हिंदी_ब्लॉगिंग लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
हिंदी_ब्लॉगिंग लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, मई 09, 2020

मुस्कान संक्रामक होती है, मुस्कराते रहिये




मुस्कान संक्रामक होती है, मुस्कराते रहिये -ये अब कल की बात हो गई है.  
अब तो मुस्कराओ या कि मनहूस की तरह मूँह बनाये बैठे रहो, कोई देखने वाला नहीं. सब मास्क के पीछे छिपा रहेगा.कोई फरक नहीं. सब धान बाईस पसेरी वाला मुहावरा इससे बेहतर कहाँ सटीक बैठेगा?
अब शायरों को भी अपनी शायरी में लबों पर मुस्कान का जुमला भुलाना होगा. शायरी तो महबूबा के लिए होती है और आजकल कौन सी महबूबा बिना मास्क के मिलने का जोखिम उठायेगी. कम से कम वो वाली तो नहीं जो अभी शेर शायरी को प्रेरित कर रही हो. जब तक मास्क उतारकर मिलने लायक पहचान होगी, तब भला कैसा शेर और कैसी शायरी. बीबी के लिए भला कौन लबों पर मुस्कान वाली शायरी लिखता है?
नया शायर लिखेगा:
उसकी इसी अदा पर, तबीयत मचल जाती है,
वो जब भी मिलती है, आँखों से मुस्कराती है.
हो सकता है ये शेर बहर में न हो, व्याकरण में सुधार मांगता हो. सो तो ये जिन्दगी भी ऐसी डगर पर है कि हर एक कदम पर जीने के तरीके में सुधार मांग रही है. अब तो फुसफुसा का इश्क का इज़हार करना भी कहाँ संभव है. माना कि फोन पर फुसफुसा कर कहा जा सकता है लेकिन फोन नम्बर लेने के लिए इस सोशल डिस्टेन्सिंग के चलते ६ फुट दूर से चिल्ला कर फोन नम्बर माँगना पड़ेगा. मानो कि आप सफल भी हो गये तो वो भी तो चिल्ला कर ही अपना नम्बर दे पायेगी. और जब तक आप नम्बर पा जाने की खुशी से उबर कर उसे फोन लगायेंगे. तब तक उसी वक्त आसपास से गुजरते चार लड़के उसका फोन नम्बर नोट करके उसको फोन मिला चुके होंगे. संभव है उनमें से किसी के साथ बात इतनी कुछ बढ़ भी गई हो कि आपको रॉन्ग नम्बर कह कर टाल दिया जाये. 
फास्ट ट्रेक का जमाना है. सब इतने लम्बे लॉक डाउन की चोट और महामारी की मार देखकर कोई एक भी पल गँवाने को तैयार नहीं. क्या पता कब वायरस धर ले और आप की आत्मा वायर लैस होकर उड़ान भर ले.
यूँ भी आने वाले समय में मुझे लगता है कि अरेन्जड मैरिज का जमाना फिर से जगमगा उठेगा. लोग रिश्ता लायेंगे कि हमारी रिश्तेदार की बच्ची है. बिना मास्क के बहुत सुन्दर दिखती है. दाँत भी एकदम ऐसे जैसे मोती पिरो दिये हों. बिना किसी के रेफरेन्स के क्या पता कि फेसबुक प्रोफाइल पर किसकी तस्वीर चिपका रखी हो. वहाँ तो खैर लड़के भी लड़कियों की प्रोफाइल बनाये बैठे हुए हैं. उनके चक्कर में पड़ जाओगे तो मिलना तो खैर कभी होगा नहीं, बस उनके मोबाईल रीचार्ज कराने से लेकर पिज़्ज़ा भिजवाते ही नजर आओगे. 
लड़का चुनना भी बिना रिफरेन्स के कैसे होगा? तमाम गुटका खा खा कर लाल दांत किये भी मास्क की आड़ में खप जायेंगे. कोई भरोसा नहीं कि एक पीर गुटकेबाज मास्क पहन कर दंतमंजन का विज्ञापन कर रहा हो, कौन जान पायेगा. 
समय ऐसा बदला है कि खुद को कितना बदलें वो भी समझ आना बंद हो गया है. भारत से कनाडा शिफ्ट हुए तो नमस्ते करना छोड़ कर हाथ मिलाने लगे सबसे. अब सब हाथ मिलाना छोड़ कर यहाँ नमस्ते कर रहे हैं और हम बचपन से नमस्ते के अभ्यासी, पुनः नमस्ते करने के अभ्यास में जुटे हैं.  
क्या क्या बदलेगा कौन जाने. लिप्स्टिक लगे मास्क आयेंगे या गुटका थूकने के लिए खिड़की लगे वाले .बस जो नहीं बदलेगा वो ये है कि हमारे नेताओं के चरित्र में कोई अंतर नहीं आयेगा. पहले भी वो अदृश्य मास्क पहने ही रहते थे. जो थे वो वैसे कभी कहाँ नजर आये? अब बस वो अदृश्य मास्क दिखने लगेगा. मगर वो दिखने वाला मास्क तो सबके चेहरे पर होगा. भीड़ में मास्क पहने कौव्वे और हंस सब एक ही नजर आयेंगे. चाहे कौव्वा लंगड़ाये या हंस सीधा चले, कौन समझ पायेगा. 
-समीर लाल ’समीर’
भोपाल से प्रकाशित दैनिक सुबह सवेरे के रविवार मई ०९, २०२० के अंक में:
ब्लॉग पर पढ़ें:

#Jugalbandi
#जुगलबंदी
#व्यंग्य_की_जुगलबंदी
#हिन्दी_ब्लॉगिंग
#Hindi_Blogging

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, फ़रवरी 16, 2020

आओ तुम्हें सट्टा खिलवायें!!



भाई जी, आपका ठिया तो सबसे बड़े बाजार में है. पता चला है, होल सेल में डील करते हो. कुछ हमें भी बताओ भाई, सुना है दिवाली सेल लगी है आपके बाजार में.
हमने कहा कि दिवाली कहो या दिवाला. सेल तो लगी है ६०% से ७०% की भारी छूट चल रही है. एस एम एस से विज्ञापन भी किया जा रहा है. स्लोगन भेजा जा रहा है, आपको भी मिल गया लगता है..आपके जमाने में बाप के जमाने के भाव. और जाने क्या क्या विज्ञापन किये गये हैं.
मुझे सेठ दीनानाथ की आढत याद आ गई. दिन भर मंडी के बीचों बीच अपनी दुकान पर तख्त पर बिछे सफेद गद्दे पर आधे लेटे रहते थे. बंडा और प्रदर्शनकारी धोती पहने. भई, जब प्रदर्शनकारी नेता हो सकता है तो धोती क्यूँ नहीं. जो भी प्रदर्शन करे, वो प्रदर्शनकारी, ऐसी मेरी मान्यता है. मेरी नजर में तो मल्लिका शेहरावत और राखी सावंत के डिज़ानर परिधान को भी प्रदर्शनकारी श्रेणी में ही रखता हूँ. खैर, सेठ के मूँह में हर समय पान. सामने मुनीम अपने हिसाब किताब में व्यस्त. बस, होलसेल का व्यापार था उनका भी, इसीलिए याद हो आई.
उनके ठीक विपरीत हम. न्यूयार्क स्टॉक एक्सचेंज, टोरंटो स्टॉक एक्सचेंज, नेसडेक और शिकागो कमॉडेटी एक्सचेंज पर डील तो करते हैं मगर कुर्सी पर सीधे बैठे सामने कम्प्यूटर लगाये. न आसपास घूमते बजारिया सांड और न ही पास बैठा मुनीम. मुनीम, चपरासी से लेकर सब कुछ खुद. माल की खरीदी बिक्री सब कम्प्यूटर पर. अगर अपने आप को ट्रेडर न बतायें तो कोई कम्प्यूटर ऑपरेटर ही समझे.
मित्र कहने लगे कि हाँ, विज्ञापन तो मिला. इसीलिये फोन किये हैं. भाई, बहुत घाटा लग गया. आप तो वो माल बताओ जिसको १०० टका ऊपर ही जाना हो, बस, वो ही लेंगे और एक बार लॉस पूरे हुए तो जीवन में स्टॉक एक्सचेंज की दिशा में सर रख कर सोयेंगे तक नहीं. खेलने की तो छोड़ो.
हमने उनको पहले भी समझाया था और फिर समझाया कि भाई, हम तो बस आप जो बोलो, वो खरीद देंगे और जो बोलो, वो बेच देंगे. हमारे लिए तो हर माल बराबर, हमें तो दोनों हालात में कमीशन बस लेना है. चाहे बेचो तब और खरीदो तो. जिस दिन हमें या इन बाजार एनालिस्टों को ये मालूम चलने लग जाये कि ये वाला तो पक्का ऊपर ही जायेगा तो क्या पागल कुत्ता काटे है जो सुबह से शाम तक कम्प्यूटर लिये लोगों के लिए खरीदी बेची कर रहे हैं. घर द्वार बेच कर सब लगा दें और एक ही बार में वारा न्यारा करके हरिद्वार में आश्रम खोलकर साधु न बन जाये और जीवन भर एय्याशी करें. ये सब बाजार एनालिस्ट मूँह देखी बात करते हैं आज जो दिखा वो कह दिया, कल जो दिखा तो बदल गये.
हम में और नारियल बेचने वाले किराना व्यापारी में बस यही फरक है. दोनों को माल बेचने से मतलब है मगर हर आने वाले को वो नारियल देते वक्त एक को हिलाकर कान में न जाने क्या सुनता है. फिर उसे किनारे रख दूसरा उठाकर बजाता है और कहता है कि हाँ, ये ठीक है. इसे ले जाईये और आप टांगे चले आते हैं जबकि ऐसे ही हिला हिला कर शाम तक वो सारे नारियल बेच लेता है और आप भी खुश, वो भी खुश. हमारे यहाँ ऐसा हिलाने का सिस्टम नहीं हैं. निवेशक को बाजार खुद हिला लेता है इसलिये हमें हिलाने की जरुरत नहीं.
जिस दिन आप इस दिशा में सर रख कर सोना बंद कर दोगे, उस दिन से हम क्या घास छिलेंगे. ऐसा अशुभ न कहो एन धंधे के समय भाई.
अजी, आप तो अंतिम दमड़ी तक खेलो. जब पूरा बर्बाद हो जाओ, तब मजबूरी में बंद हो ही जायेगा, इसमें प्रण कैसा करना. हमें भी तब तक १० दूसरे मूर्ख मिल जायेंगे जो रातों रात लखपति बनना चाहते, हम उनसे अपना काम चला लेंगे. कसम खाते हैं आपको याद भी न करेंगे.
तो बोलो, क्या आर्डर लिखूँ...सब माल चोखे हैं.
ऐसा मौका कहाँ बार बार आता है जब ६०% से ७०% तक छूट चले और आपके जमाने में बाप के जमाने के भाव पर माल मिलें.
जल्दी..फटाफट आर्डर बोलो. टाईम न खोटी करो.
नोट: यूँ भी अगर हम तुम्हें अपना खास मान कर बाजार से दूर रहने की सलाह दें तो तुम मानोगे थोड़ी न बल्कि किसी और ट्रेडर के यहाँ जाकर खेलोगे. फिर हम ही अपनी कमाई क्यूँ छोड़ें. ये बाजार ही अजीब है कि जब तक खुद न हार लो सब जीते हुए ही नजर आते हैं.
-समीर लाल ’समीर’
भोपाल के दैनिक सुबह सवेरे में रविवार फ़रवरी १६, २०२० में प्रकाशित:
ब्लॉग पर पढ़ें

#Jugalbandi
#जुगलबंदी
#व्यंग्य_की_जुगलबंदी
#हिन्दी_ब्लॉगिंग
#Hindi_Blogging


Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, नवंबर 30, 2019

हांके जाने वाले घोड़े विकास मार्ग पर बने रहें...




अगर आपके पास घोड़ा है तो जाहिर सी बात है चाबुक तो होगी ही. अब वो चाबुक हैसियत के मुताबिक बाजार से खरीदी गई हो या पतली सी लकड़ी के सामने सूत की डोरी बाँधकर घर में बनाई गई हो या पेड़ की डंगाल तोड़ कर पत्तियाँ हटाकर यूँ ही बना ली गई हो. भले ही किसी भी तरह से हासिल की गई हो, चाबुक तो चाबुक ही रहेगी जो हर घोड़े के मालिक के पास होती है. याने घोड़ा है तो चाबुक तो पक्का होगी ही. मगर इसके उलट यदि किसी के पास चाबुक है तो घोड़ा भी होगा ही- यह मान लेना ९०% मामलों में गलत ही साबित होगा.
दरअसल यही चाबुक मनुष्य को, जो कि मूलतः स्वभाव से आलसी होता है, घोड़े के समान उर्जावान बनाती है. अधिकतर सरकारी दफ्तर इसी चाबुक के आभाव में पटे पड़े हैं आलसी शूरवीरों से. घोड़े अगर आलस्य की चादर ओढ़ लें तो गधों की श्रेणी में आ जाते हैं.
चाबुक का कार्य मुख्यत: घोड़ों को घोड़ा बनाये रख उन्हें नियंत्रण में रखने का है. चाबुक यह नहीं जानती कि वो जिस घोड़े पर बरस रही है, वो उच्च नस्ली है या आम नस्ल का घोड़ा- वो सब पर एक सी बरसती है. उसका बरसना मौसम ज्ञानी नहीं, चाबुकधारी निर्धारित करते हैं कि कितना कब कहाँ और कैसे बरसना है.
वैसे ही घोड़े, चाहे नस्ली हों या आम, नहीं जानते कि चाबुक सुनहरी धागे वाली महंगी है या घर पर बनी हुई है या डंगाल से तोड़ कर बनाई गई- वो तो बस उसके बरसने के अंदाज पर निहाल हो दौड़ते, मुड़ते और ठहरते हैं.
मगर चाबुकधारियों का अपना एक अलग जहान है, जहाँ चाबुकधारी की औकात चाबुक की क्वालिटी से आंकी जाने लगी. इसका महात्म ऐसा हो चला कि चाबुकधारी बजरंगी मठाधीष अब अपने चाबुक फैशन डिज़ानर्स से बनवाने लगे. पहले वाली सूत की डोरी लगी चाबुक मठाधीषों को निम्न श्रेणी की नजर आने लगी. हालांकि घोड़े इस बात से अब तक अनभिज्ञ ही हैं कि वो किस चाबुक से हकाले जा रहे हैं. उन्हें तो बस हकाले जाने से मतलब है.
चाबुक का करिश्मा ऐसा कि हकालना रोको और बस देखो घोड़ों को खच्चर और गधों में तबदील होते. चाबुक रुकी और बस, हर हरे भरे खेत में मुँह मारना मानो इनका जन्म सिद्ध अधिकार हो. जहाँ से जितना चर पाओ..भरते जाओ. लीद जमा करा दो विदेशों में. कोई जान ही नहीं पायेगा कि क्या चरा और क्या निकाला.
नये घोड़ों की नई नसल भी हरी घास और चने की खुद के लिए आवंटित खुराक छोड़ कर चाबुक के आभाव में यत्र तत्र सर्वत्र मुँह मारने की फिराक में निकल पड़ती है.
बहुत जरुरी है कि मठाधीष चाहे डिज़ाईनर चाबुक ही लिये रहे, क्या फर्क पड़ता है एक चुटकी नमक किनारे कर देने से, पर इतना ध्यान रखे कि चाबुक लहरती रहे, गरजती रहे और बरसती रहे. चाबुक चलाना भी तो अपने आप में एक कला ही है. कभी डोरी हवा में नचाओ, कभी हड्डे पर मार करके डराओ और कभी सच में शरीर पर बरसाओ. जब जैसा मौका हो, जब कहीं भटकन का अहसास हो, पुनः रास्ते पर लाने का हुनर ज्ञात रहे बस. ज्ञात हुनर अज्ञात अभिलाषाओं की भंवर में डूब न जाये कहीं.
अंत में उद्देश्य तो यही है अगर विकास का मार्ग चुना है तो हर घोड़े जो हांके जायें वो इसी विकास मार्ग पर बने रहें. हर भटकन पर चाबुक बरसती रहे और बजरंगी मठाधीष घोड़े संभालने में यही न भूल बैठे कि उनका मुख्य कार्य विकास का मार्ग प्रश्सत करना है न कि घोड़ों को संभालने की कला में दक्षता हासिल करना. थोड़ा सा विवेचन जरुरी है वरना घोड़ा संभाल सीना फुलाये घुमते रहने से कुछ हासिल नहीं होगा मात्र मति भ्रम के.
यूँ तो अभी चिन्ता का विषय यह है नहीं क्यूँकि सबसे बड़े अस्तबल के मठाधीष अभी यही सीखने की कोशिश में जुटे हैं कि चाबुक डोरी की तरफ से पकड़ कर चलाते हैं या लकड़ी की तरफ से.
पुराने छुटपुट क्षेत्रिय अस्तबल के घोड़े जो पूर्णतः गधे हो चुके थे, पुनः मात्र विरोध के उद्देशय से एकजुट हो घोड़ा बनने की लम्बी तैयारी में है. अभी तो पुनः चार साल हैं. गधे और खच्चर बन चुके घोड़ों को च्यवनप्रास खिलाया जा रहा है. फिर से उन्हें घोड़ा बनाये जाने की पुरजोर तैयारी की जा रही है. उनके तथाकथित मठाधीषों के चाबुक भी डिजानर भले न भी हों तो भी फैशनेबल तो है ही..और फिर पहले ही बता दिया है कि चाबुक तो चाबुक होता है- घोड़े इसमें फरक नहीं करते. मगर उनकी समस्या यह है घोड़े से गधे बने को तो आप फिर से चचच- चाबुक, चना और च्यवनप्राश के भरोसे घोड़ा बना सकते हैं मगर जो शुरु से गधा रहा हो और मात्र हरी घास और चने के जुगाड़ में आया हो, उसको कैसे बदलोगे?
पर फिर भी- जब इत्ते सारे एकजुट मुट्ठी बाँधेगे तो खुले पंजे से तो मजबूत हो ही जायेगे अतः चेताया.
तानो अपनी सुनहरी चाबुक हे महारथी- घर वापसी का नहीं विकास प्राप्ति का मार्ग प्रस्शत रखो!! घर वापसी स्वतः इसी राजमार्ग से हो जायेगी. मेरा विश्वास कीजिये.

-समीर लाल ‘समीर’

भोपाल के दैनिक सुबह सवेरे में रविवार दिसम्बर] १, २०१९ में प्रकाशित:


#Jugalbandi
#जुगलबंदी
#व्यंग्य_की_जुगलबंदी
#हिन्दी_ब्लॉगिंग
#Hindi_Blogging


Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, सितंबर 01, 2019

कलयुग का नाम भी आजयुग रख देना चाहिये


जिस हिसाब से आज इतिहास बदला जा रहा है, सड़को और शहरों के नाम बदले जा रहे हैं, गांधी नेहरू के काम बदले जा रहे हैं, ऐसे में पुराने समय की कहावतें और मुहावरों को भी एक बार पुनः देखा जाना चाहिये एवं अगर आवश्यक लगे तो बदला जाना चाहिए. यूँ तो अन्य चीजों में बदलाव बिना आवश्यकता के भी किया जा रहा है वरना स्टेशनों के नाम बदलने से क्या होने जाने वाला है? शहर वही, रहने वाले वही. बस मन भटकाने के लिए नाम बदल दो तो ताकि अन्य जरुरी मूलभूत समस्याओं से ध्यान भटका रहे. वैसे ही जैसे स्मार्ट सिटी के नाम पर एक नया शगुफा छोड़ा हुआ है. न जाने कितने लोग स्मार्ट हो गए उस फंड से और शहर वहीँ का वहीँ.
बीते वक्त का एक मुहावरा है:
‘जितने मूंह, उतनी बात’
आज वक्त बदला है. आज कोई मूंह से कहां बोलता है? जो कहना है व्हाटसएप पर कह रहा है. वो टाइप करता है –वो बोलता नहीं है. आमने सामने बैठे दोस्त भी व्हाटसएप पर बात कर रहे हैं. अब इस मुहावरे को बदल देने का समय आ गया है:
‘जितने हाथ, उतनी बात’
मूंह की जगह हाथ ने ले ली है. काश! ऐसा युग आज से 25 बरस पहले आया होता तो तम्बाकू खाने वालों की चल निकलती. उन बेचारों को तो इत्मिनान से घोली तम्बाकू जब आकाश की तरफ मूंह उठाकर भी न संभलती तो थूक कर बात करना पड़ती थी. अपनी तरफ से बढ़कर तो वे बात न करते थे मगर हर जबाब भी तो उं आ ना में नहीं हो सकता अतः थूकना ही पड़ता है. मेरी सोच से तो आज का वक्त तम्बाकू युग कहलाना चाहिये. मगर जब तम्बाकू युग आया तो तम्बाकू खाने वाले कम हो गये.
यही होता है की जब सही वक्त आता है तो वक्त का सही आनंद लेने वाले नहीं रहते. शायद इसीलिए जिन्दगी को कहा गया है की जिन्दगी इन्तिहान लेती है. कोई कहता है कि यह जीना नहीं आसान. वजह बस इतनी सी कि आप जैसा जीना चाहते हैं वैसा वक्त नहीं होता और जैसा वक्त होता है वैसा आप जीना नहीं चाहते.
आज जब तम्बाकू खाने का मुफीद वक्त आया है तो आप हैल्थ के प्रति सजग हो लिए. और जब वक्त मूंह से बात करने का था तब आप तम्बाकू दबाये बैठे थे.
कई बार वक्त का तकाज़ा देखते हुए लगता है कि सरकार को एक काल ऐसा बना देना चाहिये जहाँ भ्रष्टाचार करने की पूरी सुविधा हो. पूरा संरक्षण दिया जाए. तब शायद हो ऐसा जाए कि भ्रष्टाचारी मिले ही न जैसे कि आज तम्बाकूबाज मिलना कम हो गये हैं.
यही हालत है कि कहने को तो कलयुग है मगर कल की कोई सोच ही नहीं रहा है. वे आज हर वो करम किये जा रहे हैं की घर भर जाये. कल सीबीआई छापा मारेगी, पकड़े जायेंगे. बदनामी हो जायेगी -इन सब की कोई परवाह नहीं. कल की कल देखी जायेगी. ऐसे में कलयुग का नाम भी आजयुग रख देना चाहिये.
जबसे हाथ ने मूंह की जगह ली है, तब से हालात बदले हैं. मूंह एक है मगर हाथ दो. हर बात में दो बात. दो के पीछे दो छिपी बात. मीडिया कुछ कहे. सोशल मीडिया कुछ और. और सत्यता कुछ और.
इन सबके बीच एक सामंजस्य बना कर आज की दुनिया में जी लेना ही एक कला है. वरना तो हर तरफ नकारात्मकता का ही माहौल हो चला है. सब इन्हीं हाथों से बोली गई बातों का कमाल है.  
शायद इसीलिए ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ का तरीका भी बदलना होगा. जब सब बदल रहा है तो ये भी सही.
-समीर लाल ‘समीर’

भोपाल के दैनिक सुबह सवेरे में रविवार सितम्बर १, २०१९ में प्रकाशित:


#Jugalbandi
#जुगलबंदी
#व्यंग्य_की_जुगलबंदी
#हिन्दी_ब्लॉगिंग
#Hindi_Blogging



चित्र साभार: गुगल Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, अगस्त 17, 2019

विपश्यना के राजपथ का साईड वॉक



हाल ही गोयनका जी के विपश्यना शिविर से लौटे. एक अद्भुत अनुभव. शायद अब बार बार जाना हो. लेकिन हम जैसे व्यंग्यकारों का मन तो हर जगह से कुछ और ही खोज लाता है. हमें तो राजपथ पर भी चलवाओ तो भी नजर साईड वॉक पर ही रहती है. अन्यथा मेरा अब मानना है कि हर व्यक्ति को अगर मौका लगे तो जीवन काल में एक बार इस शिविर में जरुर जाना चाहिये, फिर तो आप अपने आप बार बार जायेंगे.
शरीर से जब आत्मा अलग होती होगी, तो कैसा अहसास होता होगा? जानना चाहते हैं? आज के जमाने में इसका अहसास करना है तो आज के जमाने में पहुँच जाईये किसी भी गोयनका जी के विपश्यना शिविर में. जैसे ही पहुँचेंगे, वो आपसे आपका फोन, कागज, पैंसिल सब कुछ जमा करवा लेने के बाद कहेंगे कि अब किसी से कोई बातचीत नहीं, न ही आँख से संपर्क, न गाना, न इंटरनेट, न टीवी, न समाचार पत्र. जो हो वो बस आप अगले १० दिनों के लिए. ५ मिनट में जान जायेंगे उस अहसास को.
फिर शील, झूठ नहीं बोलना, काम और क्रोध से परे रहना, किसी जीव को मारना नहीं का प्रण दिलवाया जाता है. अकसर यह आश्रम बहुत बड़े हरे भरे पेड़ों से घिरे जंगलनुमा स्थानों में बस्ती के शोरगूल से दूर होते हैं. ऐसे में यह जंगल मच्छरों के लिए स्वर्ग हैं. उस पर से उन्हें तो जैसे गोयनका जी ने जेड सिक्यूरीटी दे दी हो. उन मच्छरों की जितनी मर्जी हो, उतना आपको काटें मगर आप उन्हें छू भी नहीं सकते, मारने की बात तो दूर. वो तो हम हिन्दुस्तान से हैं और जेड सिक्यूरीटी मिले लोगों के कारनामों और शोषण को जानते हैं, इसलिए मच्छर का द्वारा काटे जाने का उतना बुरा नहीं लगा. शिविर में सिखाया ही यह जा रहा था कि कुछ भी सदा के लिए नहीं है. अतः मच्छर काटेगा, हमारे खून से उसका पेट भर जायेगा, फिर वो उड़ जायेगा. विपश्यना करने तो हम गये थे, अतः नियम का पालन भी हमें ही करना था. मच्छर तो वहीं रहता है, वो थोड़ी न विपश्यना करने आया था. यूँ भी जेड सिक्यूरीटी प्राप्त व्यक्ति को आपके शोषण का अधिकार आप स्वयं ही देने के आदी भी तो हो.
सुबह ४ बजे जागने से लेकर रात १० बजे सोने जाने तक सुबह एक नाश्ता और ११ बजे दिन में एक खाने पर ११ घंटे पीठ सीधी रखे ध्यान में बैठे बैठे शरीर की क्या हालत हो जाती है, वो तो आप समझ ही सकते हो. ऐसा नहीं कि इससे बदत्तर आपके शरीर के साथ और कुछ हो नहीं सकता. रोड़वेज की सरकारी बस में मध्य प्रदेश की सड़कों पर १२ घंटे के सफर का रियाज यहाँ काम आया. लेकिन उस सफर में इतना इत्मिनान रहता था कि घर पहुँच कर आराम से लम्बा सोवेंगे. मगर यहाँ तो कल सुबह फिर ४ बजे जागना है. ऐसे में पुनः ५० पार हिन्दुतानी होने का फायदा मिला. सोने के पहले अमृतांजन का घुटने से लेकर सर तक लेपा और तान कर सो गये. बढ़िया नींद आ जाती थी.
अमृतांजन बनाने वाले ने भी कभी न सोचा होगा कि वो हम ५० की उम्र पार कर चुके हिन्दुस्तानियों के लिए वाकई अमृत बना रहा है. सर दर्द तो, जुकाम तो, घुटने में दर्द तो, नींद नहीं आ रही है तो, जुकाम लगा तो, नाक सूखी तो, कहीं हल्का सा जल गया तो, कहीं कीड़े न काट लिया तो और आज कहीं कोई दर्द नहीं है तो यूँ ही लगा लिया कि कल दर्द न हो जाये, मने हर हाल में अमृतांजन लगाना जरुरी है. आदत ऐसी कि सब ठीक ठाक हो तो भी बिस्तर के बाजू में अगर अमृतांजन की शीशी न हो तो टेंशन में नींद नहीं आती कि अमृतांजन खत्म है.  
अमृतांजन न हो गया कि जैसे भारत में हमारे पड़ोस में एक ८५ वर्षीय मलहोत्रा जी रहा करते थे, उनकी छड़ी, टार्च और घंटी हो गई हो. वे रोज सोने के पहले बिस्तर पर लेटे लेटे घंटी बजा कर अपने बेटे को बुलाते और कहते बेटा, वो छड़ी मेरे नजदीक खड़ी कर दे और टार्च में देख लेना कि मसाला तो है न? रात में बाथरुम जाना हुआ तो?
बेटा रोज झल्लाता कि क्या बाबू जी!! आप भी अब सिर्फ परेशान करते हो!! २ साल हो गये बिस्तर पकड़े. आँख से दिखता नहीं है और केथेटर लगा है. दिन में दो बार नर्स पेम्पर बदल कर जाती है और आप हो कि टार्च में मसाला और छड़ी रोज चैक करवाना छोड़ ही नहीं रहे. अब बेटे को कौन समझाये कि साईकोलॉजिकली बाबू जी को कितना इत्मिनान मिलता होगा और नींद आ जाती होगी कि टॉर्च और छड़ी साथ में है. बेटा बुढ़ापे की छड़ी होता है, भी तो अधिकांशतः अब साईकोलॉजिकल बल ही देता है. फिर अपवाद तो हमेशा होते ही हैं.
-समीर लाल ’समीर’
भोपाल के दैनिक सुबह सवेरे में रविवार अगस्त १८, २०१९ में प्रकाशित:

#Jugalbandi
#जुगलबंदी
#व्यंग्य_की_जुगलबंदी
#हिन्दी_ब्लॉगिंग
#Hindi_Blogging


चित्र साभार: गूगल Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, जून 08, 2019

सूरज महाराज का सेलीब्रेटी स्टेटस



इस बार देश में ऐसी भीषण गर्मी पड़ी कि अच्छे अच्छों की गरमी उतार कर रख दी.चुनाव की गरमी उतरी और बस, सूरज महाराज ने कमान थाम ली. मीडिया से कहने लगे कि अब हमें कवरेज दो. टीआरपी का मजा तुम लूटो और जबरदस्त कवरेज के कारण सेलीब्रेटी होने का मजा हम लूटेंगे.
बस, फिर क्या था मीडिया कवरेज देता चला गया सूरज महाराज के कहर को और उसी से उल्लासित सूरज महाराज अपने कहर बेइंतिहा बरपाते चले गये. किसी को न बक्शा. गरीब को तो वैसे भी कौन बक्शता है, सो सूरज महाराज ने भी उसको चौबीसों घंटे ऐसा परेशान किया कि खाना पीना, घर से निकलना, दिहाड़ी कमा कर लाना सब बन्द हो गया. भूखे प्यासे न जाने कितने गरीब लू की चपेट में आकर मर गये.
गरीब पिटता है तो मध्यम वर्गीय और अमीर खुश होते हैं. मगर सूरज को अपने सेलीब्रेटी हो जाने का ऐसा गुरुर चढ़ा कि जब जब मौका लगा, उनको भी नहीं बक्शा. बिजली चली जाये. इन्वरटर बैठ जाये. कार से उतर कर मॉल में घुसने के बीच, जब जब भी पकड़ पाये, तबीयत से भूना. गरीब को तो वैसे भी आदत होती है मार खाने की मगर जब मध्यम वर्गीय और अमीर इस मार की चपेट में आता है, तो ऐसी चीख निकलती है कि सही मायने में लगता है कोई पिटा. ऐसे में ही पिटाई की तरफ नजर भी जाती है.
फटाफट जागृति आ जाती है. पेड़ लगाओ, धरा बचाओ. गरीब मरते रहे तब कोई न चेता. किसी ने नारे नहीं लगाये कि पानी पिलाओ, खाना खिलाओ, गरीब बचाओ. मगर जैसे ही मध्यम वर्गीय और अमीर समेटे में आये, सब जाग गये. मंदिरों में प्रसाद में पेड़ बटने लगे.पर्यावरण का ख्याल तो रखना ही चाहिये मगर इतनी भीषण गरमी में, सभी पेड़ बांटने, लगाने और सेल्फी निकलवाने और फेसबुक पर चढ़ाने में व्यस्य्त हो लिए. पेड़ लगाकर भर भर बाल्टी  पानी डाला जाने लगा, ताकि आज से २० साल बाद हर तरफ हरियाली होगी. हरित क्रांति हो जायेगी. झरने, नदियाँ, कुएँ, तालाब सब लबालब हो जायेंगे. कहीं पानी की कोई किल्लत न होगी. यह जागृति सालों साल रहने की जरुरत है. इतनी भीषण गरमी में पानी और खाने के आभाव में मर रहे लोगों पर ध्यान देने की तुरंत जरुरत है. पेड़ दस दिन बाद बारिश आ जाने पर भी लग सकते हैं. सारी हरियाली इसके चलते २० साल की जगह २० साल एक माह बाद आ जायेगी. क्या फरक पड़ेगा. आजतक तो हम इन्हें काटने में ही व्यस्त थे.
कल बारिश आ जायेगी. हम फिर भूल जायेंगे कि पाँच दिन पहले जो सूरज महाराज सेलीब्रेटी थे, आज बादलों के पीछे मूँह छिपाये बैठे हैं. प्रसाद में पेड़ के बदले फिर से पेड़ा बंटने लगेगा. एक दो संस्थायें जो नियमित इस प्रयास में लगन से जुटी हैं, उनको छोड़कर बाकी सब कोई और फोटोऑप की गुजांईश तलाशने लगेंगे. कभी बाढ़ में फंसें लोगों को खाने बांटते तो कभी सर्दी से ठिठुरते लोगों को कम्बल बांटते. सेल्फी खेंचूं फेसबुकिया समाजसेवियों के लिए एक नहीं, हजार फोटोऑप हैं. ये बात वो अच्छी तरह जानते हैं.
खैर, सेलीब्रेटी होने में एक ही खराब बात होती है कि इसकी शेल्फ लाईफ भी बहुत थोड़ी सी होती है, अपवाद तो खैर होते ही हैं. हर कोई तो अमिताभ नहीं हो जाता. सेलीब्रेटी होने के साथ साथ कुछ परेशानियाँ भी आ जुड़ती हैं.
पहले जब कोई सेलीब्रेटी अपनी स्टेटस के अनुरुप खरा नहीं उतरता था जैसे कि एक नामी पहलवान जब अखाड़े में हार जाता था तो उसके चाहने वाले जबरदस्त हूट करते थे. उसे सिक्यूरिटी बचा कर निकाल कर ले जाती थी और लोग घर आकर बताया करते थे कि फलनवा को दौड़ा लिहिस जनता. आजकल उसी तरह सेलीब्रेटी को दौड़ा लिहिस का सोशल मीडिया वर्जन है ट्रोल कर देना. इसे सेलीब्रेटी ऐसा मानने लगे हैं कि उनकी स्टेटस में चार चाँद लग गये हैं. बदनाम हुए तो भी नाम तो हो लिया.
नीरज जी होते तो इनकी हालत देखकर कहते:
सेलीब्रेटी होना भाग्य है, ट्रोल हो जाना सौभाग्य ..
इसी तर्ज पर न जाने सूरज के तांडव पर कितने कार्टून और चुटकुले बना बनाकर सूरज महाराज को ट्रोल किया गया और वो इसे तारीफ मानकर कहर पर कहर बरसाते रहे.
सबके अपने अपने दिन होते हैं. इस साल के लिए सूरज की सेलीब्रेटी स्टेटस की शेल्फ लाईफ पूरी हुई.
अब समय शुरु होता है बारिश का. उम्मीद यही करते हैं कि अच्छी बारिश हो और कम से कम बादलों को सेलीब्रेटी बनने का चस्का न लग जाये. वरना फिर उसे भी ट्रोल किया जायेगा.    
-समीर लाल ’समीर’  
चित्र साभार: गुगल

भोपाल से प्रकाशित दैनिक सुबह सवेरे के रविवार जून ९, २०१९ में:

#Jugalbandi

#जुगलबंदी
#व्यंग्य_की_जुगलबंदी
#हिन्दी_ब्लॉगिंग
#Hindi_Blogging

Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, जून 01, 2019

आत्ममुग्धता अभिशाप नहीं..खुश रहने के लिए प्रसाद है



अगर आपको यह लगता है कि बुद्धिजीवी बुद्धिमान होता है तो यह आपकी गलतफहमी हैं. बुद्धिजीवी और बुद्धिमानी का वो ही रिश्ता होता है जैसा कि जगमग रोशन ईमारतों का अपनी घुप्प अंधेरी नींव से होता है. बड़ी बड़ी बेवकूफियों की आधारशीला पर इन ऊँचे बुद्धिजीवियों के गुंबद खड़े है.
मूलतः बुद्धिमान व्यक्ति कभी चर्चा में नहीं रहता जैसे कि ईमानदार व्यक्ति. उसके पास कहानी गढ़ने को कुछ नहीं होता. वो बहुत बोरिंग किस्म का इन्सान होता है और उसका बुढ़ापा बड़ी तकलीफ में गुजरता है. उसे कोई सुनना नहीं चाहता. वो एकाकी रह जाता है.
इसके ठीक उलट बुद्धिजीवी के पास एक चिल्लाहट होती है खोखले चने वाली जिसे कहावत में कहा जाता है कि थोथा चना, बाजे घणा!! छद्म ज्ञान के तौर पर उसके पास तीन से चार रेफरेन्स होते हैं जिसमें पोलेण्ड की एक कवियत्री, शेक्सपियर का एक नाटक, राबर्ट फ्रास्ट की दो कवितायें, एक आयरलेण्ड के लेखक का नाम और मुंशी प्रेमचन्द्र की कहानी ’भाभी’. यह भी तय है कि इसे पढ़ते ही आधे लोग मुंशी प्रेमचन्द्र की कहानी ’भाभी’ गुगल करने लगेंगे और उसे न पाकर गुगल को गलत मान बुद्धिजीवी की चरण वन्दना करने लगेंगे. यही वह अखंड सत्य है जो बुद्धिजीवी को बुद्धिजीवी बनाता है. वरना तो बुद्धुओं की जमात में भी वो कोई दर्जा न प्राप्त कर पायें.
बुद्धिमान व्यक्ति शांत स्वभाव का होता है और किसी बहस में नहीं पड़ता. वो इमानदार व्यक्ति की तरह सौम्य होता है. बेईमान व्यक्ति के पास कई किस्से होते हैं. वो भ्रष्टाचार कर के बैंकाक, मलाया, पताया घूमता है. डांस बार में जाता है. नेपाल और वेगस में जुँआ खेलता है. वो बुढ़ापे में जब अपने जवानी के किस्से सुनाता है तो उसमें रस होता है. लोगों को मजा आता है. वो महफिल लूट लेता है अपने किस्सों को सुना कर के. सो ही बुद्धिजीवी का हाल है. एकदम भ्रष्टाचारी से एकरसता और तारतम्य बनाता हुआ.
अगर सही मायने में बुद्धिजीवी की परिभाषा तलाशेंगे और गहराई में उतरेंगे तो आप पायेंगे कि असल बुद्धिजीवी आतंकवादी होता है. वो बोद्धिक आंतक फैलाता है. वो अपने सीमित ज्ञान को एक मीनी वैन में भरकर इतना बड़ा धमाका करता है कि बुद्धिमान व्यक्ति भी दहल जाता है. वो भरी महफिल में सबसे पूछ बैठता है कि जैगलोस्की को तो आप सबने पढ़ा ही होगा?अब जो हाँ बोले वो मरे और जो न बोले वो मरे. हाँ बोल दो तो पूछे जाने का डर कि आप सुनाईये उनकी फलानी रचना और न बोलो तो मूरख ठहराये जाने का डर. इसमें एक ही राज मार्ग है बच निकलने का और अपनी अस्मिता बचाये रखने का कि चुप रह जाओ. बुद्धिजीवी इसे समझता है और ये ही पैतरा बुद्धिजीवी को बुद्धिजीवी बनाता है क्यूँकि सुना तो उसने भी नहीं है? अतः वो मात्र इतना कह कर अपनी बात की इति श्री कर लेता है कि कभी पढ़ियेगा उनको, तब आप जानेगे कि आप कितने अल्प ज्ञानी हैं!! और आपने जिन्दगी में अब तक क्या हासिल नहीं किया है?
यही सिद्ध तरीका है अपने आपको बुद्धिजीवी कहलवाने का. इस सिद्ध प्रक्रिया में कभी कोई भूलवश आपसे कोई प्रश्न कर बैठे पलट कर तो बस इतना ही करना है कि नाराज हो जाओ उसके ऊपर. वो भी इस कदर कि पूछने वाला ही घबरा जाये कि कितनी बड़ी गल्ती कर दी बुद्धिजीवी जी से प्रश्न करके?
पूछने वाले को गालियाँ बको कि एक तो तुम ज्ञान शून्य हो और उस पर से मुझसे बहस करते हो? मुझसे सवाल करते हो? उससे ऐसे संबंध विच्छेद कर लो कि उसे फिर कभी मौका ही न लगे कि वो आपसे जबाब मांग पाये और बस!! आत्म मगन रहे आओ कि मैं बुद्धिजीवी हूँ. ऐसे लोगों के लिए आत्ममुग्धता अभिशाप नहीं..खुश रहने के लिए प्रसाद है.
यही तरीका तो है, जिसका पालन. सभी बुद्धिजीवी कर रहे हैं. बुद्धिमान हाशिये पर हैं. उनमें बहस करने का माददा नहीं है. उन्हें यह साबित करने की लालसा भी नहीं है कि वे बुद्धिमान हैं. वो जानते हैं कि
हाथ कंगन को आरसी क्या,
पढ़े लिखे को फ़ारसी क्या..
वैसे आप बतायें कि आप बुद्धिजीवी हैं या बुद्धिमान!
समीर लाल ’समीर’
भोपाल के दैनिक सुबह सवेरे के रविवार जून २,२०१९ के अंक में प्रकाशित


#Jugalbandi
#जुगलबंदी
#व्यंग्य_की_जुगलबंदी
#हिन्दी_ब्लॉगिंग
#Hindi_Blogging

Indli - Hindi News, Blogs, Links