंग्यात्मक वृतांत बड़ा रोचक बन पड़ा है. आपका ध्यान साधू संतो के ढोंग पर भी जाता है. धन की जीवन में कोई महत्ता न बतलाने वाले यही साधु इसी सलाह या प्रवचन के लाखों रुपये स्वयं बतौर फीस ले लेते हैं. आगे अप्रवासी भारतीयों के माँ बाप की भौतिक एवं मानसिक परिस्थितियों का मार्मिक चित्रण है जो माँ-बाप अपने बेटों को अपना पेट काट कर विदेश भेजते हैं उन बेटों की मानसिकता किस कदर गिर जाती है. ऐसा अक्सर देखने मिलता है.

’देख लूँ तो चलूँ’ का दसवाँ उपखण्ड तो आध्यात्मिक चिन्तन जैसा है जिसमें आर्ट ऑफ लिविंग के स्थान पर आर्ट ऑफ डायिंग की सिफारिश की गई है क्योंकि अधेड़ावस्था के पश्चात जीने की कला अधिकांश लोग सीख ही लेते हैं. यह उम्र तो आर्ट ऑफ डायिंग सीखने की होती है कि हम अपनी जवाबदारियों को पूरा करते हुए खुशी खुशी किस तरह इस दुनिया से कूच करें. महात्माओं द्वारा मुक्ति के लिए ’चाहविहीन’ होने की बात भी समीर जी की समझ के परे है क्योंकि मुक्ति का मार्ग पाना भी तो चाह ही है फिर कोई चाह विहीन कैसे हो सकता है? आगे फिर दिल को छू जाने वाला मार्मिक प्रसंग है, जब घर के पेड़ पर टाँगे गए ’बर्ड फीडर’ से पक्षियों को दाने खिलाकर समीर जी आत्म संतुष्टि को प्राप्त करते हैं परन्तु जब एक दिन बिल्ली द्वारा एक पक्षी को अपना शिकार बना लेने वाली मनहूस घड़ी आती है तो इसके लिए लेखक कहीं न कहीं स्वयं को दोषी मानता है और अपराध बोध से ग्रसित जाता है. ड्रायविंग में हार जीत को लेखक महत्व नहीं देता क्योंकि यदि एक जीतता है तो दूसरा उसके भी आगे होता है या पीछे वाले के पीछे भी कोई होता है. स्तरहीन राजनीति और नेताओं की तुलना कुत्तों से करने पर भी समीर जी नहीं चूकते. तेरहवें खंड में लेखक के अनुसार मित्र के घर पर गृहप्रवेश की पूजा के दौरान अंग्रेजी अनुवाद और अंग्रेज परिवारों की उपस्थिति, पुरोहित और यजमान के लिए किसी उपलब्धि से कम नहीं होती. लंच के दौरान अंग्रेज परिवारों को भारतीय रेसिपी बनाने का तरीका बताना प्रवासी अपनी प्रतिष्ठा मानते हैं. अंग्रेज के माथे पर तिलक लगाना या उनके द्वारा नमस्ते कहना हमें फक्र महसूस कराता है परन्तु क्या हमने कभी सोचा कि क्या वे भी ऐसा ही सोचते हैं? समीर जी के ऐसे कई तर्क दिल के अंतिम छोर तक उद्द्वेलित करते हैं.

अंत में लेखक अपने साहित्य लेखन की वर्तनी की त्रुटियाँ खोजने वाली, वाक्य विन्यास की गल्तियों को सुधार कर ईमेल करने वाली किसी मित्र के बारे में बताते हैं कि वह मुझे नहीं, मेरी लेखनी को पसंद करती है. वह मुझसे कभी रू-ब-रू मिल नहीं सकी किन्तु मुझे आज भी याद आई.

इस तरह हम देखते हैं कि समीर जी अपनी बात कहीं से भी शुरू करें, बखूबी अपना संदेश पाठकों तक पहुँचाने में सक्षम हैं. ‘देख लूँ तो चलूँ’ उनके बहुआयामी लेखन का नमूना कहा जा सकता है. दस्तावेजों की उनसे सदा अपेक्षा रहेगी. इन्सानियत, प्रेम, भाईचारा, संवेदनशीलता के साथ-साथ एक विराट दायरे वाली सख्शियत का प्रतिनिधित्व करते हुए भाई समीर अपने लेखन से स्वयं आकाशीय नक्षत्रों जैसे शीर्षस्थ एवं प्रकाशवान बनें.

आप संस्कारधानी जबलपुर का नाम भी दुनिया में रौशन करेंगे, इसी आशा एवं विश्वास के साथ ...

vkt


पुस्तक विवरण:

नाम: देख लूं तो चलूं
मूल्य: रुपये १००/-
लेखक: समीरलाल
लेखक संपर्क: smeerl.lal@gmail.com
प्रकाशक:शिवना प्रकाशन
पीसी लैब , सम्राट काम्प्लैक्स बेसमेंट
बस स्टैंड सीहोर -466 001
प्रकाशक संपर्क: shivna.prakashan@gmail.com
प्रकाशक फोन नं: +91- 9977855399, +91-7562-405545

Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, फ़रवरी 16, 2011

मेरी कहानी....

बहुत कुछ दर्ज किया है इस अन्तर्जाल (इंटरनेट) पर इन बीते वर्षों में और अभी भी करता ही चला जा रहा हूँ. मैं रहूँ, न रहूँ -यह उपस्थित रहेगा सदियों तक. किसी न किसी रुप में. शायद फिर मिटा भी दिया जायें, कौन जानता है.

कभी मनचाहे तो कभी अनचाहे, उभर ही आयेंगे मेरे दर्ज विचार किसी न किसी स्क्रीन पर. तब भी देख सकोगी तुम इसे और वो भी मुझे देख सकेंगे जो मुझे देख खुश होंगे. अनजान और न चाहने वाले नजर अंदाज कर निकल जाने वालों की संख्या तब भी ज्यादा होगी मगर जब आज इस बात की परवाह नहीं की तो तब के लिए क्या करना. मतलब तो अपनों से है, तुम से है.

बस, यही सोचता हूँ अन्तर्जाल पर देख तो लोगी, पढ़ भी लोगी मगर वो अपनेपन का अहसास, वो महक, वो भार और भावुक हो मेरे लिखे को अपने सीने से चिपका मेरे होने को अहसासना और फिर नम आँखों धीरे से मुस्कराना और फिर छाती पर उसे रखे रखे ही सो जाना-जैसा मैं अक्सर करता हूँ अपने दादा जी की किताब को सलीके से सहलाते हुए, वो शायद न कर पाओ!!

इसी उधेड़बून में अन्तर्जाल से अपनी ही कृतियाँ लेकर किताबें छपवा ली हैं कुछ जस की तस तो कुछ एक अलग अंदाज में और कुछ प्रतियाँ रख छोड़ी हैं उस हल्की नीली लोहे की अलमारी में बंद करके ताकि वक्त की दीमक उन्हें चाट न जाये.

तुम्हारी अल्मारी की चाबी जतन से रखने की आदत मुझे तसल्ली देती है!!!!!!!

मेरी
कहानी लिखती नहीं,
ऊग आती है
खुद ब खुद,
एक जंगली झाड़ी सी.
न खाद की दरकार
और
न पानी की जरुरत.
वो
बढ़ चलती है अनगढ़ सी,
दिशा विहिन हवा के साथ,
हवा के रंग में
और
कहानी का नायक,
नायक नहीं महा नायक,
स्वयं एक कहानी
जैसे उसके पात्र,
सब अपने अपने आप में
पूरी एक कहानी.

मेरी
कहानी-
बढ़ती है हवा के साथ,
झूमती है,
लहलहाती है
और

फिर...
चढ़ना शुरु कर
अमरबेल की तरह
न जाने कैसे
एकाएक खत्म हो जाती है
अहसास कराती कि
कोई अमर नहीं होता.
कहानी भी नहीं.

-समीर लाल ’समीर’

 

यहाँ सुनिये:

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, फ़रवरी 13, 2011

तीरथराम.......

तीरथराम साईकिल रिक्शा चलाता और पत्नी किशोरी घर सम्भालती. दोनो दिन-रात काम करते.

घोर ईश्वर भक्त. ईश्वर भी उसकी निरन्तर भक्ति से प्रसन्न हो एक के बाद एक लगातार आठ बच्चे प्रसाद स्वरूप देता गया.

किशोरी को पूजा पाठ में कोई दिलचस्पी नहीं रही. वह इसे पाखंड मानती थी. पति की थोड़ी सी कमाई में किसी तरह घर सम्भाले कि पूजा पाठ पर खर्च करे.

और तीरथराम..?- कहता था कि ईश्वर तो इस बरस भी फिर प्रसन्न हुआ. सातवां चल रहा था, किशोरी को खून की उल्टी हुई और फिर न तो बच्चा बच सका और न किशोरी.

सारा दोष मूरख किशोरी का है-नास्तिक कहीं की!!!

किशोरी की भूल की माफी मांगने पहाड़ी वाले मंदिर जाना पड़ा था भरी बरसात में.

पैर फिसला. खाई में गिर कर चल बसा!!

अब... आठ अनाथ बच्चे!!

ईश्वर ही पालेगा उन्हें!!.....घोर ईश्वर भक्त जो था तीरथराम.......

(लगता तो है कि पल ही जायेंगे, जब पूरा देश बिना किसी नाथ के उसी के भरोसे पला जा रहा है!!)

worship

कल रात अँधेरे

टकरा कर

फट गया था

माथा उसकी बीबी का

और

उतर आया था

माँग के सिंदूर का निशान

जिस पत्थर पर....

आज गाँव में उसे

बड़ी श्रृद्धा से

पूजा जाते देखा!!!

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

मंगलवार, फ़रवरी 08, 2011

एक रात कुछ यूँ गुजरे....वीरान कविता रचते

पूरे ८५ दिन याने लगभग तीन माह भारत में रह जब कनाडा वापस आने को ट्रेन में बैठा तो लगा कि क्या क्या सोच कर आया था और कितना कम पड़ गया समय. सोचा था कि १० दिनों को केरल भी घूम आयेंगे इस बार, वो भी रह गया. समय ऐसा पंख लगा कर उड़ा कि कुछ पता ही नहीं लगा.

लगता था जैसे कल ही आये हों और आज वापस चल दिये. कितने सारे मित्रों से कितनी सारी बातें करनी थी. कितने ही रिश्ते नातेदारों से मिलने का दिल था.कितने ही शहरों में पहुँचने की नाकाम कोशिश. बस, यूँ ही कुछ कारण बनते गये, दिन बीतते रहे और आज वापसी. सब आधा अधूरा सा, छूटा हुआ.

अब न जाने कब आना हो फिर से? यदि कुछ विशिष्ट कारण न हो जाये तो साल भर के पहले तो क्या आना होगा.

मन उदास होने लगता है. सोचता हूँ, अगली बार ज्यादा दिन के लिए आऊँगा और जरा ज्यादा व्यस्थित कार्यक्रम बना कर. केरल घूमने का कार्यक्रम तो निश्चित ही शामिल रहेगा.

भारी मन से एक नजर रेल की खिड़की के बाहर देखता हूँ. रेल भाग रही है और कितना कुछ पीछे छूटा जा रहा है.

सामने की सीट पर नजर पड़ती है. लगभग ३४/३५ वर्ष का एक दुबला पतला युवक, अपनी पत्नी के साथ बैठा है एकदम शांत. चेहरे पर कोई भाव नहीं. उसकी पत्नी की आँखों के नीचे पड़े काले गोले उसके परेशान होने की गवाही दे रहे हैं.

बात चलती है.

दोनों एक रोज पहले ही बम्बई से लौटे हैं. महैर में रुक माँ शारदा देवी के दर्शन करके अब अपने घर आगरा लौट रहे हैं. टाटा मेमोरियल में पति का ईलाज चल रहा था. केंसर अंतिम स्टेज में है. डॉक्टर कहता है कि ज्यादा से ज्यादा ३० दिन के मेहमान है. घर ले जाओ.

मैं एक गहरी सांस छोड़ता हूँ-बस, ३० दिन. क्या कुछ करने की सोचता होगा इन ३० दिनों में वो. कितने कुछ अरमान साथ लिये जायेगा और फिर उसे तो अगली बार की तसल्ली भी नहीं.....

एक बार फिर भारी मन से खिड़की के बाहर नजर गड़ा देता हूँ. हल्का अँधेरा घिर आया है. वीरान सा पड़ा रेलवे का ’एबेन्डन्ड सिग्नल केबिन’ सामने से गुजर जाता है और जागते है कुछ उजड़े से ख्यालात मेरे जेहन में, बस यूँ ही दम तोड़ देने को.

railwaycabin

रात आसमान में
अपनी उजली चादर
बिछाता चाँद...

झाड़ियों की झुरमुट में
अँधेरों को हराने की
नाकाम कोशिश में जुटे
जुगनुओं की जगमगाहट

कहीं दूर से आती
मालगाड़ी की सीटी का
कर्णभेदी हुँकार

नजदीक के खेत की
कच्ची झोपड़ी से उठती
एक बुढिया की
सूखी खाँसी की खंखार..

चूल्हे से
ओस में भीगी लकड़ियों के
जलने से उठते
धुँए की घुटन
और
उस पर
अलमुनियम की ढक्कन वाली केतली
में चढ़ी
काली कॉफी का
कड़वा घूँट भरते हुए

पटरी किनारे
उस निर्जन वीरान रेलवे के
’एबेन्डन्ड सिग्नल केबिन’ में
एक रात गुजारुँ

और

कुछ
अजब सी
बेवजह
वीरान
कविता रचूँ
मैं!!!

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links