शनिवार, नवंबर 10, 2018

सेल्फी खींच कर डीपी बनाओ कि हम जाग गये हैं अब



जबसे इन्टरनेट और व्हाटसएप की दुनिया आबाद हुई है मानो दुनिया ही बदल गई है. जो जैसा दिखता है वो वैसा होता नहीं है. या यूँ कहें जो जैसा होता है वैसा दिखता नहीं है.
अपवादों को छोड़ दें तो आभासी दुनिया में सेल्फी ने सेल्फ कॉन्फिडेन्स बूस्टर का काम किया है. जीरो सेल्फी में हीरो नजर आता है. फिल्टर लगा कर जब सेल्फी खींच कर लगाई तो बहुत सारे काम्पलिमेन्ट तो हमें ही मिल गये कि कनाडा जाकर रंग साफ हो गया है जबकि असलियत तो ये हैं कि जो काम सैकड़ों फेयर एण्ड लवली क्रीम हमारी जवानी में न कर पाई, वो काम एक फिल्टर ने सेल्फी पर कर डाला. काश!! हमारी जवानी में भी सेल्फी का दौर होता. कई बार मन यही सोच कर रुआंसा सा हो जाता है. फिर मन को खुद की सेल्फी दिखा कर खुश कर लेते हैं.
मेरे एक मित्र जो अपने घर से चार कदम नुक्कड़ पर पान खाने भी कार से जाते हैं और लौट कर कुछ और काम करने के पूर्व आराम करते हैं. कौन जाने कार में चढ़ने उतरने से थके या पान खाने में जबड़े हिलाने से मगर थके जरुर. वो आये दिन अपनी सेल्फी हाफ पैण्ट और टीशर्ट पहन कर पसीना पसीना पोज में चढ़ाते हैं कि फीलिंग हैप्पी- फुल मैराथन. मुझे पूरा विश्वास है कि मैराथन भी उन्होंने उसी कार में बैठ कर पूरी की होगी मगर सेल्फी खिंचवाने के लिए उतरने चढ़ने में पसीना पसीना हो गये होंगे.
मैराथन जहाँ एक ओर आयोजकों की मोटी कमाई का जरिया बना हुआ है वहीं दूसरी ओर दौड़ने वालों से ज्यादा सेल्फीबाजों का महोत्सव बन गया है. उस रोज उनके घर फोन लगाया तो नौकर से पता लगा कि साहब और मेमसाहब दोनों फोटोग्राफर को लेकर मैराथन में गये हैं सेल्फी खिंचवाने. नौकरों का यही हाल है घर का भेदी लंका ढाहे. नौकरों के चक्कर में बहुतेरे साहब लंबा नपाये हैं फिर चाहे वो सीबीआई या आरबीआई के सरकारी नौकर ही क्यूँ न हों. तो इतना सा खुलासा अगर इस नौकर ने कर भी दिया तो ठीक है.
हम तो खैर उस देश के वासी है जिसका विकास ही सेल्फी की जकड़ में है. जिसका विकास एम्बेस्डर स्वयं सेल्फी पीर है. कैमरे पर चौकीदारी करने वाला कमरे के पीछे भागीदारी में जुटा है. कैमरे पर सबका साथ सबका विकास का नारा देने वाला कैमरे के पीछे मितरों के विकास में लगा है.
मैराथन से याद आया आजकल शुभकामनाओं का मैराथन उत्सव चल रहा है. जैसे मैराथन में कोई दौड़ता है, कोई चलता है, कोई सिर्फ आता है मगर सेल्फी सभी खिंचाते हैं और डीपी बनाकर चढ़ाते हैं. वैसे ही उत्सवधर्मी देश में शुभकामनायें देने का ऐसा प्रचलन चल पड़ा है कि अगर कोई पैमाना हो इसे नापने का तो दिल्ली के प्रदुषण से ज्यादा घातक सिद्ध होगा.
एक एक बंदा एक एक बंदे को एवरेज चार से छः बार बधाई और शुभकामनायें चिपका रहा है फिर भी और चिपकाने को भूखा है, मानो ससुराल में जमाई जी का स्वागत हो रहा है. एक पूड़ी ओर. जमाई बाबू खा खाकर बेहोश होने की कागार पर हाथ से प्लेट ढांके हैं मगर सासु माँ साईड से जगह देखकर एक पूड़ी और सरका ही गईं. भ्रष्टाचारी नेताओं की भूख को पछाड़ने का माददा अगर किसी में है तो वो शुभकामनाओं के प्रदानकर्ताओं में है.
स्टीकर, कॉपी पेस्ट, टेक्सट, जीआईएफ, जेपीजी, विडिओ, पीडीएफ, यूट्यूब और भी न जाने क्या क्या है इस शुभकामनाओं के मैराथन में..मगर हर का सार..बधाई और शुभकामनायें. हालत ये हो गये हैं कि मरनी करनी में भी बधाई और शुभकामनायें देने से न चूक रहे हैं ये लोग.
आपके पिता जी दुखद निधन पर सादर नमन. ॐ शांति. गोवर्धन पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें. ईश्वर आप पर ऐसी ही कृपा सालों साल बरसाये, यही कामना.
दूसरा कह रहा है, रात के ग्यारह बज गये हैं. १० बजे के बाद से सुप्रीम कोर्ट के आदेश की धज्जियाँ उड़ रही हैं दिल्ली में. अभी तक कर्ण भेदी पटाखों की आवाज थम नहीं रही. दुखद एवं शर्मनाक. दीपावली के इस पर्व पर आप सभी को बधाई एवं हार्दिक शुभकामनायें. धूम धड़ाके के साथ मनायें.     
इन आभासी दुनिया के शुभकामनाकर्ताओं ने मार्केट पर ऐसा कब्जा कर लिया है कि अब आप किसी के घर सच में जाकर शुभकामना दें तो अगला सोचता है कि मिठाई खाने भुख्ख्ड़ चले आये वरना शुभकामना तो व्हाटसएप पर भी दे सकते थे.
लोगों की परवाह किये बगैर जो जितनी शुभकामना बरसा रहा है वो उतनी पा रहा है, फिर भले ही अंदर अंदर लोग उससे चाहे परेशान ही क्यूँ न हों. कौन देखने जा रहा है कि क्या वो सच में आपको शुभकामना दे रहा है कि भरमा रहा है. यह बात हमारे सेल्फी पीर और उनकी टीम भली भाँति जानती है और इसी तरह विकास की सेल्फी चिपका चिपका कर झूठ सेल्फी ही सही, वोट तो ले ही जायेगी आपका.
फिर आप जैसे आज शुभकामना संदेश डिलिट करने में परेशान हो, तब विकास की तस्वीरें डिलिट करते रहना, वो तो पाँच साल को पुनः स्थापित हो ही जायेंगे.
सोते रहना है कि जागना है अब, आप तय करो और एक सेल्फी खींच कर डीपी बनाओ कि हम जाग गये हैं अब.   
समीर लाल ’समीर’  
भोपाल से प्रकाशित सुबह सवेरे में रविवार नवम्बर ११, २०१८
ब्लॉग पर पढ़ें:

#Jugalbandi
#जुगलबंदी
#व्यंग्य_की_जुगलबंदी
#हिन्दी_ब्लॉगिंग
#Hindi_Blogging


Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, नवंबर 03, 2018

पब्लिक सर्वे, प्रीपोल सर्वे और अब चायनीज़ सर्वे


एक चायनीज़ सर्वे के मुताबिक २०१९ लोकसभा चुनाव में राहुल जी सबसे लोकप्रिय नेता के रुप में उभर कर आ रहे हैं और उनका प्रधान मंत्री बनना तय है. ८७% का रुझान है. जनता मन बना चुकी है. बहुत बड़े बदलाव के संकेत हैं. तिवारी जी पान की दुकान पर बैठे घंसु को बता रहे हैं.
आंतरिक सर्वे, पब्लिक सर्वे, प्रीपोल सर्वे और भी न जाने कितने तरह के सर्वे सुने हैं मगर चायनीज़ सर्वे? यह कौन सा सर्वे होता है? घंसु समझने की कोशिश कर रहा है.
हाँ, चायनीज़ सर्वे. यह वैसा ही है जैसा सारा चायनीज़ माल. क्वालिटी की कोई गारन्टी नहीं मगर चमक दमक में सबसे तेज. तिवारी जी ने समझाया.
सो तो अपने देशी सर्वे की भी क्या गारंटी होती है? सबके अपने अपने सर्वे वाले हैं, वो ही सर्वे करते हैं, वो ही किनका सर्वे करना है, उनको चुनते हैं और वो ही परिणाम घोषित करते हैं, वो ही कमाते हैं, वो ही प्रसाद पाते हैं. हमारे पास तो आज तक कोई सर्वे वाला पूछने नहीं आया कि किसको वोट डालोगे? तो आखिर किससे पूछ कर गये सर्वे वाले? हमारे तो पहचान में भी कोई नहीं कहता कि उनसे किसी ने पूछा? शायद चुपके से सुन कर चले जाते हों सर्वे वाले, कौन जाने!! घंसु सोच रहा है.
वैसे तो अब टेक्नालॉजी का जमाना है. अलेक्सा, गुगल, सीरी आदि सब घरों और फोनों में घुसे हैं. आप क्या सोच रहे हैं, क्या सर्च कर रहे हैं, क्या बात कर रहे हैं, सब कलेक्ट हो रहा है. एलेक्सा सुनती है कि बंदा राम राम करता रहता है, तो बीजेपी को वोट नोट कर लेती हो, क्या पता? दिन भर में एक भी बार राम नहीं, तो कांग्रेस का. नारंगी कुर्ता खरीद लाये तो दुकान का बिल देख कर बीजेपी वरना कांग्रेस. विचारणीय तो है ही. सर्वे ही तो है गलत निकल जाये तो निकल जाये.
वैसे कभी कभी सर्वे मुझे देशी कट्टा जैसा लगता है. बस, चमकाने के काम आता है, चलाने के नहीं. चला दिया तो कोई भरोसा नहीं, उल्टा ही चल जाये या कहो, चले ही न.
घंसु को अभी भी चैन नहीं पड़ रहा था चायनीज़ के नाम से. बोला कि देश हमारा, चुनाव हमारा, चुनाव हमारे नेताओं का, चुनने वाले हमारे लोग, फिर इसमें चाईना का क्या रोल? मजाक है क्या कोई?
तिवारी जी उखड़ पड़े कि तुम सर्वे पर तो बहुत कूद रहे हो कि चायनीज़ क्यूँ? तब काहे चुप बैठे थे जब महापुरुष भी हमारे देश का, सम्मान देने वाले भी हमारे देश के, जमीन भी हमारे देश की, टेक्सपेयर भी हमारे देश का जिनके पैसे से उस महापुरुष की मूर्ति बनवाई, एकता भी हमारे देश की(स्टेच्यू ऑफ यूनिटी) तो फिर उसे बनाने वाला चाईना क्यूँ? तब काहे नहीं कूद कूद कर पूछे कि ऐसा कैसे हो गये? वो मेक इन इन्डिया वाला शेर कहाँ गुम हो गया, उस नारे का क्या हुआ? वो भी जुमला ही था या हमारे यहाँ लोहार और मूर्तिकार नहीं बच रहे अब? हो सकता है जीएसटी की भेंट चढ़ गये हों सब.
तिवारी जी को उखड़ता देखकर घंसु ने पैतरा बदला और कहने लगा कि आपने वो नारा तो सुना ही होगा ’हिन्दी चीनी भाई भाई’, बहुत पहले हकीकत फिल्म में भी दिखाया था. तो क्या फरक पड़ता है इस भाई के घर बना या उस भाई के घर. एक ही बात तो हुई न!!
अब तुम मेरा मूँह मत खुलवाओ घंसु! एक तो यह नारा ही गलत है. हिन्दी भाषा है, चीन की बोली को भी आमतौर पर चीनी भाषा बोलते हैं, तब भाई कैसे? भाषा स्त्रीलिंग हैं. बहन बहन हो सकती हैं और बहने हैं तो अलग अलग घर गई और अलग अलग घर की हो गईं. यही मान्यता है.
तिवारी जी आप समझ नहीं रहे. असल में चीन में रहने वाले लोगों को चीनी कहते हैं न इसलिए इसका तात्पर्य लोगों से है. घंसु बता रहे हैं.
तो हिन्दुस्तान में रहने वाले कब से हिन्दी कहलाने लगे. उनको हिन्दु कहने की कवायद भी अभी पिछले ४ सालों का ही सियासती खेला है, वरना तो हिन्दु, मुसलमान, सिख, ईसाई, पारसी और जो भी हिन्दुस्तान में रहता है, हिन्दुस्तानी ही कहलाता है. यूँ भी जबसे हिन्दी चीनी भाई भाई का नारा दिया गया था तब से हमेशा धोखा ही हुआ है उनसे.
वैसे तो ३००० हजार करोड़ की मूर्ति का तो छोड़ो, ३ करोड़ का ठेका भी मिलना हो तो सगा भाई ही भाई को धोखा देकर हथिया ले. ऐसा ही होता आया है. फिर हिन्दी चीनी वाले भाई भाई की तो बात ही न करो.
अपवाद तो खैर हर जगह होते हैं.
-समीर लाल ’समीर’
भोपाल से प्रकाशित सुबह सवेरे में रविवार नवम्बर ४, २०१८

#Jugalbandi
#जुगलबंदी
#व्यंग्य_की_जुगलबंदी
#हिन्दी_ब्लॉगिंग
#Hindi_Blogging

Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, अक्टूबर 27, 2018

रावण के पुतला दहन में पटाखे छोड़ने की कहाँ मनाही है?



नये नये कनाडा आये थे. जब पहली बार अपने एक नये गोरे दोस्त के मूँह से सुना था कि इस बार वीक एण्ड पर वो अपनी मम्मी और उनके बॉय फेण्ड के घर डिनर पर जायेगा तो बड़ा अजीब सा लगा था. हम जिस संस्कृति और जो देखते हुए बड़े होते हैं, उसी के आधार पर हर बात का एक निश्चित खाका दिमाग में बना लेते हैं.
अभी हाल ही में कनाडा की राजनिति में पैर जमाने की कोशिश की. पत्नी चुनाव लड़ीं. लगा ही नहीं कि कोई चुनाव लड़ भी रहे हैं. न लाऊड स्पीकर, न बैनर पोस्टर, न मंच मचान, न रैली और चुनावी सभाएँ, न किसी के हाथ जोड़ना, न किसी के पैर छूने, न झूठे वादे, न दारु बंटवाई, न पैसे देकर भीड़ जुटाई. बस कुछ डीबेट लायब्रेरी या स्कूलों में या लोकल टीवी पर, कुछ डोर टू डोर खटखटा कर लिटरेचर थमाया, अपनी वेब साईट और सोशल मीडिया के पेज का लिंक, निर्धारित सड़को पर दो फुट बाई दो फुट के छोटे छोटे प्लास्टिक के साईन बोर्ड और बस हो गया चुनाव. ८ बजे वोट डालना बंद. ८ बज कर १० मिनट पर परिणाम घोषित. हार गये तो घर जाकर सो जाओ. जीत गये तो घर जाकर सो जाओ. और हाँ, जाते जाते वो सड़को से साईन बोर्ड उतार कर लेते जाना वरना ७२ घंटे बाद सिटी उतार कर ले जायेगी और आप बिल और पेनाल्टी भर रहे होंगे बोर्ड की संख्या के आधार पर. न लड्डु बँटे, न नगाड़े, न जुलूस निकला, न रंग गुलाल, न माला पहनाई गई और न बम पटाखे फूटे. ये कैसा चुनाव? एकदम फीका फीका. मिठाई बिना शक्कर वाली. हम जिन चुनावों में पले बढ़े हैं, उनकी चमक ही कुछ और होती थी.
इन लोगों ने वो चुनाव देखे नहीं हैं तो इनको इसी में मजा आ जाता है. किसी प्रत्याशी नें दूसरे प्रत्याशी के सोशल मीडिया पर दिये स्टेटमेन्ट को स्टुपिड स्टेटमेन्ट क्या कह दिया, बवाल मच गया कि डर्टी पॉलिटिक्स..सामने वाले को माफी मांगना पड़ी तब बवाल थमा. माहौल माहौल की बात है.
अब तो हमारी आदात पड़ गई है ऐसे चुनाव देखने की. मम्मी के बॉय फ्रेण्ड और पापा मम्मी दोनों ही बॉय देखने सुनने की. वक्त के साथ दिमाग समझौता कर लेता है मगर प्रथम दृष्टा तो आज भी शादी बारात की सोचो तो दुल्हा दुल्हन के तौर पर लड़का लड़की ही विचार में आते हैं.
होली की बात सोचो तो आज भी वारनिश, काला पेंट, कीचड़, चटख वाले गीले रंग कि होली का हफ्ता निकल जाये मगर रंग न छूटे, भांग, गुजिया, नमकीन, साथियों की नगाड़े बजाती नाचती नशे में झूमती टोली. आजकल तो सुनते हैं कि होली पर लोग फैमली के साथ हिल स्टेशन और पिकनिक आदि पर चले जाते हैं.
दिवाली की याद यूँ है कि हरी रस्सी वाले सुतली बम, लक्ष्मी बम, लाल हजारों पटाखों वाली लड़ी जो पड़ पड़ बजाना शुरु हो तो २० मिनट तक बजती ही जायें, राकेट, अनार, सात आवाज वाला बम, पटक बम ..याद करुँ तो लिखते ही चला जाऊँ. जो शाम से बजना शुरु हों तो रात २ बजे तक बजते ही रहें. तब पंडित जी लक्ष्मी पूजन का मुहर्त निकालते थे और हम बच्चे इन्तजार करते थे कि जल्दी से पूजा खत्म हो तो पटाखे चलायें. लड़ियों वाले पटाखे में से बिना फूटे उछल कर दूर जा गिरे पटाखे और फुस्सी निकल गये बम अगली सुबह गरीब बच्चे बीनकर ले जाते थे और उनकी दिवाली उसी से अगले रोज मना करती थी.
अब सुना पटाखे चलाने का मुहर्त अदालत तय कर रही है. शाम को ८ से १० बजे तक फोड़ लो वो भी बिना आवाज वाले, हरित क्रांति के तहत बिना धुँआ वाले. लड़ी फोड़ना बैन. डिजिटल इंडिया में जहाँ अब हर पेमेन्ट ऑन लाईन करने पर जोर है, वहीं पटाखे ऑनलाईन बिकने पर बैन. ये कैसा आधा डिजिटलाईजेशन है. सही है दो हजार के नोट वाला गाँधी के चश्में वाला स्वच्छता अभियान जैसा. चश्में के एक शीशे पर स्वच्छ लिखा है और दूसरे पर भारत है. एक शीशा दिखाने का और दूसरा देखने का.
गरीब की किस्मत के लड़ी से उड़े बम भी ये ले उड़े. खैर, गरीब की तो वैसे भी किसी ने क्या सुध ली है सिवाय चुनावों के दौरान आसमान दिखाने के.
चुनाव में जब पूरे देश में पटाखे चलाये जायेंगे तब उस पर कोई बैन नहीं सुना? शायद इसलिए कि शहर का इतना बड़ा वाला दूसरा प्रदुषण शहर से हटकर राजधानी निकल जायेगा, यह सोचकर पटाखों वाला प्रदुषण कम नजर आया हो चुनाव के जुलूस में, तो जाने दिया हो. कौन जाने!!
रावण के मरने पर पुतला दहन में पटाखे छोड़ने की कहाँ मनाही है?
-समीर लाल ’समीर’   
भोपाल से प्रकाशित सुबह सवेरे में रविवार अक्टूबर २८, २०१८


#Jugalbandi
#जुगलबंदी
#व्यंग्य_की_जुगलबंदी
#हिन्दी_ब्लॉगिंग
#Hindi_Blogging

Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, अक्टूबर 20, 2018

शेक्सपियर सही कहे थे कि नाम में क्या धरा है?



अच्छा हुआ शेक्सपियर मौका देख कर १६१६ में ही निकल लिए. अगर आज होते और भारत में रह रहे होते तो देशद्रोही ठहरा दिये गये होते और कुछ लोग उन्हें बोरिया बिस्तर बाँध कर पाकिस्तान जाने की सलाह दे रहे होते. ये भी कोई बात हुई कि कह दिया ’नाम में क्या रखा है, गर गुलाब को हम किसी और नाम से भी पुकारें तो वो ऐसी ही खूबसूरत महक देगा’. इतनी बुरी बात करनी चाहिये क्या?
मैने भी एक बार कोशिश की थी जब मंचों से गज़ल पढ़ना शुरु की. तब मन में आया था कि अपने नाम ’समीर’ में से एक शब्द साईलेन्ट मोड में डाल देते हैं और खुद को मीर पुकारेंगे तो शायद मंच लूट पायें. बाद में मंच बुजुर्गों की सलाह मान कर नाम मे ’स’ पर से साइलेन्सर हटाया और गज़ल के व्याकरण समझने में मन लगाया. सिर्फ मीर और गालिब नाम रख लेने से आप मीर और गालिब सा लिखने लगेंगे, इससे फूहड़ और क्या सोच हो सकती है.
उस रोज पान की दुकान पर तिवारी जी बोले कि अब अपने घंसु को ही देख लो. माँ बाप ने कितनी उम्मीद से नाम घनश्याम दास रखा था मगर वे रह गये घंसु के घंसु. सुबह खाने को रुपये हैं तो शाम जेब खाली. घनश्याम दास नाम रख देने से कोई अपने आप बिड़ला तो नहीं हो जाता. सारा जीवन गुजार दिया घंसु ने मगर साईकल को ही गाड़ी कहते रह गया.
घंसु भी भला कहाँ चुप रहते. उखड़ पड़े कि ऐसे में आप ही कौन कमाल किये हैं? नाम के बस तिवारी हो और रोज शाम सूरज ढलते ही दारु और मुर्गा दबाते हो. सोचते हो कि अँधेरा हो गया अब भगवान क्या देख पायेगा कि आप क्या कर रहे हो? वहाँ ऊपर सब नोट हो रहा है. नाम तो आपका बदला जाना चाहिये.
तिवारी जी क्या जबाब देते. अब वे मूँह में पान भरे धीरे से मुस्कराते हुए कह रहे हैं कि शेक्सपियर सही कहे थे ’नाम में क्या धरा है..’
घंसु बोले कि तिवारी जी कुछ उधार मिल जाता तो सोच रहा हूँ एक चाय का ठेला खोल लूँ. नाम में तो वाकई कुछ नहीं धरा. अब काम में क्या धरा है वो अजमा कर देख लूँ. कौन जाने कल को देश की बागडोर ही हाथ लग जाये?
तिवारी जी उधार तो तब दें जब खुद के पास कुछ हो, अतः जैसा कि होता है सलाह ही दे दी. देख घंसु, देश में लाखों चाय वाले हैं. उस लाईन से देश की बागडोर पाने में काम्पटिशन बहुत है. उससे अच्छा तो एक बार फिर नाम बदल कर ललित, नीरव, विजय टाईप कुछ रख ले और बैंक से लम्बा कर्जा मांग. मांगने में तो तेरी क्षमताओं के आगे वो निश्चित ही फीके हैं, फिर भी कर्जा लेकर देश के बाहर भाग ही लिये. तो तू भी कोशिश करके देख ले. मिल जाये तो विदेश निकल लेना वरना तो विदेश जाना इस जन्म में तेरे भाग्य में नहीं.
घंसु असमंजस में है कि बात देश की बागडोर संभालने की थी और तिवारी जी कर्जा लेकर विदेश भाग जाने की बात कर रहे हैं?
तिवारी जी समझा रहे हैं कि तूँ असमंजस में न प़ड़. एक बार कर्जा लेकर विदेश निकल कर तो देख. जो देश की बागडोर संभालते हैं न, तब तू उनकी बागडोर संभालेगा. कुछ समझा? अब घंसु की मोटी बुद्धि भी समझ चुकी थी कि आगे क्या करना है?
मगर एक बात फिर भी नहीं समझ आई कि शहर का नाम बदलने से क्या हासिल? क्या इलाहाबाद का नाम बदल प्रयागराज कर देने से इलाहाबाद हिन्दु हो गया या पहले मुसलमान था? क्या संगम स्नान अब और अधिक पाप धो डालेगा? क्या गंगा अपने आप साफ हो जायेगी? क्या सुलाकी के लड्डु अब ज्यादा मीठे हो जायेंगे? क्या कुँभ की महत्ता बढ़ जायेगी? क्या पुराने दबंगों की दबंगाई अब नये दबंगो के हाथ चली जायेगी? किसी भी क्या का क्या जबाब होगा, कौन जाने मगर यह हर सरकार के हथकंड़े हैं. किसी के किसी वजह से, तो किसी के किसी के किसी वजह से.
मुझे अपना बचपन का साथी रमेश याद आ रहा है. जब वो होमवर्क न करके लाता तो मास्साब की मार से बचने के लिए वो उनको अन्य बातों में उलझाता कि मास्साब मुझे फलाने ने गाली बकी. फलाने ने मारा. मास्साब उसी को सुलझाने में ऐसा उलझते कि असल मुद्दा होम वर्क पूछने का वक्त ही नहीं मिल पाता. रमेश मेरी ओर देख मंद मंद मुस्कराता और धीरे से आँख मारता.
बाकी तो आँख मारने का अर्थ निकालने में आप समझदार हैं ही!
-समीर लाल ’समीर’

भोपाल से प्रकाशित सुबह सवेरे में रविवार अक्टूबर २१, २०१८

#Jugalbandi
#जुगलबंदी
#व्यंग्य_की_जुगलबंदी
#हिन्दी_ब्लॉगिंग
#Hindi_Blogging

Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, अक्टूबर 13, 2018

दलित और गरीब को मीटू हैशटैग नहीं लगाना पड़ता


यह तय बात है कि हर जीव का सम्मान होना चाहिये, चाहे वह स्त्री हो या पुरुष. इससे भला कौन न सहमत होगा? अतः पहले ही बता दूँ कि मैं मीटू हैशटैग (#MeToo) के साथ हूँ जब तक की उसका इस्तेमाल अति के लिये न हो और दोनों तरफ से हो. फिलहाल तो दिखता है कि मीटू सिर्फ लड़कियों के एकाधिकार में है. अगर ऐसा ही चलता रहा ३७७ धारा के बाद भी तो दूसरी तरफ से सब एकजुट होकर वीटू न शुरु कर दें, इस बात का डर है.
घंसु सुबह सुबह पान की दुकान पर बैठे तिवारी जी की तरफ इशारा कर के सब आने जाने वालों को बता रहे थे कि हीटू. तिवारी जी बोले अबे, वो मीटू होता है हैशटैग के साथ, हीटू नहीं.
घंसु तम्बाखु थूकते हुए बोले कि हम भी जानते हैं कि वो मीटू होता है, मगर हम सबको बताना चाहते हैं कि हमको प्रताड़ित करने वालों में आप भी थे. हम तो दलित हैं ही. दलित और गरीब को मीटू हैशटैग नहीं लगाना पड़ता. वो तो जगजाहिर है कि ये प्रताड़ित हैं. इनको तो मात्र इतना बताने के लिए हिम्मत जुटाना है कि कौन कौन इन्हें प्रता़ड़ित कर रहा है. मैं समझता हूँ इसके लिए हीटू के हैशटैग से बेहतर और क्या हो सकता है?
तिवारी जी घंसु के एकाएक प्रदर्शित ज्ञान और हिम्मत दोनों देखकर प्रभावित होने के बदले सन्न थे. सोच रहे थे कि या इलाही बता इसे आखिर हुआ क्या है? मगर फिर भी अपनी सन्नाहट पर काबू करते हुए उन्होंने घंसु से पूछा कि बता, मैने तुझे कब प्रताड़ित किया?
घंसु बोले कि जब हम ८ साल के थे, तब आपने मुझे नीच कहते हुए मेरे पीछे चपत लगाई थी. तिवारी जी बोले कि अगर तुमको उस बात का इतना ही बुरा लगा था तो तुम उस वक्त क्यूँ नहीं कुछ बोले जो आज ३० साल बाद हीटू कर रहे हो?
घंसु मुस्कराते हुए बोले कि तब एक तो हमें यह मालूम ही नहीं था कि आप गाली बक रहे हो. दूसरा, तब आपका भभका था और आप हमारे स्कूल में अध्यापक थे. अगर उस वक्त विरोध करते तो आज जो इन्टर पास हैं वो ५ वीं पास भी न हो पाते. आज जब आपका नाम मोहल्ले के सज्जनों में आता है मगर हैसियत यह कि आप मेरा कुछ बिगाड़ सकने की पूरे अधिकार खो चुके हैं तो सोचा, अब सारे काम निकल लिए हैं, तो मीटू से हिम्मत बटोर कर आप पर हीटू लगाया जाये.
वैसे भी सफेद कमीज पर ही तो कीचड़ उछालने का मजा है, वरना तो कोई कीचड़ में लिपे पुते पर क्या कीचड़ उछालेगा?
तिवारी जी अब क्या करते? बुढ़ापे में जब उनके पास इज्जत के सिवाय और कुछ नहीं बच रहा है तो उसको भी लुटता कैसे देखें? उन्होंने घंसु से किनारे ले जाकर बातचीत की. घंसु को उसके अगले एक माह की दारु का वादा करके उसे चुप कराया. अब घंसु नया सफेदपोश बंदा सोच रहा है जिस पर हीटू की गोली चला सके.
घंसु हीटू हैशटैग वायरल कर फिलहाल पी लूँ मोड में चले गये हैं मगर मोहल्ले के अन्य घंसु ( शेक्सपीयर ने कहा है न कि नाम में क्या धरा है तो इधर घंसु का मतलब बाकी दलित या प्रताड़ित समझ कर चलें) अपने अपने शिकार को जुबानी हैशटैग करने की फिराक में लगे हैं हीटू की गोली के निशाने पर लेकर.
हिम्मत का एक स्वभाव है कि अगर एक दिखाये तो बाकी में भी आ जाती है. वही शायद मीटू, हीटू जैसे अभियान को हिम्मत दिला रहा हो भले ही बरसों बाद. कितने भी बरस बीत गये हों मगर यह तो ध्यान रखना ही होगा कि जब जागो तब सवेरा.
अभियान अभियानों को जन्म देता है. काश!! मीटू हीटू को कुछ इस तरह जन्म दे कि आम जनता भ्रष्टाचारी नेता के खिलाफ हीटू के हैशटैग की गोली दागे और नेता यह कह कर पनाह माँगे कि आईंदा से आई विल नेवर डू. याने कि आगे से कभी भ्रष्टाचार नहीं करुँगा, बस इस बार मुझे माफ कर दो.
एक कोशिश करके यह हिम्मत तो जुटाओ आम जन..कौन जाने कल यह सच हो जाये.
चरितार्थ करो यह कहावत कि जब जागो तब सबेरा..
अब जाग भी जाओ!!
-समीर लाल ’समीर’

भोपाल से प्रकाशित सुबह सवेरे में रविवार अक्टूबर १४, २०१८


#Jugalbandi
#जुगलबंदी
#व्यंग्य_की_जुगलबंदी
#हिन्दी_ब्लॉगिंग
#Hindi_Blogging

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, अक्टूबर 07, 2018

कृपा कहाँ अटकी है, कौन जाने?


यूँ तो हर त्यौहारों पर घर की सफाई की परम्परा रही है किन्तु दीवाली पर इस साफ सफाई का जोश कई गुणित रहता है. कहते हैं कि लक्ष्मी जी आती हैं और अगर घर में गंदगी देखती हैं तो बिना कृपा बरसाये लौट जाती हैं. ऐसे में भला कौन रिस्क ले कि सिर्फ गंदगी के कारण धन दौलत मिलने का मौका हाथ से जाता रहे.
रुपया किसे नहीं चाहिये? और उसके लिए साल में एक दिन साफ सफाई करने से कौन गुरेज करेगा. फिर उसके बाद भी अगर रुपया न मिले तो उसकी जिम्मेदारी फूटी किस्मत की. कम से कम लक्ष्मी जी को ये तो कहने को नहीं रहेगा कि सफाई नहीं की, इसलिए रुपये न भेज पाई.
अच्छा है लक्ष्मी जी राजनीति में नहीं हैं वरना रकम न पहुँचाने के क्या क्या बहाने खोज रहीं होती? आखिर जिसने भी इस तरह की आस्था को बुजुर्गों से सुनकर उन्हें पूजा है, वो बदले में प्रसाद तो चाहेंगे. कतई आश्चर्य न होता अगर सुनने में आता कि उल्लु की तबीयत खराब हो गई थी इसलिए नहीं आ पाई या कहतीं कि पुराने नोट बदली नहीं हो पाये इसलिए डिलिवरी नहीं हो पाई या मंहगाई का रोना रो देती कि खुद का ही खर्चा चलना मुश्किल हुआ है तुमको क्या पहुँचायें. वैसे तो वो रकम न पहुँचाये जाने के आरोपों पर चुप्पी ही साधना बेहतर समझतीं.
आज के प्रभु अपनी आस्था का विषय जुमले के रुप में खुद ही घोषित करते हैं. बुजुर्गों को सुनने का जमाना अब रहा नहीं. वो मात्र मार्गदर्शक मंडल की शोभा बढ़ाते हैं. अतः अब प्रभु स्वयं बताते हैं कि तुम मुझे वोट अर्पित करो, मैं तुम्हारे खाते में १५ लाख भेजूँगा. जब वोट मिल जाते हैं तो फिर वहीं टंटा. सफाई नहीं दिख रही है और मामला रुपयों का है. तो सारे इन्तजारकर्ताओं को सफाई की पुड़िया दी जाती है, स्वच्छता अभियान के रुप में. जब साफ सफाई होगी तो ही न लक्ष्मी जी आवेंगी.
अब सारा देश स्वच्छता अभियान से जुड़ा सफाई में लगा सेल्फी खिंचवाये पड़ा है कि शायद प्रभु सेल्फी देखकर ही प्रसन्न हो जायें और १५ लाख खाते में आ जायें. सेल्फी इस बात की सुविधा देती है कि किस एंगल को दिखाना है और किसे नहीं? सेल्फी के चक्कर में न जाने कितनी फेसबुक प्रोफाईल वॉव लुक पर वायरल हुई जा रही हैं मगर ये १५ लाख का मामला बस १० -२० दोस्तों के सिवाय किसी और के लिए वायरल हो नहीं पा रहा है.
स्वच्छता अभियान के चक्कर में, लोग जो काम साल दर साल से करते आये हैं उसमें बस एक नया एंगल आ गया है कि अब इसकी सेल्फी खींची जा रही है और फेसबुक पर टाईम लाईन अपडेट कर दी जा रही है. दीवाली सफाई हैशटैग #स्वच्छता अभियान, #दीवाली, #लक्ष्मी जी, #मोदी जी, #कालाधन, #आरबीआई, #नोटबंदी, #गुलाबीनोट, #उल्लु जी. उम्मीद यह रहती है कि कहीं भी अगर फिट हो जाये तो कृपा खुल जाये. निर्मल बाबा की तर्ज पर यह सोच बदली है कि कृपा जाने कहाँ अटकी हो? कोशिश हर तरफ करनी होती है.
वैसे ध्यान देने योग्य बात यह भी है बात सफाई की है और हैशटैग हुए उल्लु, वो भी उल्लु जी के नाम से. आखिर मजबूरी में गधे को भी बाप बनाना पड़ता है, ऐसी कहावत है. ऐसे में अगला प्रभु कौन होगा, कहना मुश्किल है मगर नाम लेना उचित नहीं. सब मौके की बात है. न जाने कौन सी आस्था की झीर फूट पड़े और स्वच्छता की सेल्फी किसी और एंगल से लेने का फैशन चल पड़े.
परिवर्तन संसार का नियम है.
इन्तजार किजिये एक नये आयाम का,
नये समय के नये सफाई अभियान का.
-समीर लाल ’समीर’
भोपाल से प्रकाशित सुबह सवेरे के रविवार अक्टूबर ०७, २०१८ में:


#Jugalbandi
#जुगलबंदी
#व्यंग्य_की_जुगलबंदी
#हिन्दी_ब्लॉगिंग
#Hindi_Blogging

Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, सितंबर 29, 2018

डीलरशिप क्यूँ बदल गई, इस पर सब चुप हैं



चुनाव में हार जीत का निर्धारण मुद्दे करते हैं. हर चुनाव के पहले न जाने कैसे एक ऐसा मुद्दा फूट पड़ता है जो चुनाव की दिशा निर्धारित कर देता है. अच्छी खासी चलती सरकार न जाने क्यूँ एकाएक पांचवे साल में विपक्ष को एक ऐसा मुद्दा दे देती है कि खुद का बना बनाया मजबूत किला नेस्तनाबूत हो जाता है?
इधर देखने में आ रहा है कि मुद्दे भी ऐसे आने लगे हैं मानों की चुनाव नहीं, युद्ध होने जा रहा हो. होता तो खैर युद्ध ही है आजकल. कहाँ वो भाईचारा देखने में आता है अब, जहाँ चुनावी द्वन्द चुनाव तक ही सीमित रहती थी. अब तो वो चुनाव के बाद भी पूरे पाँच साल व्यक्तिगत द्वन्द और दुश्मनी सी बन जाती है. विपक्ष के लिए वो कहावत तो मानो दुनिया भूल ही गई है कि वो एक अच्छी सरकार का पथ प्रदर्शक होता है. निन्दक नियरे राखिये को भूल भाल कर निन्दक को देशद्रोही ठहरा कर पाकिस्तान भेज दिजिये की बात कहने का जमाना आ गया है.
युद्ध से समानता की बात चली तो याद आया कि हाल ही में जबरदस्त चुनाव लड़ा गया बोफोर्स तोप से. तोप ऐसा मुद्दा बनी कि न जाने किस किस तरह से दागी गई और पूरी जमी जमाई सरकार औंधे मूँह गिर पड़ी. दागने वाले सरकार बना कर बैठ गये.
अब नया मुद्दा आया है. अबकी बार जेट विमान से बम बर्षा की जायेगी. रोफेल विमान उड़ान भरने को तैयार हैं २०१९ के चुनावी संग्राम में. निश्चित ही हवाई बमबारी भारी पड़ने वाली है. हवा हवाई का अपना वजन होता है. हारेगा कौन और जीतेगा कौन- यह तो नहीं पता! किन्तु इतना जरुर ज्ञात है कि युद्ध के बाद जिस तरह दोंनों देश पुनः अपने आप में मशगूल होकर पुर्नस्थापित हो ही जाते हैं किन्तु हारती मानवता है. मरते इन्सान हैं चाहें जिस देश के हों. दोनों देश के बच्चे अपना पिता हारते हैं. दोनों देश की माँयें अपने बेटे हारती हैं. दोनों देश की बेटियाँ अपना सुहाग हारती हैं. दोनों देश अपने बेटे हारते हैं. दोनों अपने नागरिक हारते हैं. फिर भी विजेता सोचता है कि हम जीत गये. क्या जीते और किस जीत का जश्न?...क्या हारे और किस हार का गम? शायद दोनों ही देश न बता पायें..सच तो ये है कि दोनों ही हारे हैं. जीता कोई ऐसा अहम है जिस अहम की कोई माईने नहीं..कोई औकात नहीं...कोई वजह नहीं.
वही हाल चुनावी संग्राम का है. यहाँ हारने वाला इन्सान बस आम जनता है बाकी सब युद्ध का सा ही हाल है. जाने कौन जीतता है? बस मुखौटा बदल जाता है, बाकी तो खून और अरमान आमजन के बहे. उसकी किस को कोई फिकर नहीं.
घंसु जैसे आमजन तो कहते पाये गये कि इस बार चुनाव में तो राईफल चलेगी? तिवारी जी उसे समझा रहे हैं कि राईफल नहीं, रैफल है.
घंसु जानना चाह रहा है कि तो यह रैफल क्या है?
तिवारी जी बता रहे है कि रैफल एक तरह का जुँआ है जिसमें सब खिलाड़ियों को एक टिकिट बांट दी जाती है, और उसी टिकिट का दूसरा हिस्सा एक डब्बे में डालकर ड्रा निकाला जाता है और जिसका टिकिट निकलता है वो विजेता घोषित हो जाता है. उसे जीता माना जाता है.
एकाएक एक अन्य ज्ञानी अवतरित हुए और कहने लगे कि आप क्या बात करते हैं? रोफेल तो युद्धक विमान की डील है जिसमें वो विमान खरीदे जा रहे हैं जो युद्ध में उडाये जायेंगे. हल्ला बस इसलिये मच रहा है कि दाम तीन गुना करके मुनाफा मित्र का दुगुना करने की जुगत हल्ला मचवा गई है.
डील में क्या मुनाफा है और क्या भागीदारी..वो अलग बात है. कोई कहता है मारुति ८०० के बदले ऑडी के दाम में फर्क तो होना ही है मगर डीलरशिप क्यूँ बदल गई, इस पर सब चुप हैं.
गाड़ी के मॉडल बदलने से डीलरशीप बद दें...तो सरकार की रहनुमाई से पार्टी भी बदले ..का सफर तय करना है.
फैसला जनता के हाथ में है..देखो वो क्या कहती है २०१९ में!!
बस एक मुहावरा याद आता है!!...
नाऊ भाई नाऊ भाई कितने बाल?
सरकार!! सब्र रखिये बस दो हाथ आगे ह!! 
-समीर लाल ’समीर’
भोपाल से प्रकाशित सुबह सवेरे के रविवार सितम्बर २९, २०१८ में:


#Jugalbandi
#जुगलबंदी
#व्यंग्य_की_जुगलबंदी
#हिन्दी_ब्लॉगिंग
#Hindi_Blogging

Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, सितंबर 22, 2018

भजन में वजन है इसीलिए आज तक टिका हुआ है


भजन की शुरुवात कहाँ से हुई यह तो पता नहीं मगर हुई प्रभु वंदना के लिए थी. यह किसी देवी या देवता की प्रशंसा में गाया जाने वाला गीत है. मीराबाई, सूरदास, तुलसीदास, रसखान आदि के भजन आदिकाल से प्रचलित रहे हैं.
पहले गांव शहरों में लोग मंडली बनाकर रात रात भर भजन किया करते थे. भक्ति भाव ही प्रमुख भाव होता था. कभी प्रभु के प्रति अपना धन्यवाद प्रेषित करने के लिए तो कभी प्रभु से अपने लिए कुछ मांगने के लिए तो कभी यूँ ही आनन्दपूर्वक. सभी में भजन का इस्तेमाल होता. जैसे आजकल रैली के माध्यम से ही मांग भी की जाती है, विरोध भी किया जाता है और धन्यवाद भी दिया जाता है.
एक दौर आया और फिल्मी भजनों का सिलसिला चल पड़ा. एक से एक भजन गाये गये फिल्मों में जो फिल्मों के परदे से होते हुए मंदिरों और मंडलियों में प्रवेश कर गये. एक से एक धुन पर भजन गाये जाने लगे. जो फिल्मों में आते उनके लिए तो संगीतकार धुन तैयार करते मगर जो पुराने औए अन्य भजन थे उसे लोग किसी भी फिल्मी धुन में ढाल कर गाने लगे. मुद्दा तो प्रभु को रिझाने का ही था.
रिझाने का हाल तो यह रहता है कि हम इन्सानों को इसमे महारत हासिल है और इस हेतु न जाने कितनी तिकड़म हम कर गुजरना जानते हैं. आमजन प्रभु को रिझाने के लिए भजन गाये तो नेता आमजन को रिझाने के लिए जुमले सुनाते हैं. एक भक्ति भाव का पुट इसमें भी रहता ही है.
प्रभु को भी तभी तक रिझाया जाता है जब तक काम सध न जाये तो आमजन कोई प्रभु से बड़े तो नहीं है. नेता भी उनको तभी तक रिझाते हैं जब तक की वोट न पड़ जाये.
फिर भजन का व्यवसायीकरण शुरु हुआ. बड़ी बड़ी ऑर्केस्ट्रा की तर्ज पर भजन मंडली और जगराता कम्पनियाँ और गायक गायिकायें रातों रात छा गये. लाखों रुपये लेकर भजन गाने आते और जगराता कराते. तरह तरह के म्यूजिकल इन्सट्रूमेन्टस बजते, डिस्को भजन तक आ गये. सब बदलती दुनिया है. हर बात के तरीके बदलते रहते हैं. अब तो चुनाव लड़वाने के लिए बड़ी बड़ी कंपनियाँ ठेके लेती है. एक से बढ़कर एक चुनावी चाणक्य मोटी रकम लेकर चुनाव की रणनिति तय करते हैं. परिवर्तन ही संसार का नियम है.
इसी परिवर्तन के नियम तहत हाल ही में बाजार में तूफान खड़ा हो गया. एक प्रसिद्ध भजन गायक का बरसों से भजन गाना ऐसा फला कि अच्छे अच्छे युवा दांतों तले ऊंगली दबा बैठे. बुजुर्गों को भजन में खोया विश्वास वापस जागा. एक उम्मीद की किरण नहीं बल्कि पूरा सूरज ही उग आया. ऐसी लागी लगन, मीरा हो गई मगन की तर्ज पर भजन गायक जो कि ६२ पार है, की आधी से भी कम उम्र की सुन्दर बाला के साथ कॉमन लॉ में रहने की बात जग जाहिर हुई. वो भी तब जब इस गायक को पूर्व में तीन पत्नियाँ तलाक देकर अलग हो चुकी हैं. अच्छे अच्छे हिम्मत छोड़ बैठें, निराशा और हताशा में जान गवां बैठें मगर ईश भक्ति और भजन की ही ताकत है कि बंदा न तो हताश हो रहा है और न ही ईश्वर के प्रसाद की स्पलाई बंद हो रही है.
एकाएक समाज में नई जागृति आई है. जिसने जीवन भर भजन न गाया वो भी ललायित है कि कैसे भजन सीखा जाये और गाया जाये. भगवान में खोया विश्वास भी पुनः जाग उठा है.
ऐसे ही चमत्कार खोई और बुझती आस्थाओं को पुनः जगा जाता है फिर एक लम्बे समय तक ढाक के वही तीन पात. ऐसा ही चमत्कार दिल्ली के मफलर मैन लेकर आये थे मगर ढाक के तीन पात थोड़ा जल्दी ही हो गया. ५६ इंच का सीना भी ४ साल में ही घट कर ३६ से भी कम का रह गया. मगर एक बार को तो हवा बना ही गये.
उम्मीद तो यही है कि भजन की ताकत बरकरार रहे और भले ही कॉमन लॉ में रहें मगर कुछ समय को तो टिके ही रहें.
शायद यही भजन में वजन है और आदि काल से आजतक टिका हुआ है.
-समीर लाल ’समीर’

भोपाल से प्रकाशित सुबह सवेरे के रविवार सितम्बर २२, २०१८ में:


#Jugalbandi
#जुगलबंदी
#व्यंग्य_की_जुगलबंदी
#हिन्दी_ब्लॉगिंग
#Hindi_Blogging

Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, सितंबर 16, 2018

आँख खुली रखना जागना नहीं है, जागरुक होना जागना है.


जिस तरह हर पर्व की एक अलग पहचान होती है, वैसे ही चुनाव की भी है. यह लोकतंत्र का एक बड़ा पर्व है. बताते हैं इस दौरान पूर्व चयनित नेता नगर वापस लौटता है. उसके भीतर का पिछले चुनाव जीतने के बाद से मर चुका इंसान पुनः अगली जीत तक के लिए जीवित हो जाता है. वह एकाएक जेड सुरक्षा से निकल आम जनता के बीच एकदम सुरक्षित महसूस करने लगता है. वह पुनः संवेदनशील हो जाता है और आम जनता की समस्याओं पर उसकी आँख की अश्रुग्रंथी पुनः झिरने लगती है, मानो पाँच से सूखे पड़े कुँए में एकाएक झिर फिर से खुल गई हो.
जो नेता पिछला चुनाव हार गये थे या जो इस बार गुंडई का राजमार्ग पार कर नेतागीरी में उतरे हैं,वो भी सफेद कुर्ता पायजामा पहन कर बगुलाभगत की तरह सजधज कर आम जनता के बीच हाथ जोड़ कर चले आते हैं. फिर होड़ लगती है कि कौन आमजनता को कितना बेवकूफ बना सकता है?
इस पर्व में हर जाति धर्म को लोग बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते हैं. अमीरों और अभिजात्य वर्ग का तो रुपया ही सब कुछ होता है अतः वो धर्म और जाति के बंधन से मुक्त इस पर्व पर वो पिकनिक मनाने निकल जाते हैं. उनकी जगह उनका रुपया इस उत्सव में उनकी हाजिरी लगता है और बढ़चढ़ कर हिस्सा लेता है. जाति धर्म गरीबों के हिस्से की जागीर है जो उन्हें डराने से लेकर बांटने तक के लिए काम आता है. नेता जाति और धर्म के नाम पर क्या खेल खिलाना है और क्या खेल खेलना है, बखूबी जानते हैं. यह चुनावी पर्व इस खेल का पाँच साला ओलम्पिक का सा महत्व रखता है.
जिस तरह भयंकर मधुमेह की बीमारी से पीड़ित व्यक्ति मात्र मिठाई का नाम सुनकर उसके स्वाद को अहसास कर प्रसन्न हो लेता है. वो यह भली प्रकार जानता है कि अब यह मिठाई उसके नसीब में नहीं. वैसे ही गरीब आम जनता के लिए भी चुनाव के वक्त नेताओं के किये वादे कुछ देर को ही सही, एक प्रसन्नता की अनुभूति तो दे ही जाते हैं. अच्छे दिन, बैंक में रुपया, नौकरियों का अंबार, किसानों की सरकार आदि ऐसी ही कुछ मिठाईयों के नाम हैं, जो ये नेता इन्हें चुनाव के दौरान सुनाते हैं. नेता उन गरीबो में आस जगा देता है, जो उनके लिए अगले पाँच सालों के इन्तजार को झेल जाने का संबल बन जाता है.
आस में जिन्दा रखने की ताकत है. आस संजीवनी है. शायद इसीलिए वो माँ बाप जिनके बच्चे विदेशों में जा बसे हैं, लम्बा जीते हैं क्यूँकि उन बुजुर्गों में एक बार उनके वापस आने की आस बाकी रहती है, जो जहाँ एक ओर उनके आँसू गिरवाती है तो दूसरी तरफ उनके जिन्दा बने रहने की वजह बनती है.
अदालतों के फैसले का एक लम्बा सिलसिला भी उन कैदियों में वो ही आस भर देता होगा कि शायद अगली पेशी में छूट जायें और देखते देखते आजीवन कारावास के १४ साल इसी आस और इन्तजार के खेल में बीत जाते होंगे. वरना तो अगर अदालत पहले दिन ही फैसला दे दे और फिर बिना किसी आस के उन चाहरदिवारियों के बीच १४ साल काटने हों तो शायद एक साल में ही वो कैदी दम तोड़ दे. मुझे लगता है अदालतों में लगता एक लम्बा समय, छोटी अदालत से बड़ी अदालत का सफर एक अभिशाप नहीं, ऐसे लोगों के लिए वरदान ही है. इसे जारी रहना चाहिये.
घंसू को चुनाव बहुत पसंद हैं. वह समस्त राजनितिक दलों पर समदृष्टि रखता है. वह दलगत राजनिती से ऊबर चुका है. वह हर दल की रैली और चुनावी सभा में जाता है. वह हर दल के जिन्दाबाद का नारा उठाता है. उसे इस हेतु नोट मिलते है. दारु, गोस्त, पकोड़े, समोसे, पूरी, सब्जी, जलेबी आदि उसका पेट भरते हैं. देने वाला नेता हिन्दु है कि मुसलमान, पाने वाला तो उसका पेट ही है जिसे भरना उसके जिन्दा रहने के लिए जरुरी है.
नोट वोट की तरह ही छुआछूत से परे होता है. हिन्दु दे तो, मुसलमान दे तो,वह नोट ही रहता है. दरगाह वाला नोट घूमते फिरते मंदिर में चढ़ जाता है और मंदिर वाला दरगाह में. घंसु भी नोट के बदले वोट और हर प्रत्याशी के लिए पोस्टर चिपकाने से लेकर बैनर लगाने तक का काम करता है. चुनाव के दौरान ही उसकी कोशिश होती है कि आने वाले समय के लिए भी कुछ रकम सहेज ले.
सहेज कर तो खैर वो बैनर का कपड़ा बचा कर अपने कफन के लिए भी रख लेता है. उसे पता है कि अगर अगले चुनाव के पहले वो मर गया तो ये नेता नहीं लौटने वाले उसके कफन का इन्तजाम करने. इनका अपनापन चुनाव तक ही सीमित है.
इतना समझदार तो खैर हर आमजन है मगर ऐसी समझदारी किस काम की कि आप खुद ही सामने वाले के लिए मखमल की शेरवानी का इन्तजाम करवा कर खुद के लिए कफन सहेजो.
समझ सको तो जागो. आँख खुली रखना जागना नहीं है, जागरुक होना जागना है.  
-समीर लाल ’समीर’
भोपाल से प्रकाशित सुबह सवेरे के रविवार सितम्बर १६, २०१८ में:


#Jugalbandi
#जुगलबंदी
#व्यंग्य_की_जुगलबंदी
#हिन्दी_ब्लॉगिंग
#Hindi_Blogging


Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, सितंबर 08, 2018

तेल में आग और रुपये पर पानी


तिवारी जी का पुराना बकाया है घंसू पर. आज जब तिवारी जी ने पुनः तकादा किया तो घंसू भड़क उठे. उधार का व्यवहार ही यह है कि जब अपना ही पैसा वापस मांगो तो भीखमंगे से बत्तर नजर आते हो.
क्या मतलब है तिवारी जी आपका? कोई भागे जा रहे हैं क्या?
तिवारी जी भी गुस्से में आ गये बोले कि भाग तो नहीं रहे मगर रुपया भी तो वापस नहीं कर रहे हो? चार साल हो गये. दो महिना में लौटा देंगे बोल कर लिया था. हर चीज की एक हद होती है. रकम भी छोटी मोटी तो है नहीं, पूरे ५० हजार हैं. वो तो भला मानो कि हम ब्याज नहीं लगा रहे! किसी किसान से पूछ कर देखो कि सरकार कैसे ऋण देती है और कैसे ब्याज वसूलती है? हमारी जगह सरकार से कर्जा लिए होते तो अब तक किसी पेड़ में टंगे मिलते आत्म हत्या करके.
घंसू थोड़ा सकते में आ गये मगर रुपये तो हैं नहीं लौटाने को, तो कुछ न कुछ तो माहौल खींचना ही पड़ेगा. ये घंसू ने मौजूदा सरकार से खूब सीख लिया है पिछले चार सालों में. अतः घंसू ने पैंतरा बदला और बोले कि तिवारी जी आप तो पढ़े लिखे हैं. आप समझदार हैं. ऐसा बोल देने से सामने वाला बेवकूफ बनने को तैयार हो जाता है, यह घंसू जानता है. वो आगे बोला - देखिये रुपये की हालत? कितना गिर गया है. फिर इसके चलते पैट्रोल और डीज़ल के भाव में भी आग लगी है. थोड़ा बाजार संभल जाने दिजिये. रुपया मजबूत हो जाने दिजिये, लौटा देंगे आपका पैसा.
तिवारी भड़क गये कि क्या सोच कर लिये थे उधार? और फिर रुपये के गिरने से तुम्हारा क्या लेना देना? कोई डॉलर में कर्जा लौटाने की सोच रहे हो क्या हमारा? पैट्रोल में आग लगे या पानी, तुम तो अपनी साईकिल में घूमते हो, तुम्हारा क्या बनना बिगड़ना है इससे? जबरदस्ती की बहानेबाजी करते हो. कभी तेल में आग तो कभी रुपये पर पानी.
’कमजोर इन्सान पर तो सब जोर चलाते हैं’ घंसू रुँआसे से हुए बोल रहे हैं. साहेब भी तो चार साल पहले बोले थे कि १५ लाख सबके खाते में डलवा देंगे, उनसे क्यूँ नहीं कुछ कहते आप? वो ही आ जाते तो हम आप का कर्जा आपके मूँह पर दे मारते. हमें भी कोई अच्छा नहीं लगता है कर्जा अपने उपर रख कर.
आजकल तो वैसे भी अपनी गल्ती का ठीकरा दूसरे के सर पर फोड़ने का फैशन चल पड़ा है. रुपया गिरा तो १० साल पहले की नीतियों का दोष. पैट्रोल के दाम बढ़े तो पुरानी सरकार के कर्जे की वजह से. काला धन नहीं आया तो २० साल पहले के किसी नियम की वजह से. नोटबंदी फेल हो गई तो पुरानी सरकार की अदूरदर्शीता से. जी एस टी, दलित कानून सब पुरानी सरकार के कारण. हिन्दु मुस्लिम तो नेहरु की गल्ती. तो फिर ये जो सरकार आई इसने क्या किया, इसका कोई हिसाब है क्या? कि सिर्फ पुरानी फिल्मों को चलता देखते रहे? और ये पता करते रहे कि पिछले ७० साल में क्या गलत हुआ? उसमें खुद के भी ५ साल गिना गये वो पता ही नहीं. तिवारी जी चिल्ला रहे हैं.
और घंसू, तुम सुनो!! ये सब सरकारी चोचले, इसकी गल्ति उसकी गल्ति वाले इन राजनितिज्ञों के लिए छोड़ दो. ये इनको ही सुहाते हैं. हम तुम साधारण लोग हैं, इनके चक्कर में हम भी लड़ बैठेंगे. फिर न हम आपस में बात करेंगे और न ही आपस में मदद.
तुम कोशिश करके जब सुविधा हो मेरा पैसा लौटा देना मगर इनका जामा पहन कर मानवता से मानव का विश्वास मत डिगाना. ५०,००० रुपये बहुत कम कीमत है मानवता को दांव पर लगाने के लिए.
-समीर लाल ’समीर’    
भोपाल से प्रकाशित सुबह सवेरे के रविवार सितम्बर ०९, २०१८ में:

#Jugalbandi
#जुगलबंदी
#व्यंग्य_की_जुगलबंदी
#हिन्दी_ब्लॉगिंग
#Hindi_Blogging

Indli - Hindi News, Blogs, Links