रविवार, मार्च 26, 2017

मेरा शहर -स्मार्ट सिटी बनने की राह पर



मैं जिस शहर का वाशिंदा रहा हूँ भारत में, वहाँ के अधिकतर लोगों की कुल जमा पूँजी ही फुरसत है याने कि आराम. मेरा शहर अजब से मिज़ाज के लोगों का शहर है.

साईकिल होते हुए भी उसे हाथ से लुढ़काते हुए पैदल चलने वालों का शहर. सब्जी भाजी खरीदने जाने को काम समझने  वालों का शहर और ऐसे घरेलु काम पर जाते वक्त भी १० मिनट पुलिया पर बैठ कर सुस्ताने वालों का शहर.

सुबह से चाय की दुकान पर बैठ अखबार पढ़कर उसकी खबरों का विश्लेषण करते करते शाम के अखबार के इन्तजार में दिन बिता देने वालों का शहर. बाप दादाओं के छोड़े मकान और दुकान से आने वाले किराये पर सारा जीवन गुजार देने वालों का शहर. मजबूरीवश सादा जीवन उच्च विचार के पालनकर्ताओं का शहर.

दोस्ती और रिश्तेदारी निभा ले जाने वालों का शहर. मुहल्ले और पहचान की हर शादी व्याह, मरनी करनी, पैदाईश में बिना घर द्वार की चिन्ता किये निस्वार्थ हफ्तों आहुत कर देने वालों का शहर.

शहर भर की खबरों को खबर बनाने वालों का शहर.

पुलिया, चबूतरा, पीपल की छांव में बने चौपाल, चाय की दुकान और चौराहों को सुबह से रात तक गुलजार बनाये रखने वालों का शहर.

ऐसे ठेकेदार, जो रेत गिट्टी मुरम स्पलाई से लेकर जमीन और घर को बिकवा व खरीदवा देने का हुनर रखते हैं मगर बस एक ठेका मिलने के इन्तजार में ही चबूतरे पर बैठे मुस्कराते हुए जिन्दगी बसर कर देने वाले ठेकेदारों का शहर.
मूँह में पीक भरे, तम्बाखू का जायका न खराब हो जाये इस हेतु मन के अनगीनित जज्बातों को शब्द दिये बिना उनकी भ्रूण हत्या कर देने वालों का शहर.

हर चेहरा एक चिन्तक का चेहरा..हर चेहरे के रंग हजार...मगर चिन्तन का विषय सदैव अनजान बनाये रखने वालों का शहर.

गंभीर से गंभीर परिस्तिथियों में मुस्कराते रहने और हास्य विनोद के विषयों पर गंभीरता धारण किये रहने वालों का शहर.

स्वच्छ भारत अभियान के लिए मूँह में भरी पान की पीक को बीच सड़क पर थूक कर चेहरे की स्वच्छ सेल्फी खिंचवाने वालों का शहर.

जरुरी से जरुरी काम के लिए भी मिस्ड काल मार कर फोन वापसी के इन्तजार में दिन गुजार देने वालों का शहर.
अपने द्वारा अपने बीच से चुने अपने ही जन प्रतिनिधी को खुदा मान कर सज़दे में शीश नवाते लोगों को शहर…

बारिश में नाला बनी सडक में बंसी लटकाये मछली फंस जाने का इन्तजार करते लोगों का शहर.भीषण गरमी में पट्टे वाला जाँघिया और बनियान पहन कर चौराहे तक चले आने वालों का शहर.

अब इतना कुछ पढ़ कर आपका सोचना स्वभाविक ही है कि मैं आखिर अपने इस शहर का इतना बखान करने में क्यूँ लगा हुआ हूँ?

आपकी सूचना के लिए बता दूँ कि हमारे इस शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए चुना गया है. नई योजना है नये अरमान हैं!!

ऐसे में मुझे वो दिन याद आया जब हमारे शहर में ५.८ मेगनिट्य़ूड का भूकंप आया था और शहर का बच्चा बच्चा एकाएक ज्ञानी हो गया था कि एपि सेन्टर, मेगनिट्यूड, आफ्टर शॉक, सेस्मिक ज़ोन, रेक्टर स्केल आदि अर्थ क्वेक रीलेटेड शब्दावली क्या होती है. रिक्शे वाला तक किसी मोटे आदमी के रिक्शे में बैठ जाने से हुये रिक्शा दोलन को ऑफ्टर शॉक से तुलना करके देखने लगा था.

भूकम्प १९९७ में आया था मेरे शहर में. भूकम्प १९९७ में चला गया था मेरे शहर से. फिर सबको उस वक्त घरों के रिपेयर के लिए सरकारी मुआवजे के तौर पर ३००० रुपये के हिसाब से नगद बांट दिया गया था. रसूकदार पूरा ३००० हजार ले आये थे घर में एक इंच की आई दरार के लिए और गरीब जिसकी पूरी झोपड़ी नेस्तनाबूत होकर जमींदराज हो गई थी, वो ३००० रुपये पर अंगूठा लगा कर ३०० रुपये पाकर खुश हो लिया था.

मगर उस वक्त भी मुआवजा बांटने वालों की और अपने बीच से चुने हुए जन प्रतिनिधियों की पौ बारह हो ली थी. उनकी आयकर रिर्टन में उस वर्ष की कृषि से हुई आय को देखकर किसानी करने की इच्छा को गजब बल दिया था हमारे शहर के फुरसत में दिन गुजारते लोगों को मगर प्रश्न वही बना रहा कि आखिर पैसा ऊगायें तो ऊगायें कैसे? कृषि से आय दिखायें तो दिखायें कैसे?

कृषि से हुई आय आयकर मुक्त जो होती है,,,काहे नहीं रिझायेगी किसी को भी...

अब यह स्मार्ट सिटी का नया झटका किसको क्या देकर जाता है, कौन जाने!! मगर शहर भूकम्प के पहले जैसा था...वैसा ही भूकम्प के बाद भी रह आया..कहते हैं सरकार ने ३०० करोड़ का मुआवजा बांटा था.

स्मार्ट सिटी के लिए कितने का बजट प्रवाधान है, पता करता हूँ आज ही!! कृषि से हुई आय पर आयकर के कोई नियम तो बदले भी नहीं है..शायद कोई उपाय निकल आये!!


-समीर लाल ’समीर’

यह आलेख भोपाल से प्रकाशित होने वाले अखबार सुबह सवेरे के २६ मार्च २०१७ के अंक में:
Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, मार्च 25, 2017

गरमी की गरमाहट


गरमी का मौसम तो बस चार महिने में निकल लेता है फिर अगले बरस ही लौट कर आता है. इससे क्या डरना और क्या परवाह करना. मानव मष्तिक अति खुराफाती होता है, इसने इसको तो चकमा देना सीख ही लिया है. जिससे जो बन पड़ता है वो अखबार से पंखा झलने से लेकर एसी में सारा समय गुजार राहत पा ही लेता है.
साधन सम्पन्न लोग इसे छुट्टी का मौसम मान कर ठंड़े पहाड़ों से लेकर ठंड़े विदेशी शहरों में समय बिता आते हैं.
साधन सम्पन्न होने के लिए भी पैसों की या पावर की गरमी चाहिये. यूँ भी पैसों की और पावर की गरमी की आपसी संगाबीत्ती तो जग जाहिर है ही. मगर ये गरमी इतने आसानी से नहीं जाती. इस गरमी के भोगी इस गरमी से निकलना ही नहीं चाहते. उनके मोह मोह के धागे रेशमी होते हैं – टूटे नहीं टूटते.
पावर की गरमी बचाये रखने के लिए दल बदल से लेकर घर बदल तक से उन्हें गुरेज नहीं रहता. इन्हीं को देख कर एक शायर ने कहा है कि जैसे आग और पानी का कोई साथ नहीं वैसे ही पावर और शरम का कोई साथ नहीं. कब किसका हाथ थाम लें और कब किसको गले लगा लें, कौन जाने!! पावर न जाये भले ही बाप और चाचा को गाली बकना पड़ जाये.
दूसरी तरफ पैसे की गरमी. वो भी जो न करा जाये..इस गरमी को गले से चिपकाये इन्सान का मद और अहंकार उस मुकाम पर पहुँच जाता है जहाँ वो सोचने लगता है कि मैं तो दुनिया में कुछ भी खरीद सकता हूँ. फिर वो कानून हो, देश हो या देश की सरकार. मगर ये पैसे की गरमी भी जब एक दिन उतरने लगती है तब या तो लंदन भाग जाना याद आता है वरना तिहाड़ निवास बन जाता है.
एक गरमी और भी होती है जिसे जवानी की गरमी कहते हैं. वो भी उतरते उतरते ही उतरती है और कईयों की ८८ साल की उमर में भी नहीं उतरती. इस गरमी से बौराये लोगों को हिन्दी साहित्य में दीवाना कहा गया है और सरकारी भाषा में रोमियो.
आजकल एक प्रदेश विशेष में इस रोमियोयी गरमी को उतारने के वैसे ही विशेष प्रबंध किये गये हैं जैसे मौसम की गरमी उतारने के लिए जगह जगह सरकारी ठंड़े पीने के पानी की व्यवस्था की जाती है. अतः ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में यह गरमी कंट्रोल में रहेगी. वो शायद ये भूल रहे हैं कि सरकारी ठंड़े पानी की मशीनें लगाई तो जरुर जाती है मगर वो चलती भी हों और उनसे ठंडा पानी भी आता हो, ऐसा अजूबा कब देखने में आता है?
वैसे तो हम बताने निकलें तो पूरा गरमी का मौसम बीत जाये तरह तरह की गरमियाँ बताते बताते मगर जनहित में बता नहीं रहे हैं कि हर गरमी के लिए कहीं एक एक नया कानून न चला आये उस गरमी को उतारने के लिए..
बेहतर हो कि गरमी के मौसम की गरमी उतारने पर सरकार ध्यान दे ताकि कोई लू से न मरे और कोई किसान सूखे से परेशान होकर आत्म हत्या न कर ले.
हर घर बिजली, हर घर पानी...का नारा बुलंद हो तो बात बनें!!
-समीर लाल ’समीर’   
#Jugalbandi #जुगलबन्दी
   

Indli - Hindi News, Blogs, Links

गुरुवार, मार्च 23, 2017

जागो, हथेली के बाहर एक दुनिया और भी है!!!


यह घनघोर आत्म मुग्धता का युग है. जिसे देखो, जहाँ देखो सेल्फी खींच रहा है और उसे फारवर्ड करके पहले से बंटा बंटाया ज्ञान ऐसे बांट रहा है मानो अगर वो अपनी सेल्फी ताजमहल के सामने खड़े होकर न लेता और फारवर्ड करके न बताता तो विश्व जान ही नहीं पाता कि ताजमहल विश्व के सात आश्चर्यों में से एक है. आत्म मुग्धता की इससे बड़ी और क्या मिसाल होगी कि बाजार भी इसे भुनाना सीख गया है और जगह जगह फोटोग्राफर बोर्ड लगा कर बैठे हैं कि हमारे यहाँ सेल्फी खींची जाती है.
हालात ये हैं कि एक मोबाईल के माध्यम से सारी दुनिया अपनी हथेली में उठाये अपने आपको विश्व गुरु कोचिंग सेन्टर का प्रधानाध्यापक घोषित करने में हर व्यक्ति जुटा है. जाने कौन इनको बता गया है कि आने वाले समय में भारत विश्व गुरु होगा. याने सारी दुनिया भारत से ट्य़ूशन पढ़ेगी. कोई से भी मास्साब की क्लास खाली न रह जाये इसलिए बिना पूछे सभी ज्ञान बांटने में लगे हैं. एक सफल केन्डीडेट की सफलता का श्रेय सारे के सारे मास्साब लिए जा रहे हैं कि इसे व्हाटसएप पर हमने ही दिया था यह ज्ञान. जैसे आई आई टी और जे ए ई की टॉप मेरिट में आने वाले सब कोचिंग सेन्टर के बोर्ड पर अपनी फोटो के साथ विराजमान रहते हैं कि बस यही हैं जिनकी वजह से हम आई आई टी में हैं. यहाँ तक कि जिसे खुद नहीं पता था कि कोई योगी से कभी मुख्य मंत्री बन जायेगा, उसके लिए ये दावा करने वालों की तादाद कि हमने तो पहले ही बताया था बीजेपी को मिले कुल मतों से अधिक निकल रही है और दावों का आना मय सेल्फी अभी भी जारी है.
किसी घटना स्थल पर वारदात को रोकने में साहयता पहुँचाने की बजाय वारदात को अपनी सेल्फी के संग दिखाने की होड़ लगी है. सबसे पहले कैसे अपने चाहने वालों को बता दूँ कि अगर मैं न होता तो तुम इस घटना के बारे में जान भी न पाते,
पहले जो लोग हथेली में अपना भविष्य बांचने के लिए ताका करते थे आज वो अपनी हथेली में विराजमान मोबाईल से दुनिया का भविष्य बांच रहे हैं.
इन्सान इस कदर मोबाईल में खो गया है कि जब सामने की बिल्ड़िंग में रहने वाला मित्र अपना स्टेटस अपटेड करता है कि क्या गजब नजारा है..सामने वाली बिल्ड़िंग में भीषण आग...और साथ में अपनी खिड़की से खुद की सेल्फी बैकग्राऊन्ड में आग में लिपटी बिल्ड़िंग के साथ लगाता है..तब उसे लाईक कर कमेंन्ट में वॉव!! गजब का नजारा...लिख देने के बाद ख्याल आता है कि अरे, यह तो मेरी ही बिल्ड़िग है. और तब तक बाहर निकलने की लॉबी का रास्ता भी बंद पाकर... खिड़की की तरफ भागते हुए भी एक स्टेटस अपडेट...फीलिंग स्केयर्ड..कान्ट स्केप...(बहुत डर गया हूँ, बचने का कोई रास्ता नहीं) और साथ में अपने डरे चेहरे की सेल्फी..
इस अजब सी हो चली आत्म मुग्ध दुनिया से ज्यादा तो क्या कहें ...बस इतना कहना है कि अगर किसी सुबह उठ कर जब तुम आईने में देखो और तुम्हें अपने चेहरे को घेरे हुए एक आभा मण्डल सा दिखाई दे ( अंग्रेजी में ऑरा ) तो स्वयं को दिव्य पुरुष मानकर सेल्फी खींचने और दोस्तों को भेजने की गल्ती करने की बजाय चुपचाप आँख के डॉक्टर के पास जाकर सलाह लेना, यह मोतियाबिन्द के आरंभिक लक्षण हैं.  
आभा मण्डल जैसी चीजें इस जमाने में नहीं होती..
जागो, हथेली के बाहर एक दुनिया और भी है!!!

 -समीर लाल ’समीर’
Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, मार्च 18, 2017

चुनाव के बाद..



चुनाव के बाद बस दो तरह के नेता बचते हैं. एक जीते हुए और दूसरे हारे हुए.

आज जब बड़े दुखी मन से अपने तुरंत उप्र चुनाव हारे दोस्त के घर मातम जताने पहुँचा तो वह तो उसी गर्म जोशी से मिले जैसे पहले मिलते थे. नाई चंपी करके जा रहा था. नौकर जलेबी और समोसे की प्लेट के साथ गरमा गरम चाय परोस रहा था. उन्हें देख कर लगा कि जैसे मैं चुनाव हार गया हूँ और वो मुझे ढाढस बँधाने तैयार बैठे हैं. मुस्करा कर कहने लगे कि यार, पहले सरकार चलाने और फिर इधर चुनाव के चक्कर में ही उलझे रह गये. परिवार के लिए वक्त ही नहीं मिला इसलिए कल दुबई जा रहे हैं. परिवार के साथ छुट्टी मनाने १० दिनों के लिए. थोड़ा आराम भी तो जरुरी है.

हम तो गये ही यह पूछने थे कि चुनाव हारने के बाद अब क्या प्लान है? क्या कोई नया धंधा वगैरह तलाशेंगे? घर परिवर चलाने के लिए कुछ न कुछ तो करना ही होगा? चुनाव में जब चंदा मांग रहे थे तभी हमें लग गया था कि बंदा अपनी पूँजी चुक गया है,,वरना किसी से मांगने की क्या जरुरत? चुनाव में उनके द्वारा उड़ाई रकम देख कर लगा था सारी की सारी पूँजी भी खर्च कर ही दी होगी. मगर आज उनका हाल देखकर तो लगा कि चुनाव हार कर मानो लाटरी लग गई हो. बंदा सपरिवार दुबई जा रहा है छुट्टी मनाने. हम तो विभाग से एलटीसी मिलने के बावजूद भी मात्र आगरा, जयपुर और नैनीताल घूम पाये हैं छुट्टी मनाने.

अब गये थे तो पूछना भी जरुरी था कि भाई साहब, लौट कर क्या सोचा है, क्या करना है?

कहने लगे कि करना क्या है? अगले चुनाव की तैयारी करनी है..वाईफ को सत्तारुढ पार्टी ज्वाईन कराना है. बस और क्या!!

इस बार जरा सा चूक गये एक दो साथियों को पहचानने में. अगली बार तो हम ही जीत रहे हैं..ग्राऊण्ड रिपोर्ट है हमारे पास...चाहो तो शर्त लगा लो. ये जो जीते हैं न...इनकी कोई औकात थोड़े न है..वो तो हमारे अपने साथी सेबोटाज़ न करते तो इनकी जमानत जब्त हो जाती. बाप बेटे की लड़ाई के चलते हमारे शहर में अपने ही विद्रोही हो लिए.

हमने कहा चाहे जैसे भी जीते हों मगर उन्होंने तो आपको और आपकी पार्टी को सिरे से साफ कर दिया. वे हँसने लगे – बोले, तुम्हें राजनीति की समझ नहीं है. यहाँ न तो कोई सिरा होता है न ही कोई छोर, जो कोई किसी को सिरे से खत्म करे और न ही चुनाव के बाद क्या होगा जैसी कोई सोच....जो भी ऐसी सोच रखता है वो नेता हो ही नहीं सकता..

अगर नेता हो तो चुनाव में हारो या जीतो..नजर अगले चुनाव पर ही होना चाहिये. जो बीत गई वो बात गई.

और हमारी या आपकी पार्टी जैसी अवधारणा भी मूर्ख ही पालते हैं. नेता अजर अमर है. नेता मूल रुप से राजनिती की आत्मा है और पार्टी शरीर. पार्टियाँ बदलती रहती हैं.

इनकी बात सुन कर मुझे याद आया कि कभी हमारे गुरु जी ने न जाने किस संदर्भ में उदाहरण दिया था कि जरायम पेशा लोगों से यह पूछना जेल से लौट कर क्या करने का इरादा है? वो भला क्या यह बतायेगा कि लौट कर साधु हो जाऊँगा? उसका तो सीधा सादा एक जबाब होगा कि अगला असामी देखूँगा कि किसको निशाना बनाना है. पकड़ा गया तो एक बार फिर जेल यात्रा. ये तो सतत प्रक्रिया है हमारे पेशे की. विचार किया तो पाया कि दोनों पेशों के बीच है भी तो बहुत झीनी सी लकीर, जिसके इस पार उस पार आना जाना भी सतत प्रक्रिया ही है. मानो भारत और बंग्लादेश की सरहद हो.

एक सांस आती है. फिर एक सांस जाती है. इसके बाद सांस आने का इन्तजार छोड़ दें क्या? नेता जी मुस्कराते हुए समझा रहे हैं..

नेता जी की सिंगापुर की टिकिट देने के लिए बंदा आ चुका है.

क्या दुबई क्या सिंगापुर..विदेश तो विदेश है..नजर भी न गई इस ओर...

-समीर लाल ’समीर’
#जुगलबन्दी #jugalbandi
Indli - Hindi News, Blogs, Links

बुधवार, मार्च 15, 2017

फेस बुकिया कैसे कैसे


कई लोग फेस बुक पर इस तरह लाईक करते नजर आते हैं मानो कोई नेता रोड़ शो में सबका हाथ हिला हिला कर अभिवादन कर रहा हो. देखा पहचाना किसी को नहीं, हाथ हिलाया सबको. इनका संघर्ष मात्र इतना सा है कि आप देख लो कि यह सक्रिय हैं और आपको पसंद करते हैं.
एक सज्जन है उनके बारे में दावे से कह सकता हूँ कि या तो वो कोई टू डू टास्क टाईप की लिस्ट मेन्टेन करते हैं कि किस दिन किस की वाल पर जाना है या फिर तोते से नाम की पर्चियाँ कढ़वाते हैं, तोता जिनके नाम निकाल दे, उन्हीं के वाल पर निकल लिये और धड़धड़ाते हुए सबसे नई पोस्ट से लेकर पिछली बार की लाईक की आखिरी पोस्ट तक लाईक करते चले गये.७ मिनट में १७ आलेख वो भी ५००-५०० शब्दों वाले लाईक किये और ये चले. इनका नाम लिमका बुक में फास्टेस्ट रीडिंग में दर्ज होना चाहिये.
उनकी बेइन्तहा लाईक देखकर कई बार लगने लगता है कि सही उम्र के मोड़ पर मिले होते तो मोहब्बत हो गई होती. इतना भी भला कोई किसी को चाहता है क्या?
इनसे उपर की पायदान पर वे फेसबुकिया बैठे हैं जिनकी वाल आपके भरोसे चलती है. वे मात्र शेयर में भरोसा रखते हैं. जो पोस्ट दिखी, बस शेयर. आपको भी अच्छा लगता है कि उनको इतना अच्छा लगा कि शेयर किया है अपने चहेतों के बीच और जाकर देखिये तो शेयर पर एक भी लाईक नहीं. इनकी वाल लदी रहती है शेयर्ड पोस्टों से और यह निर्लिप्त भाव से उस बोझ को बढ़ाते चलते हैं. आपने नेताओं के साथ ऐसे समर्थक को जन प्रचार के वक्त डोर टू डोर अपने पहचान वालों के यहाँ ले जाकर मिलवाते देखा होगा जो दरवाजा खोल कर मिल तो लेते हैं, मगर उनके चेहरे के भाव साफ कहते हैं कि चलो, मिल लेते हैं मगर हमसे कोई आशा न रखना.
फिर वो दिग्गज हैं जिनकी लिए किसी ने इमोटिकॉन बनाये होंगे. वे निश्चित ही पोस्ट पढ़ कर ही इमोटिकॉन चिपकाते होंगे, वरना खुशी में नाचने वाला, चिंतन में आँख घुमाने वाला और गुस्से में लाल मूँह वाला इमोटिकॉन चिपकाना भी आसान काम नहीं. यह मात्र अपने को जमीन से जुड़ा नेता दिखाने की कोशिश मात्र है बिना टिप्पणी लिखने की मेहनत किये हुए. जैसे वो सारे राज्य सभा के सदस्य. जनता के प्रतिनिधी, जनता के प्रतिनिधियों के द्वारा चुने हुए या उनके द्वारा नामित हुए वाले.
फिर आते हैं असल ग्राऊण्ड ट्रोडन..जमीन से जुड़े नेता. पूरा कायदे से पढ़ेंगे, पढ़ कर सारगर्भित टिप्पणी करेंगे और अपने द्वार पधारने का निमंत्रण भी देंगे. सुधार के सुझाव भी छोड़ जायेंगे. नमन है इनको निश्चित ही मगर इनकी आड़ में कई लिख कर दिखने जैसा कट पेस्ट लगाने वाले कि बहुत खूब, उम्दा, सतीक, बेहतरीन...आदि वो लोग हैं जो मात्र इस लिए चुनाव जीत जाते हैं कि फलानी पार्टी के हैं और उस पार्टी की लहर क्या सुनामी चल रही है..इनसे सतर्क रहना चाहिये थोड़ा सा..बहुत नहीं.
कुछ तो अध्यात्म के उस अंतिम मुकाम पर पहुँचे पीर हैं जो हर घटित होने वाली घटना को मात्र साक्षी भाव से निहारते रहते हैं. वे फेसबुक पर होते हुए भी नहीं हैं. देखते सब कुछ हैं मगर बस साक्षी भाव से. न लाईक करते हैं न कमेंट और न ही शेयर. यह महामना इन सब से बहुत उपर उठ चुके हैं. कभी व्यक्तिगत तौर पर मिलो तब जान जाओगे जब ये कहेंगे कि हाँ, देखी थी तुम्हारे पोते की फोटो, बहुत प्यारा है या फिर कि काफी जगह घूम आयेहो इन छुट्टियों में...यात्रा वृतांत अच्छा था. ये फेसबुक की अनजान कुंदराओं में बैठे फेसबुकिया बाबा हैं. अक्सर किसी प्रदेश के गवर्नर या कभी कभी देश के मुखिया बनने की भरपूर गुजांइश लिए लोग.
एक और होते हैं जो टैग करते हैं, मगर हम उनके बारे मॆं कुछ नहीं कहेंगे क्यूँकि यह काम अलग अलग उद्देश्यों से किया जाता है, हर बात में राजनिती नहीं होती. बात तो हमने निर्दलियों की भी नहीं की.
ये फेसबुक है कि राजनीत का अखाड़ा...हम भी कहाँ की लेकर बैठ गये..आप तो बस कमेंट करो जी!!
-समीर लाल ’समीर’
आज मार्च १६,२०१७ के भोपाल से प्रकाशित सुबह सवेरे में

http://epaper.subahsavere.news/c/17556138
Indli - Hindi News, Blogs, Links

मंगलवार, मार्च 14, 2017

होली पर भंगेड़ियों के लिए जनहित में जारी वैधानिक चेतावनी


कृप्या भांग के नशे में निम्न कार्य न करें:
  • बुलेट ट्रेन के आने का इन्तजार कतई न करें. जो भी पैसेन्जर ट्रेन मिले, लटक कर निकल लिजिये. कभी न कभी गंतव्य पहुँच ही जायेंगे.
  • अच्छे दिन आ चुके हैं, यह आप खुद अपने मताधिकार का इस्तेमाल करके बता चुके हैं अत: अब अच्छे दिन का इन्तजार करना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आ गया है.
  • ई वी एम मशीन कभी सॉरी नहीं बोलती, जो बोल दिया है वो ही सत्य है. अतः भांग के नशे में आकर इस जनमत के बदलने का इन्तजार मत करना.
  • स्मार्ट सिटी स्मार्ट शहरवासियों से बनती है, इसलिये अपने शहर के स्मार्ट होने का इन्तजार न करें. खुद स्मार्ट बनिये और सबको बताने लगिये कि आपका शहर अब स्मार्ट हो गया है. इसी तर्ज पर सभी शहर स्मार्ट हो जायेंगे.
  • भांग के नशे में उपजे किसी भी क्रांतिकारी विचार को फेसबुक या व्हाटसएप्प पर डालने की हिम्मत मत करिये, वरना परिणाम घातक सिद्ध हो सकते हैं.
  • बैंक खाता खोलना जरुरी है, खोलिये मगर उसका इस्तेमाल मत करिये, वरना महिने में ४ बार से ज्यादा इस्तेमाल के बाद हर बार दण्ड भरना पड़ेगा.
  • नोटबंदी पर बात करना भी अब सश्रम दंडनीयअपराध है. इसमें पेरोल पर भी छूटने का कोई प्रावधान नहीं है. पूरा देश (उप्र + उत्तराखण्ड) जब इससे इत्ता खुश है तो इससे दुखी व्यक्ति मात्र अराजकता फैलाने के लिए दुखी दिखा माना जायेगा.
  • सेल्फी खींच कर फेसबुक पर डालने के पहले फोटो में एक बार अपने आसपास देख लें कि कहीं कोई कचरा तो नहीं फेला है. स्वच्छ भारत अभियान का साथ न देना नैतिक अपराध माना जायेगा. आप धरे जा सकते हैं.
  • डिजिटल इण्डिया कार्यक्रम लागू कर दिया गया है, अतः मात्र इसलिए कि कोई देख नहीं रहा है, कुछ भी ऐसा क्रांतिकारी बयान न दें जिससे आप धर लिए जायें. हमेशा किसी बड़े शायर का यह शेर ध्यान रखें 
ये सोचना गलत है कि तुम पर नजर नहीं
मसरूफ हम बहुत हैं ; मगर बेखबर नहीं ...

 इन सारी सावधानियों के बाद भी जब नशा टूटे तो सब से जाने अनजाने में हुई अपनी भूलों के लिए क्षमा अवश्य मांग लिजियेगा. इसके लिए फेस बुक और व्हाटसएप्प पर स्टेटस लगा सकते हैं.
इतना समझाने के बाद भी अगर न माने, जो कि आप नहीं ही मानेंगे तो आप अपनी सुरक्षा का इन्तजाम स्वंय करें. मित्र जबाबदार नहीं होंगे.

डिस्क्लेमर: इसे मात्र होली का हुड़दंग के सिवाय कुछ भी मान लेने वाले अपनी समझ के लिए खुद जिम्मेदार माने जायेंगे.

-समीर लाल ’समीर’
Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, मार्च 11, 2017

होली का हुड़दंग

होली हो और भांग न पी जाये तो फिर वो होली कैसी?
भांग पियें और बकैती न करें तो फिर वो भांग कैसी?
मित्र बाद में बकैती का मजाक न उडायें तो वो मित्रता कैसी?

मजाक उड़ाने के दौरान पता चली अपनी कुछ भंगेड़िया बकैतियों की बानगी:
दृश्य १
बस अब बहुत हुआ. इस साल तो पहले से भी इतना अच्छा लिखना है कि साहित्य सम्मान खुद आकर हमारे गले लटक कर धन्य हो जाये. आज के दिन हम बस तुम लोगों को बता रहे हैं, नोट कर लो..कि इस साल का साहित्य सम्मान हमको मिलकर ही रहेगा. कलम को पिचकारी मान कर शब्दों के ऐसे रंग उकेरेंगे कि हमारे रंग बिरंगे साहित्यिक व्यंग्यों के रंग में पूरा साहित्य जगत रंग जाये. लोग कह उठेंगे कि यह हीरा अब तक कहाँ था?
मुन्ना मित्र मंडली में बैठा आँख मलते हुए लल्लु से समझने की कोशिश कर रहा हैं कि क्या इसका मतलब यह हुआ कि आज तक भईया अच्छा लिखते आये थे, जो कह रहे हैं कि पहले से भी इतना अच्छा लिखना है? दूसरा हमारे रंग बिरंगे साहित्यिक व्यंग्यों के रंग सुन कर पहली बार जाना कि भईया जो लिखते हैं उसे व्यंग्य कहते हैं.. बाकिया तो समझ आया कि भगवान का वरदान श्याम वर्ण के रुप में जो भईया जी ने पाया है तो कोयला ही तो आगे चल कर हीरा बनता है..जाहिर है लोग आश्चर्य करेंगे ही कि अब तक कहाँ था? अरे साहेब, भईया जी यहीं थे मगर कोयला थे तो आप ध्यान नहीं दिये इन पर.बस्स!!
लल्लु मुन्ना को हड़का रहा है, चुप कर गुड़बक!! तुम नहीं समझोगे ये साहित्यिक बातें.
मुन्ना मूँह लटकाये बैठे हैं.
दृष्य २
हम अगले टॉपिक को सोचते हुए अगला भांग का गिलास चढ़ा रहे हैं.
सारे मित्र भांग का गिलास बनाने और निपटाने में जुटे हैं.
लल्लु मुन्ना को गले लगाये उसे हड़काने के लिए ग्लानिमग्न हुए रो रहे हैं
मुन्ना रोते हुए लल्लु से कह रहे हैं कि आप मेरे भाई हो आप को अधिकार है कि आप मुझे हड़कायें और पीटें भी.
दृश्य ३
हम घोषणा कर रहे हैं कि अब से फ्री में लिखना बंद. किसी को हमारा लिखा छापना है तो पैसे दो, वरना हम नहीं लिखेंगे. आज से ही और अभी से ही इस बात का संज्ञान लिया जाये.
मुन्ना लल्लु से पूछ रहे हैं कि भईया अब से बिल्कुले नहीं लिखेंगे क्या?
लल्लु मुन्ना को समझा रहे हैं कि हिन्दी में लिख कर ऐसे सपने देख रहे हैं इसका मतलब समझते हो?
लल्लु कहे कि नहीं समझे, इसका क्या मतलब है?
मुन्ना बता रहे हैं कि भईया को भाँग चढ़ गई है...और कोई खास बात नहीं है!!
दृश्य ४
जो मित्र नशे में नहीं है वो प्रसन्न हैं कि अब से ये नहीं लिखेंगे.
जो मित्र नशे में हैं वो रो रहे हैं कि अब से ये नहीं लिखेंगे.
खैर!! देश भी तो ऐसे ही चलता है..यही जीवन की धारा है..मुद्दा एक ही होता है जिसे लिए कोई रो रहा होता है तो कोई प्रसन्न हो रहा होता है!!
होली मुबारक!!
भांग संभल कर पीने के वैधानिक चेतावनी का ध्यान रखें!!
-समीर लाल ’समीर’

#Jugalbandi  #जुगलबन्दी
Indli - Hindi News, Blogs, Links

गुरुवार, मार्च 09, 2017

टुकड़े टुकड़े में बंटी जिन्दगी...


हम देश से इतनी दूर बैठे देश को सोचते हैं जहाँ हाल में चुनाव हुए हैं.
पता ही न चला कि देश के चुनाव हैं, कि प्रदेश के या फिर शहर विशेष के...
अब चुनाव हो चुके हैं..निर्णय पेटियों में बंद हैं..
ये सारे सर्वे वाले इस बात को जानते हैं कि हम क्या सोचते हैं.
आकाशवाणी सुनने की क्षमता अब भी बरकार है इतने सालों बाद भी जबकि इस देश में ऐसी वाणी मौन है.
सर्वे वाले आकाशवाणी कर रहे हैं...हम सुन रहे हैं..हमारे संस्कार बाकी हैं अभी चुपचाप सुनने के...
इनकी बकर अच्छी लगती है जबकि मालूम है यह हकीकत नहीं..
बचपन से हर तिलस्मी बातें अच्छी लगने के संस्कार लेकर बड़े हुए हैं...
यही सीखा है जिन्दगी से...खुश रहने का भी यही एक मात्र तरीका है..
चंदा मामा आयेंगे...दूध मलाई लायेंगे..
अब चंदा मामा ग्यारह तारीख को आयेंगे तब देखेंगे कौन सी दूध मलाई आई है.
आयेगी तो दूध मलाई ही...मगर किसके लिए...वही तो सर्वे उछाल रहे हैं?
पेट का सवाल तो उनके सामने भी है...क्या करें वो भला...अतः उत्पात आवश्यक है उनके भी..
मगर यह तय है कि किसी न किसी राजनीतिक दल के लिए तो दूध मलाई आयेगी..हंडिया में..
बच रही आम जनता तो वो फिर ठगी सी रह जायेगी..
ग्यारह तारीख तक जो भी सपने देखने हो देख लो आम जनों..
फिर हकीकत का हाथ थामे..अपनी पुरानी जिन्दगी में लौट जाना
अगले पांच साल के लिए अपने सपने कैद में डाल देना...
फिर उन्हें जब पाँच साल बाद खोलना तो इसलिए
कि अगर घुन लग गया हो..तो धूप दिखा दी जाये...
वरना फिर बंद हो जाना तो नियति है ही..अगले पाँच साल के लिए..
मानो सर्दी सर्दी नेप्थानाल की गोली के साथ स्वेटर बंद कर रहे हो पेटी में..
और तुम इस बात से भली भाँति परिचित हो...हर बार तो दोहराते हो..
पाँच पाँच साल में बंटी
हकीकत और सपनों की दुनिया..
-समीर लाल ’समीर’


Indli - Hindi News, Blogs, Links