शनिवार, अप्रैल 15, 2017

एंटी ईवीएम छेड़छाड़ स्क्वाड


मृत्यु को एक वरदान मिला है. मृत्यु को कभी बदनामी नहीं मिलती. जब कभी किसी की मृत्यु होती है उसका दोष सदा ही कभी बुढ़ापे, कभी बीमारी, कभी दुर्घटना को जाता है. यहाँ तक की जब कोई कारण नहीं मिलता तब भी यही कहा जाता है कि अच्छे खासे थे, न जाने क्या हुआ और गुजर गये..  
वही हाल चुनाव में प्रत्याशियों की हार का है..मानो तुलसी दास कह रहे हों कि प्रत्याशी को नहीं दोष गुसांई..हार याने की इनके न जीतने का दोष प्रत्याशी के सिवाय चाहे जिस बात पर डाल दिया जाये मगर प्रत्याशी तो मानो गालिब हो, कुछ भी कर ले..कितना भी बदनाम क्यूँ न हो..उसके आका से लेकर उसके चहेतों तक बस एक ही बात:
’नेता तो वो अच्छा है, बदनाम बहुत है’
ये कभी नहीं हारते. जीतने वाला जीत गया, ये नहीं जीते..बस, इतनी सी घटना होती है.
कभी सामने वाले की लहर के चलते तो कभी जनता के आदेश के चलते सामने वाला जीत जाता है और यह नहीं जीतते.
शास्त्रों में लिखा है कि सब हार कर भी जो इन्सान उम्मीद नहीं हारता, आशा का हाथ थामें रहता है- एक दिन सफलता उसके कदम जरुर चूमती है, इस सूत्र का इस धरती पर यदि अगर एक वर्ग के रुप में कोई अक्षरशः पालन करता है तो वो नेता वर्ग ही है.
पहले अक्सर इनके न जीतने का ठीकरा बूथ केप्चरिंग पर फोड़ा जाता था. बाहुबलियों का बोल बाला हुआ करता था. जिसके पास जितने लठैत, वह उतना सफल नेता. लठैत मात्र लट्ठ लिए लोग नहीं बल्कि चाकू, तलवार, दोनाली से लेकर रिवाल्वरधारी भी हुआ करते थे. लठैत अपने नेता की जीत सुनिश्चित कराते थे, जीतने वाला नेता अपने लठैतों को जेल से बचाये रखने की गारंटी दिया करता था. दोनों का चोली दामन का साथ था. बूथ केप्चरिंग में यह बूथ इन्चार्ज को धमका कर, मार पीट कर मत पेटी पर कब्जा करके अपने मन मर्जी के वोट डाल लेते थे.
जिस किसी नेता को पहले से यह अंदाजा हो जाता कि वह नहीं जीतेगा इस बार, वह वोटिंग वाले दिन ही बूथ केप्चरिंग का इल्जाम लगा देता था और बाकी के न जीत पाने वाले, चुनाव के नतीजे आने के बाद उसके इल्जाम का समर्थन करने लग जाते थे. मगर जो जीत गया सो जीत गया.  
बताते हैं कि आज लैठेतों की जगह तकनीक के ज्ञाता सॉफ्टवेयर इन्जीनियरों ने ले ली. ये तकनिकीयुगीन लठैत अपने तकनिकी ज्ञान की दोनाली लिए अपने आकाओं के आदेश पर ईवीएम (इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन) पर धावा बोलते हैं. उसका अपने ज्ञान से ऐसा हृदय परिवर्तन करते हैं कि जनता चाहे जो आदेश दे, लहर भले किसी की चले..एवीएम जितायेगी इनके आकाओं को ही.
बाकी के न जीत पाये नेता, वही पूर्ववत अब दोषारोपण ईवीएम मशीन पर कर देते हैं कि इनसे छेड़छाड़ की गई है.
जल्दी ही इस छेड़छाड़ के खिलाफ भी एण्टी रोमियो कानून की तरह ही कोई कानून लाना पड़ेगा वरना यह छेड़छाड़ की बीमारी प्लैग से भी ज्यादा संक्रामक है, पूरे देश में फैलते वक्त न लेगी. कुछ ही बरसों में पूरे देश में फैल जायेगी.
वक्त रहते न संभले तो फिर कुछ ही बरसों में फैली इस बीमारी के उन्मूलन में कई दशक लग जायेंगे.
-समीर लाल ’समीर’
भोपाल से प्रकाशित दैनिक सुबह सवेरे में आज:

#jugalbandi

#जुगलबन्दी
Indli - Hindi News, Blogs, Links

शुक्रवार, अप्रैल 14, 2017

बम था कि बमों का बाप


अमिताभ बच्चन की फिल्म शहंशाह का वो डायलॉग जो उस जमाने में बच्चा बच्चा सीख गया था..
’रिश्ते में तो हम तुम्हारे बाप लगते हैं और नाम है शहंशाह!!’
हर जगह जब कभी अपनी ताकत दिखाने की जरुरत पड़ती तो लोग कहा करते कि रिश्ते में तो हम तुम्हारे बाप लगते हैं.
एक गुँडा चाकू चमका रहा है और दूसरा गुँडा उसे चमका रहा है कि धर ले अपना चाकू अपनी जेब में..ये तो कुछ भी नहीं है.. मेरे पास इसका बाप है ये देख..और वो हवा में फरसा घुमाने लग गया. चाकू वाला गुँडा डर कर भाग गया.
कभी ऐसा भी सुनने में आ जाता है कि यार, सोचा था उससे कुछ रकम झटकी जाये मगर वो तो मेरा भी बाप निकला, उल्टी टोपी पहना कर चला गया.
खूब जोर का धमाका सुनाई पड़े तो इन्सान स्वतः ही बोल उठता है बाप से बाप, क्या धमाका था, कान सुन्न हो गये.
कहने का तात्पर्य यह है जब भी किसी चीज को बड़ा बताना हो, उसकी विशालता का बखान करना हो, तो उसे बाप बताया जाता है.
क्या आपने कभी इसके बदले में मम्मी या मदर का इस्तेमाल होते देखा?
कोई ऐसा कैसे कह सकता है कि अपना चाकू अपनी जेब में रख, मेरे पास इसकी मम्मी है और लगे तलवार हवा में लहराने.
माँ शब्द के साथ आप ये जरुर कह सकते हैं ओह माँ, आज सर में बहुत दर्द है. एक संवेदना है, एक ममता की उम्मीद है..बाप शब्द के साथ एक जोश है, एक धमक है.
आज जब सुबह से सुन रहा हूँ कि अमरीका ने अफगानिस्तान के आई एस आई एस के ठिकाने पर विश्व का सबसे बड़ा गैर परमाणु बम गिराया है, जिसे ’मदर ऑफ ऑल बॉम्ब’ के नाम से पुकारा जाता है, तब से इस उलझन में हूँ कि आखिर इसे सब बमों के बाप याने ’फादर ऑफ ऑल बॉम्ब’ क्यूँ नहीं बुलाया गया?
माना महिला सश्क्तिकरण का जमाना है मगर मेरा दावा है कि इस बम का धमाका सुन कर भी लोगों के मूँह से एकाएक यही निकला होगा –’बाप रे बाप, क्या धमाका था..बम था कि बमों का बाप? ’
हाँ, जो इसकी चपेट में आकर मरे होंगे या चोटिल हुए होंगे..उनके मूँह से ’उई माँ’ जरुर निकला होगा..
मैं समझता भी हूँ और महिला सशक्तिकरण का घोर पक्षधर भी हूँ मगर भावनायें और उनसे जुड़े शब्द डी एन ए का हिस्सा होते है, उन्हें कैसे समझायें?  ये तो जब पूर्ण पुरुष प्रधान समाज था, तब भी दर्द में माँ की शक्ति और ममता को ही याद करता था..
-समीर लाल ’समीर’
आज के भोपाल से प्रकाशित सुबह सवेरे में:

http://epaper.subahsavere.news/c/18310508

Indli - Hindi News, Blogs, Links

मंगलवार, अप्रैल 11, 2017

कल हो न हो!!



कुछ उलझन को सुलझाने में..
नादां दिल को समझाने में..
बीती, फिर  रात बिताने में..
उगती सुबह को सजाने में…
अपने रुठों को मनाने में..
कोई बिगड़ी बात बनाने में….
कुछ  यादों में खो जाने में..
खुद को कुछ देर रुलाने में..
खोई कोई साख जुटाने में.
टूटे रिश्ते के जुड़ जाने में..
सब कुछ खोकर कुछ पाने में
हम गुम हो गये  जमाने में..

कुछ जामों के  टकराने में..
कुछ बहके कदम बढ़ाने में..
नासूरों  के भर जाने में
कुछ जख्म हरे हो  जाने में
हर झूठ को सच बतलाने में
और सच को यूँ झुठलाने में..
उसको नीचा दिखलाने में..
खुद को हर पल भरमाने में..
इस जीवन को जी जाने में..
और जीते जी मर जाने में..
सब कुछ खोकर कुछ  पाने में
हम गुम हो गये हैं जमाने में..

सोचो गर ये जो सोच सको
कल रो कर न हँस पाये तो..
चुप रह कर न कह पाये तो
मन ही मन हम पछताये तो
कल सोकर न उठ पाये तो..
बस रह जायेंगे अफसाने में..
सब कुछ खोकर ! 
क्या पाने में?
हम गुम हो गये हैं जमाने में..

इस जीवन को जी जाने में..
और जीते जी मर जाने में..
सब कुछ खोकर ! क्या  ? पाने में
हम गुम हो गये हैं जमाने में..
-समीर लाल ’समीर’

नोट: मित्र पुष्पेन्द्र पुष्प की दो पंक्तियाँ पढ़ी..और बह निकली एक पूरी रचना..कुछ बरस पहले...


Indli - Hindi News, Blogs, Links