बुधवार, फ़रवरी 22, 2017

गधों का गधा संसार

इधर भी गधे हैं, उधर भी गधे हैं
जिधर देखता हूं, गधे ही गधे हैं

गधे हँस रहे, आदमी रो रहा है
हिन्दोस्तां में ये क्या हो रहा है

जो खेतों में दीखे वो फसली गधा है
जो माइक पे चीखे वो असली गधा है

इन पंक्तियों के रचयिता ओम प्रकाश आदित्य तो अब रहे नहीं..मगर कविता कालजयी है..


आज की उत्तर प्रदेश में हुई चुनावी बयानबाजी ने इन पंक्तियों की याद ताजा की जब उसमें गधों का जिक्र आया..गधों के बीच भी जब तक गधों का जिक्र न आये तब तक गधा गधा नहीं होता..इन्सान सा नजर आता है..

बताते चलें कि यह गधों का स्वभाव नहीं...इन्सानों का स्वभाव है.

गधों की भी कई नस्लें होती हैं..उनमें से एक नस्ल होती है जिसे जुमेराती कहते हैं...मात्र इस नस्ल को लेकर भगवान और खुदा दोनों एकमत हुए होंगे शायद कभी..और तब दोनों ने मिल कर सिर्फ इस नस्ल को यह वरदान दिया होगा कि वो शोहरत और बेईज्जती के बीच के अंतर को न समझ पायें..जूते और फूल माला सब उनके लिए एक समान हों....

अतः ये वाली सारी नस्ल अपनी मोटी चमड़ी और मोटी बुद्धि के साथ संसद के दोनों सदनों और विधानसभाओं से लेकर अनेकों स्थानों पर विराजमान है..इन्हें इन्सानों से अलग पहचान देने हेतु नेता पुकारा गया है..दिखने में इन्सान सा दिखने का वरदान भी मिल कर ही दिया है भगवान और खुदा ने..इसके बाद भगवान और खुदा फिर कभी न मिले..ऐसा शास्त्र बताते हैं..एक दूसरे को अलविदा कह गये...अतः बाकी के सारे गधे धोबी के साथ साथ घाट घाट घूम रहे हैं...और इन्सान तो हर घट का पानी पिये अपने जुमेराती गधा न हो पाने के मातम में डूबा ही है..

बस आज आगह करने को मन किया कि अगर ईश्वर कभी आपको गधा बनाये तो प्रार्थना करना...जुमेराती बनाये..इत्ती च्वाईस तो मिलती ही है जब पुनर्जन्म होता है...पुनर्जन्म में तो हर मजहब भरोसा धरता है..अतः इस वयक्तव्य में सेक्यूलरवाद की महक न आयेगी किसी को.. मगर लोगों को पता नहीं होता...अतः वो बस मायूस हो कर कह देते हैं कि अब गधा बना ही रहे हो तो कोई सा भी बना दो..

याद रखना इस मायूसी का अंजाम...फिर वही धोबी मिलता है...घाट घाट घुमाने को..संसद के सपने न देखना..

इस हेतु यह लिखा कि जान जाओ :)


-समीर लाल ’समीर’
Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, फ़रवरी 19, 2017

जोगी रा सा रा रा रा

आज के जमाने के ७ वीं कक्षा के बच्चे की कॉपी में होली पर निबंध पढ़ने का मौका लगा.

कुछ अंश:

होली के दिन स्कूल की छुट्टी होती है. इस दिन हम मम्मी, पापा और उनके खूब सारे दोस्तों के साथ मिल कर पिकनिक पर जाते है. सब एक दूसरे से गले मिलते हैं और हैप्पी होली बोलते हैं. बच्चे दिन भर खूब खेलते हैं. पापा मम्मी और उनके दोस्त बीयर पीते है. केटरर खूब सारा खाना बनता है. डी जे वाला गाना बजाता है. सब लोग नाचते हैं. देर शाम को सब थक कर घर वापस आ कर सो जाते हैं...

ऐसा होली का बदला स्वरुप देखकर लगता है आने वाले दस पंन्द्रह सालों में गुजिया, सलोनी, टेसू के रंग, पिचकारी, अबीर गुलाल, काली स्याही, सिल्वर कलर आदि तो होली के नाम का साथ पूरी तरह से छोड़ देंगे. गुजिया, सलोनी की जगह बरफी, काजू कतली ने ले ली, भांग की जगह बीयर, रम, व्हिस्की ने ले ली और घर में पकते पकवानों की जगह केटरर की केटरिंग ने ले ली और जोगी रा सा रा रा के बदले डीजे गाना बजाने लगा और मोहल्ले सड़को पर नाचते गाते घूमते रंगों में सारोबार टोलियों की जगह पिकनिक और पिकनिक पर डीजे की धुन पर थिरकते लोगों ने ले ली है.

अब ये सब फिल्मों और टीवी के लिए बनते फिल्मी कार्यक्रमों में होली में दिख जाता है और एक एलिट वर्ग उसे ही घर में बैठ कर टीवी पर देखकर होली मना लेता है.

जोगिया को गुम हुए तो यूं भी एक अरसा बीता. यदा कदा व्यंग्य वाणों के तौर पर इसका इस्तेमाल होते दिख जाता है बस्स!!

उसी को याद करते जोगिया सी कुछ व्यंग्यात्मक कोशिश:

बाथरुम में झाँक के बोले अपनी ये सरकार
रेनकोट में नल के नीचे, बैठे हैं  सरदार
जोगी रा सा रा रा रा, जोगी रा सा रा रा रा

खोद रहे थे चला कुदाली, इत्ता बड़ा पहाड़
निकली चुहिया नाच के बोले, पकड़ा गई मक्कार.....
जोगी रा सा रा रा रा, जोगी रा सा रा रा रा

वेलेन्टाईन की शाम को उनको, चढ़ा प्रेम खुमार
रात गुजारी साथ साथ में, सुबह हुई तकरार..
जोगी रा सा रा रा रा, जोगी रा सा रा रा रा

दूध पिये भगवन की मूरत, भूखे मरते लोग
क्या अंधों का देश है, या अंधे भक्तो का लोक...
जोगी रा सा रा रा रा, जोगी रा सा रा रा रा

सच को झूठ बताने वाले, जीत रहे हैं जंग
सीएनएन को रोज झिड़कते, राष्ट्रपति जी ट्रम्प..
जोगी रा सा रा रा रा, जोगी रा सा रा रा रा

-समीर लाल ’समीर’

#जुगलबन्दी  #Jugalbandi
Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, फ़रवरी 15, 2017

मुख्य मंत्री का मुख

तामिलनाडू एक ऐसा राज्य है, जहाँ चुनाव नहीं हुए मगर मुख्यमंत्री स्वर्गवासी हो गईं इस हेतु मुख्यमंत्री पद संकट काल से गुजर रहा है.. राज्यपाल लाइम लाईट में हैं..सब दावेदार उनसे मिल जुल रहे हैं और वो अपना फैसला सुरक्षित रखे हैं. ऐसे कम ही मौके होते है जब लोग राज्यपाल निवास की तरफ टकटकी लगायें बैठे हों अतः जितना खींच सके की तर्ज पर खीचन का माहौल बना हुआ है.
टकटकी लगाये बैठी मुख्यमंत्री की मुख्य दावेदार एकाएक यात्रा पर निकल गईं जेल की...वो भी चार साल के लिए और उनकी दावेदारी अब दस वर्षों के लिए स्थगित रहेगी न्यायालीन फैसले के चलते. मगर दस साल का क्या है? सत्ता की चाह ऐसी शै है कि दशक मिनटों में गुजर जाते हैं? और उम्र भी कोई खास नहीं..६१ बरस..राजनीति में तो यह उम्र अभी सीख रहा हूँ...मेरा साथ दीजिये भाईयों बहनों वाली होती है...जब यात्रा से वापस आकर सन्यास पूर्ण करेंगी, ७१ वर्षीय युवा नेत्री के हाथ फिर प्रदेश की कमान होगी. ये मैं नहीं कह रहा...मेरी राजनीतिक विषयों पर विशेषज्ञ कलम कह रही है...हम तो बस निमित्त मात्र हैं...
अम्मा का स्वर्गवास विचलित करने वाला निकला...खास कर उत्तर भारतियों के लिए...उनके आशीर्वाद प्राप्त नव मुख्यमंत्री के नाम का उच्चारण करना अभी सीख ही रहे थे कि शशीकला के जेल जाने से उछले एक नये नाम को सीखने की जुगत में लगे हैं. अब दर रोज नये नये नाम बोलना सीखें कि उत्तर भारत में हो रहे चुनाव की सोचें.
सोचने की बात से एक सोच उभरी कि मृत्यु से बड़ा पाप विनाशक कोई भी नहीं. गंगा में नहा कर भी पापी पापॊ कहला सकता है मगर जीते जी भले ही जनता यान्यायालय आदि आपको पापी, दुष्ट, अपराधी घोषित कर दें किन्तु मृत्यु के भुजपाश में जाते ही आप स्वर्गवासी हो जाते हैं. आज तक नरकवासी होते किसी को नहीं सुना...एकदम खाली खाली सी..सूनसान जगह होगी..
दक्षिण से दिमाग हटे तो चार और राज्य ऐसे हैं जहाँ माहौल गरम है. मगर वहाँ मुख्यमंत्री पद का सवाल अभी उलझा नहीं है अतः राज्यपाल अभी लाइम लाईट में नहीं हैं.
अधिकतर जनता वोट डाल चुकी है या डाल रही है...जाने कौन सत्तासीन होगा और जाने कौन मुख्य मंत्री मगर नूरा कुश्ति के नतीजे के लिए इन्तजार लगा है और अनुमानों का बाजार गर्म है.
अनुमान का क्या है वो तो हम भारतवासियों का शगल है..और अनुमान भी ताल ठोक कर लगाते हैं कि बॉस, गलत निकल जाये तो आधी मूँछ मुड़ा कर शहर घूमा देना.
पनवाड़ी की दुकान पर चर्चा चल रही है कि हमसे पूछो हम बताते हैं..नोट करो.. पंजाब में झाडू आ रही है...गोवा में झाडू आई ही समझो ..थोड़ा ऊँच नीच हुई तो कांग्रेस है ही...बाहर से टेका लगा देगी तो भी चल जायेगा....उत्तराखण्ड तो सब जानते ही हैं कि क्या होना है..(ये स्टेटमेन्ट इसलिए कि कोई नहीं जानता है) ..और फिर यूपी..उसके लिए क्या कहें...
अब बताओ..इसमें पंजाब छोड़ क्या नोट करें?
चैलेन्जर सामने से बोल रहा है कि ये जो यूपी में कमल है न भैय्या...कीचड़ मे खिलता है..सोच लेव!! साईकिल से जाकर हाथ से तोड़ोगे तो साईकिल भी और पंजा भी, दोनों कीचड़ में सन जायेगा...खुद से टूटा तो वहीं कीचड़ में गिर कर रह जायेगा...एक्के तरीका है कि हाथी जाये..और अपनी सूँड़ से तोड़कर लाये तो ही सुरक्षित आ सकता है...हाथी का कीचड़ में सना पाँव तो यूँ भी वेदों में पवित्र और दिव्य माना गया है...
चैलेन्जर ने दर्शन शास्त्र की बुद्धिजीवी टाईप बात कर दी है...पान की दुकान से भीड़ छट चुकी है...
सड़क पर हर तरफ पान की पीक के निशान नजर आ रहे हैं...

-समीर लाल ’समीर’
Indli - Hindi News, Blogs, Links

मंगलवार, फ़रवरी 14, 2017

पुतनी वोट डालने नहीं जायेगी, बस्स!!

पिछले साल वेलेन्टाईन डे पर सब को कुछ न कुछ अपनी बीबी, प्रेमिका के लिए खरीदता और खिलाता देख कर मुन्ना ने यह तय किया था कि चलो, इस बार तो अम्मा की तबीयत पर खर्चा लगा है मगर अगली बार तुमको पक्का वो गुलाबी वाला मंहगा सलवार सूट दिलवायेंगे. अम्मा भी चला चली की बेला में हैं तब तक न रुक पायेंगी तो तुम पर कोई रोक टोक भी न होगी. एक चश्मा भी खरीद देंगे. खूब सलवार सूट पहन कर और चश्मा लगा कर सेल्फी खींचना.पुतनी भी मुन्ना की बात सुन कर बहुत खुश हो गई थी.
अम्मा स्वास्थय में ऊँच नीच लगाये छः माह पूर्व समय रहते निकल गई. कुछ दिन कमी खली मगर जीना तो है ही यही सोच कर पुतनी वेलेन्टाईन डे का इन्तजार करने लगी. अक्सर सोचती तो चेहरे पर गुलाबी रंग उतर आता. उसके गांव में तो ऐसे त्यौहार का पता भी नहीं था शादी से पहले उसे. शहर का यही तो अन्तर होता.
मगर होनी को कौन टाल सकता है? इस बार मुन्ना की ऐन वेलेन्टाईन डे से पहले चुनाव की ड्यूटी लग गई. मुन्ना बोल कर गया है कि कोई बात नहीं, अगले साल दिला देंगे और साथ में वो घूमने वाले रेस्टॉरेन्ट में खाना भी खिलवायेंगे. बिना मौके के ये सब भला कब होता है एक आम निम्न वर्गीय परिवार में.
पुतनी उदास भी है और सरकार से गुस्सा भी कि ये भी कोई समय है क्या चुनाव कराने का?
पुतनी इस बार गुस्से में वोट डालने नहीं जायेगी, बस्स!!
किसी को अच्छा लगे या बुरा...किसी ने उसके अच्छा बुरा लगने की भी कहाँ सोची भला?

-समीर लाल ’समीर’
Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, फ़रवरी 12, 2017

रिंग टोन: खोलती है राज आपके व्यक्तित्व का

कनाडा से इतर भारत में हर दूसरा मोबाईल फोन, रिंग टोन में गाना बजाता और सुनाता है. अब की भारत यात्रा में तरह तरह की रिंग टोन सुनते और उससे जुड़े फोनधारक के व्यक्तित्व का अध्ययन करते जो परिणाम आये, वह जनहित में प्रकाशित कर रहा हूँ..पुनः आप जैसे अपवादों को छोड़ कर: 
ॐ जय जगदीश हरे, स्वामी जय जगदीश हरे..
रिंग टोन रखने वाले लोग ऐसे लगे जैसे हजार पाप कर के गंगा जी में में डुबकी लगा कर समस्त पापों से मुक्ति पा लेने का आभास पाले पुनः नये पाप करने निकल पड़े हों...हर आने वाले फोन पर पिछले फोन काल पर किये पापो से मुक्ति और नये पाप करने का मार्ग सुद्दण होता नजर आता है इन्हें...
मेरे महबूब कयामत होगी...आज रुसवा तेरी गलियों में मोहब्बत होगी...
ये वो फ्रस्टेटेड बन्दे हैं जिन्हें इस बात पर कोई भरोसा ही नहीं कि उनकी मोहब्बत भी कभी कामयाब हो सकती है...उन्होंने वैसे भी अपनी मोहब्बत कभी कामयाब होने की तमन्ना से की भी नहीं...मानो और कुछ न सुझा और पिता जी लतिया रहे हों तो एल एल बी कर ली...फिर कहते फिर रहे हों कि वकालत दिमाग नहीं दलाली का काम है और वो हम से न हो पायेगा...अपना इन्फिरियारीटी काम्पलेक्स छिपायें भी तो भला कैसे?
बहारों फूल बरसाओ, मेरा महबूब आया है...
ये हर वक्त आलस्य की रजाई ओढ़े वो अलाल लोग हैं जो अपना काम दूसरों पर टाल में माहिर होते हैं. खुद कुछ करना नहीं...अरे प्रभु, महबूब तुम्हारा आ रहा है तो फूल भी तुम ही बरसाओ, बहारों को क्यूँ घसीटते हो..उनका काम फूल खिलाना और उसकी महक फैलाना है और तुम हो कि अपना काम उन पर डाले दे रहे हो..
सुन रहा है न तू, रो रहा हूँ मैं..
ये महाराज अपनी प्रेमिका और पत्नी से झूठ बोलने में महारत हासिल कर चुके हैं...रो वो कुछ नहीं रहे हैं..दोस्तों के साथ ही बैठे बीयर पी रहे हैं और जैसे ही रिंग टोन बजी...बस...मानो कि किसी गायक को हारमोनियम पर किसी ने स्केल दे दिया हो..साआआ...और फिर उसी स्केल पर इनका गीत शुरु...जानूं, सुन रही हो न...आई एम मिसिंग यू सो मच...और यह बोलते हुए भी..पठ्ठा दोस्तों आँख मार कर बता रहा है कि उसका फोन है...
सीटी बजने की आवाज...
सारी जिन्दगी सीटी बजाकर किसी को पलटवाने की ख्वाहिश पाले वो भयभीत इन्सान जिसे आजतक ठीक से सीटी बजाना भी नहीं आ पाया कभी..बस...इसे ऐसा समझे कि हजारों ख्वाहिशें ऐसी कि हर ख्वाहिश पे दम निकले...दम तो खैर क्या निकलता...हर काल पर अब सीटी जरुर निकल जा रही है...
पुराने जमाने वाले फोन की घंटी...ट्रिन ट्रिन...
काश!! कि वो दिन लौट आयें..हमारा जमाना ही कुछ और था..का नारा बुलंद करने वाले और.नये जमाने से साथ कदम ताल न मिला सकने की वजह से पुराने जमाने के पल्लु में मूँह छिपाये उसी फोन की ट्रिंन ट्रिन सुन रहे हैं..इनके पास उस जमाने के किस्सों के सिवाय कुछ भी नहीं.
वाइब्रेशन मोड में हूम्म्म्म्म्म, हूम्म्म्म की आवाज करता फोन...
न छिपा पाये..न बता पाये...बस यूँ ही हूम्म्म हूम्म में जिन्दगी बिता आये,..अरे, इत्ता तो सोचो..कि उपर जाकर क्या जबाब दोगे...न घंटी बजी और न ही चुप रहे......ये बड़े खतरनाक टाईप के लोग होते हैं मानो कि कोई निर्दलीय उम्मीदवार..क्या पता कब सरकार का समर्थन कर दे...या कब विरोधियों के खेमे में जाकर सरकार गिरा दे....
साईलेंट मोड पर रखा हुआ फोन..
अपने हक की भी तिलांजलि दिये हर हाल में कम्प्रोमाईज़ किये ...बेवजह खुद को खुश दिखाने वाले...और अन्दर से इतना मायूस कि कहीं कोई उनकी खुशी देख कर नाराज न हो जाये...इस हेतु आने वाले फोन को झुठलाते लोग...जो बाद में उन्हीं मिस हुये कॉलों को फोन करके माफी मांगेगे कि भाई, कहीं व्यस्त था जरा!! सॉरी..
अब सौंप दिया इस जीवन का, सब भार तुम्हारे हाथों में..
ये रिंग टोन इस यात्रा के दौरान जब अपनी पत्नी के फोन से सुनी तो लगा कि शायद, भारत घुमाने लायें हैं इस हेतु अनुग्रहित टाईप हुई लगा ली होगी रिंग टोन...मगर असल मायने कनाडा लौट कर समझ आया...जब सारा सौंपा हुआ भार क्रेडिट कार्ड के बिल रुप में सामने आया ..उस खरीददारी का जो इनने भारत में की थी...अब जो भार हमारे हाथों में सौंपा है सो तो उतारना ही है...

खैर...और अनेकों रिंग टोन सुनाई पड़ी...जैसे बेबी डॉल मैं सोने की...उनका व्यक्तित्व आप आंकिये ...

-समीर लाल ’समीर’

-Published in subahasavere Bhopal me 11 Feb, 2017 
Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, फ़रवरी 11, 2017

कैसा तेरा प्यार- कैसा गुस्सा है तेरा


सुबह जब मैं उनके घर के सामने से निकला तो भैय्या जी दण्ड बैठक लगा रहे थे..११०, १११ उनके बाजू में खड़ा उनका चेला दण्ड की गिनती गिन रहा था. सामने दालान में ही एक चूल्हे पर मावा मिला दूध औंटाया जा रहा था. आजकल रोज सुबह हजार दण्ड लगाने के बाद भैय्या जी की सरसों के तेल से मालिश होती है. फिर कुनकुने पानी से स्नान कर औंटाया हुअ दूध ग्रहण करते हैं और इस तरह उनके दिन की शुरुआत होती है.
फिर चेलों की आवाजाही शुरु हो जाती है. योजनायें बनती हैं. चेले लठ्ठ को तेल पिला रहे होते हैं और भैय्या जी कान खोदते, बतियाते पान चबा रहे होते हैं.
पूछने पर पता चला कि त्यौहार की तैयारी चल रही है. आश्चर्यजनक तौर पर कोई त्यौहार तो आस पास आता दिखता न था. नागपंचमी भी आने में तो पूरा आधा साल बाकी है कि उस वजह से पहलवानी की तैयारी कर रहे हों.
हाँ, चुनावी माहौल जरुर है चारों ओर और उसके लिए इस तरह की तैयारी भी मुफ़ीद है.  मगर भैय्या जी ने चुनाव को कभी त्यौहार का दर्जा नहीं दिया. वो उनकी जीवन शैली है, उनकी धड़कन है ओर उनके जीवन यापन का साधन है. चुनाव हैं तो बाकी सब त्यौहार हैं वरना तो यह जीवन ही बेकार है कि तर्ज पर जीने वाले भैय्या जी, राजनिती के बाहुबलियों की बस्ती के सरगना हैं, जिन पर अनेकों हत्याओं और बलात्कार के मामले दर्ज हैं.  उनके लिए चुनाव उनका एक ऐसा दायित्व है जिसे निभाने के लिए वह इस मृत्युलोक में पधारे हैं और इसी दायित्व के चलते कितने लोगों को मृत्यु के घाट तक पहुँचा आये हैं, वो भला चुनाव को त्यौहार मानें, न!! ऐसा हो ही नहीं सकता.
अतः मन की शांति के लिए पूछना ही पड़ा कि भैय्या जी किस त्यौहार की तैयारी में जुटे हैं?
पता चला कि वेलेन्टाईन डे की तैयारी कर रहे हैं. दो दिन बचे हैं बस!! एकदम युद्ध स्तर पर तैयारियाँ चल रही हैं.
हमारे तो पाँव तले धरती ही खिसक गई. अगर मोहब्बत की उम्र की एक्सपायरी का आधार नेताओं की मोहब्बत की कहानियों से भी उठाये तो भी ६० बसंत से उपर तो क्या तय कर पायेंगे कुछ अपवादों को छोड़ कर. इस आधार पर भी मोहब्बत की एक्सपायरी डेट पार किये भैय्या जी को लगभग आधा दशक से उपर बीत चुका है.
ऐसी उम्र में वेलेन्टाईन डे? क्या मूँह दिखायेंगे घर परिवार में ये? हालांकि राजनेताओं को इन सब बातों की चिन्ता तो होती नहीं है, यह सब तो आप हम जैसे आमजनों के लिए बनाई गई सामाजिक बाध्यतायें हैं.
फिर भी भैय्या जी इतने उत्साह्पूर्वक वेलेन्टाईन डे का त्यौहार मनाने की तैयारी करें, वो भी ऐसे कि जब नव युवा प्रेमी नये कपड़े बनवा रहे हैं, गिफ्ट खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, गुलाब के बुके पसंद कर रहे हैं, तब भैय्या जी दण्ड लगाकर और मालिश करा कर बदन बना रहे हैं, दूध औंटा कर मावे डाल कर पी रहे हैं, फूल की जगह लठ्ठ सजा रहे हैं तेल पिलवा कर...अजब तरीका है भैय्या जी का. बाहुबलियों की बात यूँ भी निराली होती है. यह तो खुश हों तो बंदुक दागें, गुस्सा हों तो बंदुक दागें...शायद इन्हीं की प्रेमिकायें गाती होंगी... कैसा तेरा प्यार कैसा गुस्सा है तेरा, तौबा सनम तौबा सनम…
वेलेंटाईन डॆ के दिन हम भैय्या जी के घर के सामने पेड़ के नीचे खड़े हो गये यह देखने के लिए कि क्या नजारा बनेगा इनके इस उम्र में वेलेन्टाईन डे मनाने के जोश का…
कुछ ही देर में भैय्या जी अपने सैकड़ों चेलों के साथ लट्ठ लिये निकलते दिखाई दिये…जय श्री राम का नारा आकाश में गुंजायमान हो गया..
शाम को टीवी में शहर भर के हजारों प्रेमी प्रेमिकाओं के पीटे जाने की खबर ब्रेकिंग न्यूज बनीं और भैय्या जी अपने साथियों के साथ प्रेस कांफ्रेस करते नजर आये…हम अपनी संस्कृति से खिलवाड़ नहीं होने देंगे.
-समीर लाल ’समीर’
#jugalbandi #जुगलबन्दी


Indli - Hindi News, Blogs, Links

गुरुवार, फ़रवरी 09, 2017

बाथरुम में रेन कोट बनाम टायलट में डायपर


धूप में फिल्मी हीरोईनों को छाता लगा कर निकलते देख बचपन में बड़ा अचरज होता था कि बारिश की दूर दूर तक कोई संभावना नहीं, इतनी बढ़िया धूप खिली है फिर यह मोहतरमा छाता लगा कर क्यूँ चली जा रही हैं. थोड़ा बड़ा हुए और ज्ञानियों की संगत मिली तो ज्ञान चक्षु स्वतः खुल गये. लक्स से नहा कर निकली इन हीरोइनों की कोमल एवं गुलाबी त्वचा को धूप से नुकसान पहुँच सकता है इस हेतु सावधानी बरतते हुए धूप में छतरी लगा कर निकलती है. हमारे जैसे श्याम वर्णिय और शहरे की धज्जियाँ उधडी सड़कों से समान त्वचा वाले के लिए ऐसा कुछ सपने में भी सोच पाना संभव न होता अगर ज्ञानियों की संगत न मिलती तो. वरना हर बात इन्सान खुद पर लागू करके ही तो सोचता है. कौन सा नेता किसी और को ईमानदार मान सकता है जब तक वो हर बात खुद पर लागू करके देखता रहेगा. यह इन्सानी स्वभाव है. सारे नजरिये इन्सान खुद के अनुरुप खुद को सामने रख कर बनाता है.
ऐसे में जब बात अपने विरोधी दल के शिखर पुरुष की करना हो और कोई सीधा आरोप लगाने को न मिले, तब इसे तंज कहो या झेंप, इसके सिवाय और क्या रास्ता बचता है कि कोई भी ऐसा मुहावरा गढ़ दो जिसका न सर हो न पैर...जैसे ’ये तो बाथरुम में नहाने भी जाते हैं तो रेन कोट पहन कर कि कोई छींटा न पड़ जाये’ अब बताओ, नहाने जाना कोई मजबूरी है क्या? किसे दिखाना है कि नहाने गये कि नहीं जो रेन कोट पहन कर जायें? वो भी तब जब इतने उच्चासीन हों कि जेड़ सिक्यूरिटी के चलते खुद से खुद को देख पाना भी मुश्किल हो. सिक्यूरिटी का रक्षा कवच ऐसा कि छत पर भी नहा लें तो भी चिड़िया तक न देख पाये.
अगर वो आपके लिए विरोधी है तो उनके साथियों और चहेतों के लिये आप भी विरोधी ही हैं..उन्हीं में से कोई बोल उठा –’शायद खुद डायपर पहन कर टायलेट जाते होंगे इसलिए ऐसा मुहावरा सूझा’
बहुत समय से साहित्य जगत के लोग व्यंग्य और बेहूदगी का अंतर खोजने में लगे हैं. साधुवाद इस वाकिये को जिसने इस खोज को नतीजे तक पहुँचाया.
व्यंग्य स्वस्थ मन से कही गई बात मे शब्द की व्यंजना शक्ति द्वारा निकलनेवाला अर्थ और बेहूदगी, खीज और झेंप मिटाने के लिए कही गई बेतुकी बात और फिर कह कर उस पर खुद ही हो हो हँसना ताकि साथियों को पता चले कि अब उनको भी आपके समर्थन में हँसना और ताली बजाना है.

-समीर लाल ’समीर’
Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, फ़रवरी 05, 2017

रईस: एक नजरिया

नाम बड़े और दर्शन छोटे तो सुना था..मगर नाम बड़े और दर्शन खोटे. रईस की रईसी देखने गये थे और वहाँ रईस ऐसे कि अगर हमने बचपन में देख लिया होता तो कभी रईस बनने की तमन्ना ही न होती. फिल्म बॉक्स ऑफिस में बड़ा बिजनेस कर रही है, यही सोच कर देखने चले गये. 

अब हाल यह है कि इस फिल्म को देखने के बाद ऐसे परम ज्ञान के साथ लौटे हैं कि जनहित में रईस फिल्म देखने और पूरी खत्म होने तक बैठे रहने के लिए कुछ नुस्खे और वजह सुझा रहे हैं, इसके लिए:
  • ·         आपका शाहरुख खान का वैसा वाला फैन होना जरुरी है, जैसे मोदी के भक्त होते हैं. सही गलत, हंसी, मजाक, रोना, गाना चाहे जो हो, चाहे नोटबन्दी के दौरान एटीएम की लाईन में लगे लगे दम तोड़ दो, मगर ताली बजते रहना चाहिये और नारे लगते रहना चाहिये मोदी मोदी...
  • ·         आप इतना गरिष्ट भोजन खा करके सिनेमा घर में गये हों कि एक बार एसी में नरम आराम दायक कुर्सी में जाकर जो धंसे तो फिर चाह कर आलस्य के दामन से अगले ढाई घंटे तक हिलने का भी मन न करे जैसे नेताओं की चुनावी सभा में लोग लम्बे इन्तजार के बाद स्वागत समारोह से लेकर नेताओं के भाषण पर भाषण बिना सुने ही भीड़ के साथ ताली और नारा लगाते हैं.
  • ·         आप रईस को सही वाला रईस मान कर सिनेमा घर में प्रवेश न करें. ये गरीब वाला रईस अपनी दिलेरी और आत्म प्रवंचा में स्व घोषित तीक्ष्ण बनिया बुद्धि वाला शराब का दो नम्बर का वैसा व्यापारी है जो हर वक्त रुपये की कमी से जूझता हुआ खुद को रोबिन हुड की भूमिका में प्रस्तुत करने का असफल प्रयास करते करते अंत में मारा जाता है. बीच बीच में खुद को इतना सिद्धांतवादी घोषित करते हुए हिन्दु मुसलमान के प्रति एक सा व्यवहार और एक सा लंगर बंटवाते हुए ऐसा लगता है कि मानो कोई राजनेता मंच से खड़ा घोषणा कर रहा हो कि हम हिन्दु मुसलमान को बांटने वाली ध्रुवीकरण की राजनीति के पक्षधर नहीं हैं और फिर सभा के अंत में जोरदार नारा लगाया जाता है कि मंदिर वहीं बनायेंगे.
  • ·         सिनेमा घर का चयन करते समय यह ध्यान रखें कि टिकिट इतना मंहगा होना चाहिये कि बस खर्च की गई रकम साधने की बाध्यता में आप पूरी फिल्म देख कर ही उठें.  अब जब एक सारा दिन लगा कर, रेल गाड़ी मे लदे  चुनावी सभा में आ ही गयें हैं तो भाषण खत्म होने तक बैठ ही जाते हैं वाली मानसिकता का जागना जरुरी है.
  • ·         फिल्म देखने के लिए आपने अपनी पत्नी को बाजार जाने से रुकवा कर राजी किया हो अतः अपनी जिद की लाज बचाये रखने के लिए आपका फिल्म के अंत तक बैठे रहना जरुरी हो और बीच बीच में फिल्म को अच्छा बताना भी मजबूरी हो. इस बीच बीच में अच्छा बताने के लिए जब पूरी फिल्म आप खोज चुके होंगे और कुछ हाथ न लगेगा. तब फिल्म खत्म होने पर आप अपनी झेंप छिपाते हुए पत्नी से पूछेंगे कि कैसी लगी? आपकी झूठी तारीफ करना उसकी आदत का हिस्सा है अतः हमेशा की तरह ही आज भी आपको मायूस नहीं करेगी. पिछली बार आपके कहे पर ही उसने इस सरकार को वोट किया था. फिर सालों से आपसे छिपा छिपा कर बचाया उसका सारा धन एक मिनट में इस सरकार ने बाहर निकलवा दिया मगर फिर भी जब आज आप उससे पूछेंगे कि सरकार कैसी लगी? वो यही कहेगी- बहुत बढ़िया. क्या शानदार विकास किया है.
  • ·         इन सबसे भी ज्यादा मुफीद तरीका यह होगा कि किसी साथी को किसी जरुरी काम से कहीं जाना था वो आपको सिनेमा हाल में बिठाकर ढाई घंटे में लौट कर लिवा लेने का वादा कर चला गया हो और आपके पास घर लौटने के लिए मात्र उसके इन्तजार के कोई अन्य चारा न हो. जैसे हाल फिलहाल इस सरकार के पूरे पाँच साल किये बिना हटने की कोई गुँजाईश ही नहीं..इतना बड़ा बहुमत देकर बैठा दिया है. अब बैठे रहो और तमाशा देखो.
  • ·         एक अन्य कारण यह भी हो सकता है कि घर में बीबी ने अपनी सहेलियों के लिए किटि पार्टी रखी हो और आपको अगले ३ घंटे तक घर वापस आना अलाउड ही न हो..तब सड़क पर लम्फरेट करने से बेहतर है कि सिनेमा घर की आराम कुर्सी में ही बैठकर ऊँघा जाये. जैसे बजट भाषण के दौरान युवराज ऊँघ ही रहे थे. न ऊँघते तो जाते कहाँ? बाहर लोगों को क्या जबाब देते कि बजट समझ नहीं आ रहा था इसलिए चले आये.

बस यही कुछ विचार है जो दिमाग में उस वक्त कौंधे जब कल खुद को ढाई घंटे तक यह दिलासा दिलाते रहे कि तुम अकेले नहीं हो पूरा देश इसी हालत में है वरना काबिल से ज्यादा रईस चलता क्या भला?

-समीर लाल ’समीर’
भोपाल के सुबह सवेरे में प्रकाशित 
Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, फ़रवरी 04, 2017

सुण भई..ओ बसंत...

आई बसंत बहार...लाई उमंग का त्यौहार.
कोई इसे उमंग, कोई खुशनुमा मौसम तो कोई इसे इश्क का मौसम बताता है. कवि बसंत का नाम सुन कर बौरा जाता है.. और एक हम हैं कि इस विषय पर कुछ कह पाने की योग्यता ही नहीं रखते. कारण शायद ये भी हो कि बसंत से दूर हुए दो दशक बीते और कनाडा में बसंत का अता पता ही नहीं होता..जब भारत बसंत मना रहा होता है तब हम खुद को -३० डीग्री तापमान को झेलते हुए बर्फ में ऑफिस जाने के लिए मना रहे होते हैं..
फेसबुकिया साहित्य का हाल यूँ है कि कोई इसे बसंत कहता है तो कोई वसंत..गनीमत यह हैं कि संत बरकरार है दोनों में..संत से छेडखानी बर्दाश्त न हो पाती..फिर एक बात और कि इश्क का कोई मौसम हो यह बात हमारे गले से उतरती नहीं है.
हम तो ऐसी इश्क की दुनिया के वाशिंदे हैं जहाँ बहारों को मौसम ही सदाबहार मौसम है.
आप खुद सोचें कि गरमी की तपती दुपहरी में पसीना बहाते, या बारिश में भीगते भिगाते कीचड़ से खुद को बचाते या ठंड में दाँत किटकिटाते कोई कैसे किसी से मिलने जाकर प्रणय प्रस्ताव रख सकता था? और उस जमाने में प्रणय प्रस्ताव बिना मिले रख पाना संभव भी न था...न सेल फोन होते थे न ये सारी तकनीकें...तब बसंत ही ऐसा मुफीद मौसम रहता होगा कि इन्सान हंसते मुस्कराते रंग बिरंगे माहौल में सुन्दर कपड़े पहने प्रेमिका से मिलने पहुँचता होगा और अपनी प्रणय अर्जी हाजिर करता होगा.. आसपास की नई खिलती कोपलें...इस प्रस्ताव पर मुहर लगाने को उकसाती होंगी ..प्रेमिका को..मगर आज?
आज तकनीकी ने इश्क के इतने सारे द्वार खोल दिये हैं कि दीवार बची ही नहीं..द्वार ही द्वार हो गये हैं. नेट पर हाजिर हरिद्वार,,, व्हाटसएप, फेसबुक, डेटिंग साईट, टेक्सटिंग, मैसेन्जर और जाने क्या क्या माध्यम हो गये हैं जिनके रास्ते आशिक चले आ रहे हैं. कभी बिहारी की नायिका साजन के आने का संदेशा सुनाने वाले कौव्वे की चोंच स्वर्ण से मढ़वा देने की बात करती थी..आज कौव्वे की जगह फेसबुक के मेसेन्जर पर साजन द्वारा मैसेज के टाईपिंग के दौरान विरहणी को दिखती बिंन्दियाँ या व्हाटसएप पर दिखता ’टाईपिंग’ ने ले ली है जो बता देती हैं कि साजन संदेशा लिख रहे हैं...ऐसे में कौव्वे का जीवों की विलुप्त प्राणियों में शामिल हो जाने का कोई संज्ञान नहीं ले रहा है, इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है. अब साजन के आने की आहट की बिन्दियों को स्वर्ण में मढ़वा देने का शिगुफा भी जल्द आता ही होगा..फेसबुक और व्हाटसएप भारत पर नजर गडाये हुए हैं....उसकी हर संस्कृति को पढ़ रहे हैं..कौन जाने!! करवा चौथ और छट जैसे त्यौहारों को मुख्य धारा में ले आने
टी आर पी वाला मीडिया कल को बसंत नहीं लेकर आयेगा..ये मैं नहीं मानता..वैसे सच कहें तो ले ही आया है...
अब तो इन्हीं तकनीकों ने ऐसी ऐसी सुविधा प्रद्दत करा दी है कि एक ही प्रणय प्रस्ताव दनादन दस जगह भेज दो..कहीं न कहीं से तो बसंत आ ही जायेगा. जहाँ पतझड़ दिखे, वहाँ ब्लॉक... वैसे आजकल तो बाजारवाद के युग में वेलेन्टाइन डे को भी बसंत से ही जोड़ दिया गया है. बाजार वाद मे गंदा है पर धंधा है का बोलबाला है...
एक तरफ बसंत में यू पी के चुनाव आ खड़े हुए हैं ..और बसंत के प्रताडित राहुल और अखिलेश आलिंगनबद्ध नजर आ रहे हैं..अब इससे ज्यादा बसंद का असर भला कहाँ दिखेगा..
अब बसंत आता नहीं..लाया जाता है..जहाँ स्माईली मिल जाये ..वहाँ बसंत!!
-समीर लाल ’समीर’
Indli - Hindi News, Blogs, Links

गुरुवार, फ़रवरी 02, 2017

डूबते पत्थर की सप्तपदी


उस शाम बड़े तालाब के किनारे शबनम के इन्ताजर में बैठा वो ख्यालों की भीड़ में बहुत दूर निकल गया था. उसे लगने लगा था कि माँ बाप के उलाहने शायद सही ही हैं. उन्होंने पढ़ाया लिखाया है. बड़ा किया है और वो उन्हीं से बगावत किये बैठा है. शबनम से मोहब्बत की बात उनके गले से उतरती नहीं थी और इसके चलते एक कठिन मगर कठोर निर्णय उन्हें सुनाना ही पड़ा था कि या तो वो शबनम को चुने या उन्हें.
वो परेशान तो न था मगर सोच की कसौटी फिर भी सामने थी.
शबनम देर से आई. शायद उसका अपना एक सोच शहर हो. उसका मजहब भी तो जुदा है. मोहब्बत का गांव भले ही एक हो.
मनीष उसे देख कर एक मायूस मुस्कान चेहरे पर बिखरे बोला..पूरे १५६ लहर देर से आई हो?
१५६ लहर?
हाँ, तुम्हारे इन्ताजार में इस किनारे बैठा लहर ही तो गिन रहा था..
तुम भी न!! भला ठहरे तालाब के पानी में लहरें कैसी?
पागल हो तुम, पानी ठहरा है मगर ये सोच मोहब्बत में कब ठहरती है?
उसकी लहरें जब हिलोरें मारती हैं तो गिनती खुद ब खुद फिज़ा में होती है..एक दो तीना.हजार..
मैं तुम्हें शायद ही कभी समझ पाऊँ मनीष..और शायद, यही सोच शहर में झुकते पलड़े का साथ देने का सही वक्त लगा था शबनम को..
सच कह रही हो, शायद कभी नहीं..मनीष की दूर जाती आवाज पानी पर उड़ा कर फेके गये पत्थर की तरह सात टिप्पे खाते हुए तालाब में कहीं खो गई..
सात टिप्पे...मानो कि जैसे उस डूबते पत्थर की सप्तपदी..हर पद पर एक ही संकल्प..मैं तुम्हें शायद ही कभी समझ पाऊँ मनीष..
झुकता पलड़ा झुकते झुकते जमीन से आ लगा था सातवें संकल्प के साथ..
मजहब की खाई में आज फिर एक मोहब्बत खो गई..

-समीर लाल ’समीर’
Indli - Hindi News, Blogs, Links