रविवार, नवंबर 29, 2009

मैने क्या खास किया!!!-विल्स कार्ड भाग ७

 

पहले की तरह ही, पिछले दिनों विल्स कार्ड भाग १ , भाग २ , भाग ३ ,भाग ४ , भाग ५  और भाग ६ को सभी पाठकों का बहुत स्नेह मिला और बहुतों की फरमाईश पर यह श्रृंख्ला आगे बढ़ा रहा हूँ.

(जिन्होंने पिछले भाग न पढ़े हों उनके लिए: याद है मुझे सालों पहले, जब मैं बम्बई में रहा करता था, तब मैं विल्स नेवीकट सिगरेट पीता था. जब पैकेट खत्म होता तो उसे करीने से खोलकर उसके भीतर के सफेद हिस्से पर कुछ लिखना मुझे बहुत भाता था. उन्हें मैं विल्स कार्ड कह कर पुकारता......)

आज फिर छुआ कुछ और विल्स कार्डों को...जाने कब कब और क्या क्या दर्ज किया था. क्या सोच रहा था उस वक्त. अब तो चित्र भी नहीं खींच पाता.

लेकिन मेरे जीवन में भी तो जाने कितनी घटनायें ऐसी हैं जिनका चित्र अगर कोशिश भी करुँ तो नहीं बना सकता. सोचते ही असहज हो जता हूँ.

कुछ ऐसे वाकिये जिन पर अब तक सहज विश्वास नहीं होता, गुजर गये और मैं देखता रहा चुपचाप. क्या कहता? विरोध करता? करता तो अपनों को ही बदनाम करता और सुनता कि आपके वो...ऐसा कर गये...जुड़ता तो मुझसे ही आकर. मौन सिद्ध रहा. बदनामी बची. पहले मेरी और फिर उनकी.

उन्होंने भी पहचाना. बस, स्वीकारा नहीं. उससे मुझे कोई फरक नहीं पड़ता. मुझे इतना काफी है कि पहचाना. मगर मेरे काफी को दुनिया नहीं समझती. वो उसे समझती है जो दिखता है. मेरे बस में नहीं ऐसा कुछ दिखाना...

तुम्हारे बस में है. गुजारिश है कि गर अपमानित न महसूस करो तो दिखा देना कुछ ऐसा करके जो सिद्ध करे वरना मैं तो यूँ भी जी लूँगा...सच में..संतुष्ट..जानता हूँ कि तुम इस बात को पहचानते हो!! है न!!

कोई अपराध बोध तुम पालो-यह मेरे लिए बर्दाश्त नहीं. प्लीज, ऐसा मत करना!!

मुझे तकलीफ होगी. तुम कहोगे नहीं मगर इससे तुम्हें भी तकलीफ होगी..मैं जानता हूँ.. रिश्ते टूटते है तो बिखरे किरचें दिखते नहीं मगर होते हैं जो कांच से गहरे चुभते हैं.

काँच मे अच्छाई है, टूटता है तो आवाज करता है और टूटन सी उपजी किरचें हैं वो दिख जाती हैं तो निकाली जा सकती हैं और वक्त घाव भर देता है..

रिश्तों की टूटन तो आवाज भी नहीं करती और इसकी किरचें तो बस सालती हैं जीवन भर....कोई तरीका नहीं इन्हें निकालने का सिवाय झेल कर इनके साथ जीने की आदत बना लेने के.

नासूर लिए भी तो लोग जीवन जी ही लेते हैं..मैने क्या खास किया!!!

sea

-१-

रिश्तों पर जमीं गर्द को
खुरच कर नहीं उधाड़ा करते..
खुरचने से जख्म छूट जाता है

और बस

एक आहत रिश्ता
सामने आ जाता है..

उन्हें आँसूओं की नमी से
भीगो कर
फुलाओ
और फिर
स्नेह रुपी मलमल से
साफ कर उबारो...

जो बिगड़ा था उसे भूल
सिर्फ भविष्य को सुधारो.

 

-२-

प्रेम
जैसे
पिंजड़े के भीतर कैद
पंछियों की आजादी..

कोई बेडियाँ नहीं...

बस, सामाजिक मर्यादाओं
के
दायरे हैं...
और उनके भीतर रहते
एक उन्मुक्त उड़ान का अहसास!!

 

-३-

सफेद गुलाब
मुझे लुभाते हैं..
और
लाल गुलाब
न जाने क्यूँ
विचलित कर जाते हैं...

देखी थी एक रोज मैने
लाल सूर्ख खून से लथपथ
उस बच्ची की लाश
टीवी पर..
जिसे बलात्कार कर
मार दिया गया....

 

-४-

आजाद सोच की

ये कैसी गिरफ्त है...

जो

आजाद ही नहीं होने देती ...

इतना आसान तो नहीं

इस जिन्दगी को

जी जाना!!

 

-५-

वो आया था
दिन भर की मशक्कत के बाद
पसीने में लथपथ

कुछ देर ठहरा
फिर चला गया!!

उसके पसीने की बू
अब भी ठहरी है
अपनी ललकार लिए!!

सफलता यूँ ही तो
हासिल नहीं होती!!

 

-६-

ओह!!

कितना विस्तार

है इस सागर का...

सौम्य और शान्त

जाने कितना गहरा होगा...

उतरूँ

तो जानूँ...

 

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

गुरुवार, नवंबर 26, 2009

हे नेता!! तेरी बहुत याद आती है!

netaji

देश है तो जनता है
जनता है तो नेता हैं

नेता है तो गाड़ी है
गाड़ी है तो सड़कें हैं
सड़के हैं तो गढ्ढे हैं
गढ्ढे हैं तो उनको भरने के वादे हैं
वादे करके उनकी सुधि कौन लेता है
वादा खिलाफी है तो नेता हैं.

सड़कें हैं तो भीड़ है
भीड़ है ट्रेफिक जाम है
ट्रेफिक जाम है तो धुँआ है
धुँआ है तो बीमारी है
बीमारी है तो अस्पताल है
अस्पताल है तो डॉक्टर हैं
डॉक्टर हैं तो नर्सें हैं
नर्सें हैं यानि कि लड़कियां हैं
लड़कियाँ हैं तो छेड़खानी है
साथ में चलती मनमानी है
मनमानी जो करते हैं नेता के लड़के हैं
नेता के लड़के हैं तो दबदबा है
दबदबा है तो नेता हैं.

मनमानी है तो बलात्कार है
बलात्कार है तो पुलिस है
पुलिस हैं तो चोर हैं
चोर हैं तो पैसा है
पैसा है तो बिल्डिंगें हैं
बिल्डिंगे हैं तो बिल्डर हैं
बिल्डर हैं तो जमीन के सौदे हैं
जमीन के सौदे हैं तो घोटाले हैं
घोटाले हैं तो नेता हैं.

घोटाले हैं तो घोटाला करने वाले हैं
घोटाला करने वाले हैं तो धन्धे काले हैं
धन्धे काले हैं तो छानबीन वाले हैं
छानबीन यानि कि सरकारी मुलाजिम हैं
सरकारी मुलाजिम हैं तो भ्रष्टाचार है
भ्रष्टाचार है तो नेता हैं.

सरकारी मुलाजिम हैं तो काम चोरी है
कामचोरी है तो हड़ताल है
हड़ताल है तो धरना प्रदर्शन है
धरना प्रदर्शन है तो तोड़ फोड़ है
तोड़फोड़ है तो समाचार है
समाचार है तो मिडिया है
मिडिया है तो नेता हैं.

धरना प्रदर्शन है तो बाजार बंद है
बाजार बंद है तो लोग परेशान हैं
परेशान लोग जनता है
जनता है तो वोट हैं
वोट हैं तो चुनाव हैं
चुनाव है तो ताकत प्रदर्शन है
ताकत प्रदर्शन है तो बूथ केप्चरिंग है
बूथ केप्चरिंग है तो अपराध हैं
अपराध हैं तो नेता हैं.

तो जब कभी
वादा खिलाफी, दबदबे, घोटाले,
भ्रष्टाचार, मिडिया या अपराध
की बात आती है...
हे नेता,
हमको तेरी बहुत याद आती है
.

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

सोमवार, नवंबर 23, 2009

मायूस होना अच्छा लगता है क्या?

अक्सर ही मैं खोजने लग जाता हूँ अपने भीतर अपने आप को. मैं वो नहीं जो इस जमाने में जीने की जद्दोजहद में वक्त के थपेड़े खाता आज सबके सामने आता हूँ. मैं कभी कुछ और ही था. शायद कल मैं फिर वो न रहूँ जो आज हूँ.

एक बच्चा कहाँ दिल में नफरत या चालबाजी के भाव रखता है? वो तो वक्त, समाज, संगी साथी, समय समय पर खाई चोटें, यह सब सिखला देती हैं.

शायद ऐसा मैं अकेला नहीं जो अपने आपको अक्सर खोजता हो कि अरे, वो वाला मैं कहाँ गया? मैं तो ऐसा नहीं था? सबके साथ ही ऐसा होता होगा.

udas

कहीं पढ़ता था कि उसे अब अपना पुराना शहर वो वाला नहीं दिखता..जिसमें वो रहा करता था. मैं भी अक्सर अपने शहर जाकर उसके अंदर अपना शहर खोजता हूँ. शहर के भीतर शहर..खीजता हूँ भीड़ भाड़ देखकर. सोचता हूँ भीड़ छटे तो ढूंढू. मगर ये भीड़ कब छटी है, यह तो बढ़ती ही जानी है. और उस भीड़ के बीच कहीं खोया मेरा अपना शहर, जाने इतने समय बाद मुझे पहचान भी पायेगा या नहीं.

सोचता हूँ कि अगर नहीं पहचाना तब? कितना बड़ा धक्का लगेगा मुझे. मैं उसे रोज याद करता हूँ और मुझे पहचान भी नहीं पा रहा है. उससे बेहतर तो है कि न मुझे इस भीड़ में खोया वो मेरा शहर मिले और न मुझे कोई धक्का लगे और मैं उन पुरानी यादों के सहारे ही जिन्दगी काट दूँ. खुद को भी गुमा दूँ ऐसी ही किसी बड़ी भीड़ में. अपने कर्तव्यों की भीड़, अपने दायित्वों की भीड़, अपने नाम को बनाये रखने की मशक्कतों की भीड़. भीड़ की भला कब कमी है.

उसी भीड़ में खोये मेरे अपने. उनकी अपनी भीड़ की गठरी है महत्वाकांक्षाओं की, अपने दायित्वों की, अपने और ज्यादा अपनों की परवरिश की. वैसे ही धक्का लगता है, जब मिलते हैं तो पहचान कर भी पहचान नहीं पाते. बस, मुलाकात होती है, बात होती है और उस दौरान हर पल तलाश होती है उस अपने की, जो ऐसा नहीं था जिससे मैं अभी बात कर रहा हूँ, अभी मुलाकात कर रहा हूँ.

ऐसा नहीं कि मैं अकेला ही बस बदला हूँ, वो भी तो उन सब दौरों से गुजरे हैं अपने तरीकों से, वो भी तो बदले हैं..फिर किस उम्मीद में मैं उनसे वो पुराने वो चाहता हूँ , किसको तलाशता हूँ जबकि मैं खुद वो पुराना मैं नहीं.

मुझे लगता है कि जब भी हम कुछ छोड़ते हैं जैसे कि अपना शहर. हम अपने साथ दिल के किसी कोने में उसी शहर की वो ही तस्वीर साथ लिये चले जाते हैं और जब कभी लौट पाते हैं तो उसी तस्वीर से मिलान करने कोशिश करते हैं और मायूस हो जाते हैं कि अब वो बात नहीं रही. वो बात तो खैर कभी भी नहीं रहती. जो आज बात है वो कल कहाँ थी और वो ही कल कहाँ से रहेगी.

न छोड़ा होता अपना शहर, तब भी शहर बदलता. हम भी बदलते मगर आँखों में बसी तस्वीर भी बदलती जाती हर बदलाव के साथ और हम अचंभित न होते. तब जो कुछ भी दिखता रहता, जैसे जैसे बदलता, वही स्वीकार्य होता.

ऐसा ही अपनों के बारे भी सोच लें तो शायद उनका व्यवहार, उनका बदला स्वरुप, उनके बदले तेवर हमें अचंभित न करें. हम अब वो जैसे हैं, वैसे ही स्वीकार करने को तैयार हो जायें तो शायद यह मायूसी न हो कि बहुत बदल गये हैं अब वो.

वो अकेले नहीं बदले, सारी दुनिया बदली है और मैं और आप भी तो उसी दुनिया का हिस्सा हैं. फिर मायूसी कैसी और अचंभा कैसा?

लेकिन दिल ही तो है कि मानता नहीं और खोजता है फिर वही..कुछ खोई खोई सी दास्तां.

शायद हमें ही मायूस होना अच्छा लगता है.

उदासी दफन कर दी है, उस जमीं के नीचे,
जहाँ आकर यादें रोज, खुशियाँ मनाती हैं....

कहते हैं इस बरस वहाँ फिर मेला भरेगा..

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

गुरुवार, नवंबर 19, 2009

कोई मेरी मजबूरी भी तो समझो!!

कल अपनी एक फोटो ऑर्कुट और फेस बुक पर क्या चढ़ा दी कि हल्ला ही मच गया. दन दन कमेंट और ईमेल मय समझाईश कि इतना पीना ठीक नहीं.

drink

अब कैसे समझाऊँ कि भईये, पीना तो हम खुद ही नहीं पसंद करते जब तक की भीषण मजबूरी न हो.

वैसे कई लोगों ने कहा कि इतनी सारी अकेले पियेंगे क्या? अब पहले तो यह जान लें कि एक बंदा तो तस्वीर खींचने वाला है ही जो इसी में से पीने वाला है और तीन फोटो में दायें बायें कट गये हैं और फोटू में फंसे हम अकेले.

वैसे भी साईज के हिसाब से या तो वो तीन ही आ लेते फोटो में या कि हम. उन तीन की फोटो का तो हम क्या करते सो अपनी धरे थे वो ही चिपका दिये.

हाँ, तो हम कह रहे थे कि हमें पीना यूँ तो पसंद नहीं मगर जब मजबूरी आन सामने ही खड़ी हो जाये तो क्या करें??

इन्हीं मजबूरियों को दर्शाते हुए एक रचना लिखी थी ताकि किसी को कन्फ्यूजन न रह जाये, वही फिर से सुना देते हैं ताकि सनद रहे और वक्त पर काम आये:

जब चाँद गगन में होता है
या तारे नभ में छाते हैं
जब मौसम की घुमड़ाई से
बादल भी पसरे जाते हैं
जब मौसम ठंडा होता है
या मुझको गर्मी लगती है
जब बारिश की ठंडी बूंदें
कुछ गीली गीली लगती हैं
तब ऐसे में बेबस होकर
मैं किसी तरह जी लेता हूँ
वैसे तो मुझको पसंद नहीं
बस ऐसे में पी लेता हूँ.

जब मिलन कोई अनोखा हो
या प्यार में मुझको धोखा हो
जब सन्नाटे का राज यहाँ
और कुत्ता कोई भौंका हो
जब साथ सखा कुछ मिल जायें
या एकाकी मन घबराये
जब उत्सव कोई मनता हो
या मातम कहीं भी छा जाये
तब ऐसे में मैं द्रवित हुआ
रो रो कर सिसिकी लेता हूँ
वैसे तो मुझको पसंद नहीं
बस ऐसे में पी लेता हूँ.

जब शोर गुल से सर फटता
या काटे समय नहीं कटता
जब मेरी कविता को सुनकर
खूब दाद उठाता हो श्रोता
जब भाव निकल कर आते हैं
और गीतों में ढल जाते हैं
जब उनकी धुन में बजने से
ये साज सभी घबराते हैं
तब ऐसे में मैं शरमा कर
बस होठों को सी लेता हूँ
वैसे तो मुझको पसंद नहीं
बस ऐसे में पी लेता हूँ.

जब पंछी सारे सोते हैं
या उल्लू बाग में रोते हैं
जब फूलों की खूशबू वाले
ये हवा के झोंके होते हैं
जब बिजली गुल हो जाती है
और नींद नहीं आ पाती है
जब दूर देश की कुछ यादें
इस दिल में घर कर जाती हैं
तब ऐसे में मैं क्या करता
रख लम्बी चुप्पी लेता हूँ
वैसे तो मुझको पसंद नहीं
बस ऐसे में पी लेता हूँ.

चिट्ठाकारी विशेष:

जब ढेरों टिप्पणी मिलती हैं
या मुश्किल उनकी गिनती है
जब कोई कहे अब मत लिखना
बस आपसे इतनी विनती है
जब माहौल कहीं गरमाता हो
या कोई मिलने आता हो
जब ब्लॉगर मीट में कोई हमें
ईमेल भेज बुलवाता हो.
तब ऐसे में मैं खुश होकर
बस प्यार की झप्पी लेता हूँ
वैसे तो मुझको पसंद नहीं
बस ऐसे में पी लेता हूँ.

--समीर लाल 'समीर'

 

अब आप ही बताओ, कितना मजबूर हो जाता हूँ मैं!!

Indli - Hindi News, Blogs, Links

सोमवार, नवंबर 16, 2009

काश!! आशा पर आकाश के बदले देश टिका होता!!

काश!! आशा पर आकाश के बदले देश टिका होता!! वैसे सही मायने में, टिका तो आशा पर ही है.

जिन्दगी की दृष्टावलि उतनी हसीन नहीं होती जितनी फिल्मों में दिखती है. इसमें बैकग्राऊंड म्यूजिक म्यूट होता है, वरना तो जाने कब के गाँव जाकर बस गये होते. मुल्ला मचान पर बैठे, खेतों में नाचते गाते-मेरे देश की धरती, सोना उगले से..जिन्दगी नहीं कटा करती. काम करना पड़ता है और फिर किस्मत. वो तो दो कौड़ी की भी हिस्से में नहीं आई. बिना मशक्कत वो भी नहीं आती निठ्ठलों के हाथ.

शहर में नल में पानी नहीं आता और न अधिकतर समय बिजली-खेत में खों खों करते क्या खाक सिंचाई करोगे?

बारिश है कि ससुरी, बरसती ही नहीं. गरमी हालत खराब किये रहती है.

किस लिये ऐसा हो रहा है, सोचा कभी-पेड़ काटने के पहले और पेड़ न लगाने के बाद?

आशा लगाये बैठे हो चातक की तरह मूँह बाये कि हे बादल!! आ जाओ. बादल तो आते हैं मगर वो नहीं जिन्हें बुलाया. उनके न आने से संकट के बादल छाने लगते हैं. लो आ गये, बुलाये थे न!! काहे नहीं साफ साफ कहे, कि हे पानी वाले बादल, आ जाओ. मारे अनुष्ठान और यज्ञ सब कर डाले मगर डिमांड, एकदम अगड़मबगड़म!! तो लो, बादल मांगे थे, बादल आ गये-संकट के बादल छा गये.

flood

और फिर तुम रोने लगते हो. अपनी गलती मानने तैयार ही नहीं. तुमको जार जार रोता देख, संयम खोता देख, भगवान भी रहम खा जाता है और हड़बड़ी में इतने सारे बादल भेज देता है कि बाढ़ आने लगती है.

बादल आये मगर इतने आये कि साथ फिर संकट के बादल ले आये.

इस बार भी तुमने साफ साफ नहीं बताया कि बस, काम भर के पानी वाले बादल भेजना. बस, रोने लग गये कि वो रोता देख समझ ही जायेगा.

वैसी ही आशा सरकार से करते हो. ७०% को तो पता ही नहीं कि चाहिये क्या सरकार से. बस, जिस मूँह सुनो तित-सरकार कुछ करती ही नहीं और लगे रोने.

कितनी गलत बात करते हो कि सरकार कुछ करती ही नहीं. इतना सारा तो कर रही है, देखो, सरकार तुमको लूट रही है. सरकार मँहगाई बढ़ा रही है. सरकार भ्रष्टाचार मचा रही है. सरकार विद्वेष फैला रही है. सरकार पाकिस्तान से साठ साल से शांति वार्ता चला रही है. सरकार गद्दी बचा रही है. सरकार गठबंधन कर रही है. सरकार अपने देश पर ही हमला करने वालों को माफ करने में लगी है, सरकार देश के भीतर भाषा के आधार पर विघटन का सपना संजोए लोगों को मौन रह समर्थन दे रही है, सरकार ये कर रही है, सरकार वो कर रही है..अब क्या जान लोगे सरकार की. इत्ते के बाद भी कोई समय बच रहेगा क्या कि वो खोजे तुम क्या चाहते हो उससे करवाना?

कितने आराम से निश्चिंत होकर पान दबाये घर लौट आते हो ठेले पर बतिया कर. काम नहीं मिला, सरकार कुछ नहीं कर रही. खाना नहीं बना, सरकार जिम्मेदार. बच्चे को नौकरी नहीं मिल रही, सरकार जिम्मेदार. इलाज के आभाव में पिता जी गुजर गये, सरकार जिम्मेदार. बच्चा नहीं हुआ, सरकार जिम्मेदार, कुत्ते ने काट लिया, सरकार जिम्मेदार...और तुम, तुम्हारी जिम्मेदारी?

काहे चुने थे भाई ऐसी सरकार? साँप काटे था क्या?

बस, शाम शराब पिला दी या धमका दिया या कुछ रकम टिका दी और तुम समझे कि सब काम बन गया और लगा आये अपना सिक्का!! तो अब भुनाओ.

भईया मिले और कहने लगे कि हमें तो कोई पसंद ही नहीं इसलिये हम तो सिक्का लगाये ही नहीं और ऐन चुनाव के दिन, शहर से दूर, परिवार के साथ पिकनिक मना आये.

तो अब तुम्हारे हिस्से में पिकनिक ही बची है. खूब मनाईये और कोसिये सुबह शाम, कि सरकार कुछ नहीं कर रही.

किसी और ने नहीं चुनी है. तुमने नहीं चुनी, इससे क्या अंतर पड़ता है. भुगतना तो पड़ेगा तुम्हें ही उस पिकनिक के जश्न का मोल!!!

हर बात जीवन में अपना हिसाब माँगती है, एक तुम्हें छोड़कर.

जब भी मांगा हमने तुमसे, हक बतलाना भूल गये
तुम तो थे नादान मुसाफिर, आना जाना भूल गये
जैसा भी तुम कहते आये, हमने जीना सीख लिया
पर तुमसे आशा पानी की, क्यूँ बरसाना भूल गये.

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, नवंबर 11, 2009

क्या पता-कल हो न हो!!-एक लघु कथा

मेरे घर के बाजू में मोड़ पर एक जंगल रहता है. जबसे इस घर में आया हूँ, तबसे उसे देखता आ रहा हूँ. उसे न कहीं आना और न कहीं जाना.

तरह तरह के पेड़ हैं. मौसम के हिसाब से पत्तियाँ रंग बदलती रहती है. हरे से लाल, फिर पीली और भूरी होकर पेड़ों का साथ छोड़ देती है बरफ गिरने से थोड़ा पहले.

बर्फिली आँधियों में जब पेड़ों को सबसे ज्यादा उनके साथ की जरुरत होती है , तब वो पत्तियाँ उनके साथ नहीं होती.

पेड़ अकेले अपने नंगे बदन पर मौसम की मार झेलते रहते है, कड़कड़ाती ठंड भर. सब तरफ सन्नाटा और अपने आपको, अपने अस्तित्व को बचाते, चुभती सर्दी की मार झेलते वो पेड़.

TreeStory

मगर दिन तो एक से नहीं रहते हमेशा. हर दुख के बाद एक सुख आता है.

ठंड भी बीत जाती है और आता है सुहाना मौसम, फिर गुनगुनी गरमी.

अच्छे वक्त में वो पत्ते भी वापस आ जाते हैं और वो पेड़, फिर उसी तरह स्वागत करते हैं उन पत्तियों का. उनके साथ हँसते है, खिलखिलाते है, खुश होते है. चिड़ियों के मधुर संगीत को सुनते हैं.

जानते है कि फिर सब चले जायेंगे मुसीबत में साथ छोड़ कर लेकिन उसके लिए क्या आज का खुशनुमा पल और साथ भी गँवा दें.

नहीं!! जितने दिन की भी हो, वे उस खुशी को भरपूर जीना जानते है और शायद यही खुशी और इसका इन्तजार उन्हें मुसीबत के दिनों में बर्फिली आँधी को झेल जाने की ताकत देता है.

प्रकृति के नियम और स्वभाव तो सब ही के लिए एक से हैं. फिर हम क्यूँ किसी और के व्यवहार के चलते अपने खुशी के समय को भी खराब कर लेते हैं.

जब मिले, जैसे मिले, खुशियाँ मनाओ! क्या पता-कल हो न हो!!

-

एक लहर आती है, एक लहर जाती है,
आपस में मिल कर खुशियाँ मनाती है

-आज फिर उनसे मुलाकात होने को है.

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

सोमवार, नवंबर 09, 2009

चिट्ठाचर्चा और मैं..

कल रात वापस लौट आये दो दिवसीय मॉन्ट्रियल यात्रा से. कोई विशेष उल्लेखनीय कुछ भी नहीं. चाहें तो कहानी बनायें मगर अभी उद्देश्य कुछ और ही है.

शुक्रवार को मॉन्ट्रियल जाना पड़ा. वही ५.३० घंटे में ६०० किमी पूरा करने की आदत जिसमें आधे घंटे की कॉफी ब्रेक भी ली गई. एक बार आदत हो जाये तो कोई विशेष प्रयास नहीं करने होते. गाड़ी चालन में टोरंटो से मॉन्ट्रियल और वापसी भी आदत का हिस्सा सा ही बन गई है. बिना प्रयास ५.३० घंटे में जाना और उतने ही घंटे में वापसी.

कुछ ऐसा ही मेरे साथ टिप्पणी करने में भी है. कुछ खास प्रयास नहीं करने होते. बस, कुछ पढ़ा उर टिप्पणी हो ही जाती है. शायद आदत हो गई है इसलिए.

जब से ब्लॉग जगत में आया तकरीबन तब से ही चिट्ठाचर्चा पढ़ना भी आदत में शुमार हो गया. अच्छा लगता था सभी उल्लेखनीय पोस्टों की चर्चा एक ही जगह पढ़कर. जब भी कुछ लिखता था, इच्छा होती थी कि उसका उल्लेख भी चिट्ठाचर्चा में हो. शायद मेरे जैसे ही बहुतों को होती हो. फिर जब अपना उल्लेख चिट्ठाचर्चा में आया देखता तो मन पुलकित हो उठता.

सोचा करता था कि यह चर्चाकार किस आधार पर पोस्टों का चुनाव करते होंगे. कितना पढ़ना पड़ता होगा उन्हें, तब जाकर चर्चा कर पाते होंगे.

हमेशा कुछ ऐसे ही भाव मन में उमड़ते घुमड़ते रहते थे कि एकाएक एक दिन अनूप फुरसतिया जी ने मुझसे चिट्ठाचर्चा करने के लिए कहा. यकीन जानिये, पहली चर्चा करने के लिए मात्र लगभग १५ पोस्टों को मैने सारा दिन पढ़कर तब शाम को चर्चा की घबराते हुए.

अनूप जी और अन्य साथियों का खूब सहयोग और प्रोत्साहन मिला. फिर तो नियमित चर्चा करने की आदत सी बन गई.

मुझे याद आता है, उस वक्त संजय बैंगाणी जी मध्यान चर्चा किया करते थे. तब इतनी कम पोस्टें आती थी कि अक्सर मध्यान चर्चा में ही सारी पोस्टों का जिक्र हो जाता था तो रात में हमारे पास चर्चा करने को कुछ बाकी ही नहीं रह जाता था.

फिर जब पोस्टों की संख्या बढ़ने लगी तो बहुत प्रयासों के बाद भी बहुत सी पोस्टों का जिक्र छूट जाता. हमारे साथ रचना बजाज जी जुड़ीं और हम और रचना जी मिलकर अपने निर्धारित दिन चर्चा करने लगे..आधी हम लिखकर भेज देते और आगे आधी वो.

बहुत यादगार पल गुजरे चिट्ठाचर्चाकार मण्डली के सदस्य की हैसियत से. कभी मतभेद भी हुए, हिन्द युग्म में कॉपी पेस्ट का ताला लगा तो अच्छा खासा तूफान भी खड़ा किया इसी मंच से. फिर सब मामला रफा दफा हो गया. उस वक्त के विवादों में अच्छाई यह होती थी कि न तो कभी वो बहुत व्यक्तिगत हुए न ही कभी दीर्घकालिक. अनेक मुण्डलियाँ रची गई, लोगों द्वारा पसंद की गईं.

मुझसे एक दिन पहले शायद मंगलवार को गीतकार राकेश खण्डॆलवाल जी गीतों में चिट्ठाचर्चा किया करते थे जो कि चिट्ठाकारों के बीच खासा लोकप्रिय था.

समय बीतता रहा. अक्सर कोई चर्चाकार व्यक्तिगत वजहों से अपने निर्धारित दिन चर्चा न कर पाता तो अनूप जी डंडा लिए खड़े नजर आते कि चलिये, आज आप चर्चा किजिये. कभी अनूप जी लखनऊ निकल लिए तो टिका गये.

जब हम जरा सीनियर हुए चर्चामंडल में, तो हम भी यह गुर सीख गये और अपना निर्धारित दिन लोगों को टिकाने लगे.

टिकाते टिकाते मौका देखकर कब हम इस जिम्मेदारी से निकल भागे, खुद को भी समझ नहीं आ पाया.

फिर आदत तो आदत होती है, चर्चा न करने की आदत नई लग गई. आराम तो मिलने ही लगा जिम्मेदारी से भाग कर. बस, भाग निकले. निट्ठल्लों को भी निट्ठलाई में कितना आनन्द आता है, यह तब जाना और आज तक उसका आनन्द उठा रहे हैं जैसे हमारे नेता, फिर देश जाये भाड़ में, की तर्ज पर हमने भी चिट्ठाचर्चा तज दी.

जब आपको मेहनत न करनी हो, तो नुस्ख निकालना सरल होता है और अपने मेहनत न कर पाने की हीन भावना को मलहम भी लग जाता है, गल्तियाँ निकाल कर. सो, अन्य अनेकों की तरह आजकल वह भी कर लेते हैं कभी कभी. बड़ा स्वभाविक सा प्रोगरेशन है.

इन सबके बावजूद, आज भी जब कभी पोस्ट लिखते हैं तो उसके बाद आई चिट्ठाचर्चा में नजर अपनी पोस्ट तलाशती जरुर है. भले ही वो मिले या न मिले.

आज पता चला कि चिट्ठाचर्चा मंच से १००० वीं पोस्ट आ रही है. इस ऐतिहासिक दिवस पर इस मंच का हिस्सा होने का गर्व है, प्रसन्नता है और मेरी समस्त शुभकामनाएँ इस मन्च को और इससे जुड़े तमाम लोगों को.

आशा करता हूँ कि समय के साथ मंच और सुदृढ़ होता जायेगा और नये कीर्तिमान स्थापित करेगा.

हार्दिक बधाई एवं अनन्त शुभकामनाएँ.

Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, नवंबर 04, 2009

आसमानी रिश्ते भी टूट जाते हैं..

आज शाम से ही तेज आँधी चल रही थी. वह अपने कमरे की खिड़की से बैठा सामने लगे ऊँचे ऊँचे देवदार के पेड़ों को हवा के साथ बार बार झुकता और हवा कम हो जाने पर सीधा ख़ड़े होते देख रोमांचित हो रहा था. वह देख रहा था कि तेज अंधड़ न जाने कितने वृक्षों को जड़ से उखाड़ फैंका और अपने साथ ले उड़ा. हवा की सांय सांय की आवाज में उन वृक्षों की चरमराहट, टूटने की आवाजें सब दब कर रह जा रही थीं.

एकाएक उसे याद आया कि ऐसी ही एक आँधी, पलायन की आँधी, विकल्पहीनता के गर्भ से उठी बेहतर विकल्प की दिशा में बहती आँधी, जिसका मुकाबला करते जाने कितनी बार झुक कर वह सीधा खड़ा हो गया था किन्तु एक तेज झोके के साथ वह जड़ से उखड़ आ पड़ा था सात समुन्दर पार अमरीका में.

नये माहौल का उत्साह, बेहतर सुविधाओं की चमक दमक, अंतहीन विकल्प और जल्द ही वह आदी हो गया इन सब का. जड़ों से छूट जाने क दर्द यहाँ की तड़क भड़क की तेज रफ्तार भागती जिन्दगी में गुम होकर रह गया ठीक वैसे ही जैसे उसकी अपनी पहचान.

कभी खाली वक्त में वह जड़ों को याद भी करता, फोन लगता उनसे संपर्क स्थापित करने की कोशिश में ध्वनि तरंगों के माध्यम से किन्तु ध्वनि तरंगो में वह जुड़ाव कहाँ कि कुछ भी जुड़ सके. न स्पर्श और न गंध. शीघ्र ही वायुमंडल में वह विलुप्त हो जाती और जीवन फिर अपने उसी ढ़र्रे पर चल निकलता.

samsam

शादी हुई, बच्चे हुए. व्यस्तताऐं ऐसी कि सुरसा सा मूँह बाये बढ़ती ही गईं. माँ नहीं रहीं. हफ्ते भर को जड़ों तक जा अपना कर्तव्य पूरा कर फिर लौट आया. जल्द ही खबर आई कि पिता जी भी नहीं रहे. एक बार फिर वही कर्तव्य निर्वहन और वापसी. अब तो कोई और वजह भी न बची कि वह लौट सके.

समय गतिमान है और उसकी अपनी गति होती है. न तो वह आपका इन्तजार करता है और न ही वापस लौटता है. विजयी वह जो उसकी गति से अपनी गति मिला ले. न मिला पाये तो पराजित. माँ ने बताई थी कभी बचपन में यह बात उसे.

आज जब वह घर से निकल कर हाईवे में अपनी गाड़ी उतारता है तो हाई वे मिलाने वाली सड़क पर उसे अपनी गाड़ी की गति बढ़ाते बढ़ाते १०० के आसपास ले जाना होती है, तभी हाईवे पर तेज रफ्तार कारों के काफिले में वो शामिल हो पाता है. जब भी वह ऐसा करता है उसे माँ का बताया मंत्र समय का याद हो उठता है और माँ की याद जहन में आ जाती है. उस याद को सर झटक कर अलग करने का गुर भी वह इसी समय के साथ साथ सीख गया है और चल पड़ता है दफ्तर की ओर, एक नये दिन की नई शुरुवात करने.

बच्चे बड़े हुए. अपने अपने काम काजों से लग गये और एक बार फिर वही, अब बच्चे घर से दूर अपने लिए बेहतर विकल्प तलाशते. आश्चर्य होता है सदियों से ऐसा देख कर कि बेहतर विकल्प घर से दूर ही होते हैं अक्सर, न जाने क्यूँ. किस बात के लिए बेहतर विकल्प- क्या रोजगार के लिए, स्वतंत्र जिन्दगी के लिए, नया कुछ जानने के लिए कि बस, एक नया रोमांच.

अब वह खाली रहने लगा, न पहले की तरह काम करने की आवश्यक्ता रही और न ही तन में उतनी शक्ति. खाली मन स्वभावतः यादों की वादियों में टहलने का आदी होता है..तब वह कोई अजूबा नहीं. एक साधरण मानव ही तो है.

आज इस आँधी ने उसे बचपन के उस गाँव पहुँचा दिया, जहाँ उसने माँ की ऊँगली पकड़ कर चलना सीखा था. अपने पिता के विशाल व्यक्तित्व को अपना नायक माना था. पिता जी स्कूल में मास्टर थे और हृदय से कोमल होने के बावजूद अनुशासन के मामले में बेहद सख्त. पूरे गाँव के बच्चे उनसे डरा करते थे.

पिछले बरस, जब वह रिटायर हुआ तो उसके विभाग ने उसके इतने वर्षों के सेवाकाल के प्रसन्न हो उसे एक विदाई समारोह में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. आज वह प्रशस्ति पत्र ठीक इसी खि़ड़की के उपर फ्रेम में जड़ा टंगा है मगर अब जब वह याद करता है कि बचपन में उसे स्कूल की वाद विवाद प्रतियोगिता में जीत के लिए सरपंच महोदय के हाथों एक कप प्रदान कर सम्मानित किया गया था तो यह खुशी उस खुशी के सामने एकदम फीकी नजर आती है. पिताजी कितने खुश थे और स्टेज पर उठकर उन्होंने उससे हाथ मिला कर गले लगाया था. फिर शाम चन्दु हलवाई के यहाँ से रबड़ी लेकर आ गये थे.

एक बार दीवाली पर दादा जी ने उसे बाजार से सफेद धोती कुरता दिलवाया था. तब वह तैयार होकर हाथ में छड़ी ल्रेकर पिता जी बन गया था. पिता जी ने फोटोग्राफर मोहन चाचा को बुलवाकर अपनी गोद में बैठाकर उसकी तस्वीर खिंचवाई थी. अब न जाने वह तस्वीर भी कहाँ होगी. होती तो आज एक बार उसे फिर जरुर देखता. शायद गाँव में हो मगर कहाँ.

कहते हैं कि गाँव में कोई देखने वाला बचा नहीं. मकान ढह गया और फिर वहाँ कुछ दुकानें खुल गई. उस जमाने में तो कोई कागज पत्तर भी नहीं होते थे. होते तो भी अब तक कौन सहेजता जब वह खुद ही कभी वापस नहीं गया. शायद उसी मकान के मलबे के साथ फैक दी गई होंगी वह तस्वीरें भी और वह कप भी.

याद आते हैं वह खेत जहाँ अपने दादा के कँधों पर बैठकर वह रोज जाया करता था और वह दोस्त किश्नु और जगतारा, जिनके साथ वह स्कूल में पढ़ा और दोपहर भर खेला करता था. उसे याद आया कि एक बार किश्नु और जगतारा के साथ वह बिना किसी को बताये तालाब पर तैरने चला गया था और किश्नु डूबने लग गया था. तब उसने कितनी जोर जोर से हल्ला मचा कर सबको इक्कठा किया था और किश्नु को सबने बचा कर निकाल लिया था.

उस शाम तीनों को अपने अपने घर में खूब मार पड़ी थी. तब वह सुबकता हुआ अम्मा के पास दुबक गया था. अम्मा ने गरम दूध करके उसमें रोटी शक्कर डाल कर अपने हाथ से खिलाया था और फिर गरम पानी से उसकी सिकाई करती रही और वह सुबकते सुबकते सो गया था.

आज याद करते करते एकाएक उसका हाथ कंधे पर चला गया जहाँ उस रात सबसे ज्यादा दर्द था. एकाएक माँ का सिंकाई करना याद आया. आँखें नम हो गईं. मगर अब क्या, अब तो बस वह यादें ही शेष हैं और उन्हीं यादों की वादियों में माँ के स्पर्श का एहसास. कितनी देर कर दी उसने. अब गणित लगाने से भी क्या फायदा देर जल्दी का, क्या पाया क्या खोया का.

सोचता है तो लगता है क्या यही बेहतर विकल्प होता है जिसको पाने के लिए इन्सान अपना सर्वस्व खोता है.नहीं, शायद नहीं. यह तो शायद उम्र की उमंग होती है जो दूरदृष्टि के आभाव में यह समझ ही नहीं पाती कि क्या होता है वाकई बेहतर विकल्प और जब तक यह बात समझ आ पाती है, वापसी के सारे द्वार बंद हो चुके होते हैं और बच रहता है बस एक और एक मात्र विकल्प!! खिड़की पर बैठे नम आँखों से यादों की वादियों में विचरण!!!

आसमानी रिश्ते भी टूट जाते हैं..
बारिश यूँ ही बेवजह नहीं होती...

-आज फिर मेरी आँख बरसी है.

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, नवंबर 01, 2009

महान होने का अरमां..हाय!!!

हर व्यक्ति की इच्छा होती है कि वो महान कहलाये, अभी न भी सही, तो कम से कम मरणोपरांत.

हमारे एक मित्र तो इसी चक्कर में माला पहन कर अगरबत्ती समाने रखकर तस्वीर खिंचवा लिये कि घर में टंगी रहेगी. कोई माला पहनाये न पहनाये, अगरबत्ती जलाये न जलाये, तस्वीर महानता बरकरार रखेगी. साथ ही कुछ कार्ड छपवा कर फोटो के सामने रख दिये हैं..स्व. कुंदन लाल गुप्ता...क्या पता बाद में कोई स्वर्गीय कहे न कहे. जमाना तेजी से बदल रहा है.

एक मित्र नगर निगम को १५ लाख डोनेशन देकर मरे कि मरने के बाद चौराहा उनके नाम कर दे या एक सड़क का नाम, गलीनुमा ही सही, उनके नाम हो जाये. हुआ नहीं, सब खा पी गये, यह अलग बात है. उनकी दूरदृष्टि का दोष, कि ऐसे निकम्मे्पन को भाँप न पाये. हम और आप ही कहाँ भाँप पा रहे रहे हैं, हर बार हाय करके रह जाते हैं.

लोग वसीयत तक का फॉरमेट इस तरह बदल डाल रहे हैं कि उनकी महानता स्थापित हो पाये. गोया..मेरी जायजाद का आधा हिस्सा मेरे बेटे को उसी हालत में दिया जाये जबकि वो मेरी बाकी आधी जायदाद को इस्तेमाल कर मेरी स्मृति एक वृद्धाश्रम खोले.

क्या क्या नहीं करता इंसान अपना नाम कायम किए रहने के लिए और खुद को महान घोषित करवाने के लिए.

लोग जब मर जाते हैं तो लोग उनके कहे में से सुभाषित ढ़ूंढ़ते हैं. महात्मा गाँधी ने ये कहा, लूथर किंग ने ये कहा, हिटलर ऐसा कह गये. वो सिर्फ इतना कह कर मर नहीं गये. उन्होंने इससे लाख गुना कहा मगर उसमें से इतना भर सुनने लायक है जो उन्हें महान बनाता है.

वो तो रोज सुबह शाम ही कुछ न कुछ कहते ही रहते थे. उसमें से इतना ही है एक लाईना...सुनने लायक.  उनका काम ही कहना था...आप बस इतना सुनो..और उनकी महानता का जयकारा लगाओ. सारा सुन कुछ फायदा नहीं, वितृष्णा ही मिलेगी. खामखाँ मन खट्टा होगा, स्वास्थय बिगड़ेगा.

कौन जाने हमारे कहे में से ऐसे सुभाषित कोई खोजे न खोजे.. एक लईना में? कौन जाने कहीं कोट हो न हो. या फिर ऐसा भी हो सकता है कि कोई अपने नाम ही से हमारी कही महान बात न छाप जाये इस खराब जमाने में. किसे पता चलेगा कि इतनी बड़ी उड़नतश्तरी में ये कहाँ लिखा है. किसी का भरोसा तो रहा ही नहीं..

इसलिए हमने सोचा कि अभी तक लिखे में खुद ही छांट कर अलग कर दें इस टाईप के सुभाषित और फिर हर एक नियमित समयांतराल में करते चलेंगे. और कुछ ध्यान में न भी होंगे तो आप बता देना. इससे एक तो किसी और को मेहनत न करना पड़ेगी और महान बनने में सरलता रहेगी. बताईये, ठीक है क्या यह आईडिया?

statue

  • प्रशंसा और आलोचना में वही फर्क है जो सृजन और विंध्वस में.

 

  • गिनती सीधी गिनो या उल्टी, अंक वही होते हैं. सिर्फ क्रम बदल जाते हैं.

 

  • मैं और तू सामने वाले पास भी वही विकल्प प्रदान करते हैं मैं और तू वाले.

 

  • साहयता से गुरेज मात्र आत्म विश्वास का दिखावा है. हर व्यक्ति साहयता चाहता है.

 

  • एसी की आहर्ता रखने वाले को आप एसी का किराया देकर सिर्फ बुला सकते हैं जबकि तृतीय श्रेणी की आहर्ता रखने वाले को एसी का किराया देकर बुलाने पर आप उसे कुछ भी सुना सकते हैं.

 

  • शराब सोडे मे मिलाओ या सोडा शराब में. नशा शराब का ही होता है.

 

  • कलम की छांव में पलते शब्द आलसी हो जाते हैं. किसी काम के नहीं रहते. उन्हें ताप की जरुरत है.

 

  • कुनबा एकरस लोगों का हो, यह जरुरी न्हीं. सबकी अपनी राय और सबकी अपनी महत्ता होती है.

 

  • हर लिखा पठनीय हो, यह आवश्यक नहीं किन्तु हर पठनीय लिखा हो, यह जरुरी है और ब्लॉग यह सुविधा प्रदान करता है.

 

  • चिल्लर की तलाश में रुपये गँवाने वालों को सलाह है कि वो सरकारी नौकरी प्राप्त करने की कोशिश करें.

-समीर लाल 'समीर'

बताईयेगा, आपके क्या विचार हैं?

Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, अक्टूबर 28, 2009

पुल के उस पार से: इलाहाबाद दर्शन

जाने कितना नुकसान कर बैठा मैं हिन्दी साहित्य का इन पिछले चार दिनों में मात्र. सब माफ कर देंगे, सब मेरे अपने हैं मगर नहीं माफ करेगा मुझे तो हिन्दी साहित्य का इतिहास. वो मुझसे वैसे भी नहीं सध पाता.

न जाने क्या क्या निबंध, आलेख, शोध पत्र, संस्मरण आदि लिखे इन चार दिनों में और मिटा दिये मगर शीर्षक सहेज लिये कि शायद भविष्य में काम आयें.

आजकल यूँ भी पहले शीर्षक और फिर विषय वस्तु लिखी जाती है नये फैशन में. पहले विषय वस्तु के आधार पर शीर्षक निर्धारित होता था मगर वो पुराना जमाना था पुरनियों का.पुरानों की इज्जत करने वाले अब बचे भी नहीं. परसाई जी भी कह गये हैं कि बुजुर्गों को पूजनीय बना कर पूजागृह की शोभा बढ़ाने के लिए बैठा दिया जाता है. इसलिए जरा पुराना कहलाने से बचता हूँ और नये जमाने के साथ कदमताल करने का प्रयास रहता है. बस, और क्या! इसीलिये बचा लिए शीर्षक.

आप भी देखिये न..आगे इन पर एक एक करके फिर से लिखता रहूँगा शीर्षकानुसार:

  • निबंध: महाकुंभ के कुंभी
  • गंगा में पावन डुबकी-संस्मरण
  • दाना चुगते मानस के राजहंस-निबंध
  • जी हजूर!
  • ठेले पे मेला : किसने किसको झेला (हास्य विनोद)
  • दर्जा सभ्यता
  • सरकारी मेहमान : हमारे जजमान
  • लाईव रिपोर्टिंग : नॉट सो लाईव-समाचार विश्लेषण
  • गला मिलन समारोह
  • छुक छुक गाड़ी टू परयाग
  • बिना तिलक के पण्डे
  • तालियों की कराहट
  • बिन चहा (चाय) भजन नइ होवै
  • रिक्शे की सवारी: यात्रा वृतांत
  • रेत में नौका विहार का आनन्द: डूबने का खतरा नहीं
  • आस्था के दीपक का प्रवाहित होना: एक चिंतन
  • हँसमुख लाल की खिलखिलाहट
  • मइया तेरो बिकट प्रताप: एक मौलिक आरती
  • कागज के श्रृद्धा सुमन
  • शोध पत्र: चमकाऊ भाषण- एक कला या विज्ञान
  • विवेचना: मच्छर दंश: प्रेम प्रदर्शन या हमला
  • दो दिवस का एक युग: पौराणिक कथा
  • जासूसी कथा: कँघी गुमने का रहस्य
  • इलाहाबाद के पथ पर, वो तोड़ती थी पत्थर: २००९ में पनुः आंकलन
  • संगम- क्या मात्र तीन नदियों का: विमर्श
  • इलाहाबाद- राजनैतिक और धार्मिकता के केन्द्र के बाद-सन २००९ में सिंहावलोकन
  • गुल्लक कै पैसे: उसके कैसे- एक तुकबन्दी
  • घुटना टेक: छात्र जीवन का एक संस्मरण
  • शीर्षासन में देखी दुनिया जैसा: एक विचित्र अनुभव वृतांत
  • कव्वों की भीड में हंस या हंसों की भीड़ में कव्वा - एक मोरपंखी मुकुटधारी की रिपोर्ट
  • मंदिर से अजान: बदलते फैशन पर एक विशेषज्ञ की राय
  • साधना का महत्व: ज्ञानवार्ता
  • इलाहाबाद से हरिद्वार जाती गंगा में नौका विहार
  • शेषनाग की शैय्या के खाली स्थान पर लंबलेट: एक थ्रिलर
  • हाशिये पर ढकेलती: उंगली वाली बंदूक - एक कविता
  • तुम्ही अब नाथ हमारे हो: एक स्वीकारोक्ति.

इन्तजार करियेगा इनका. आते रहेंगे समय बे समय. मैं लिखूँ या कोई और-क्या फरक पड़ता है. कुछ शीर्षकों के लिए तस्वीरें इक्कठी करने का काम भी शुरु कर दिया है. एक तो रंजना भाटिया जी के यहाँ से चुरा ली है और बाकी गुगल से. बाकी का जुगाड़ भी हो ही जायेगा.

blogger meet

boat

corner

मैं जब भी घर से कहीं किसी और शहर कुछ दिन के लिए जाता हूँ तो मेरी आदत है कि सामान रखने के पहले इत्मिनान से बैठ कर लिस्ट बना लेता हूँ फिर सामान मिलान करके रखता हूँ ताकि कुछ छूट न जाये. हर बार नये अनुभव प्राप्त होते हैं तो लिस्ट बढ़ती घटती रहती है. अभी अभी नये प्राप्त अनुभवों से लिस्ट में कुछ सामान और जोड़ दिये है, शायद आगे काम आये अगर कहीं बुलाये गये. दो दिन के लिए तीन दिन का सामान ले जाना हमेशा ठीक रहता
है उस हिसाब से:

तीन शर्ट, तीन फुल पेण्ट, एक हॉफ पैण्ट (नदी स्नान के लिए), एक तौलिया, एक गमझा (नदी पर ले जाने), एक जोड़ी जूता, एक जोड़ी चप्पल, तीन बनियान, तीन अण्डरवियर, दो पजामा, दो कुर्ता, मंजन, बुरुश, दाढ़ी बनाने का सामान, साबुन, तेल, दो कंघी ( एक गुम जाये तो), शाम के लिए कछुआ छाप अगरबत्ती, रात के लिए ओडोमॉस, क्रीम, इत्र, जूता पॉलिस, जूते का ब्रश, चार रुमाल, धूप का चश्मा, नजर का चश्मा, नहाने का मग्गा, बेड टी का इन्तजाम (एक छोटी सी केतली बिजली वाली, १० डिप डिप चाय, थोड़ी शाक्कर, पावडर मिल्क, दो कप, एक चम्मच), एक मोमबत्ती, माचिस, एक चेन, एक ताला, दो चादर,  एक हवा वाला तकिया.

बाकी इलेक्ट्रॉनिक आइटम की सूची अलग से है.

मुझे तो लगता है कि लिस्ट पूरी है, कुछ छूटा हो तो बताना.

खैर, यह सब तो ठीक है लेकिन जाने इसी दौरान यह कविता कलम का सहारा लेकर उतर आई. थोड़ी गंभीर है, अतः निवेदन है कि जरा डूब कर भाव समझने का प्रयास करें. सोचता था कि इस कविता को अलग से प्रस्तुत करुँगा मगर दो मूड और एक पोस्ट की तर्ज पर प्रस्तुत कर ही देता हूँ:

मैं हाशिये पर हूँ

इसलिये नहीं कि

मुझे हाशिये में रहना पसंद है

इसलिये नहीं कि

मुझमें ताकत नहीं

इसलिये नहीं कि

मैं योग्यता

नहीं रखता..

मैं इसलिये हाशिये पर हूँ क्यूँकि

मैं बस मौन रहा और

उनके कृत्यों पर

मंद मंद मुस्कराता रहा!!

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, अक्टूबर 25, 2009

कायलियत के कायल- कैसे कैसे घायल?!!

कायल एक ऐसी विकट और विराट चीज है जो कोई भी हो सकता है, कभी भी हो सकता है, किसी भी बात से हो सकता है और किसी पर भी हो सकता है.

मैने देखा है कि कोई किसी की आवाज का कायल हो जाता है, कोई किसी की सुन्दरता का, कोई किसी के लेखन का, कोई किसी के स्वभाव का और यहाँ तक कि कोई किसी की मौलिकता पर ही कायल हो जाता है.

अब मौलिकता पर भी कायल सिर्फ शुद्ध मौलिकता की वजह से नहीं बल्कि इसलिये कि वैसी मौलिकता और कहीं कम से कम उन्होंने नहीं देखी. कायल होने की और करने की स्वतंत्रता सभी को हासिल है. जहाँ आप अपनी सूक्ष्म दृष्टि या बुद्धि की कुशाग्रता की वजह से कुछ आंक कर कायल हो सकते हैं, वहीं आप अपने दृष्टि दोष के कारण या मूढ़ता की वजह से भी कायल हो सकते है.

’कायलता’ की इसी स्वतंत्रता का तो मैं कायल हूँ. 

भाई साहब, आपने लालू का नाम तो सुना होगा?

अरे, हम तो उनकी स्टाईल के कायल हैं.

याने कि इससे अर्थ निकलता है कि कायल होने के लिए यह जरुरी नहीं कि आप किसी की बुद्धि के कायल हों,  तो वो उसकी कुशाग्रता के ही हों.. तब तो वह कुशाग्रता की कायलियत कहलाई. बुद्धि का कायल होना बेवकूफी पर कायल होना भी अपने आप में समाहित करता है.

’कायल’ शब्द की यह व्यापकता भी कायल कर जाती है.

जब आप अपनी ओजपूर्ण रचना सुना कर फारिग हों तो सुना होगा, भाई साहब, क्या आत्मविश्वास है आप में. हम तो कायल हो गये.

आप खुश हो गये?

अगर आप की रचना वाकई अच्छी होती तो वो रचना का कायल होता या फिर आपकी ओजपूर्ण शैली अगर वाकई ओजस्वी होती, तो वो आपकी शैली का कायल होता. इन दोनों बातों को छोड़ वो आपके आत्मविश्वास का कायल हुआ-सोचिये.

याने अगर इसका गुढ़ अर्थ निकालने के लिए अगर गहराई में उतरा जाये तो आप जान पायेंगे कि न तो आपकी रचना इतनी प्रभावशाली है और न ही ओजपूर्ण शैली इतनी ओजस्वी है कि उसका कायल हुआ जाये, उसके बावजूद भी आप पूरी ताकत से खड़े अपनी रचना पूरी होने तक मंच और माईक संभाले रहे और मुस्कराते हुए मंच से उतर रहे हैं तो इसे आपका आत्मविश्वास नहीं तो और क्या कहेंगे. वाकई, आपका आत्मविश्वास कायल होने योग्य है. बस, इतना ही तो वो आपको बताना चाह रहा था.

’कायल’ शब्द के इसी सामर्थ्य पर तो मैं कायल हुआ जाता हूँ.

मैने कई शरीफों को गुण्डों के आतंक से और पिटने से बचने के चक्कर में यह कहते सुना है कि भाई, हम तो आपके नाम के ही कायल हैं, क्या सिक्का जमाया है आपने एरिया में. ये लो, नाम के ही कायल हो गये और वो भी इसलिये कि क्या सिक्का जमाया है.

ऐसी कायलता चमचागीरी में भी देखने में आती है अपना काम साधने के लिए.

कोई अपने गुरु के ज्ञान का, कोई चेले के चेलत्व का, कोई इसका और कोई उसका कायल होते दिख ही जाता है. यहाँ तक की गुरु अपने गुरुत्व को बचाने और चेले को सहजने के लिए भी चेलत्व का कायल हो लेता है. वो भी जानता है कि अगर चेला ही नहीं रहा तो गुरु कैसा? एक दूसरे की पूरकता बनाये रखने के लिए भी इस कायलता रुपी सेतु को टिकाये रखना अपरिहार्य हो जाता है.

कायल होना और कायल करना अक्सर एकाकीपन भी दूर करता है. कायल किये और कायल हुए लोग एक दूसरे के करीब से आ जाते हैं, इस तरह से एक गैंग जैसा संगठन बन जाता है और फिर सामूहिकता की ताकत को कौन नकार सकता है. अगर कोई सामूहिकता की ताकत को नकार सके तो बताये, मैं उनकी अल्पबुद्धि का आजीवन कायल रहूँगा.

dandavat

मैं यह कतई सिद्ध करने की कोशिश में नहीं हूँ कि कायलता का कोई महत्व नहीं है. बहुत महत्वपूर्ण है किसी बात का कायल हो जाना या किसी को कायल कर देना किन्तु मेरा उद्देश्य मात्र यह है कि कायल होने या करने की महत्ता आंकते समय ये जरुर देख और परख लें कि कौन, किस बात पर, किससे और किसलिये कायल हुआ.

यूँ ही व्यर्थ खुश न हों मात्र किसी के कायल हो जाने पर या किसी को कायल करके. वरना कोई आपकी खुशी का ही कायल न हो जाये.

मेरी पसंद:

शोख अदा का उसकी, कायल हुआ जाता हूँ मैं,
एक नजर से उसकी, घायल हुआ जाता हूँ मैं.

-समीर लाल ’समीर’

(वैसे मेरी पसंद में दूसरों की रचना लगाई जाने की प्रथा है लेखन जगत में, मगर यहाँ हम खुद ही खुद के कायल होने के हिसाब से खुद की रचना लगा दे रहे हैं, कृप्या अन्यथा न लें.)

सुरक्षा कवच: यह आलेख मात्र हास्य विनोद के लिए लिखा गया है. कोई भी कायल व्यक्ति इसे अपने पर कटाक्ष न मानें और इसे पढ़कर मुझ पर कायल होने का मन हो आये तो व्यंग्यकारी की बजाय विनोदप्रियता टॉपिक के अंतर्गत कायल हों.

Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, अक्टूबर 21, 2009

वो झिलमिलाती यादें: विल्स कार्ड भाग ६

पहले की तरह ही, पिछले दिनों विल्स कार्ड भाग १ , भाग २ , भाग ३ ,भाग ४ और भाग ५ को सभी पाठकों का बहुत स्नेह मिला और बहुतों की फरमाईश पर यह श्रृंख्ला आगे बढ़ा रहा हूँ.

(जिन्होंने पिछले भाग न पढ़े हों उनके लिए: याद है मुझे सालों पहले, जब मैं बम्बई में रहा करता था, तब मैं विल्स नेवीकट सिगरेट पीता था. जब पैकेट खत्म होता तो उसे करीने से खोलकर उसके भीतर के सफेद हिस्से पर कुछ लिखना मुझे बहुत भाता था. उन्हें मैं विल्स कार्ड कह कर पुकारता......)

कल शाम खिड़की के बाहर नजर पड़ी तो देखा कि आसमान एकदम पास तक उतर आया है. हाथ बढ़ा कर जितना मन चाहे तारे तोड़ लूँ और अपने पास रख लूँ.

हाथ बढ़ा कर कुछ तोड़े भी, मगर हाथ कुछ नहीं आया. बस वो आसमान के संग ही चमकते हैं. समेटो तो कुछ हाथ नहीं लगता. उन्हें देखना, अहसासना, उनकी सुन्दरता का लुत्फ उठाना-बस इतना ही है हमारे लिए. वो जहाँ हैं वहीं के लिए हैं. वहीं से अच्छे हैं-एक खुशनुमा अहसास देते. पास लाने की और समेट लेने की कोशिश में अहसास भी जाता रहेगा. बस फिर एक अंधेरा बच रहेगा.

कितना स्वाभाव एक सा है इन सितारों का और मेरी पुरानी गठरी में टंके उन यादों के सलमों का. जब जब समेटने की कोशिश करता हूँ, पास बुलाता हूँ. हाथ कुछ नहीं लगता. हाँ, एक खालीपन का नया अहसास और पा लेता हूँ.किस काम का है ऐसा खालीपन-वैसे ही जैसा बिना सितारों वाला घुप्प काला आसमान.

उन्हीं यादों में वो यादें भी शामिल हैं जो चन्द विल्स सिगरेट की खाली डिब्बियों से बने कार्डों पर शब्द रुप में अंकित हैं. जिन्हें मैं प्यार से विल्स कार्ड बुलाता हूँ. किन्तु अंकन तो बस एक दस्तावेज है बिल्कुल वैसा ही जैसे यह सब यादें मानस पटल पर दर्ज हैं झिलमिल झिलमिल सी.

दस्तावेज पलटता हूँ..मानस पटल पर टटोल कर देखता हूँ, एक सुखद अहसास होता है. मुस्कराता हूँ और फिर लौट आता हूँ अपने उस आज में जो कल फिर खुशनुमा यादों का हिस्सा बनेगा. शायद यही तरीका भी है जिन्दगी जीने का और उन खुशनुमा अहसासों को खुशनुमा रखने का.

आज फिर ऐसे ही कुछ दस्तावेज..ऐसे ही कुछ पलों की यादें, जब इन्हें न जाने क्या सोचते और न जाने किन स्थितियों में बम्बई की मायानगरी के उस हॉस्टल के रुम मेटों की भीड़ से भरे वीरान कमरे के किसी कोने में बैठ दर्ज किया था. तब से अब तक के जिन्दगी के एक लम्बे सफर के बाद भी ये यादें वहीं खड़ी हैं और अक्सर अपने नजदीक होने का अहसास, हाँ सुखद एहसास दिलाती हुई झिलमिलाती हैं.

sb1

~१~

जब घर में
भीड़ भाड़ थी
हर तरफ कोलाहल
मैं खोजता था
एक कोना...
जहाँ सन्नाटा हो..
कोई आवाज नहीं..
बस मैं और मेरी सोच..

कुछ कोशिश के बाद
मिल भी जाता था
मुझे एक कोना ऐसा..

आज जब घर में
सिर्फ सन्नाटा है
और मैं खोज रहा हूँ
कोलाहल...
कुछ भीड़ भाड़..

बहुत कोशिश कर
हार जाता हूँ मैं
नहीं मिलता
मुझे कोई कोना ऐसा...

कैसी विडंबना है यह!!

क्या यही जीवन है??

~२~

सब को खुश रखने की
ख्वाहिश मे..

न जाने कितने
दुख पाये हैं मैने..

न जाने कितने
आंसू बहाये हैं मैने...

~३~

पहाड़ सी ऊँचाई से
नीचे देख

डर जाता हूँ मैं...

वहीं से आया
हूँ मैं..

कैसे भूल जाता हूँ मैं!!

~४~

एक छूअन का

अहसास

तेरी...

हर वक्त

साथ लिए

फिरता रहा हूँ मैं...

उठ उठ कर

न जाने क्यूँ

गिरता रहा हूँ मैं...

~५~

मुड़ कर देखता हूँ

जब भी..

तू ही नजर आती है...

सुना था

किसी से...

जिन्दगी

यूँ ही कहर ढाती है...

~६~

एक

अहसास

तेरे पास होने का...

झूठ ही सही..

अपने खास होने का...

-समीर लाल 'समीर'

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, अक्टूबर 18, 2009

मारो...मारो!!!!

मारो मारो.....

पहचान का है...मारो मारो..बम मारो...

वो पचास की भीड़ मिल गई..एक ही पहचान का है..कोई बात नहीं..सबको मारो..धम...धम!!!

वो सवा सौ लोग..किसी को नहीं जानते..अरे, लेकिन उसमें से एक ने बम फेंका है...तुम भी सबको मारो..मारो मारो..धम धम....धमा धम...

यहाँ से मारो...वहाँ से मारो...

ये हालात हैं दिवाली पर...

लेख से मारो, टिप्पणी से मारो..ईमेल से मारो, ट्विटर पर मारो..आर्कुट पर मारो..फेस बुक पर मारो...एस एम एस से मारो.....

शुभकामना, बधाई..मंगलकामना....

लेख वाला बम मारो, कविता वाला, व्यंग्य वाला..मगर मारो..बम..धम धम!!

हम भी जुटे रहे जमाने का चलन देख...धांय धांय...फेशनेबल तो हैं ही..इसलिए फैशन के मुताबिक चले...

कवि हैं और इस बात का गुमान भी है तो चार ठो पंक्तियाँ भी सजा लिए:

सुख औ’ समृद्धि आपके अंगना झिलमिलाएँ,
दीपक अमन के चारों दिशाओं में जगमगाएँ
खुशियाँ आपके द्वार पर आकर खुशी मनाएँ..
दीपावली पर्व की आपको ढेरों मंगलकामनाएँ!

-समीर लाल 'समीर'

भेजना शुरु..याने बम मारना शुरु...दो चार घंटे बमबारी की होगी उपर की तर्ज पर कि एकाएक सामने से किसी ने बम फेंका...

सुख औ’ समृद्धि आपके अंगना झिलमिलाएँ,
दीपक अमन के चारों दिशाओं में जगमगाएँ
खुशियाँ आपके द्वार पर आकर खुशी मनाएँ..
दीपावली पर्व की आपको ढेरों मंगलकामनाएँ!

-फलाना फलाना.....

लो अब हम क्या जबाब दें इन फलाना फलाना को...हम तो खुद ही यही बम फेंक रहे थे..???

लिखे, कि भईया यही चार ठो पंक्तियाँ हैं हमारे पास...तो वही वापस भेज रहे हैं बतौर शुभकामना. धर लो...धम धम...बम बम!!

फिर चार छः एस एम एस आ लिए भारत से...यही वाले..वो भी उनसे, जिन्हें हमने भेजा भी नहीं...देखते देखते कम से ४० मैसेज..इसी रचना के साथ...सबके प्रेषक वो..जिन्हें कम से कम हमने तो यह नहीं भेजा..

और सबसे मजेदार तो जब यह कार्ड पर चिपक कर आया (प्रेषक का नाम नामी होने के कारण पोंछ दिया है) तो हम तो झुक गये....हाय, काश हम ही कार्ड पर रच देते...इस कालजयी शुभकामनाओं को:

deepawali

अरे भाई, कोई तो क्रेडिट देता..तो चरण में गिर पड़ते....धन्य हुए यह चार पंक्तियाँ रच कर. अगली बार किसी को किसी त्यौहार पर लिखवाना हो तो सस्ते में लिख दूँगा. आप तो अपने ही हो. फिर आप भी बमबारी करना. :) हम भी कुछ कमा लेंगे..नाम की कमाई की उम्मीद तो अब जाती रही.


अपडेट २० अक्टूबर, २००९:

इस पोस्ट को अर्थ देती राजेश स्वार्थी जी की यह पोस्ट भी पढ़ें:

मारो..मारो...समीर जी, क्या मतलब है इसका?

Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, अक्टूबर 14, 2009

साईड मिरर-एक लघु कथा

उस दिन जब मंदिर से निकला तो तुम्हारी कार बिल्कुल मेरे कार के पीछे पीछे निकली.

एक ही हाईवे भी लेना था. मेरी कार आगे आगे और तुम्हारी पीछे.

मैं साईड मिरर से तुम्हें साफ साफ देख पा रहा था. साईड मिरर का मानो ऐसा एंगल सेट हो गया था कि बस तुम्हारी ड्राइविंग सीट को कवर करने के लिए ही लगा हो.

कितनी दूर तक यही सिलसिला चलता रहा. मेरी नजर बार बार साईड मिरर पर जाती और उसमें मुझे तुम, न जाने क्या सोचती, गाड़ी चलाती नजर आती.

side_mirror

क्या पता तुम मुझे देख पा रही थी या नहीं. तुम्हारी नजरों से तो ऐसा नहीं लगता था. तुम जाने किस सोच में डूबी थी.

फिर तुम्हारे घर की तरफ जाने वाली रोड पर तुम मुड़ गई थी और मैं अपने घर जाने के लिए सीधा हाईवे पर चलता रहा.

याद है मुझे, जब मैने तुम्हें पहली बार देखा था. कितना बदल गया था मैं उस दिन के बाद से. जिन्दगी के मायने बदल गये थे और मैं तो मानो मैं रह ही नहीं गया. तुम तो इस बात को जानती भी नहीं.

जाने क्यूँ, उस वक्त के बाद से, जब से तुम हाईवे छोड़ कर अपने घर की तरफ मुड़ी, मेरी कार का साईड मिरर भी साईड मिरर नहीं रह गया, वो एक फोटो फ्रेम हो गया है. जब भी उसमें देखता हूँ मुझे बस तुम नजर आती हो-न जाने क्या सोचती, गाड़ी चलाती.

सोचता हूँ, दर्पण तो ऐसे नहीं होते है?

फिर सोचता हूँ, मैं भी ऐसा कहाँ था?

जानता हूँ सिर्फ साईड मिरर में देखकर न तो सड़क वाली गाड़ी चलाई जा सकती है और न ही जिन्दगी की. इन खुशनुमा अहसासों को संग लिए हमें आगे देखना होता है. आगे चलना होता है.

सब कुछ कितना बदल सा जाता है
जब भी तेरा चेहरा नजर आता है..

शाम फिर चाँद को झील मे छुपते देखा है.

-समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, अक्टूबर 11, 2009

बिखरे मोती का विमोचन एवं समीर लाल सम्मानित

आखिरकार ’बिखरे मोती’ का दीर्घ प्रतिक्षित विमोचन विगत ४ अक्टूबर, २००९ को गुरुदेव श्री राकेश खण्डेलवाल, वाशिंगटन, यू. एस.ए. के कर कमलों द्वारा गया चौहान बैन्केट हॉल, टोरंटो में समपन्न हुआ. इस अवसर पर श्री अनूप भार्गव एवं रजनी भार्गव जी, न्यू जर्सी, यू एस ए, मानोषी चटर्जी जी, शैलजा सक्सेना जी ने शिरकत की. श्रोताओं से खचाखच भरे हॉल में कार्यक्रम की शुरुवात मानोषी चटर्जी ने की. कार्यक्रम की अध्यक्षता अनूप भार्गव जी एवं संचालन श्री राकेश खण्डेलवाल जी ने किया.

कार्यक्रम के आरंभ मे प्रसिद्ध शायर फिराक गोरखपुरी जी की भांजी, मेरी दादी श्रीमति कनकलता जी ने अपने आशीर्वचन दिये एवं ’बिखरे मोती’ पर अपने विचार व्यक्त किये.

dadi

मेरी दादी फिराक गोरखपुरी जी की भांजी श्रीमति कनक वर्मा

तदोपरान्त मनोषी चटर्जी ने अपनी गज़ल अपनी मधुर आवाज में गाकर श्रोताओं को मुग्ध कर लिया:

आपकी आँखों में मुझ को मिल गई है ज़िंदगी
सहरा-ए-दिल में कोई बाक़ी रही ना तश्नगी

रात के बोसे का शम्मे पर असर कुछ यूँ हुआ
उम्र भर पीती रही रो-रो के उस की तीरगी

उससे मिलके एक तुम ही बस नहीं हैरां कोई
है गली-कूचा परेशां देख ऐसी सादगी

आजकल दिखने लगा है मुझको अपना अक़्स भी
आजकल क्या आइना भी कर रहा है दिल्लगी

झुक गया हूँ जब से उसके सजदे में ऐ ’दोस्त’ मैं
उम्र बन के रह गई है बस उसी की बंदगी

चूँकि कार्यक्रम के साथ ही मेरे पुत्र एवं पुत्रवधु के प्रथम गृह-आगमन का समारोह भी रखा गया था. अतः सभी कवियों एवं कवियत्रियों ने विमोचन हेतु एवं वर वधु को अपने आशीर्वचन भी काव्यात्मक प्रस्तुत किए.


मनोषी के बाद रजनी भार्गव जी ने अपना काव्यपाठ किया. पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान हो गया.

सुरमई शाम चुपके से सुरमई हो गयी है शाम
रात ने सर रख दिया है काँधे पर
तारों ने बो दिये हैं चन्द्रकिरण से मनके वीराने में
धवल, चमकीली चाँद की निबोली
अटकी हुई है नीम की टहनी पर
नीचे गिरी तो बाजूबंद सी खुल जाएगी
सुरमई शाम
अनुपम और प्रगति के अनुराग
में ढल जाएगी।

उसके बाद शैलजा सक्सेना जी कविता ’सात फेरे’ ने सभी को अभिभूत कर दिया.

दो-दो खुशियाँ एक साथ हैं
घर और कलम प्रफुल्लित
इसी तरह से बढ़े वाटिका
गीत पुष्प हों प्रमुदित॥

अनुपम -प्रगति के लिये....

मधुमय जीवन बने तुम्हारा
स्वप्न सुगंधित सब हो
रहे आस्था संबंध में
चंदन-चाँदनी मन हो॥

-*-
सात फेरे

डॉ. शैलजा सक्सेना

सात फेरे लिए तुमने
सात फेरे लिए मैंने
मन की सेज पर
हर रात, सुहाग रात।

तुम्हारे पुरुषार्थ ने
मेरी कल्पना की कोख में
सपनों का बीज बोया
और हम विश्वास का फल लिए
चढ़ते चले आए जीवन की कठिन सीढ़ियाँ
कुछ फूलों से लदी
कुछ रपटन से भरी
फिसलने को हुए तुम तो
हाथ थामा मैंने
गिरने को हुई मैं तो
हाथ पकड़ा तुमने।

सात फेरे लिए तुमने.......

सुहाग का सोना
तन से ज़्यादा रचा मन पर।
समय झरता रहा
हरसिंगार सा हमारी देहों पर
सोख ली वह गंध स्वयं में
गंध बढ़ रही है तुम्हारी
गंध बढ़ रही है मेरी

झील की लहरों सी
मुस्कान उठती है तुम्हारे होंठों से
और मेरी आँखों का सूरज छूने की होड़ करती है
साँसों में हवन-धूम भरती है
उस दिन जो लिए थे सप्तपदी-वचन
भूलने को हुए तुम तो
याद दिलाए मैंने
भूलने को हुई मैं
तो याद दिलाए तुमने।

सात फेरे लिए तुमने
सात फेरे लिए मैंने
मन की सेज पर
हर रात, सुहाग रात।।

poster

उनके बाद अनूप भार्गव जी ने अपने काव्यपाठ से समा बाँधा.

१.
प्रणय की प्रेरणा तुम हो
विरह की वेदना तुम हो
निगाहों में तुम्ही तुम हो
समय की चेतना तुम हो ।

२.
तृप्ति का अहसास तुम हो
बिन बुझी सी प्यास तुम हो
मौत से अब डर नहीं है
ज़िन्दगी की आस तुम हो ।

३.
सपनों का अध्याय तुम्ही हो
फ़ूलों का पर्याय तुम्ही हो
एक पंक्ति में अगर कहूँ तो
जीवन का अभिप्राय तुम्ही हो ।

४.
सुख दुख की हर आशा तुम हो
चुम्बन की अभिलाशा तुम हो
मौत के आगे जाने क्या हो
जीवन की परिभाषा तुम हो ।

५.
ज़िन्दगी को अर्थ दे दो
इक नया सन्दर्भ दे दो
दूर कब तक यूँ रहोगी
नेह का सम्पर्क दे दो ।

अनूप जी के बाद राकेश खण्डेलवाल जी ने अपना काव्यपाठ कर पुस्तक का विमोचन किया एवं शिवना प्रकाशन की ओर से पुस्तक की एक प्रति मेरी पुत्र वधु को भेंट की.

शुभ हो प्रणय पर्व हम सब मिल कर नूतन हर्ष संजोयें
अभिनन्दन के भाव आज हम भेंट कर रहे हैं स्वीकारो
भावी जीवन के सपनों की मधुपूरित खुशियों से
विविध रूप में र~मगा तुम्हारा वर्त्तमान सजाता हो

साथ ही अनूप और रजनी भार्गव, विकास और शैलजा सक्सेना, मानोशी छटर्जी और राकेश जी की ओर से राकेश जी ने वर वधु के लिए मंगलकामना करते हुए गीत प्रेषित किया:

सदा रहे मंगलमय जीवन
शुभ आशीष तुम्हें देते हैं
तुम्हें मुबारक गुल औ’ कलियाँ
रस भीगे दिन रस की रतियाँ
रसिक सुबह हो, शाम सुगन्धी
गगन बिखेरे रस मकरन्दी
जिसमें सदा खिलें नवकलियाँ
ऐसा चमन तुम्हें देते हैं
जो छू लें अन्त:स्तल तल को
घुटनलिप्त नभ के मंडल को
नयनों के बेसुध काजल को
हियरा के उड़ते आँचल को
फिर उच्चार करें गीता सा
ऐसे अधर तुम्हें देते हैं
जो बिखरे तिनकों को जोड़ें
मांझी को साहिल तक छोड़ें
अन्तर्मन को दिशा दिखायें
पथ में नूतन सरगम गायें
जो उड़ छू लें मंज़िल का सर
ऐसे पंख तुम्हें देते हैं
जो सपनों की अँगनाई में
मन की गुंजित शहनाई में
उषा की मॄदु अँगड़ाई में
घुल जाते हैं परछाईं में
इन्द्रधनुष नित बन कर सँवरें
ऐसे पंख तुम्हें देते हैं.
सदा रहे मंगलमय जीवन
शुभ आशीष तुम्हें देते हैं.

समीर लाल सम्मानित:

इसी अवसर पर वाशिंगटन हिन्दी समिति यू एस ए द्वारा हिन्दी भाषा एवं हिन्दी चिट्ठाकारी की विशिष्ट सेवा के लिए मुझे ‘साहित्य गौरव’ के सम्मान से विभूषित किया गया एवं शिवना प्रकाशन, सिहोर के द्वारा से ’शिवना सारस्वत सम्मान’ से अलंकृत किया गया. श्री अनूप भार्गव जी ने इस मौके पर दोनों सम्मान पत्रों का अंग्रेजी मे अनुवाद कर उन कनेडियन मेहमानों को सुनाया जिन्हें हिन्दी नहीं आती थी.

मास्साब पंकज सुबीर जी, हटीला जी और कासट जी को इस मौके पर विशेष रुप से याद किया गया जिनके अथक प्रयास से यह ’बिखरे मोती’ का संकलन मूर्त रुप ले पाया.

साहित्य गौरव शिवना सारस्वत सम्मान
sammanusblog sammanshivblog

इसके बाद मेरे द्वारा सभी के आभार प्रदर्शन एवं काव्यपाठ के बाद विमोचन का कार्यक्रम समाप्त हुआ और मेरे पुत्र एवं पुत्रवधु के प्रथम गृह-आगमन का समारोह शुरु हुआ.


मेरे द्वारा पढ़ी गई रचना:

sam

चाँद गर रुसवा हो जाये तो फिर क्या होगा
रात थक कर सो जाये तो फिर क्या होगा.

यूँ मैं लबों पर, मुस्कान लिए फिरता हूँ
आँख ही मेरी रो जाये तो फिर क्या होगा.

यों तो मिल कर रहता हूँ सबके साथ में
नफरत अगर कोई बो जाये तो फिर क्या होगा.

कहने मैं निकला हूँ हाल ए दिल अपना
अल्फाज़ कहीं खो जाये तो फिर क्या होगा.

किस्मत की लकीरें हैं हाथों में जो अपने
आंसू उन्हें धो जाये तो फिर क्या होगा.

बहुत अरमां से बनाया था आशियां अपना
बंट टुकड़े में दो जाये तो फिर क्या होगा.

ये उड़ के चला तो है घर जाने को ’समीर;
हवा ये पश्चिम को जाये तो फिर क्या होगा.

-समीर लाल ’समीर’

नोट: विडियो अभी उपलब्ध नहीं हो पाये हैं. समय समय पर मौका देखकर लगाये जायेंगे. इन्तजार करिये.

Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, अक्टूबर 07, 2009

ये क्या हो रहा है?

अब फुरसत हुए तो इत्मिनान से बैठकर सोचता हूँ.

आज कल जो हालात हुए हैं, मजहब के नाम पर जो दंगल मचा है, उसे देख कुछ कहने को मन है:

किसको खुदा औ’ भगवान की जरुरत है,
आज हमको यहाँ,  इंसान की जरुरत है..

-समीर लाल ’समीर’

बस, इस पर इतना ही. बाकी तो मौन साधा हुआ है. सब समझदार हैं फिर भी न जाने क्यूँ?

paani

अभी एक दो दिन पहले ही कहीं पढ़ता था कि कविता क्या है?

बहुत से बड़े बड़े धुरंधर कवियों से लेकर बुद्धिजीवी साहित्यकारों ने इस विषय पर अपनी अपनी विचारधारा कविता और दीगर माध्यमों से रखी है.

मैने भी कोशिश की कि अपनी तरफ से कविता पर भी कुछ कहें. सबने कहा है तो हम भी कहें. जो कहा वो आप भी पढ़िये. साहित्यकर तो हैं नहीं फिर भी कोशिश करने पर रोक तो है नहीं सो कर दी.. आप बताओ कि कैसी है?

कविता क्या है ?

कविता है,

शब्दों मे व्यक्त
भावों की अभिव्यक्ति
जीने की शक्ति
समाज की संरचना
मानवियता की रचना
ईश्वर की अर्चना
कुरितियों पर वार
आशा का संचार

कविता  है
मन के भाव
कड़ी धूप में
पेड़ की छांव
संजोये हुए अहसास
और गहरे अँधेरे में
चमकती हुई आस

कविता है
संस्कृति की वाहक
भ्रांतियों की निवारक
और क्षुब्ध ह्रदय में
चेतना की कारक
कविता है
एक समर्पण
दिल का सच्चा दर्पण
निस्सीम ऊँचाई
अंतहीन गहराई

कविता
मिटाती है संशय
बढ़ाती है
आदि से अंत का परिचय
जगाती है निश्चय
और
अमावस में
लाती है सूर्योदय
कविता है
पूर्ण सॄष्टि
लौकिक और
अलौकिक दृष्टि

इसका रचयिता कवि

कभी हँसाता
कभी गुदगुदाता
तो
कभी रुलाता
सूरज की सीमा
के पार ले जाता
फिर भी
अक्सर
भूखा ही सो जाता

-समीर लाल ’समीर’

नोट: ४ तारीख का कार्यक्रम बहुत बढ़िया से हो गया. जल्द ही रिपोर्ट देते हैं.

Indli - Hindi News, Blogs, Links

शुक्रवार, अक्टूबर 02, 2009

ताऊ कौन है आखिर??

गुरु गुड़ रह गया और चेला शक्कर हो गया.

हमें देखो, तीन साल छः महिने हो गये कलम घिसते घिसते, तब कहीं जाकर कुछ ३४२ पोस्टें और एक रिकार्ड १५००० टिप्पणियाँ हासिल कर पाये और हमारे चेले ’ताऊ’ को देखो: १ साल से जरा ही उपर और ४०४ पोस्ट और शामिल हो गये आज गुरुजी के १५००० कल्ब में. हिन्दी ब्लॉग जगत में दूसरा बंदा, गुरु जी की राह पर चुपचाप चलता.

आज अनूप शुक्ला जी ने १५००० वीं, आशीष खण्डेलवाल जी ने १५००१ वीं टिप्पणी की ताऊ की प्रेमलता पाण्डे जी के परिचयनामा वाली ४०४ वीं पोस्ट पर.

tauram copy1

चेला है कि काम्पटिटर!! हर जगह अड़ी दे रहा है और कुछ कहो तो कहता है कि गुरु जी, सब आपका सिखाया है. क्या कहें..सिवाय इसके कि भईये ताऊ, बहुत बधाई ले ले और अब तो तू ही आगे आगे चल. हम न तो तेरी स्पीड से दौड़ पायेंगे और न ही तेरी पार पा पायेंगे.

award

बचपन में मैं तिवारी सर जैसा बनना चाहता था. आठवीं में हमें गणित पढ़ाते थे. देखते देखते हम सी ए हो गये और तिवारी सर तब भी आठवीं में ही गणित पढ़ाते थे. मिलने गये तो इस तरक्की को देख उनका सीना फूला नहीं समाता था. यही होता है जब चेला तरक्की कर जाये. आज वही हालत अपनी पाता हूँ जब ताऊ का गुणगान सुनता हूँ, उसे आगे बढ़्ते देखना प्रसन्नता देता है.

कभी आंकलन करने की भी कोशिश करता हूँ कि इतने कम समय में इतनी लोकप्रियता.

कई बार तो उल्टा डर लगता है कि अगर उसने गुरु मानना बंद कर दिया तो अपने तो कौड़ी के भाव न रह जायें. प्रशंसक मूँह फेर लें तो आप कौन और मैं कौन!

सब चकित रहते हैं कि आखिर यह ताऊ है कौन? कैसा दिखता होगा? कहाँ रहता होगा और क्या करता होगा? सेलिब्रेटिज़ के लिए दिमाग में ऐसे प्रश्न आना बहुत स्वभाविक है.

ताऊ, मैं हो सकता हूँ, आप हो सकते हैं, कोई भी हो सकता है. जो भी आदर्शों का पालन करे, ज्ञान और भाषा के विकास में सार्थक योगदान करे, सबसे प्रेम करे, सबको यथोचित सम्मान दें, मानव से ही नहीं, पशुओं से भी और अन्य सभी प्राणियों से प्यार करे, वो ही ताऊ हो सकता है. सबका प्रिय, सबका चहेता और सबके दिलों में बसने वाला.

इतने कम समय में इतनी लम्बी लोकप्रियता की यात्रा करना, इतने लोगों को साथ जोड़ कर चलाना, कभी सबको जीवन की राह दिखाने वाला गंभीर मग्गा बाबा, कभी खिलंदड़ा प्यारा ताऊ, तो कभी चुलबुली रामप्यारी, कभी हीरामन, कभी सैम-इतने सारे लोकप्रिय किरदार निभाते निभाते अथक चलते रहना, यह कोई आसान कार्य नहीं.

एक बहुत बड़ा तबका ताऊ की ऐसी बढ़त देख खुश होता है तो एक तबका स्वभाविक ईर्ष्या भी पाल बैठता है. मगर अजब यह शक्शियत, कभी चेहरे पर कोई शिकन नहीं, कभी किसी से कोई मलाल नहीं.

ताऊ की खिलंदड़ी, ताऊ पहेली, ताऊ पत्रिका, राम प्यारी की पहेलियाँ और उसके चुलबुले क्लयू, ताऊ की शोले, परिचयनामा और जाने क्या क्या सबको लुभाते आये हैं.

इतना ज्ञान बांट देने के बाद भी ताऊ से जब मैने ताऊ की शोले की शूटिंग के दौरान पूछा कि इतना ज्ञान कहाँ से लाते हो, तो बड़ी सज्जनता से कहने लगा: हमारे यहाँ एक पान की दूकान पर तख्ती टंगी है , जिसे हम रोज देखते हैं. उस पर लिखा है: कृपया यहाँ ज्ञान ना बांटे , यहाँ सभी ज्ञानी हैं. बस इसे पढ़ कर हमें अपनी औकात याद आ जाती है और हम अपने पायजामे में ही रहते हैं एवं किसी को भी हमारा अमूल्य ज्ञान प्रदान नही करते हैं.

और फिर आगे ताऊ कहता हैं: वैसे जिंदगी को हल्के फुल्के अंदाज मे लेने वालों से अच्छी पटती है. गम तो यो ही बहुत हैं. हंसो और हंसाओं , यही अपना ध्येय वाक्य है.

और वाकई स्टूडियो ब्लॉगिस्तान में ताऊ के साथ ’ताऊ की शोले’ के सेट पर मेरे साथ और जितने भी कलाकार थे, सब ताऊ के साथ पूरी शूटिंग के दौरान खूब हँसे, हँसाये. काम का बोझ पता ही नहीं चला और भाग १ बन कर कम्पलिट भी हो गई.

ताऊ से जब यह पूछा गया कि कोई नया प्रोजेक्ट जहेन में हैं तो बड़ी ही गंभीरता से ताऊ बोला कि वैसे तो ढ़ेरों है. आप समय आने पर देखोगे लेकिन लगभग जो फाइनल हैं वो हैं: ’ताऊ की शोले भाग २’ और ’ताऊ रेडियो’.

मैं चौंका : ’ताऊ रेडियो’..तब पता चला कि इसमे रोज एक निश्चित समय पर ’ताऊ चिट्ठाजगत के गरमागरम समाचार पॉडकास्ट करके सुनायेगा कि किस ब्लॉग पर क्या चल रहा है. साथ ही वह न्यूज रेडियो समाचार पत्र की तर्ज पर लिखित में रहेगी ताकि लोग लिंक क्लिक कर सकें.’ संवाददाताओं की नियुक्ति जारी है. निश्चित ही भविष्य को लेकर ताऊ बहुत आशान्वित है.

tauradio

कुछ लोगों को लग सकता है कि यह बात तो वैसी ही हो गई जैसे कि मैं तेरी पीठ खुजाऊँ और तू मेरी खुजा. जब ताऊ ने आपका १५ हजारा लिखा तो आप काहे नहीं लिखोगे, तो ऐसा ही मान लो और खिजियाते हुए बधाई दो. :)

आज इस विशिष्ट मौके पर आईये ताऊ का अभिनन्दन करें, उन्हें १५००० टिप्पणियाँ प्राप्त होने पर बधाई दे और इसी गति से आगे बढ़ते रहने के लिए शुभकामनाएँ दें.

ताऊ, बधाई हो!!!

नोट मे सूचना:

आज इसके अलावा भी मेरे जीवन की दो महत्वपूर्ण सूचनायें हैं:

तारीख ४ अक्टूबर, दिन रविवार को मेरी पुस्तक ’बिखरे मोती’ का विमोचन मेरे गुरुवर श्री राकेश खण्डेलवाल, वाशिंग्टन, अमेरीका द्वारा किया जाना है. इस अवसर पर सायं ५ से ७ बजे तक एक कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया है जिसमें माननीय श्री अमेरीका से ही कवि अनूप भार्गव, रजनी जी भी शिरकत कर रहे हैं. साथ ही कनाडा से मानोषी चटर्जी, शैलजा सक्सेना और सुमन धई जी (साहित्य कुंज पत्रिका वाले) होंगे. मैं तो खैर रहूँगा ही. :)

कवि सम्मेलन के उपरांत ७ बजे से पार्टी का आयोजन है बेटे और बहु के कनाडा प्रथमागमन पर.

यह घटनायें अद्भुत हैं मेरे लिए, आप सबका स्नेह आपेक्षित है.

Indli - Hindi News, Blogs, Links

मंगलवार, सितंबर 29, 2009

तारों का मकड़जाल!!

हम जब बड़े हो रहे थे तब हर गर्मी की छुट्टी, दीपावली-दशहरे की छुट्टी में ननिहाल या ददिहाल जाया करते थे. पूरे छुट्टी भर वहीं रहते.

नानी के घर गये तो सारे मामा-मामी, मौसी मौसा, उनके बच्चे, मम्मी के बुआ, मौसी, मामा-उनके बच्चे और जाने कितनी दूर दूर तक की रिश्तेदारी के सब लोग इक्कठा होते. वही हाल ददिहाल में चाचा चाची, बुआ और ऐसी भीड़ लगती कि मजा ही आ जाता.

फिर और भी कभी रिश्ते में शादी ब्याह पर ऐसा ही जमघट. ऐसा नहीं कि उस वक्त दोस्तों की दुनिया नहीं थी किन्तु रिश्तों की मान्यताएँ थीं, मिलना जुलना था. लोग एक दूसरे से पत्र व्यवहार बनाये रखते थे और जब भी ऐसे किसी शहर में जाना हो जहाँ कोई दूर का भी रिश्तेदार हो तो उन्हीं के साथ रुकना होता था.

यहाँ तक कि मुझे याद है मामी की बिटिया की सगी जेठानी का बेटा हमारे घर कई महिने रह कर एक परीक्षा देकर गया था.

कुछ माह पूर्व एक तस्वीर खींची थी अपने टीवी स्टैंड के पीछे तारों के मकड़जाल की. जाने कौन सा डीवीडी से निकल कर होम थियेटर के रिसीवर में फंसा है और वहाँ से टीवी मे, फिर केबल के रिसीवर के तार, सेटेलाईट रिसीवर के तार, एस विडियों के उलझे तार, रंग बिरंगे, काले, सफेद, मोटे पतले सब एक दूसरे के उपर नीचे से गुजरते प्लग पाईंट में जाकर एकलयता बनाते और दिशा पाते हुये. प्लग पाईंट से अलग अलग रिसीवर की तरफ बढ़कर सही इन्स्ट्रूमेन्ट तक जाना या इसका विपिरत मार्ग सही पहचान कराता है तार ही.

taar

ये एक दम उन रिश्तों की तरह है, जिनके तार इधर उधर से एक दूसरे से जुड़ते ननिहाल/ददिहाल में जाकर फंसे हुये थे. उसी तरह या तो ननिहाल/ददिहाल से शुरु करो और रिश्ते तक पहुँचो या रिश्ते से शुरु करो और ननिहाल/ ददिहाल तक पहुँचों.

दोस्त के घर शादी और रिश्तेदारी में शादी के बीच तय करने की जरुरत नहीं होती थी. चाचा की साली की शादी में जाना आवश्यक था बजाय कि दोस्त की बहन की.

परसों फिर टीवी के पीछे झांकता था. नया सारा तामझाम लग गया है. होम थियेटर के सारे कनेक्शन वायरलेस और भी जाने क्या क्या. दो तीन तार मुश्किल से. बाकी सब गायब मगर सब चल वैसे ही रहा है.

फिर अपने क्म्प्यूटर को भी याद किया. एक मॉनीटर जोडने को और एक पावर वाला, बस दो ही तार दिखे जबकि है सबकुछ. बिल्ट इन कैमरा, साऊंड बॉक्स, माईक..प्रिंटर, यू एस बी, हैड सेट-सब वायर लैस. बिना तार के. कहीं नहीं जुड़ते उनके तार. खुद सोचो और जहाँ मन आये, मन ही मन जुड़ा मानो. जैसे चाहो वैसे. जब घुमाना चाहो, घुमा दो, यहाँ से वहाँ.

वही तार तो उनकी सही जगह निर्धारित करता था. उनका दायरा स्थापित करता था. उन्हें एक जुड़ाव का अहसास देता था, उन्हें अन्य सामानों की भीड़ में गुम होने से रोकते हैं. कितनी बार तो इन्हीं तारों के सहारे वो गिर कर टूट जाने से बच जाते हैं-वही गायब!!

आजकल देख रहा हूँ रिश्ते भी कुछ ऐसे ही हो गये है. बस दो तीन तारों की तरह सिमटी हुई रिश्तों की दुनिया. खुद के भाई बहन और ज्यादा से ज्यादा चाचा, मामा, मौसा, बुआ के परिवार तक. यह भी कुछ पहले की ही बात कर दी. बाकी सब वायरलैस की तरह खुद के चुने हुए मित्रों की चुनी हुई दुनिया जिनमें कोई तार नहीं होते. बस, अहसासों का एक बेतार का जुड़ाव.

किसी अमरीकन विश्वविद्यालय में शोध हुआ है कि अब बिजली के तारों को अलविदा करना होगा. सब तरंगों के माध्यम से होगा-ठीक उन अहसासों जैसा. बिजली घर के भीतर तक भी वैसे ही आयेगी.

सोच रहा हूँ, कल को ये एक दो बचे तार भी बिदा हो जायेंगे फिर तो क्या भाई बहन और क्या माँ बाप. सब रिश्ते उतने ही, जितने रखने की इच्छा हो. कोई तार का बंधन नहीं.

होगे तुम मेरे माता पिता मगर मैं तुमसे संबंध नहीं रखना चाहता. पत्नी भी है मगर मैं विवाह करके एक नये तार को जोड़ना नहीं चाहता अतः बिना विवाह के ही साथ रह रहा हूँ. बच्चा सेरोगेट मदर से करवा लिया है ताकि मेरे साथी का शेप न बिगड़े. फिर कैसा तार उस बच्चे से भी. उसकी अपनी दुनिया होगी. बड़े होने तक मदद कर पाये तो कर देंगे वरना उन्हें भी फॉस्टर पेरेंटस ही संभाले. मेरी आजादी में कोई तारों की उलझन नहीं होना चाहिये.

मैं कल को वाली बात ही क्यूँ कर रहा हूँ, यह सब तो लगभग होने ही लगा है और फिर बच्चों की बात तो जबरदस्ती ही करने लगा, जब समलैंगिक साथी होगा तो बच्चों की और उस तार की बात ही क्यूँ करना.

लेकिन आज होती हुई घटनाओं और बदलाव के लिए यह कहना कि शायद कल को ऐसा होने लगे वाली बात इसलिए निकल पड़ी होगी मेरे मूँह से क्यूँकि मैं अब भी पुराने ख्यालों में ही जी रहा हूँ, खूब सारे तारों के बीच उलझता सुलझता खुशी खुशी जिए जा रहा हूँ. मुझे यूँ ही उलझे रहना अच्छा लगता है मगर मेरे अकेले के चाहने से होगा क्या? तार का एक सिरा जुड़ा हो और दूसरा टूटा, तब ऐसे तार का क्या महत्व? तुम प्रगतिशील हो-जमाने के साथ साथ बदलने वाले और मैं थमा-स्थिर. तुम्हारी नजर में, बेचारा मैं.

कुछ बेतरतीबी
से
बिखरे
उलझे हुए
रिश्तों के तार

और

उनकी
गिरफ्त के बीच
मैं...

मुझे ये कैद
पसंद है..
मैं रिहाई का
तलबगार नहीं...

मुझ पर रहम करो..
मुझे आजाद मत करो!!!

-समीर लाल 'समीर'

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, सितंबर 27, 2009

मिल गई तसल्ली!!

एक माईक्रो पोस्ट!!

ब्लॉगवाणी बंद!!

यह कोई छोटी घटना नहीं.

इतिहास आज के दिन को हिन्दी के नेट पर प्रारंभिक प्रचार और प्रसार में जबरदस्त धक्के के रुप में दर्ज करेगा.

सामान्यतः हर सोमवार की सुबह मैं एक पोस्ट लगाता हूँ. आज इन क्षणों में अपना अफसोस, दुख और ब्लॉगवाणी को इस अंजाम तक लाने वालों के प्रति अपना विरोध दर्ज करते हुए अपनी पोस्ट रोकता हूँ.

आशा है, उन विरोधी ताकतों और निर्माण प्रक्रिया के विंध्वसकों को तसल्ली मिली होगी.

सीख:

समाज सेवा की हमारे समाज में कद्र नहीं, शोषण के हम आदी हैं.

एक त्रिवेणीनुमा:

वो समाज की सेवा करता है..

गैरों के हित की बात करता है…

…..

कहते हैं तूफान आने को है!!

 

एक निवेदन: मैथली जी, एक बार पुनर्विचार करें.

 

हालांकि क्षमायोग्य कृत्य नहीं है हमारा,

फिर भी संग में नाम दर्ज होगा तुम्हारा.

सादर

समीर लाल ’समीर’

Indli - Hindi News, Blogs, Links

गुरुवार, सितंबर 24, 2009

खामोश रहना मुझे पसंद है.

याद है जबलपुर से दिल्ली जाया करता था. यदि कोई साथ में नहीं है तो मैं टी सी से निवेदन करके अपनी एसी में अन्दर की बर्थ, जिसके लिए हर साईड बर्थ वाला इच्छुक होता है, साईड बर्थ वाले से बदल कर पर्दा खींच कर बैठ जाया करता था.

पूरे सत्रह घंटे का सफर ५ से ६ घंटे सोने के सिवाय या तो किताब पढ़ते या खिड़की से बाहर झांकते बिना एक भी शब्द बोले गुजार दिया करता था.

लोग मुझे हरदम बातूनी ही समझते रहे हैं आज भी. लेकिन मेरी पसंद चुप रहना ही है. मुझे कितने भी लम्बे समय तक चुप रहने, अकेले बैठे रहने में बोरियत का अहसास नहीं होता.

शायद सभी के साथ ऐसा हो कि जैसे वो जाने जाते हैं, या जैसे वो माने जाते हैं या जैसे वो दिखते हैं या जैसे वो व्यवहार करते हैं दरअसल वो और उनकी पसंद उससे जुदा होती है.

वैसे भी मेरा मानना है कि चुप रहकर या मौन रहकर बहुत सी समस्याओं को हल अपने आप ही स्वतः हो जाता है. बात तो तब बढ़ती है, जब दोनों पक्ष बोलते हैं. एक यदि चुप ही रह जाये या बहुत कम बोले तो बात बढ़ने की गुजांईश जरा कम ही होती है. मौन की भी अपनी आवाज होती है जो बोलने वाले तक आपके भाव पहुँचा देती है.

अक्सर चुप रह जाने वाले व्यक्ति को कायर भी समझ लिया जाता है लेकिन उससे फर्क क्या पड़ता है. ऐसा समझना भी एक ललकार जैसा ही है. हाँ, अगर ऐसा लगे कि बिना बोले शायद आप की चुप्पी की फायदा उठाकर बात समाप्त होने के बजाय बढ़ाई जा रही है और मौन घातक सिद्ध हो सकता है, तो फिर जुबान तो साथ है ही, जरुर बोल देना पसंद करता हूँ लेकिन उतना ही, जितना जरुरी है.

वैसे अक्सर ही मैने अपने आसपास मेरी खामोशी से परेशान होते लोगों को देखा है. खीझ भी उठते हैं लोग मुझ पर कि कुछ तो बोलो.

मूड स्विंग हर मानव के साथ होता है. कभी खुश तो कभी दुखी. कभी प्रफुल्लित तो कभी उदास. कारण कुछ खास नहीं होते-बस यूँ ही.

कभी बेवजह बोल देने का मन भी हो आता है, कभी मजाक करने का भी, कभी ठिठोली भी. कोशिश होती है कि किसी का अपमान न हो. जब मजाक करता हूँ तो मजाक सहने का माददा भी रखता हूँ. लेकिन वो जो बेसिक नेचर है, वो नहीं बदलता और लौट लौट कर उसी पर आ जाता हूँ.

क्या आपके साथ भी ऐसा ही होता है?

samla1

एक गज़ल कहने का मन हो आया है:

मरने वाले से पूछो तुम जहर की खामोशी
कितनी जानलेवा है दोपहर की खामोशी

खुद ही देख लेना तुम क्‍या ये गुल खिलाती है
कह रही बहुत कुछ है ये लहर की खामोशी

कहना भी तर्रनुम में जो ग़जल लिख चले हो
जान लोगे तुम खुद ही इस बहर की खामोशी

हादसा हुआ और हम हो गये हैं गूंगे से
पर जुबान खोलेगी अब शहर की खामोशी

दी है ये खबर किसने लोग लड़ रहे हैं सब
यूं न बदज़ुबां होगी उस कहर की खा़मोशी

-समीर लाल ’समीर’


जरुरी नोट:

दो दिनों के लिए एक ऐसे स्थान पर आ गया हूँ, जहाँ इन्टरनेट की डायल अप की सुविधा अपनी गति से चल रही है. अधिकतर तो बैठी ही है मौन. पुराने समय का भारत याद आ रहा है जब १९९९ में छोड़ा था. उस वक्त डायल अप लगा कर हर पन्ने के खुलने के लिए वैसे ही इन्तजार करना पड़ता था जैसा नेताओं के चुनाव घोषणा पत्र में किये गये वायदा वाले पन्नों के खुलने का इन्तजार करना होता है. खुल गये तो वाह वाह, नहीं खुले तो हमें तो मालूम ही था.

शनिवार को घर से स्थितियाँ यथावत हो जायेंगी. पोस्ट तो शेड्यूल्ड है तो हो ही जायेगी. कमेंट भी टॆलिफोन से एप्रूव हो जायेंगे समय बे समय. दूसरे चिट्ठे पढ़ने की कोशिश करता हूँ. देखें, कितना सफल हो पाते हैं.

Indli - Hindi News, Blogs, Links