बुधवार, फ़रवरी 24, 2010

ऑपरेशन कनखजूरा

बड़े आदमी की पूछ है, छोटे को कौन पूछे. -यही चलन है.

पी एम साहब का घुटना मायने रखता है क्षण क्षण की रिपोर्ट मीडिया दिखाता है. अमरीका से डॉक्टर आता है. आज आराम मिला, आज घुटना बदला, कल से काम पर लौटेंगे, हर बात की रिपोर्ट जारी होती है और एक आम आदमी भूख से तड़प कर मर जाये, तो कोई सुनवाई नहीं.

राज्य सभा की सदस्यता छोड़ने के लिए किड़नी वापस मांगी जाती है लेकिन उन मांगों का सिन्दुर और उन बच्चों का बाप कौन लौटायेगा, जिनसे बैंक ऋण वापस माँगता है और किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो जाता है.

बड़े आदमी की छींक बीमारी और छोटे आम आदमी की छींक, मौसम का असर और बदतमीजी कि नाक पर हाथ रख कर नहीं छींकता.

हद है, एक मंत्री की लड़की कश्मीर में अगुआ हो जाये तो आतंकवादी छोड़ दिये जाते हैं और एक गरीब की बिटिया की इज्जत लूट कर मार दिया जाये, तो अखबार की खबर भी नहीं बनती.

आश्चर्य होता है. नेता जी दो दिन से दिखे नहीं तो हल्ला मचा है कि नेता जी लापता, वो भी ऐसे नेता जिनके चलते जाने कितने हमेशा के लिए लापता हो गये जिनका आजतक पता नहीं चला.

अरे, गायब हो जाने दो..काश, पूरे ५४२ लापता हो जायें एक बार में तो कुछ राहत हो १२० करोड को. लेकिन बड़ों को कैसे लापता होने दें.

पूरा मीडिया और देश परेशान है कि नेता जी मिल नहीं रहे, जाने कहाँ गये. काश, इसका आधा भी उन्हीं नेताओं के ईमान गायब होने पर परेशान हुए होते तो आज देश के हालात कुछ और होते.

जो बड़ा, उसका बोलबाला,
छोटे का मूँह काला.

कई बार सोचता हूँ कि टाइगर बचाओ अभियान भी वैसा ही तो नहीं. मात्र १४११ बचे हैं. कौन जाने कितने बचे हैं, यहाँ तो एक दिख जाये तो गिनती भूल जायें फिर १४११ गिनना, वो तो शूरवीर ही होगा जो गिन पाये.

१४११ का इतना हल्ला मचा है, इतना प्रोपोगांडा कि २६११ फीका पड़ गया.

छोटू को भी तो बचाओ. मात्र १२४३ बचे हैं यह कनखजूरे. लेकिन इनको पूछे कौन?

आप सोच रहे होगे कि मुझे कैसे पता कि १२४३ कनखजूरे बचे हैं, कैसे माने? हमने तो गिना नहीं, आपके कहने पर मान जायें?

मैं आपसे पूछ लेता हूँ कि बाघ गिने हैं क्या, फिर कैसे मान गये?

कनखजूरे की क्यूँ चिन्ता करें, इनसे क्या फायदा तो जरा बताना बाघ बचा कर करोगे क्या? खेत में हल जुतवाओगे कि नेता जी की तलाश में भेजोगे??

जो बचाना है उस पर ध्यान नहीं जाता. स्विस बैंक से पैसा आने का सब मूँह बाये इन्तजार कर रहे हैं, जाने पर कोई रोक टोक नहीं. पहले वो छेद तो बंद करो जो अपनी तरफ है याने की जाने वाला, फिर जो जा चुका है, उसके आने का इन्तजार करना वरना तो स्विस बैंक के बदले कहीं और जाने लगेगा और सब बस खुशियाँ मनाते नजर आयेंगे कि स्विस बैंक से वापस आ गया.

ज्यादा जरुरी काम पहले करना होगा. पहले जंगल तो बचाओ वरना यह बाघ क्या कोई मगरमच्छ है जो बिना पानी के भी संसद में आकर बैठा झूटमूठ के मुद्दों पर आँसू बहाता रहेगा. जब जंगल ही नहीं बचेंगे तो बाध कैसा?

बीच शहर में चार पेड़ लगाकर फोटो खिंचवा कर अखबार में छपवा लेते हो, उसमें से एक उगता है और दूसरी तरफ, जंगल काट काट कर कांक्रिट का जंगल बनाये चले जा रहे हो, तब बाघ बच भी जायें तो रहे कहाँ? इंसानो और बाघ में यही तो अंतर है कि बिना रहने और खाने की चिंता किये बाघ बच्चे पैदा नहीं करता.

kankhajura

दुनिया का क्या हाल हुआ है
जंगल था जो मॉल हुआ है
बिजली पानी को रोते है
हाल यहाँ बेहाल हुआ है.
पहले तुम इन्सान बचाओ
बाघ हमारे खुद बच लेंगे
तुम तो हिन्दुस्तान बचाओ.

तूने कैसा काम किया है
संसद को बदनाम किया है
अरे अरे ओ अरे अभागे
माता को नीलाम किया है
लुटता हुआ ईमान बचाओ
बाघ हमारे खुद बच लेंगे
तुम तो हिन्दुस्तान बचाओ.

मँहगाई पर रोक नहीं है
भ्रष्टाचार पर टोक नहीं है
मजहब में तुम फूट डालते
बिन उसके कोई वोट नहीं है.
मरता हुआ किसान बचाओ
बाघ हमारे खुद बच लेंगे
तुम तो हिन्दुस्तान बचाओ.

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, फ़रवरी 21, 2010

आओ!! तुम्हें सम्मान दिला दूँ!!

अरे साहब, आज की इस भागती दौड़ती जिन्दगी में सुकून कहाँ? समय ही नहीं मिल पाता.

आजकल यह जुमला बड़ा आम हो गया है और सभी को अपनी नाकामियों और गल्तियों को छुपाने में साहयक सिद्ध हो रहा है.

मैं समझ नहीं पाता कि फिर इतनी भागती दौड़ती जिन्दगी में इन्सान लड़ने झगड़ने को समय कैसे निकाल लेता है, क्या यह इसी असुकून का परिणाम है कि झुंझलाये आये और जो सामने पड़ा, उस पर बरस पड़े.

ब्लॉगजगत भला इससे कैसे अछूता रहे, जब वही लोग यहाँ भी बस रहे हैं. सहिष्णुता और सहनशक्ति तो मानो दुर्लभ वस्तु हो गई है.

किसी ने पोस्ट लिखी, किसी ने टिप्पणी और निकल आई नई पोस्ट कि ऐसी क्यूँ टिप्पणी की. ऐसा नहीं कि आपने उनको टिप्पणी की लेकिन भागते दौड़ते उनको चिपक गई, तो उन्होंने ने पोस्ट तान दी. अब आप उनको सफाई दिजिये तो तीसरे उस पर लिखेंगे. पूरा चेन रियेक्शन है.

इस ब्लॉगजगत में बम फोड़ना बहुत सरल हो गया है. और कुछ नहीं मिले तो हिन्दु मुसलमान पर लिख दो, मोदी पर लिख दो, ठाकरे पर लिख दो, शाहरुख पर लिख दो. बस, फिर देखो धमाका.

चलो, इन के कारण धमाका तो फिर भी समझ आता है कि ब्लॉगजगत के नहीं है. जरा, किसी को सम्मानित घोषित कर दो, किसी को इनाम दे दो, बस, धम्म!!

ये भी कोई बात हुई. ब्लॉगर की हालत जानते हुए भी, जरा सा सम्मानित नहीं होने देते. कितनी तकलीफों से ब्लॉगर गुजरता है और कोई इस दुखी आत्मा को सम्मानित करे तो बाकी जल भुन जाते हैं कि हम कैसे रह गये.

क्या कहा जाये इन हालातों का. हमारा तो किसी को सम्मानित करने का मन कर रहा है, चाहे वो कोई सा भी ब्लॉगर हो. देखिये:

computer-addict

 

आओ तुम्हें इक नाम दिला दूँ
ब्लॉगिंग का सम्मान दिला दूँ.

जगते हो तुम बड़े सबेरे
सन्नाटे जब जग को घेरे
कुर्सी से तुम चिपक गये हो
कम्प्यूटर पर आँख तरेरे.

इसका कुछ इनाम दिला दूँ
आओ तुम्हें इक नाम दिला दूँ
ब्लॉगिंग का सम्मान दिला दूँ.

बीबी जब सोकर उठती है
तेरी हालत पर कुढ़ती है
ब्लॉगिंग की लत देख सोचती
इससे बेहतर तो सुरती है.

आज तुम्हें इक जाम पिला दूँ
आओ तुम्हें इक नाम दिला दूँ
ब्लॉगिंग का सम्मान दिला दूँ.

चाय चाय रटते जाते हो
कुर्सी में धंसते जाते हो
कोई काम नहीं करते हो
जाने क्यूँ हँसते जाते हो.

चलो तुम्हें कुछ काम दिला दूँ
आओ तुम्हें इक नाम दिला दूँ
ब्लॉगिंग का सम्मान दिला दूँ.

बच्चों से अब बात न होती
रिश्तों में मुलाकात न होती
सोने भी तुम कभी न जाते
गर कमर दर्द से मात न होती.

आह! दर्द निवारक बाम दिला दूँ
आओ तुम्हें इक नाम दिला दूँ
ब्लॉगिंग का सम्मान दिला दूँ.

सुबह शाम तुम खूब लिखे हो
टिप्पणी में हर ओर दिखे हो
ब्लॉगिंग से क्या हासिल होगा
जाने क्या तुम सोच टिके हो.

चल खुशियों की शाम दिला दूँ
आओ तुम्हें इक नाम दिला दूँ
ब्लॉगिंग का सम्मान दिला दूँ.

बात बात पर अकड़ रहे हो
इससे उससे झगड़ रहे हो
टिप्पणी उसकी पोस्ट तुम्हारी
नाहक मुद्दे पकड़ रहे हो.

चल इससे आराम दिला दूँ
आओ तुम्हें इक नाम दिला दूँ
ब्लॉगिंग का सम्मान दिला दूँ.

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, फ़रवरी 17, 2010

सहेजने का महत्व: विल्स कार्ड भाग ९

पहले की तरह ही, पिछले दिनों विल्स कार्ड भाग १ , भाग २ , भाग ३ ,भाग ४ , भाग ५ भाग ६ भाग ७ और भाग ८ को सभी पाठकों का बहुत स्नेह मिला और बहुतों की फरमाईश पर यह श्रृंख्ला आगे बढ़ा रहा हूँ.

(जिन्होंने पिछले भाग न पढ़े हों उनके लिए: याद है मुझे सालों पहले, जब मैं बम्बई में रहा करता था, तब मैं विल्स नेवीकट सिगरेट पीता था. जब पैकेट खत्म होता तो उसे करीने से खोलकर उसके भीतर के सफेद हिस्से पर कुछ लिखना मुझे बहुत भाता था. उन्हें मैं विल्स कार्ड कह कर पुकारता......)

भाव कब किस वक्त किस रुप में आयेंगे, कोई नहीं जानता. बस, एक कवि या लेखक उन्हें शब्द रुप दे देता है और बाकी लोग उसे वैसे ही भूल जाते हैं, जैसे वो आते हैं.

कभी कोई घटना, कोई दृष्य, कोई मौसम, कुछ भी एक नये भाव को जन्म देता है. कभी उन्हें विल्स कार्ड पर उतार लिया करता था, फिर माँ के जाने के साथ सिगरेट छूटी तो किसी भी कागज के टुकड़े पर उतारने लगा. जब कभी भी चूका, वो विचार कभी लौट कर नहीं आता. उन्हें सहेजना होता है.

वैसे ही जैसे जीवन में रिश्तों को प्रगाढ़ करने के मौकों के महत्व को, सफलता के मौकों को, सहेजना होता है..बस, जरा चूके और वो फिर नहीं लौटते. बच रहता है एक खोया खोया अहसास और कुछ चूक जाने का अपराध बोध.

सोचता हूँ कितना साम्य है मन में उठते भावों और इनमें. जीवन में सहेजने का कितना महत्व है. शायद सफल जीवन की यही कुँजी है.

pen

जिन भावों को सहेजा, वो आज मेरी धरोहर हैं. खंगालता हूँ उन्हें और लौट पड़ता हूँ उस वक्त में. कभी एक मुस्कराहट उठती तो कभी आँसू. जो भी हो, एक सुखद अहसास देती हैं. बस, उन्हीं में कुछ:

-१-

कल रात

चाँद ने शरारत से

मुझे ताका...

और

मेरी उस लाल डायरी में

आ छिपा

बिल्कुल

तुम्हारी तरह...

फिर रात अँधेरी गुजरी.

-२-

रात काली

मावस की,

मुझे

कोई फर्क नहीं पड़ता...

तुम्हारे बाद

अब कोई

तलाश बाकी नहीं!!

-३-

पाई है किताबों से

तालीम

चलाने की नौकरी...

और

बाहर उसके

सीख रहा हूँ रोज

कुछ नया

हर कदम

एक नई तालीम

जीवन से

जीवन चलाने की...

आधा अधूरा

यह पाठ

कब पूरा होगा??

-४-

याद है तुमको

जब बरसों पहले

सार्दियों में तुम मुझको

चली गई थी छोड़ कर

उस बरस

गिर गया था

आँगन वाला

आम का पेड़

और

बच रहा था

एक ठूंठ!!

देखता हूँ

इतने बरसों बाद

अबकी

उसमें कुछ हरी हरी पत्तियाँ निकल आई हैं..

क्या तुम आने को हो?

-५-

पत्थर से पानी निकालने
की
जुगत में
उसने छैनी जमा
जैसे ही हथौड़ा चलाया
नौसिखाया था
पानी तो नहीं निकला..
अपने हाथ पर उसने
एक गहरा जख़्म पाया...

-६-

कड़े परिश्रम के बाद मिली
चिलचिलाती धूप में
माथे से बहती पसीने की धार..

कर्मों के प्रतिफल की आशा में
शुष्क कंठ के लिए
खारे पानी की बौछार...

-७- (बरसों बाद किसी कागज के टुकड़े पर उतरा)

चंद सीढ़ियाँ नीचे उतर कर

मेरे घर के तहखाने में

एक पुराना

सितार रहता है..

गूंगा है,

कुछ बोलता नहीं.

माँ जिन्दा थी

तब बजाया करती थी...

अब घर में

कोई सुर नहीं सजते!!

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, फ़रवरी 14, 2010

शाही स्नान: मुक्ति घाट पर

शायद इन्सानी फितरत है. हर इन्सान मुक्ति चाहता है. हर इन्सान शांति चाहता है और इसी तलाश में और अधिक उलझता चला जाता है.

क्या हमें सही मार्ग ज्ञात नहीं? हो सकता है कि सही मार्गदर्शक न मिल पाता हो.

अव्वल तो हम ठीक ठीक परिभाषित ही नहीं कर पाते कि हम चाहते क्या हैं. हमारे लिए मुक्ति के मायने क्या हैं? ऐसा क्या मिल जाये कि सिर्फ शान्ति ही शान्ति हो?

खुद से प्रश्न करता हूँ. कभी किताबों में खोजता हूँ तो फिर कभी बौराया हुआ विकल्प के आभाव में टी वी खोल कर बैठ जाता हूँ.

महाकुम्भ के समाचार आ रहे हैं. हरिद्वार का मुक्ति घाट हॉट स्पॉट बना है. रिपोर्टर्स सब कैमरा और माईक थामे खड़े हैं. पुलिस प्रशासन मुस्तैद है. महाशिवरात्रि है. श्रृद्धालुओं से घाट खाली कराया जा रहा है, पूरा घाट सफाईकर्मियों ने पाट लिया है. सफाई पूरी हो तो सन्यासी आयें और प्रारंभ हो शाही स्नान, अखाड़ा दर अखाड़ा.

कुछ विचार उद्वेलित करते हैं:

kumbmela

मन करता है
वस्त्र उतार फेंकूँ..
मल लूँ
पूरे तन में
भभूत

चुरा कर नजरें
अपने कर्तव्य से
जा बैठूँ
अपनी
नकारी हुई
जिम्मेदारियों की
शिला पर..
मूँद लूँ
आँखें
और
पूजा जाऊँ!!

अखाड़ों मे
तलाशूँ
अनन्त शांति को!

सर्वस्व त्याग कर
शिवरात्रि को
हरिद्वार में
शाही स्नान!!

क्या यह
विडंबना है
या
कायरता?

क्या यही है
मुक्ति का मार्ग
और
शांति का तलाश?

बस! सोचता हूँ मैं!

-समीर लाल ’समीर’

नोट: महाशिवरात्रि अर्थात १२ फरवरी, २०१० को रची गई!

Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, फ़रवरी 10, 2010

एक कहानी: एक कविता

जाने किस आहट से नींद खुल जाती है.कोई थकान नहीं, शायद नींद पूरी हो गई. खिड़की के बाहर झांकता हूँ. सफेद रात. जहाँ तक नजर जाती है, बरफ ही बरफ और रुई के फाहे की तरह गिरती लहराती बरफ अभी भी थमी नहीं है.

घड़ी पर नजर डालता हूँ. ३ बज कर १० मिनट. अब फिर से सोने की कोशिश करना याने सुबह ५ बजे शुरु होने वाली दिनचर्या बिगाड़ना. रसोई में जा कर एक कप गर्म काली कॉफी बना लाता हूँ और फिर सामने कम्प्यूटर. ऐसे ही शुरु होती है अधिकतर दिनचर्या.

कुछ यहाँ वहाँ की खबरें. आँख लगने से आँख खुलने के बीच बदली दुनिया की ताजा तरीन जानकारी. कोई खास नहीं. शायद लोगों के मरने जीने, कुछ बलात्कार, कुछ घोटाले, कुछ मजबूर किसानों की आत्महत्या सभी तो इस दौर में कुछ खास नहीं के दायरे में आ ठहरी हैं. जाने क्यूँ पढ़ता हूँ यह खबरें. क्या देखना चाहता हूँ जिस दिन कह सकूँ कि हाँ, कुछ कुछ खास समाचार है. कुछ भी तो समाचारों के नाम पर अब विचलित नहीं करता.

कभी सोचता हूँ कि क्या मेरी संवेदनाएँ मर गई हैं लेकिन फिर नजर पड़ती है कुछ कहानियों पर, कुछ आलेखों पर जो भीतर तक झकझोर जाते हैं तो एक विश्वास जागता है कि नहीं, अभी जिन्दा हूँ मैं और साथ जिन्दा है मेरी संवेदनाएँ.

snowing

ऐसे जी विचारों के उतार चढ़ाव में नजर पड़ती है उद्धव जी पर छपी कहानी ’आरती’ पर. सधी हुई शुरुवात बाँध लेती है. छोटी सी कथा और गहराई इतनी कि डूबा ले गई दो जन्मों की सोच में. कहानी वो जो सोचने को मजबूर करे और कुछ नये भावों को जन्म दे. बस, बह निकले चन्द शब्द एक रुप ले:

एक अमर प्रेम,
एक रुढ़ीवादी समाज,
एक संस्कार
माँ बाप
का सम्मान,
धन लोलुपता,
मान्यतायें,
समर्पण..
त्याग.

एक समझौता
एक इन्तजार
एक विश्वास,
एक आस्था
पुनर्जन्म की,
एक अव्यक्त वादा,
एक निर्वहन,
एक तपस्या.

एक अहसासने वाला
धड़कता दिल,
एक संवेदना,
एक कलम
शब्दों की
बेजोड़ ताकत,
संप्रेषण,
एक लेखक
कशमकश,
श्रृद्धा.

एक पाठक
नम आँखें
आवाक,
स्तब्द्ध चेहरा
और
सन्न मानसिक हालात!!

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, फ़रवरी 07, 2010

बिजली रानी, बड़ी सयानी

 

अन्तर्राष्ट्रीय पत्रिका “हिन्दी चेतना” , हिन्दी प्रचारणी सभा कनाडा की त्रेमासिक पत्रिका है. साहित्य जगत में अग्रणी स्थान रखने वाली इस पत्रिका के संरक्षक एवं प्रमुख सम्पादक श्री श्याम त्रिपाठी, कनाडा एवं सम्पादक डॉ सुधा ओम ढींगरा, अमेरीका हैं. हाल ही में इसका जनवरी, २०१० अंक प्रकाशित हुआ जिसकी पी डी एफ कॉपी आप हिन्दी चेतना के ब्लॉग  एवं विभोम एन्टरप्राइज की वेब साईट से डाउन लोड कर सकते हैं. इस अंक में मेरी व्यंग्य रचना ’बिजली रानी, बड़ी सयानी’ प्रकाशित हुई है.

electheft

 

 

 

 

 

 

समाचार पढ़ा:

"मेसाचुसेट्स विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने प्रयोग कर दिखा दिया है कि अब बिजली के तार की जरूरत नहीं पडेगी। उन्होंने बिना तार के बिजली को एक स्थान से दूसरे स्थान पहूँचा कर दिखा दिया. वैज्ञानिकों ने बताया है कि यह रिजोनेंस नामक सिद्धांत के कारण हुआ है।"

यह खबर जहां एक तरफ खुशी देती है तो दूसरी तरफ न जाने कैसे कैसे प्रश्न खड़े कर देती है दिमाग में. अमरीका में तो चलो, मान लिया.

मगर भारत में?

एक मात्र आशा की किरण, वो भी जाती रहेगी. अरे, बिजली का तार दिखता है तो आशा बंधी रहती है कि आज नहीं तो कल, भले ही घंटे भर के लिए, बिजली आ ही जायेगी. आशा पर तो आसमान टिका है, वो आशा भी जाती रहेगी.

सड़कें विधवा की मांग की तरह कितनी सूनी दिखेंगी. न बिजली के उलझे तार होंगे और न ही उनमें फंसी पतंगे होंगी. जैसे ही नजर उठी और सीधे आसमान. कैसा लगेगा देखकर. आँखे चौंधिया जायेंगी. ऐसे सीधे आसमान देखने की कहाँ आदत रह गई है.

चिड़ियों को देखता हूँ तो परेशान हो उठता हूँ. संवेदनशील हूँ इसलिये आँखें नम हो जाती हैं. उनकी तो मानो एक मात्र बची कुर्सी भी जाती रही बिना गलती के. पुराने रेल वाले मंत्री की तो फिर भी अपनी गलती से गई, मगर ये पंछी तो बेचारे चुपचाप ही बैठे थे बिना किसी बड़ी महत्वाकांक्षा के. पेड़ तो इन निर्मोहि मानवों ने पहले ही नहीं छोड़े. बिजली के तार ही एकमात्र सहारा थे, लो अब वो भी विदा हो रहे हैं.

विचार करता हूँ कि जैसे ही ये बिना तार की बिजली भारत के शहर शहर पहुँचेगी तो उत्तर प्रदेश और बिहार भी एक न एक दिन जरुर पहुँचेगी. तब जो उत्तर प्रदेश का बिजली मंत्री इस कार्य को अंजाम देगा वो राजा राम मोहन राय सम्मान से नवाज़ा जायेगा.

राजा राम मोहन राय ने भारत से सति प्रथा खत्म करवाई थी और यह महाशय, उत्तर प्रदेश से कटिया प्रथा समाप्त करने के लिए याद रखे जायेंगे. जब तार ही नही रहेंगे तो कटिया काहे में फसांयेंगे लोग. वह दिन कटिया संस्कृति के स्वर्णिम युग का अंतिम दिन होगा और आने वाली पीढ़ी इस प्रथा के बारे में केवल इतिहास के पन्नों में पढ़ेगी जैसा यह पीढ़ी नेताओं की ईमानदारी के बारे में पढ़ रही है.

थोड़ा विश्व बैंक से लोन लेने में आराम हो जायेगा. अभी तो उनका ऑडीटर आता है तो झूठ नहीं बोल पाते, जब तक तार-वार नहीं बिछवा दें कि इस गाँव का विद्युतिकरण हो गया है. तब तो दिन में ऑडीटर को गाँव गाँव की हेलिकॉप्टर यात्रा करा कर बता दो कि १००% विद्युतिकरण हो गया है. तार तो रहेंगे ही नहीं तो देखना दिखाना क्या? शाम तक दिल्ली वापिस. पाँच सितारा होटल में पार्टी और लोन अप्रूव अगले प्रोजेक्ट के लिए भी.

एक आयाम बेरोजगारी का संकट भी है. अभी भी हालांकि अधिकतर बिजली की लाईनें शो पीस ही हैं, लेकिन टूट-टाट जायें, चोरी हो जायें तो कुछ काम विद्युत वितरण विभाग के मरम्मत कर्मचारियों के लिए निकल ही पड़ता है. एक अच्छा खासा भरा पूरा अमला है इसके लिए. उनका क्या होगा?

न तार होंगे, न टूटेंगे, न चोरी होगी. वो बेचारे तो बेकाम हो जायेंगे नाम से भी.
न मरम्मत कर्मचारियों की नौकरी बचेगी, न तार चोरों की रोजी और न उनको पकड़ने वाली पुलिस की रोटी. बड़ा विकट सीन हो जायेगा हाहाकारी का. कितनी खुदकुशियाँ होंगी, सोच कर काँप जाता हूँ. विदर्भ में हुई किसानों की खुदकुशी की घटना तो इस राष्ट्रव्यापी घटना के सामने अपना अस्तित्व ही खो देगी हालांकि अस्थित्व बचाकर भी क्या कर लिया. कौन पूछ रहा है. सरकार तो शायद अन्य झमेलों में उन्हें भूला ही बैठी है.

चलो चोर तो फिर भी गुंडई की सड़क से होते हुए डकैती का राज मार्ग ले कर विधान सभा या संसद में चले जायेंगे, जाते ही है, सिद्ध मार्ग है मगर ये बेकार बेकाम हुए मरम्मत कर्मचारी और पुलिस. इनका क्या होगा?

एक तार का जाना और इतनी समस्यायों से घिर जाना. कैसे पसंद करेगी मेरे देश की भोली और मासूम जनता!!

योजना अधिकारियों से करबद्ध निवेदन है कि जो भी तय करना, इन सब बातों पर चिन्तन कर लेना.

मेरा क्या, मैं तो बस सलाह ही दे सकता हूँ. भारतीय हूँ, निःशुल्क हर मामले में सलाह देना मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है. और हाँ, मैं कवि भी तो हूँ, बहुत ज्यादा जिद करोगे तो कविता सुना सकता हूँ. नेता होता तो कुछ वादे भी कर देता:

सबको यह चौकाती बिजली
बिन तारों के आती बिजली.

चोर नापते सूनी सड़कें
उनकी रोजी खाती बिजली.

कभी सुधारा जो करते थे
उनको धता बताती बिजली.

कटियाबाजी वाले युग को
इतिहासों में लाती बिजली.

सोच सोच कर डर जाता हूँ
कैसे दिन दिखलाती बिजली.

-समीर लाल ’समीर’

hindichetna
Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, फ़रवरी 03, 2010

महिला सशक्तिकरण: गजब हो गया!

नारी सशक्तिकरण-यह आंदोलन और सोच विश्वव्यापी है.

अफगानिस्तान जैसा देश, जहाँ यह एक आम नजारा है कि एक पुरुष आगे चले और उसकी ४-४ बेगमें उस पुरुष का अनुगमन करती उसके पीछे बुरका पहने एक लाईन में चलती दिखें .

महिला अधिकार, महिला सशक्तिकरण, नारी मुक्ति जैसे विषयों की कहानियाँ, कथाओं और ब्लॉग पोस्टों के असर में नहाई हुई एक अमरीकन महिला इसी धुन को गाती जब हाल ही अफगानिस्तान पहुँचीं तो एकदम बदला नजारा देखकर दंग रह गई. बल्कि दंद से भी ज्यादा, सन्न रह गई. ऐसा जबरदस्त बदलाव. इतना असर महिला सशक्तिकरण आंदोलन का कि चार महिलायें आगे आगे और उनका अनुगमन करता उनका पति उनके पीछे पीछे.

ऐसा अद्भुत बदलाव देखकर अमरीकन महिला ने तुरंत तस्वीरें खींची, जो अमेरीका के अखबारों में रातों रात हाथों हाथ छपीं और खूब सराही गई.

अखबारों में सुर्खियाँ थी तस्वीर के साथ, ’जल्द ही एक्सक्लूसिव खुलासा-अफगानिस्तान महिला सशक्तिकरण में अग्रणी-पुरुषों ने महिलाओं की सत्ता स्वीकारी’ इन्तजार करिये और पढ़िये सिर्फ हमारे अखबार में.

वही हाल टीवी का-चिल्ला चिल्ला कर बोले- देखिये, जल्द ही-सिर्फ और सिर्फ हमारे चैनेल पर-एक्सक्लूसिव- वो क्या वजह है जिसने बदल दी महिलाओं की तस्वीर. महिला जाग उठी है-अब महिलायें राज करेंगी. पुरुष हुआ गुलाम’ देखते रहें कल तक.

afg

मीडिया वालों ने उस अमरीकन महिला से निवेदन किया कि क्यूँ न वो ही उन महिलाओं का साक्षात्कार कर इस सुखद परिवर्तन के लिए उठाये गये कदमों के बारे में जानकारी ले ताकि विश्व की अन्य महिलायें भी लाभांवित हों एवं विश्वव्यापी महिला सशक्तिकरण आंदोलन को नई दिशा मिले. मीडिया ने उस महिला को आशांवित किया कि इस साक्षात्कार को मीडिया में बढ़ चढ़ कर उछाला जयेगा. इन कदमों की खूब सराहना होगी, पत्रिकाओं में छपेगा. महिलायें ब्लॉग के माध्यम से इसे प्रचारित कर अन्य बहनों को सशक्त करने में साहयता प्रदान करेंगी. विश्व बदलाव का साक्षी बनेगा.

अमरीकन महिला बहुत उत्साहित हुई और अगले दिन ही ऐसे एक काफिले को देख साक्षात्कार के लिए निवेदन किया.

उसने काफिले में सबसे आगे चलती महिला से प्रश्न किया कि आप से पूरे विश्व की महिलायें प्रभावित हुई है. वो महिलाएँ आपको अपना नेता मानने लगी हैं एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाये गये आपके कदमों एवं प्रयासों को जानना चाहती है जिससे कि इतना विस्मयकारी बदलाव इतने कम समय में आपने अफगानिस्तान जैसे देश में कर दिया. कृप्या मार्गदर्शन करें. अपना संदेश दें.

उस महिला ने मात्र एक वाक्य में अपना जबाब दिया और उसका काफिला आगे बढ़ चला.

उसने कहा कि ’लैण्ड माईन्स याने बारुदी सुरंगें इस पू्रे परिवर्तन के लिए जिम्मेदार हैं.’

कहते हैं इसके बाद अफगानिस्तान में महिला सशक्तिकरण के बारे में न तो अखबारों में कुछ ही छपा और न टीवी पर कुछ सुनाई दिया. ब्लॉग तो खैर कुछ पुरानी कविताएँ छापने में व्यस्त हो गये.

यही तो खराब आदत है मीडिया की-स्टोरी पूरी नहीं करती. सनसनी मचाकर भाग जाते हैं.

चलते चलते:

आप तो पहचान लोगे, मैं यही हूँ जानता
बारुद को बारुद से बेहतर नही हूँ जानता.
आप आगे चल रही हैं गर फटी कोई सुरंग
बारुद में मिल जायेगी बारुद के जैसी तरंग.

-समीर लाल ’समीर’

(नोट: ईमेल में एक चुटकुला प्राप्त हुआ था, उसी के आधार पर)

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, जनवरी 31, 2010

ज्ञानदत्त जी की पगली पोस्ट से पगलिया तक

मैने पाया है कि श्री ज्ञानदत्त पाण्डे जी की मानसिक हलचल उनके लिए मानस में चाहे जो भी हलचल मचाती हो मगर उसका एक रुप दूसरे के मन में हलचल मचाने का हमेशा रहता ही है.

कभी मुझे लगता है कि अगर वो ब्लॉग और रेल नौकरी की बजाय राजनीति में हाथ आजमाते तो आज लालू उनके सामने पानी भर रहे होते. वो गेंद दूसरे के पाले में फेंक कर मुस्कराते हुए सामने वाले से शुद्ध हिन्दी में कहते हैं कि अब गेंद आपके पाले में है, नाऊ इट इज़ योर चांस. इज़ में ज के नीचे नुक्ता लगाना भी कभी नहीं भूलते. :)

देवनागरी में उर्दु का सम्मिश्रण कर अंग्रजी शब्दों से नये हिन्द का निर्माण का यह प्रारुप, हिन्दी के सशक्तिकरण का बोझा उठाये उनके कांधे के बोझ को गद्दीदार बना भाषाविद लोगों की लाठी सहने की क्षमता प्रदान करता होगा और वो सुगमता से रीडर्स डाईजेस्ट के हिन्दी संस्करण सर्वोत्तम के बंद होने का दोष हिन्द समाज को दे निकल जाते हैं बिना व्यवसायिक कारण का आंकलन किए, आखिर राजनित में कब किसने अपनी शुचिता और सुभिता के बाहर और उपर देख कुछ भी बोला है वरना क्या मजाल कि एक मंत्री कह जाये कि वह भविष्यवक्ता नहीं शक्कर के भाव बताने को और दूसरा कि मेरे पास जादू की छड़ी नहीं कि घुमाऊँ और मंहगाई खत्म?, बस वैसे ही इतना ही कि गेंद इज़ इन कोर्ट अगेन, खेलो!!

फिर क्या है, कोई मुद्दा पकड़ने गेंद के पीछे भाग रहा होता है तो कोई ज़ में नुक्ता देख ही मुदित हुआ बैठा होता है. मैं तो खैर संपूर्ण प्रक्रिया पर मोहित हूँ ही.

ऐसी ही एक गैंद उन्होंने टिप्पणी द्वार बंद कर ’पगली’ पोस्ट पर उछाली कि अगर आप कुछ सोचते हैं तो अपने ब्लॉग से कहें. वो कहते हैं कि:

’शायद यह पोस्ट मात्र देखने-पढ़ने की चीज है। यह पोस्ट आपकी सोच को प्रोवोक कर आपके ब्लॉग पर कुछ लिखवा सके तो उसकी सार्थकता होगी। अन्यथा पगली तो अपने रास्ते जायेगी। वह रास्ता क्या होगा, किसे मालूम!’

उस पगली की हालात देख कुछ मन में न घुमड़े, ऐसा कैसे हो सकता है लेकिन वहाँ तो टिप्पणी बंद है तो यहाँ से एक पूरी कथा. देखें और बतायें, यहाँ तो टिप्पणी चालू है.


पगलिया!!
pag

रेल्वे पटरी के पार उस बजबजाते नाले के किनारे कचरे के ढेर के पीछे पड़ी रहती है वह. वही उसका घर है. धरती बिछौना है तो आसमान छत. उम्र यही कोई २८ या २९ बरस की होगी. पन्नियाँ बिन कर एक छतरी सी तान ली है उसने बारिश से बचने के लिए. बस्स!

जोर जोर की आवाज में बहुत लय में गाना गाती है;

परदेशवा न जहिहा पिया, सावन में...
सावन में पिया, सावन में...

बादल गरजे हाय, बिजूरी चमके
पिया बिन जिया मोरा धक धक धड़के
धूँधटा न खोलूं पिया....
सावन में...

परदेशवा न जहिहा पिया, सावन में...
सावन में पिया, सावन में...

जाने कितने दर्द उतार देती है वह अपनी आवाज में इसे गाते. आँखें बहती रहती हैं और कंठ गाते रहते हैं..जैसे वो एक दूसरे से परिचित ही न हों!!

पता नहीं कौन सा दर्द समेटे है. जाने कैसे और किस आधात से पागल और विक्षिप्त हो भटकती यहाँ चली आई है. कोई नहीं समझ पाता है उसकी पीड़ा..बस, सब उसे पगलिया कहते हैं और हँसते हैं.

किसी भी इन्सान को नाले के पास आता देखती है, तो अजब अजब तरह की आवाजें निकालती, चिल्लाती और पत्थर फैकती है. दिन में एक दो बार स्टेशन के पास तक आती है. स्टेशन के करीब के ठेले वाले उसे जानने लगे हैं. लोगों का छोड़ा खाना उसे उठाने देते हैं. कुछ भी बचा खुचा फैंका हुआ खाकर वह फिर उसी नाले के किनारे चली जाती है और अपनी गंदी कुचेली जगह जगह से फटी साड़ी में लिपटी पड़ी रहती है. बिखरे बाल, मैल से भरा शरीर और चेहरा, पीले दांत. लोग बताते हैं कि पगली है.

आस पास खेलते छोटे बच्चों का झुंड जब उसे पगलिया पगलिया कह कर चिढ़ाता है तो वो उन पर ढेला फैकती है. सारे बच्चे हो हो कर हँस कर भागते हैं. उन बच्चों के लिए यह भी एक खेल ही है. बच्चों को समझ ही क्या?

कोई नहीं जानता है कि वो कौन है, कहाँ से आई है और कहाँ की रहने वाली है. गाने की भाषा से बस अंदाज ही लगता है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं की रहने वाली है.

रोज ही देखता हूँ उसे स्टेशन के आस पास. कभी गाना गाते, कभी बच्चों को ढेला लेकर दौड़ाते, कभी खाना बीनते. मन में अनायास ही ख्याल आता है कि जाने कौन है? शायद वो भी मुझे रोज रोज देख पहचानने लगी है.

आज शाम जब स्टेशन के पास से गुजर रहा था तब वह हाथ में एक दोना लिए नाली की तरफ जाते जाते एकाएक मेरे स्कूटर से टकराते बची. मैने जोरों से ब्रेक मारा और अनायास ही वह बोल उठी, ’माफ करियेगा’.

मैं आवाक उस मैली कुचैली काया को देखता रह गया और वो दौड़ कर नाले के किनारे चली गई और जोर जोर से जाने क्या क्या बड़बड़ाने लगी.

घर लौटा मगर उसकी वह आवाज मेरा पीछा करती रही, ’माफ करियेगा’.

मन यह मानने को तैयार ही नहीं है कि वह कोई पगलिया है. रात बड़ी देर तक सोने की कोशिश करता रहा लेकिन नींद जाने कोसो दूर चली गई.

बार बार मन में एक ही ख्याल कौंधता रहा कि आखिर वो कौन है और क्या है उसकी मजबूरी?

खिड़की से देखता हूँ आकाश में सूरज निकलने की तैयारी में है और रात सूरज के तेज में तार तार हो अपना अस्तित्व खोती जा रही है.

ख्याल उठता है उस पगलिया का. कहीं इस वहशी दुनिया से अपने अस्तित्व और आबरु की रक्षा के लिए तो यह रुप नहीं धर लिया उस वक्त की मारी ने?

पागलों की दुनिया की पागल नजरों से बिध कर पागल हो जाने से बेहतर पागल बने रहना ही पगलिया को बेहतर विकल्प नजर आया होगा, इसे पागलपन की बजाय समझदारी कहना भी कहाँ तक गलत होगा.

कौन जाने!!

इस वहशी दुनिया की, नजरों से बचने को
कितनी मजबूर है वो, ऐसे स्वांग रचने को

-लोग उस अबला को, पगलिया कहते हैं?

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, जनवरी 27, 2010

कहते हैं मेरी माँ की ५वीं पुण्य तिथि है आज!!

आज माँ को गये पूरे ५ बरस हो गये. लगता है कल ही बात हुई थी.

जाने के एक दिन पूर्व ही फोन से बात हो रही थी. तब सोचा भी नहीं था कि यह बात आखिरी बार हो रही है. भोपाल जा रहीं थी. तय पाया था कि परसों लौट कर फिर बात होगी. वो परसों कभी नहीं आया. भोपाल में ही हार्ट अटैक आया और वो नहीं रही.

भारत में रह रहे मेरे भाई, बहन, पिता जी और सारे परिवार के सदस्यों के साथ वो २८ जनवरी तक रही और मैं परिवार का छोटा, इसमें भी घाटे में रहा, मेरे लिए वो २७ को ही चली गई. हाँ, उस समय कनाडा में २७ तारीख थी और भारत में २८ का सबेरा. सब उसके साथ १२ घंटे ज्यादा रहे और मैं, उसे बाकी सबसे १२ घंटे पहले ही खो बैठा.

फोन आया था दोस्त का. तुरंत पिता जी को फोन लगाया. भोपाल में अस्पताल में थे माँ के पार्थिव शरीर के साथ, बस एक शब्द-हाँ. बाकी मौन सिर्फ अहसास की भाषा अगले ४ मिनट तक!!

mummy
माँ-श्रीमति सुषमा लाल (२८ जनवरी, २००५)

लगता है कि कल ही उससे बात करता था. ये ५ साल, एक खालीपन, कब निकल गये मैं नहीं समझ पाया. अभी भी वो रोज मिलती है मुझे ख्वाबों में. कोई रात याद नहीं जब वो न आई हो. जाने क्या क्या समझाती है. मैं झगड़ता भी हूँ वैसे ही जैसे जब वो सामने थी... फिर नींद खुलने पर रोता भी हूँ मगर वो रहती आस पास ही है. तन से नहीं...मन से तो वो गई ही नहीं. चुप करा देती है. कोई जान ही नहीं पाता उसके रहते कि मैं रोया भी.

मैं उसके नाम के साथ स्वर्गीय लगाने को हर्गिज तैयार नहीं आज ५ साल बाद भी. वो है मेरे लिए आज भी वैसी ही जैसी तब थी जब मैं उसे देख पाता था. तुम न देख पाओ तो तुम जानो.

माँ कभी मरती है क्या...वो एक अहसास है, वो एक आशीष है, वो मेरी सांस है...उससे ही तो मैं हूँ..वो मेरी हर धड़कन में है..वो कोई एक तन नहीं जो मर जाये और हम उसे भूल जायें पिण्ड दान कर पुरखों में मिला कर.

विश्व की हर माँ सिर्फ माँ होती है और बस माँ होती है..भगवान की भी कहाँ इतनी बड़ी बिसात कि माँ बन पाये..भगवान होना अलग बात है!!! वो इससे बहुत उपर है.

आज २८ जनवरी है. भारत के हिसाब से उसकी पाँचवीं पुण्य तिथि. मेरे हिसाब से कल थी. खैर!! मैने इस घाटे से समझौता करना सीख लिया है.

माँ २८ को गई तो साधना के पिता उसके ठीक एक दिन बाद २९ जनवरी को. जब माँ गई तब साधना भारत से कनाडा आने के लिए जहाज में थी और जब यहाँ कनाडा में उतरी, तो उसके पिता जी ने दम तोड़ दिया ऐसी खबर आई.

papa1
साधना के पापा-स्व.श्री के.एन. सिन्हा (२९ जनवरी, २००५)

हम दो दिन बाद भारत पहुँचे. न मुझे माँ के अंतिम दर्शन हुए और न उसे उसके पिता जी के.

बस, कभी हिसाब करने का मन करता है कि यहाँ आकर क्या खोया, क्या पाया!!

बिखरे मोती का विमोचन हुए बहुत समय नहीं बीता है. आज किसी को वही किताब भेंट करता था. माँ को समर्पित यह पुस्तक अनायास ही माँ की याद सामने ले आई, बस, कुछ पंक्तियाँ बह निकली..अनगढ़ सी...बिना सुधार मय आंसू पेश करता हूँ.

आज फिर रोज की तरह

माँ याद आई!!

माँ

सिर्फ मेरी माँ नहीं थी

माँ

मेरे भाई की भी

मॉ थी

और भाई की बिटिया की

बूढ़ी  दादी..

और

मेरी बहन की

सिर्फ माँ नहीं

एक सहेली भी

एक हमराज...

और फिर उसकी बेटियों की

प्यारी नानी भी वो ही...

उनसे बच्चों सा खेलती नानी...

वो सिर्फ मेरी माँ नहीं

गन्सु काका की

माँ स्वरुप भाभी भी

और राधे ताऊ की

बेटी जैसी बहु भी...

दादा की

मूँह लगी बहू

दादी की आदेशों की पालनकर्ता

उनकी परिपाटी की मूक शिष्या..

उन्हें आगे ले जाने को तत्पर...

और नानी की

प्यारी बिटिया

वो थी

अपनी छोटी बहिन और भाईयों की दीदी

और अपनी दीदी की नटखट छुटकी..

नाना का अरमान

वो राधा की सहेली ही नहीं

माँ सिर्फ मेरी  ही नहीं..

उसकी बेटी की भी

माँ थी...

माँ

कितना कुछ थी..

बस और बस,

माँ सिर्फ माँ थी..

हर रुप में..

हर स्वरुप में..

मगर फिर भी

सिर्फ मेरी ही नहीं...

माँ हर बार

सिर्फ माँ थी.

अब

माँ नहीं है

इस दुनिया में...

वो मेरे पिता की

पत्‍नी, बल्कि सिर्फ पत्‍नी ही नहीं

हर दुख सुख की सहभागी

उनकी जीवन गाड़ी का

दूसरा पहिया...

अब

पिता छड़ी का सहारा लेते हैं..

और फिर भी

लचक कर चलते हैं...

माँ!!

जाने क्या क्या थी

माँ थी

मेरा घर

वो गई

मैं बेघर हुआ!

--समीर लाल ’समीर’

माँ, क्या सचमुच तुझे गये ५ साल हो गये??

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, जनवरी 24, 2010

विकलांगता

old1

 

लँगड़ी है दादा जी की छड़ी

दीवार का सहारा लिए खड़ी है

गूँगा है माँ का सितार

तहखाने के कोने में उदास पड़ा है

अँधी है बाबू जी की ऐनक

धूल खाती पुस्तकों की आलमारी में..

 

ढो रहा हूँ इनका अस्तित्व

मैं एकमात्र जीवित उत्तराधिकारी

टूटने को तत्पर

अपने झुकते काँधों पर..

 

मेरी अगली पुश्तें मुक्त होंगी

इस पुश्तैनी विकलांगता को

ढोने के अभिशाप से..

 

इसलिये कि वे जड़ों से बहुत दूर

बहुत दूर जा बसी हैं

एक ऐसी दुनिया में जिससे

मैं जुड़ नहीं पाया कभी

जिसका मुझे कोई अनुभव नहीं..

 

फिर भी मुझे विश्वास है

पूर्णता देने वाले इन स्मृतिचिन्हों के साथ

मैं रहूंगा अपनी विकलांगता में खुश

अपने टूटे सपनों अधूरी इच्छाओं

और उखड़ी जड़ों के साथ!!

 


-समीर लाल ’समीर’

(नोट: इस रचना को अपनी पारखी नजरों से गुजारने और सुझावों के लिए मित्र शरद कोकस जी का आभार)

* गणतंत्र दिवस पर आपका हार्दिक अभिनन्दन एवं शुभकामनाएँ *

Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, जनवरी 20, 2010

कैसे सच का सामना??

vyangya-image_thumb
रचनाकार पर अगस्त में व्यंग्य लेखन पुरुस्कार के लिए व्यंग्य आमंत्रित किये गये. मन ललचाया तो एक प्रविष्टी मैने भी भेज दी. परिणाम दिसम्बर में आने थे याने लगभग ४ माह बाद, तो भेज कर भूल गये. इस बीच चुपके से दिसम्बर गुजर गया और कल पुरुस्कारों की घोषणा हुई. कुल ५१ शुभ प्रविष्टियों में १३ व्यंग्य लेखक पुरुस्कृत किये गये और उस लिस्ट में अपना नाम देखना सुखद रहा. वही व्यंग्य यहाँ प्रस्तुत कर रहा हूँ आपके आशीर्वाद के लिए.

 

police

एक नामी चैनल पर कल शाम ’सच का सामना’ देख रहा था.

कार्यक्रम के स्तर और उसमें पूछे जा रहे सवालों पर तो संसद, जहाँ सिर्फ झूठ बोलने वालों का बोलबाला है, में तक बवाल हो चुका है. इतने सारे आलेख इस विवादित कार्यक्रम पर लिख दिये गये कि अब तक जितना ’सच का सामना’ की स्क्रिप्ट लिखने में कागज स्याही खर्च हुआ होगा, उससे कहीं ज्यादा उसकी विवेचना में खर्च हो गया होगा.

खैर, वो तो ऐसा ही रिवाज है. नेता चुनते एक बार हैं और कोसते उन्हें पाँच साल तक हर रोज हैं. अरे, चुना एक बार है तो कोसो भी एक बार. इससे ज्यादा की तो लॉजिकली नहीं बनती है.

बात ’सच का सामना’ कार्यक्रम की चल रही थी.

इतना नामी चैनल कि अगर वादा किया है तो वादा किया है. नेता वाला नहीं, असली वाला. अगर रात १० बजे दिखाना है रोज, तो दिखाना है.

अब मान लीजिये, रोज के रोज शूटिंग हो रही है रोज के रोज दिखाने को और पॉलीग्राफ मशीन खराब हो जाये शूटिंग में. मशीन है तो मौके पर खराब हो जाना स्वभाविक भी है वो भी तब, जब वो भारत में लगी हो. हमेशा की तरह मौके पर मेकेनिक मिल नहीं रहा. रक्षा बंधन की छुट्टी में गाँव चला गया है, अपनी बहिन से मिलने वरना वहाँ ’सच का सामना’ करे कि भईया, अब तुम मुझे पहले जैसा रक्षित नहीं करते. याने एक धागा न बँधे, तो रक्षा करने की भावना मर जाये. धागा न हुआ, ए के ४७ हो गई.

ऐसे में शूटिंग रोकी तो जा नहीं सकती. अतः, यह तय किया गया कि सच तो उगलवाना ही है तो पुलिस वालों को बुलवा लो. इस काम में उनसे बेहतर कौन हो सकता है? वो तो जैसा चाहें वैसा उगलवा लें फिर यहाँ तो सच उगलवाने का मामला है.

प्रोग्राम हमारा है, यह स्टेटमेन्ट चैनल की तरफ से, याने अगर हमने कह दिया कि ’यह सच नहीं है’ तो प्रूव करने की जिम्मेदारी प्रतिभागी की. हमने तो जो मन आया, कह दिया. पैसा कोई लुटाने थोड़े बैठे हैं. जो हमारे हिसाब से सच बोलेगा, उसे ही देंगे.

पहले ६ प्रश्न तो लाईसेन्स, पासपोर्ट और राशन कार्ड आदि से प्रूव हो गये मसलन आपका नाम, पत्नी का नाम, कितने बच्चे, कहाँ रहते हो, क्या उम्र है आदि. लो जीत लो १०००००. खुश. बहल गया दिल.

आगे खेलोगे..नहीं..ठीक है मत खेलो. हम शूटिंग डिलीट कर देते हैं और चौकीदार को बुलाकर तुम्हें धक्के मार कर निकलवा देते है, फिर जो मन आये करना!! मीडिया की ताकत का अभी तुम्हें अंदाजा नहीं है. हमारे खिलाफ कोई नहीं कुछ बोल सकता.

तो आगे खेलो और तब तक खेलो, जब तक हार न जाओ.

प्रश्न ५ लाख के लिए :’ क्या आप किसी गैर महिला के साथ उसकी इच्छा से अनैतिक संबंध बनाने का मौका होने पर भी नाराज होकर वहाँ से चले जायेंगे.’

जबाब, ’हाँ’

एक मिनट- क्या आपको मालूम है कि आज पॉलीग्राफ मशीन के खराब होने के कारण यहाँ उसके बदले दो पुलिस वाले हैं. एक हैं गेंगस्टरर्स के बीच खौफ का पर्याय बन चुके पांडू हवलदार और दूसरे है मिस्टर गंगटोक, एन्काऊन्टर स्पेश्लिस्ट- एक कसूरवार के साथ तीन बेकसूरवार टपकाते हैं. बाई वन गेट थ्री फ्री की तर्ज पर.

जबाब-अच्छा, मुझे मालूम नहीं था जी. मैने समझा था कि पॉलीग्राफ मशीन लगी है. मैं अपना जबाब बदलना चाहता हूँ.

नहीं, अब नहीं बदल सकते, अब तो ये ही पुलिस के लोग पता करके बतायेंगे कि आपने सच बोला था कि नहीं.

पांडू हवलदार, इनको जरा बाजू के कमरे में ले जाकर पता करो.

सटाक, सटाक की आवाजें और फिर कुछ देर खुसुर पुसुर. फिर शमशान शांति और सीन पर वापसी.

माईक पर एनाउन्समेण्ट: "बंदा सच बोल रहा है."

बधाई, आप ५००००० जीत गये. क्या आप आगे खेलना चाहेंगे?

नहीं..

उसे जाने दिया जाता है. जब प्रशासन (पुलिस वाले) उसके साथ है तो कोई क्या बिगाड़ लेगा. जैसा वो चाहेगा, वैसा ही होगा.

स्टूडियो के बाहर पांडू एवं गंगटोक और प्रतिभागी के बीच २५०००० और २५०००० का ईमानदारी से आपस में बंटवारा हो जाता है और सब खुशी खुशी अपने अपने घर को प्रस्थान करते हैं.

सीख: प्रशासन का हाथ जिस पर हो और जो प्रशासन से सांठ गांठ करने की कला जानता हो, वो ऐसे ही तरक्की करता है. माना कि मीडिया बहुत ताकतवर है लेकिन देखा न!! कहीं न कहीं उन्हें भी दबना ही पड़ता है.

यही है सत्य और यही है 'सच का सामना'!!!!

-समीर लाल 'समीर'

Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, जनवरी 13, 2010

दूर हुए मुझसे वो मेरे अपने थे..

कल तक जो मेरे अपने थे, साथ साथ थे, कब किनारा कर बैठे, पता ही नहीं लगा. नये नये साथी जुड़ते गये और भीड़ में खोया मैं उन पुराने साथियों के लिए बस एक भ्रम पाले जीता रहा कि वो अब भी मेरे अपने हैं, मेरे साथ में हैं..

क्यूँ मैं भीड़ में रुक कर नहीं देखता कि जिनके साथ मैने सफर शुरु किया था, जो मेरे साथ मेरी जिन्दगी के कारवां से जुड़े थे, वो कहाँ हैं, किस हाल में हैं, क्या सोचते हैं. मेरे लिए, मेरे साथ भीड़ कितनी है जितना ही महत्वपूर्ण भीड़ किनकी है, जानना भी होना चाहिये.

मैं साथ निभाता रहा मगर जाने क्यूँ, बात जब एक तरफा हो जाती है, तो कुछ समय में समझ आ ही जाती है. एक तरफा झुकाव झुका हुआ दिखने ही लगता है स्वतः.. कब तक कोई नजर अंदाज कर सकता है आखिर इस यथार्थ को.

वैसे तो कौन जाने कि जिसे मैं कहता हूँ कि मैं साथ निभाता रहा, वो मात्र मेरा भ्रम हो और मैं मात्र इतना करता रहा कि मैं उन्हें सप्रयास नजर अंदाज नहीं कर रहा था मगर उनकी अनुपस्थिति संज्ञान में न लेना भी तो गलत ही है.

मैं रुकता हूँ. भीड़ के बीच अकेला महसूस करने लगता हूँ. समझने की कोशिश करता हूँ. कहीं मेरा ही कोई कदम गलत हुआ होगा. कहीं मुझसे ही कोई भूल हुई होगी. वो कुछ भूल करता तो मुझे दिखता. मुझे तो कुछ दिखा ही नहीं. मैं तो पूर्ववत साथ निभाता रहा. मैं तो पूर्ववत उसे साथ समझता रहा.

बात साफ है, उसका तो कोई दोष न होगा. दोष तो दिख ही जाते हैं. न भी दिखें तो महसूस हो जाते हैं. लाख दुर्गुणों के बावजूद दोष में यही सदगुण है कि वो अपने होने का अहसास किसी न किसी तरह करा ही देते हैं.

मैं यह तो जानता हूँ कि कहीं न कहीं, किसी न किसी जगह मेरे ही कदम गलत रहे होंगे. कहीं न कहीं मेरी ही कुछ बातें नाकाबिले बर्दाश्त गुजरी होंगी. पर नहीं जानता कौन सी. जानता होता तो ऐसा करता ही क्यूँ? शायद कर भी गुजरता किसी उन्माद में, तो उसे सुधारता और अपने किये की क्षमा मांगता, प्रयाश्चित करता.

वो मेरा अपना था जो आज किनारे हो दूर बैठा है. वो रुठा है. वो मुझसे नाराज है. मैं भी उसके लगातार बहुत बार मुझे अनदेखा कर देने के बाद यह बात जान पाया. मैं अनदेखा नहीं कर रहा था उसे और न ही उसके चेहरे पर ऐसे भाव थे, इसलिए जानने में भी वक्त लगा.

इतने समय का साथ था. उम्मीद बस यह थी कि जैसे अच्छे कार्यों में सराहना करता था खुले दिल से, वैसे ही गलत कदम पर भी टोकेगा, बतायेगा, साथ निभायेगा. मेरे तर्क सुनेगा. मुझे समझाने की कोशिश के साथ खुद भी मुझे समझने की कोशिश करेगा.

मैने यदि कोई कदम उठाया है तो मेरी नजरों में सही ही होगा, तभी तो उठाया है. उसे गलत लगा तो बताना उसका फर्ज था. फिर मैं अपने तर्क रखता. मानना और मानना उसका अधिकार क्षेत्र था. साथ बनाये रखना तो कतई बाध्यता न था किन्तु इस तरह बिना बताये दूरी बना लेना भी तो उचित नहीं.

ss

नाराज हो मुझसे?

लड़ो

मुझे कोसो

डाँटो

झगड़ो मुझसे

मगर

यूँ चुप रहकर...

मुझे

मौत से बदत्तर

जिन्दगी न दो!!

तुम तो मेरे अपने थे..

इतना उपकार करो मुझ पर!!!

-समीर लाल ’समीर’

(नोट-इस आलेख को पढ़कर कहीं भी आपको यह अहसास तो नहीं हुआ कि इस आलेख में मैं ब्लॉगजगत से संबंधित मित्रों की बात कर रहा हूँ? यदि नहीं, तो लेखन सफल रहा. मेरा पूरा श्रम इसी मुद्दे पर था कि सीधे सीधे कुछ न कहूँ.. :) वैसे तो किस्सा वही है-कभी उस जगत में..कभी ब्लॉगजगत में. क्या अंतर है?)

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, जनवरी 10, 2010

हिन्दी ब्लॉगिंग- कौवा महन्ती!!!!

 

बूंद बूंद पानी को तरसते ऐसे इन्सान को भी मैने देखा है जो समुन्द्र की यात्रा पर निकला तो ’सी सिकनेस’ का मरीज हो गया. पानी ही पानी देख उसे उबकाई आने लगी, जी मचलता था. भाग कर वापस जमीन पर चले जाने का मन करता था. शुद्ध मायने में शायद यह अतिशयता का परिणाम था और शुद्ध भाषा में शायद इसी को अघाना कहते होंगे.

याद है मुझे, कुछ बरस पहले डायरी के पन्ने दर पन्ने काले करना. न कोई पढ़ने वाला और न कोई सुनने वाला. बहुत खोजने पर अगर कोई सुनने वाला मिल भी जाये तो यकीन जानिये कि वो बेवजह नहीं सुन रहा होगा. निश्चित ही या तो उसे आपसे कुछ काम होगा या वो भी अपने खीसे में डायरी दबाये सुनाने का लोभ पाले सुन रहा होगा.

नियमित लिखना, टाईप करना और फिर उसे सहेज कर लिफाफे में बंद कर संपादक को सविनय नम्र निवेदन के साथ भेजना. कुछ संपादक संस्कारी और अच्छे होते थे जो सखेद रचना वापस भेज देते थे वरना तो पता ही नहीं चलता था कि रचना कहाँ गई.

कभी किस्मत बहुत अच्छी निकली और किसी पहचान के माध्यम से यदि निःशुल्क छप भी गई तो संपादक की कैंची से गुजरने के बाद खुद की रचना को खुद पहचानना मुश्किल हो जाता था. शब्द ही नहीं, भाव भी बदले नजर आते थे.

समय परिवर्नशील है.

इन्टरनेट प्रचलन में आ गया, ब्लॉग खुल गये. अब आप ही लेखक और आप ही संपादक. जो जी में आये, छापो. ब्लॉग, छ्पास कब्जियत का रामबाण इसबगोल. औकात आपकी-मरजी आपकी, चाहो तो दूध से फांक लो या पानी से. कब्जियत निवारण की गारण्टी. आज सुनाने के लिए लोगों को खोजना नहीं होता, ये दीगर बात है कि हिन्दी ब्लॉगिंग में अभी भी सुनने वाले उसी टाइप के हैं जैसे पहले थे याने अपने खीसे में अपनी डायरी दबाये सुनाने का लोभ पाले सुनने वाले. थोड़े ही हैं जो इससे अलग हैं कि शौकिया सुनने चले आये.

इस प्रक्रिया में चूँकि सभी सुनाने वाले ही आपको पढ़ रहे हैं तो स्वभाविक तौर पर आप उनको, कम से कम, लेखन से जानने लगते हैं. तब अगर उन्हें आपका लिखा पसंद न आये या वो आपसे आपके लेखन को लेकर नाराज हो जाये तो कैसे बताये?

सीधे सीधे कह देने में आपके भी नाराज होकर बदला लेने का खतरा है या वो अपने नाम से इतनी हिम्मत नहीं जुटा पाता कि वो सीधे आपसे कह दें कि क्या बकवास लिखा है. तब वह सुरक्षा बाबत या आत्मविश्वास बूस्टर हेतु बेनामी का कवच धारण कर आप पर वार करते हैं. आप चाहें तो उसका किया वार सबको दिखा दें और न चाहें तो उसके वार को डिलिट कर मिटा दें. इसमें साहस कैसा और कायरता एवं अकायरता कैसी?

जंगल के वासी हो तो फिर क्या शेर, क्या सियार और क्या चूहा? सब मिलेंगे और सबसे डील करना होगा अपने अपने तरीके से.शहर जा नहीं सकते, वहाँ लोग ढेला मारते हैं.

सब आपके हाथ में ही तो है, फिर इससे घबराना कैसा? इससे किसलिये नाराज होना? यहाँ ब्लॉगजगत के यही कायदे हैं-इन्हीं के साथ जीना होगा...याद करो सम्पादक का मौन या खेद सहित रचना की वापसी भी मौन धरे ऐसा ही कुछ कहती थी. तब तो आप कुछ नहीं कह पाये फिर अब? तब भी आपकी इच्छा थी कि चाहें तो दोस्तों को बतायें कि रचना वापस लौट आई है या चुप्पी मार जायें. अधिकतर तो चुप्पी ही मार जाया करते थे, क्यूँ?

कहीं छपास पीड़ा के निवारण की इतनी सारी स्पेस देख और इतने सारे सुनने वाले एक जगह इक्कठा देख अघा तो नहीं गये?  वही ’सी सिकनेस’??

ऐसे में एक ही रास्ता है मित्र कि जहाज किनारे लगा लो, उतर जाओ जमीन पर. मगर ध्यान रहे- यह वही जमीन है जहाँ से भाग निकले थे बूँद बूँद पानी की तरसन लिए.

चैन तो कहीं नहीं..

punch

 

ब्लॉग

मुझे

सुविधा देता है..

मैं मन में उठते भाव

जस का तस

लिख देता हूँ..

फिर

पाठकों की अदालत में

पेश कर

सो जाता हूँ..

रात गये

अंधेरे में

विचारता हूँ..

ये क्या लिख दिया मैने..

अपनी ऊँगलियाँ तोड़ देना चाहता हूँ..

तोड़ देना चाहता हूँ..

उस की-बोर्ड को

जिन पर इन ऊँगलियों की मदद से

टंकित किया था...

सुबह उठता हूँ..

देखता हूँ

पाठक कह रहे हैं

वाह!! वाह!!

बहुत सुंदर..!!!.

और

मैं मुस्कराते हुए

अपनी उजबक सोच

को सर झटक कर

अलग कर देता हूँ

और

मार देता हूँ

उस अकेले बेनामी पाठक की सोच को

जिसकी सोच अक्षरशः

मेरी सोच से मिलती थी..

’कौवा महन्ती’ के

अपने कायदे हैं!!

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, जनवरी 06, 2010

सर मेरा झुक ही जाता है...

अक्सर जब तक कोई विशेष मजबूरी नहीं होती, मैं उस गली से गुजरने से रोकता हूँ खुद को. जानता हूँ, उस गली को छोड़ कर दूसरा रास्ता लेने में मुझे लगभग दोगुनी दूरी तय करनी पड़ती है फिर भी.

कुछ विशेष वजह भी नहीं. कुछ सड़क छाप आवारा कुत्ते हैं, वो दिन भर उस गली को छेके रहते हैं. हर आने जाने वाले पर भौंका करते हैं. पीछे पीछे आते हैं. छतरी दिखाओ तो डर कर दुम दबा कर भाग जाते हैं मगर भौंकते हैं. एक बार तिवारी जी को दौड़ाया भी था मगर काटा नहीं. तिवारी जी ने ही बताया था.

dogs

तमाशबीन बने गली में रहने वाले न जाने क्यूँ इस बात पर मुस्कराते हैं मानो चिढ़ा रहे हों. क्या मालूम मुस्कराते भी है या उनका मूँह ही वैसा है. मैने हमेशा, जब कभी मजबूरी में उस गली से गुजरना पड़ा, उनका मूँह वैसा ही देखा है मानो मुस्करा रहे हों.

वो भी तो निकलते होंगे उसी गली में. उनकी तो मजबूरी है है कि वो रहते ही उस गली में है. कुत्तों का क्या है वो तो आवारा हैं, वो तब भी भौंकते होगे. बाकी रहवासी भी शायद तब भी चिढ़ाने को मुस्कराते हों. उनका तो मूँह ही वैसा है. क्या पता!

मेरे घर से दक्षिण में कुछ मकान छोड़ कर एक बरगद का पेड़ है. रात अंधेरे उस तरफ देखो तो बड़ा अजीब सा दिखता है, भयावह. जाने कौन शाम को उसके चबूतरे पर दिया जला कर रख जाता है. टिमटिमाता दिया देर रात तक जलता रहता है. दूर से देखने पर जान पड़ता है को कोई जानवर बैठा है और उसकी आँख टिमटिमा रही है. जानवर भी कैसा-एक आँख वाला. कोशिश तो करता हूँ कि रात गये उस तरफ न जाऊँ मगर कभी मजबूरी में जाना भी पड़ा तो मेरी नजर उस पेड़ को बचा कर निकलती है हमेशा.

जैसे जैसे पेड़ पास आता जाता है, मेरी धड़कने असहज होने लगती हैं. पेड़ भौंकता तो नहीं मगर कभी अजीब सी आवाजें करता है तो कभी डरावना सन्नाटा खींच लेता है. मुझे दोनों हालतों में उसके पास से गुजरने में परेशानी होती है. अक्सर देर रात लौटने में उस गली को छोड़ता, दक्षिण की बजाय और थोड़ा ज्यादा लम्बा रास्ता लेकर उत्तर की तरफ से घूम कर घर जाता हूँ.

आज तक वैसे न तो उन कुत्तों ने काटा और न ही पेड़ ने परेशान किया मगर वो शायद इसलिए कि मैं उनसे बच कर निकलता हूँ या फिर शायद यह सब मेरे भीतर का एक वहम बस हो लेकिन है तो.

ऐसे ही कितने वहम, कितने पूर्वाग्रह और कितने डर पाले मैने अपनी मंजिल को कितना दूर और अपने रास्ते को कितना लम्बा बना लिया है. थकान होने लग जाती है कभी कभी.

एक इच्छा है कि कभी सहज और सरल जीवन जी पाऊँ मगर लगता तो नहीं.

ये डर, ये पूर्वाग्रह और ये वहम-जाने किसने, कब और किन बातों से मेरे भीतर तक उतार दिये हैं. ठीक वैसे ही जैसे की मेरे संस्कार.

शायद कभी न बदलें.

चलते चलते:

मंदिर, मस्जिद या गुरुद्वारा
सर मेरा झुक ही जाता है.

माँ ने ये सिखाया था मुझे.

-समीर लाल 'समीर'

माँ बाप की बचपन की समझाईश ऐसे ही तो संस्कार बन जाती है, किसी के भी व्यक्तित्व का हिस्सा.

कहने को बस यूँ ही: माँ बाप बच्चों को शैतानी से रोकने की लिए अक्सर कह देते हैं कि साधु बाबा ले जायेगा, या पुलिस पकड़ लेगी या वहाँ भूत रहता है. आपको क्षणिक आराम मिल सकता है मगर प्लीज, एक डरा हुआ मैं और न बनायें. जरा सोचे. और भी तो तरीके हैं बच्चों की शैतानियाँ रोकने के. उन्हें अपनाईये!!

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, जनवरी 03, 2010

देखा कैसे चल दिया, बिना कहे यह साल

आज महावीर जी  के ब्लॉग पर नव वर्ष का कवि सम्मेलन आयोजित किया गया है. बेहतरीन और नामी गिरामी कवियों के बीच मुझ अदना से कवि को भी स्थान दिया गया है, बहुत आभार आयोजक मंडल का.

मेरे इस गीत को स्वरबद्ध कर अनुग्रहित किया है काव्य मंजूषा ब्लॉग की  स्वप्न मंजूषा शैल 'अदा' जी ने. सुनने के लिए नीचे प्लेयर पर जायें.

 

देखा कैसे चल दिया, बिना कहे यह साल
बरसों बीते देखते, इसका ऐसा हाल...

अबकी उसके साथ था, मन्दी का इक दौर
लोग राह तकते रहे, मिल जाये कहीं ठौर
जाने कितनों को किया, उसने है बेहाल...
देखा कैसे चल दिया, बिना कहे यह साल....

सूखे ने दिखला दिया,महंगाई का नाच
पण्डित बैठा झूठ ही, रहा किस्मतें बांच
कहीं बाढ़ आती रही, खाने का आकाल
देखा कैसे चल दिया, बिना कहे यह साल....

मेहनत से हम न डरें, खुद पर हो विश्वास
विपदा से हम लड़ सकें, हिम्मत रखना पास
गुजर गया है जान लो, संकट का ये काल
देखा कैसे चल दिया, बिना कहे यह साल....

इक आशा हैं पालते, नये बरस के साथ
दे जाये हमको नई, खुशियों की सौगात
हाथों में लेकर खड़े, आरत का यह थाल
देखो वो है आ रहा, नया नवेला साल...

देखा कैसे चल दिया, बिना कहे यह साल
बरसों बीते देखते, इसका ऐसा हाल...

-समीर लाल ’समीर’

उपरोक्त गीत को सुनिये ऑटवा, कनाड़ा की ब्लॉगर सुश्री स्वपन मंजुषा शैल ’अदा’ जी की मधुर आवाज में:

 

swapna

Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, दिसंबर 30, 2009

कहाँ गया पुराना साल?

 

BOOK

वो कहतें हैं

पुराना वर्ष चला गया...

मैं कहता हूँ

वर्ष कहीं जाता नहीं...

यह सिर्फ भ्रम है

ये दर्ज हो जाता है

इतिहास के सफ्हों में

एक और सफ्हा बन कर

जैसे कि

हमारे कर्म!!!

-समीर लाल ’समीर’

 

निवेदन:

वर्ष २०१० मे हर माह एक नया हिंदी चिट्ठा किसी नए व्यक्ति से भी शुरू करवाएँ और हिंदी चिट्ठों की संख्या बढ़ाने और विविधता प्रदान करने में योगदान करें।

 

नववर्ष की बहुत बधाई एवं अनेक शुभकामनाएँ!

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, दिसंबर 27, 2009

रुक जाना मौत है- विल्स कार्ड ८

पहले की तरह ही, पिछले दिनों विल्स कार्ड भाग १ , भाग २ , भाग ३ ,भाग ४ , भाग ५ भाग ६ और भाग ७ को सभी पाठकों का बहुत स्नेह मिला और बहुतों की फरमाईश पर यह श्रृंख्ला आगे बढ़ा रहा हूँ.


(जिन्होंने पिछले भाग न पढ़े हों उनके लिए: याद है मुझे सालों पहले, जब मैं बम्बई में रहा करता था, तब मैं विल्स नेवीकट सिगरेट पीता था. जब पैकेट खत्म होता तो उसे करीने से खोलकर उसके भीतर के सफेद हिस्से पर कुछ लिखना मुझे बहुत भाता था. उन्हें मैं विल्स कार्ड कह कर पुकारता......)

आज दराज तलाशी का दौर चला और कुछ और विल्स कार्ड हाथ में उठाये. गर्द उड़ाते याद आया कि साल बदलने को है. २००९ विदा लेने वाला है और २०१० आने को है.

गर्द उड़ती है तो एक चित्र खींचती है यादों का. गर्द शायद होती ही इसलिए है. यादें इसी तरह ही सिद्ध है वरना उनकी क्या महत्ता.

 

dust-storm

हम हर नये दिन, हर नये पल, हर नये साल से एक नई उम्मीद पाल लेते हैं. शायद यही जीने की वजह देता हो, मेरा ऐसा सोचना. मगर जब अपने कुछ दशकों पहले लिखे इन कार्डों पर नजर डालता हूँ तो ऐसा लगता है कि अभी भी वहीं खड़ा हूँ, कहीं कुछ नहीं बदला.

महसूस किया है मैने कि बदलता कुछ नहीं. बस बदलती रहती हैं हमारी आशायें, हमारी उम्मीदें और हमारे इर्द गिर्द का माहौल. शायद यही सफल जीवन का रहस्य हो, कौन जाने.

जिन्दगी रुकती नहीं. आगे बढ़ना जीवन है, रुक जाना मौत और पीछे लौटकर जीना, मूर्खता.

अक्सर ही हम बीते समय के लिए सोचते हैं कि वो समय बेहतर था..मगर याद करें तो उस समय भी हमें पीछे ही बेहतर महसूस होता था. आगे तो हमने देखा नहीं, महसूसा नहीं मगर वो आगे आने वाला समय ही फिर जब वर्तमान बनता है, तो जुझने की मशक्कत रास नहीं आती और जब वो भूतकाल बन जाता है तो याद आता है कि बेहतर था. यह विडंबना है, एक उलझन है, जो जीवन के साथ जुड़ी है और इसी का नाम जीवन है.

इन्हीं सब उहापोह के बीच, अब कुछ विल्स कार्ड जो हाथ आये आपकी नजर:

-१-

बरसात

उस रोज

मैं घर आया

बरसात में भीग

भाई ने डॉटा

’क्यूँ छतरी लेकर नहीं जाते?’

बहन ने फटकारा

’क्यूँ कुछ देर कहीं रुक नहीं जाते’

पिता जी गुस्साये

’बीमार पड़कर ही समझोगे’

माँ मेरे बाल सुखाते हुए

धीरे से बोली

’धत्त!! ये मुई बरसात’


-(एक अंग्रेजी वाक्यांश से प्रभावित)-

-२-

मेरे पास
बतलाने को
इतना कुछ है...

और

वो
एक प्रश्न लिए
जाने कहाँ
भटक रहा है!!!

-३-

गुलाब की चाह

और

कांटो से गुरेज...

जरुर, कोई मनचला होगा!!

-४-

चाँद और तुम!!
----------------

कल रात

एकाएक

पूरे चाँद ने

मुझे

मेरे कमरे की खिड़की से

घूरा...

मैने डर कर

तुम्हारी तस्वीर

छिपा दी....

क्या जबाब देता उसे??

बताओ न!!

अब

तुम्हारी

तस्वीर नहीं मिल रही!!

क्या जबाब दूँगा तुम्हें??

चाँद भी कहीं

बादलों की ओट में

जा छुपा!!!

-५-

हम कहे

तो कुछ और...

और

वही बात

तुम कहो..

तो कुछ और!!!

ये कैसी विडंबना है???

-६-

सांप पालने का शौक है

तो

सांप पालने के

गुर भी जानता होगा!!

ये कोई शिगूफा तो नहीं!!!

-७-

अर्थ बदल जाते हैं

शब्दों के

वक्त के साथ..

फिर

इन्सान की क्या बिसात...

मासूम बालक

शीर्षक में

प्रथम आया

उस बच्चे का चित्र...

२५ साल बाद

सबसे खौफनाक आदमी

शीर्षक में भी

प्रथम.....

ये विडंबना नहीं,

कर्मों का परिणाम है...

दुनिया

इसी का नाम है!!!

-समीर लाल ’समीर’

 

नोट: नव वर्ष की बहुत बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएँ.

Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, दिसंबर 23, 2009

अपने प्रिय, जिसने मेरी गोद में दम तोड़ा: एक श्रृद्धांजलि!!

कल रात ही तुम्हारी हालत और हिचकियाँ देख कर मैं समझ गया था कि अब मेरा तुम्हारा साथ अंतिम पड़ाव पर है लेकिन एक उम्मीद, एक आशा और उस तीसरी शक्ति पर भरोसा. कैसी खराश की आवाज आ रही थी तुम्हारे गले से.

मैं रात भर तुम्हें गोदी मे लिए हर संभव इलाज करता रहा. जो जहाँ से पता चला वो दवा की मगर होनी के कौन टाल सकता है. सुबह सुबह तुमने एक लम्बी सिसकी ली और मेरी गोद में ही दम तोड़ दिया. सूरज बस उगने को था.

मैं आवाक देखता रह गया. नियति के आगे भला किसका जोर चला है.

इतने साल तुम्हारा साथ रहा. मेरे हर अच्छे बुरे समय और कर्मों में तुमने मेरा साथ निभाया. जाने कितने ही काम मैने तुम्हारी आड़ में जाने अनजाने में ऐसे किये जो शायद सार्वजनिक रुप से खुल कर करता तो हर तरफ मात्र धिक्कार ही मिलती. मगर तुमने एक सच्चे साथी का धर्म निभाते मेरे हर अच्छे बुरे को अपनी ममतामयी आत्मीय ओट में छिपा लिया. कभी भी, कहीं भी कोई राज नहीं उगला.

मैने जब चाहा, तब तुमने मेरा साथ दिया. दिन का कोई पहर हो या आधी रात. कभी तुम्हारे चेहरे पर शिकन न आई. जब मैं उदास होता तो कोई मन को लुभाने वाला गीत तुम सुनाते, कैसे कैसे किस्से लेकर आते कि उदासी कोसों दूर भाग जाती.

हम भी कितने अजीब होते हैं. सोचा ही नहीं कि कभी न कभी बिछड़ना भी होगा. ऐसा नहीं कि इस बीच तुम कभी बीमार नहीं पड़े मगर हल्की फुल्की बीमारी, बस चलते फिरते इलाज से दूर होती गई और हम एक दूजे को अजर अमर मान बैठे.

मैंने अपना सर्वस्व तुम्हें सौंप निश्चिंतता की चादर ओढ़ ली थी. कब क्या करना है, कहाँ जाना है, क्या कहना है-सब तो तुम बताते थे. किससे कैसे संपर्क होगा किस पते पर, आज फलाने का जन्म दिन, आज उसकी शादी की सालगिरह, बैंक में इतना पैसा, फलाने के घर का पता-मेरी जिन्दगी की तुम धूरी थे. तुम्हारे बिना रहना पड़ेगा, यह कभी सपने में भी नहीं सोचा था.

मैं जहाँ भी जाता-चाहे शहर में या शहर और देश के बाहर, सब कुछ भूल सकता था मगर तुम्हें नहीं. तुम हमेशा मेरे साथ रहे मेरे रहनुमा बन कर.

हालांकि मेरी भरसक कोशिश होती थी कि तुम बीमार न पड़ो. तुम्हें जरुरी टॉनिक और बीमारी के कीटाणुओं से बचाने का टीका इत्यादि का प्रबंध मैं हमेशा करवाता रहा. लेकिन एड्स, स्वाईन फ्लू, आतंकवाद आदि जैसी मारक बीमारियों कब किसे चपेट में ले लें कौन जानता है. इनके तो वैक्सीन इनके आ जाने के बाद ही बनते हैं और तब तक तो यह कितनों की जिन्दगियों को लील चुके होते हैं.

शायद मेरा तुम्हारा साथ यहीं तक था. आज तुम चले गये और साथ ले गये न जाने मेरी कितनी यादे. न जाने कितने विचार, सोच, कथन, कुछ कहे और कुछ अनकहे, कुछ उपजते और कुछ लहलाते..सब कुछ...मेरी जिन्दगी के कितने ही राज तुम्हारे साथ ही विदा हो गये.

उम्र तो तुम्हारी हो रही थी, एक न एक दिन सबको जाना ही होता है लेकिन इस तरह-अपनों के जाने का गम तो हमेशा सालता है वो भी जब आप उस पर इस कदर आश्रित हों.

सूनी हो गई मेरी दुनिया. शमशान वैराग्य में गोते लगा रहा हूँ. साथी तो फिर कोई मिल जायेगा मगर जो कुछ तुमसे जुड़ा था और जो तुम्हारे साथ गया वो...वो शायद कभी वापस न आये..

आज ओबेद उल्लाह अलीम के शेर याद आते है, जो तुम सुनवाया करते थे...

जैसे तुम्हें हमने चाहा था, कौन भला फिर चाहेगा...
माना और बहुत आयेंगे, तुमसे प्यार जताने लोग!!

तेरे प्यार में रुसवा हो कर, जायें कहाँ दीवाने लोग
जाने क्या क्या पूछा रहे हैं, ये जाने पहचाने लोग!!

(नोट: आज सुबह मेरा लेपटॉप एक अनजान वायरस की चपेट में आकर मेरी गोद में दम तोड़ बैठा. साथ गये कई फोटो, विडिओ और एक माह पूर्व लिए बेकअप के बाद के आलेख, कविता, गीत, कुछ पूरे, कुछ अधूरे. उसी लेपटॉप को समर्पित यह श्रृद्धांजलि पोस्ट दो बूँद आंसू के साथ.)

 

laptopdead

 

निवेदन: कृप्या टिप्पणी के माध्यम से अपनी श्रृद्धांजलि अर्पित करें तो मुझे आपका पता वापस मिले वरना तो वो सब साथ ले ही गया है.

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, दिसंबर 20, 2009

हाय री ये दुनिया?


















मौसम ठंडा है या गरम?
नहीं पता. जहाँ हूँ वहाँ अच्छा लग रहा है.

अभी अभी आँख लगी थी या अभी अभी आँख खुली है, समझ नहीं पा रहा हूँ.

पूरा बदन दर्द से भरा है. दिल नहीं, बस बदन. ज्यादा काम की थकावट. १४ घंटे काम के दिन.

त्यौहारों के दिन आ रहे हैं. बड़ा दिन, नया साल. छुट्टियाँ ही छुट्टियाँ, आराम के दिन.

आराम के पहले थकान जरुरी है वरना आराम का क्या मजा?

आँख मिचमिचाता हूँ. बस, जागृत होने का प्रयास है सुप्तावस्था में.

कहाँ हूँ मैं?

है तो कोई हवाई अड्डा ही.

बिजिंग?? वेन्कूवर?? टोरंटो??

थकान सोच को बाधित कर रही है. इतना क्यूँ थकाते हैं हम खुद को? कितनी महत्वाकांक्षायें और उनके लिए यह कैसी दौड़?

आस पास देखता हूँ.

चायनीज़ खूब सारे दिख रहे हैं, शायद बिजिंग में ही हूँ मैं. आवाजें सुनता हूँ निढाल आँखे मीचें..बी डू ची..चायनीज़ में एक्सक्यूज मी. बिजिंग ही होगा और मैं अपने जहाज के इन्तजार में नींद के आगोश में चला गया होऊंगा.

अभी सोच ही रहा हूँ कि बाजू से एक ब्रिटिश एकसेन्ट में बात करता युगल निकल गया और उसके पीछे अमरीकन आवाज.

मगर यही सारी आवाजें तो वेन्कूवर और टोरंटो हवाई अड्डे पर भी सुनाई देती हैं.

कहाँ हूँ मैं?

यह क्या? पूछ रहा है कि कितने बजे फ्लाईट है अपने दोस्त से हिन्दी में!! जाने कौन है हिन्दुस्तानी या पाकिस्तानी.

यही दृष्य आये दिन वेन्कूवर और टोरंटो में भी देखता हूँ हवाई अड्डे पर.

आसपास नजर दौड़ाता हूँ. कुछ ड्रेगन आकाश से रस्सी के सहारे झूल हैं. फिर कुछ क्रिसमस ट्री सजे हैं. झालर रोशनी का सामराज्य है हर तरफ. कोई संता बने घूम रहा है.

इससे तो कतई नहीं जान सकते कि यह बिजिंग है या वेन्कूवर या टोरंटो...

कुछ आसपास सजी दुकानों पर नजर डालता हूँ..वही चायनीज़ फूड, फिर पिज्जा पिज्जा, फिर मेकडोनल्ड फिर फिर..सब एक सी ही दुकानें हर जगह..भीड़ भी एक सीमित दायरे में कुछ वैसी ही...

आखिर दिमाग पर जोर डालता हूँ..जेब में हाथ जाता है.. मेरी टिकिट और पासपोर्ट हैं.

टिकिट पर लिखा है बिजिंग से टोरंटो, फ्लाईट एयर कनाडा १०१ दोपहर १२.४७ बजे तारीख १२ दिसम्बर, २००९.

दीवार घड़ी पर नजर जाती है सुबह का १० बजा है तारीख १२ दिसम्बर, २००९.

हाथ घड़ी देखता हूँ रात का ९ बजे का समय तारीख ११ दिसम्बर, २००९.

तब मैं बिजिंग से दोपहर १२.४७ तारीख १२ दिसम्बर पर टोरंटो के लिए उड़ने वाला हूँ और १२ घंटे १० मिनट का सफर कर १२ तरीख की सुबह ही ११.५७ पर टोरंटो पहुँच जाऊंगा.

कैसी अजब दुनिया है. देख कर कुछ अंतर नहीं दिखता!!

ऐसी दुनिया किसने रची..हमने, आपने या उसने?

पूरा विश्व एक गांव हुआ जा रहा है..पहचान नहीं पाते कि यहाँ हैं कि वहाँ. सब वैश्वीकरण के इस दौर में एक दूसरे में इतना घुल मिल गये है. सबकी अपनी योग्यता है, सभी का स्वागत सभी जगहों पर हैं.

और हम हैं कभी मराठियों का जय महाराष्ट्रा तो फिर कभी तैलंगाना और विदर्भ बनाने की जुगत में लगे हैं..

हद है, जाने क्या पा लेंगे!!




वो

जिसे इस कृषि-प्रधान देश की

मासूम जनता ने

अपना रहनुमा जाना था..


सुना है

दीवारों की फसल उगाता है!!!


-समीर लाल 'समीर'


नोट:
बहुतेरी पोस्ट तक पहुँच नहीं पा रहा हूँ. लेपटॉप वायरस से पूरी तरह सत्यानाश हो गया. न जाने कितने आलेख गुम हो गये. नया खरीदना पड़ेगा. बहुत परेशान हूँ कि शायद कुछ डाटा मिल जाये..१५ दिन पहले तक का बेक अप है. Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, दिसंबर 13, 2009

पहेली का निष्कर्ष : स्त्री/पुरुष विमर्श

 

एक पहेली ख्याल आती है:

एक पैकेट में ७ बन(ब्रेड) हैं. मेरी पत्नी रोज आधा खाती है और मैं एक पूरा.

पहेली है कि ५ वें दिन कौन कितना खायेगा?

जबाब हो सकता है:

१. मैं पूरा खाऊँगा और पत्नी भूखी रहेगी.

२. पत्नी आधा खाती है, इसलिये आधा खाकर निकल लेगी (आई डोंट केयर बोलते हुए) और मुझे आधा ही खा कर गुजारा करना होगा.

३. दोनों खुशी खुशी आधा आधा बांट कर खायेंगे.

 

73091678

 

यदि आपको लगता है कि

जबाब १ सही है, तो इसका अर्थ है कि आप पत्नी को बराबरी का दर्जा नहीं देते. आप पुरुष प्रधान समाज के समर्थक हैं एवं समय के साथ साथ अपनी मानसिकता नहीं बदल रहे हैं और उसी दकियानूसी विचारों के बीच पल पुस रहे हैं जिसमें नारी को कोई महत्व नहीं दिया जाता था. ऐसे में आज के जमाने में आपकी गुजर मुश्किल ही है. गुजर अगर हो भी जाये तो कम से कम सुखमय तो नहीं होगी.

यदि आपको लगता है कि

जबाब २ सही है तो आप निश्चित ही पत्नी की समानता एवं समान अधिकारों की नहीं बल्कि नारी पुरुष से कहीं कम नहीं वाली रिसेन्ट मानसिकता के साथ कदम से कदम मिला कर चल रही/रहे हैं. आपका ध्येय नारी को बेहतर, ज्यादा ताकतवर एवं पुरुष को हर हाल में नीचा दिखाना है. आप नारी मुक्ति आंदोलन में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने के लिए परफेक्ट पात्रता रखते हैं. सुखमय जीवन से ज्यादा आपके लिए अहम महत्व रखता है.

यदि आपको लगता है कि

जबाब ३ सही है तो आप पति और पत्नी एक ही गाड़ी के दो पहिये हैं एवं सामंजस्य से ही जीवन गाड़ी भली भांति दौड़ेगी वाले संस्कारों में विश्वास रखते/रखती हैं एवं दोनों के समान अधिकारों के प्रति सतर्क एवं सहमत हैं.

-वैसे तो जबाब २ और ३ का नेट परिणाम एक ही है मगर भाव अलग अलग हैं.

बस, जीवन को सुचारु रुप से सफलतापूर्वक जीने के लिए भाव महत्वपूर्ण है, परिणाम नहीं.

यही सुखद (वैवाहिक) जीवन का सूत्र है.

अतः, कोशिश कर अपना सही जबाब ३ को बनाये यदि आपने अपना जबाब इसके सिवाय १ या २ चुना है तो!!

चलते चलते: (मेरी एक रचना का हिस्सा)

जो प्यार तुमने मुझको दिया था
वो प्यार किस्तों में लौटा रहा हूँ..

मोहब्बत इबादत में ऐसा रहा है
दर्द हो किसी का, किसी ने सहा है
ये बात तुझको पता ही कहाँ थी
कि किसने किससे कब क्यूँ कहा है.

उदासी मिटाना,
और सबको हँसाना
निवेदन मैं सबसे किये जा रहा हूँ...

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links