शनिवार, मई 20, 2017

शीर्षक विहीन


जनता के बिना किसी नेता की कल्पना करना भी संभव नहीं. नेता होने के लिए जनता का होना जरुरी है. भक्त न भी हों तो भी चलेगा. भक्त नेतागिरी में नया कान्सेप्ट है. इससे पहले इनके बदले पिछ्लग्गु एवं चमचे हुआ करते थे. भक्त भगवान के होते थे. अब पिछ्लग्गु ही भक्त कहलाते हैं या नेता भगवान हो लिए हैं, यह तो ज्ञात नहीं मगर युग बदला जरुर है. वैसे नेता की कल्पना कुर्सी, माईक, भाषण, मंच के बिना करना भी कहाँ संभव है. भाषण भले वक्त के हिसाब से बदलता रहे मगर रहेगा लोक लुभावन और जुमलेबाजी से भरपूर ही. बेहतरीन वादों, अपवादों, आक्षेपों से भरापूरा भाषण सड़क से संसंद तक का मार्ग प्रशस्त करता है.
खैर, छोड़िये इन नेताओं की. सोच कर देखें बिना बहते पानी की नदी? नहीं सोच सकते न? अब वो दिल्ली की यमुना को मत बीच में लाईये. वो अब नदी नहीं, राजनीति का माध्यम है जैसे कश्मीर एक राज्य न होकर...और कर्नाटक में कावेरी का जल पानी न होकर..  और हाँ, भारतीय हैं तो चुप तो रह नहीं सकते..सीधे बात मान जायें तो नाक न कट जायेगी..इसलिए बोलेंगे जरुर कि आग का भी दरिया होता है..सुना नहीं है क्या?  
ये इश्क नहीं आसां, इतना तो समझ लीजिये
एक आग का दरिया है ,और डूब के जाना है..
अब आपको क्या बतायें..यह वाला दरिया शायरों की उड़ान है, उनका क्या वो तो महबूबा के बदन पर आसमान से चाँद और सितारें लाकर टांक दें. शायर फेंकने पर आ जाये तो उनके सामने तो नेता के जुमले भी मंच छोड़ कर भाग खड़े हों. ५६ इंच का सीना क्या टिकेगा भला उस सीने के सामने जिस सीने में बंदे ने जमाने भर का दर्द छिपा रखा है अपनी दिलरुबा को खुश देखने के लिए..
ऐसी ही क्या कभी बिना शीर्षक के कुछ लिखा जा सकता है? लेखक को हर वक्त एक विषय की तलाश रहती है और उस विषय की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए एक जानदार शीर्षक की. बिना शीर्षक आप ५०० शब्दों का भी अगर कुछ लिख कर छाप दो, तो कोई क्यूँ पढ़ना शुरु करेगा? उसे मालूम तो पड़ना चाहिये कि क्या पढ़ रहा है!!
इसलिए आज चूँकि हमारे पास शीर्षक नहीं है.. याने की शीर्षक विहिन हैं..अतः सोच रहे हैं कि कुछ न लिखें..कौन पढ़ेगा ऐसे में?
मगर ये क्या, आपने तो फिर भी पढ़ ही लिया..आप जैसे प्रबुद्ध पाठक होते ही कितने है इस जहां में..  

-समीर लाल ’समीर’
#Jugalbandi
#जुगलबंदी
Indli - Hindi News, Blogs, Links

गुरुवार, मई 18, 2017

कृप्या यहाँ पर अपना ज्ञान न बांटे, यहाँ सभी ज्ञानी हैं


हमारे शहर की पान की दुकान पर एक बोर्ड लगा हुआ है कि कृप्या यहाँ पर अपना ज्ञान न बांटे, यहाँ सभी ज्ञानी हैं.
ज्ञानी के ज्ञानी होने के लिए मूर्खों का होना अति आवश्यक है. सोचिये अगर सभी अच्छे हों और कोई बुरा हो ही न तो अच्छा होने की कीमत तो दो कौड़ी की न रहेगी.
एक अमीर दूसरे अमीर को सलाम नहीं ठोकता. अमीर को सलाम ठोकने के लिए गरीब का होना आवश्यक है.
यह बड़ी बेसिक सी बात है. अब यदि कोई इतना भी न समझे तो हम क्या करें.
एक जमाना वो था कि जब हम कहीं यदि हवाई जहाज से जाते थे तो पूरे शहर को यह खबर जाने के एक महिने पहले से और आने के एक महिने बाद तक किसी न किसी बहाने से सूचित करते रहते थे. हालत ये थे कि धोबी को भी कपड़े देते वक्त हिदायत दे देते थे कि समय पर धोकर ला देना, फलानी तारीख को बाहर जा रहे हैं हवाई जहाज से. और एक जमाना आज का है कि पता चलता है वो धोबी ही अपने से अगली सीट पर बैठा हवाई जहाज से शिमला चला जा रहा है छुट्टी मनाने स्लिपर पहने.
महत्वपूर्ण की महत्ता ही अमहत्वपूर्ण लोगों से होती है. यदि सभी महत्वपूर्ण हो लिए तब तो समारोहों में सामने वाली कुर्सियों के लिए मारा काटी मच जायेगी. लाल किले पर १५ अगस्त को गणेश खोमचा वाले सबसे सामने बैठे हैं और मित्र बराक ओबामा स्टैंड में भीड़ के बीच खड़े भाषण सुन रहे हैं.
रेडिओ पर यह सुनते ही कि अब समय आ गया है, जब वीआईपी संस्कृति को बदलकर ईपीआई (हर व्यक्ति महत्वपूर्ण) कर दिया जाए, रमलू चपरासी घर के रास्ते पर सीना चौड़ा किये निकल पड़ा और सामने से आते रिक्शे वाले को चांटा रसीद कर दिया. देखते नहीं कि हम आ रहे हैं. तुमको हमारे रास्ते में नहीं आना चाहिये, हम महत्वपूर्ण व्यक्ति हैं. रेडिओ नहीं सुनते क्या? अभी बोल कर चुप भी न हो पाये थे रिक्शे वाले ने पलट कर चांटा रसीद कर दिया..हम भी महत्वपूर्ण है, तुमको रास्ता छोड़ना चाहिये था. रेडिओ ध्यान से सुना करो.
अजब सा माहौल पैदा कर दिया है इनकी इस घोषणा ने.
जिसे देखो वो ही महत्वपूर्ण हो गया मानो कि महत्वपूर्ण न हुए हमारे जमाने के एल आई सी एजेन्ट हो गये..जिसे देखो वो ही एल आई सी एजेन्ट होता था.
अब तो जी कर रहा है कि जनहित में खुद से ही मना कर दूँ कि जी, हम महत्वपूर्ण नहीं हैं...कम से कम सामने वाले की महत्ता ही बन जाये.
-समीर लाल ’समीर’



Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, मई 13, 2017

टॆलीफोन



टॆलीफोन विषय पर यह निबंध क्लास ५ की रंजू की उत्तर पुस्तिका से उड़ाया है.
टॆलीफोन मुख्यतः तीन प्रकार के होते हैं. एक आई फोन, दूसरा सेमसंग और तीसरा अन्य.
इसे ऐसे समझे जैसे भारत में तीन प्रकार के लोग होते हैं- एक नेता, दूसरे उनसे गाढ़े संबंध रखने वाले व्यापारी और बाकी के अन्य.
आई फोन एक स्टेटस सिंबल..सब कुछ इन्हीं के इर्द गिर्द नाचता, सेमसंग गुणवत्ता का प्रतीक ये न टेका लगाये तो स्टेटस वालों की स्टेटस भी न बन पाये और बाकी चायनीज फोन से लेकर नोकिया तक अन्य..हैं तो ठीक ..न हैं तो ठीक..काम हैं आई फोन और सेमसंग को उनके उचित स्थान पर बनाये रखना.
फोन हमारे जीवन में बहुत उपयोगी हैं. फोन का मुख्य इस्तेमाल स्लेफी लेना है. इस्तेमाल की द्वितीय पायदान पर स्लेफी को शेयर करने से लेकर औरों की फोटो खींचना, चैट, व्हाटसएप, एस एम एस, फेसबुक, नेट, इन्स्टाग्राम, ट्वीटर, पिन, वेब सर्फिंग, नेवीगेशन, स्काईप, फेस टाईम आदि है. इस्तेमाल की एक प्रमुख कड़ी जो दूसरी पायदान को बराबरी से शॆयर कर रही है वो है एम एम एस बनाकर ओर बात रिकार्डिंग कर के ब्लैक मेल करना है. तीसरी पायदान पर गाने सुनना है. इसके बाद ऑन लाईन आर्डर, मूवी टिकिट,  बैंकिंग, रेल्वे से हावाई जहाज की यात्रा आदि आता है. चौथी ओर अन्य पिछड़ी पायदानों पर मौसम की जानकारी, केलकूलेटर एप के बाद ऑन लाईन पोलिंग, गेम्स और  मिस्ड काल का नम्बर आता है. अंतिम पायदान पर कुछ लोग इसका इस्तेमाल, अगर मिस्ड काल का जबाब न आये और काम अपना अटका हो तो, फोन लगा कर बातचीत के लिए भी करते हैं.
सब्जी और अन्य जरुरत की चीजें जो खराब होने और खत्म हो जाने पर खरीदी जाती हैं के विपरीत फोन नये फोन के माँडल आ जाने पर परिवार में और आपकी समाज में स्टेटस के हिसाब से खरीदा जाता है.
मैं एक आई फोन परिवार का हिस्सा हूँ. हमारे घर में मम्मी के पास लेटेस्ट आई फोन ७ है. पापा के पास उसके एक पहले वाला आई फोन ६ एस है..और उनका पुराना आई फोन ६ मेरे पास है. यह क्रम इसी क्रम में नये मॉडल आने पर बदल जायेगा जैसे की अब तक बदलता रहा है.
मम्मी के पास सेल्फी के लिए एक सेमसंग का लेटेस्ट मॉडल भी है. पापा सेल्फी कम खींचते हैं मगर उनका काम आई फोन से चल जाता है.  उनकी सेल्फी भी अक्सर मम्मी ही सेमसंग से खींच देती हैं. उनके पास एक फोटोशाँप ५०३० है जो ५० साल के इंसान को ३० साल का बना कर दिखाता है. वो अपनी और पापा की सेल्फी इस साफ्टवेयर से पास करा कर शॆयर करती हैं. मित्रों की वॉव और लाईक ही उनके जीवन का लक्ष्य है.
मेरे फेस बुक पर मेरी क्लास के बहुत बच्चे ओर २०० अलग से फ्रेंण्ड हैं. आश्चर्य है कि इनमें से ११ लोगों को मैं पर्सनली भी जानती हूँ. इट इज ए बिग एचिवमेन्ट इन दिस फोन ऐरा....आई फील प्राऊड...कितनी लकी हूँ न मैं....कभी कभी सेलिब्रेटी वाली फीलिंग आती है.
अगर ये फोन न होता तो दुनिया कितनी सूनी होती...मैं तो कल्पना भी नहीं कर सकती. तब मैं भला अपने बेस्ट फ्रेण्ड  राहुल से कैसे कनेक्ट हो पाती?? आई कान्ट इवन थिंक...वैसे मिली तो अभी नहीं हूँ उससे मगर उसके बिना कितना अधूरा सा होता ये जीवन!!
राहुल का सपना है कि एक दिन वो ऊबर टैक्सी चलायेगा..काश!! किसी दिन जब मैं अकेली टैक्सी बुलाने लगूँगी..तब राहुल ड्राईव करता हुआ मेरे दर पर आये..
आई एम सो एक्साईटेड...इस फोन ने जीवन को कितना रसमय बना दिया है..एक परपज दिया है जीने का..
कैसे होंगे उस युग के लोग जब आई फोन और सेमसंग नहीं रहा होगा..
मुझसे तो सोचा भी नहीं जा रहा...
-समीर लाल ’समीर’
#jugalbandi
#जुगलबंदी



Indli - Hindi News, Blogs, Links

गुरुवार, मई 11, 2017

रंगों से भरी दुनिया में कलर ब्लाईंड समझदारी



रंगों की पहचान के मामले में भारतीय पुरुष से ज्यादा निर्धन, दयनीय और निरीह प्राणी कोई नहीं होता. हम भारतीय पुरुषों को बस गिने चुने रंग मालूम होते है जैसे नीला, पीला, लाल ,गुलाबी, भूरा, हरा, सफेद और काला आदि. ज्यादा स्मार्ट हुए तो नीला और बैंगनी में फर्क कर लेंगे या काला और सिलेटी में. इसके आगे का काम लगभग से चल जाता है जैसे हल्का, गाढ़ा या करीब करीब हरा कह कर.
हुआ यूँ एक मित्र के पास एक शो के दो पास रखे हैं और वो किसी वजह से शहर के बाहर जा रहा है, अतः मुझसे पूछा कि अगर आप और भाभी जाना चाहो तो चले जाओ. एक तो हम नये नये और फ्री का पास मिल रहा हो तो क्यूँ मना करते. हाँ कर दी. उसने अपने एक दोस्त का फोन नम्बर दे दिया और कहा कि जब ऑडिटोरियम जाने लगो तो उसे फोन कर देना. वो टिकिट भिजवा देगा वहीं.
इण्डिया से नये नये आये थे तो कमीज जो सबसे रंगीन सिलवा लाये थे, वही पहन कर निकले. ऑडिटोरियम के पास स्टेशन पर पहुँच कर फोन लगाया तो मित्र के मित्र, जो कि कनेडियन थे, ने कहा कि उनका लड़का ऑडिटोरियम की तरफ ही से निकल रहा है, आप उसको पार्किंग के सामने मिल जाना और टिकिट ले लेना. वैसे आप किस कलर की शर्ट पहने हैं, वो बता दिजिये तो मैं उसे मोबाईल पर इन्फार्म कर देता हूँ वो आपको देख लेगा और हाथ हिला देगा.
अब हमारी रंगीन कमीज फिरोजी. अंग्रेजी मे क्या बोलें?  बचाव का एक ही रास्ता था कि हमने कह दिया कि आप चिन्ता न करें, आप हमें कार के बारे में बता दिजिये हम पहचान लेंगे.
पार्किंग में वो कार ले जाता तो उसे जबरदस्ती पार्किंग चार्जेज लग जाते अतः पार्किंग के बाहर सड़क पर मिलना ही तय पाया. उन्होंने बताया कि वो टील कलर की सेडान कार से आयेगा. आप हाथ हिला देना.
फोन रख लगे सोचने कि ये भला कौन सा रंग होता है? आने जाने वाली कारों का ताँता लगा था और उनमें कम से कम पाँच तो ऐसे रंग रहे होंगे कारों के, जिन्हें हमारी सीमित पहचान क्षमता कोई भी नाम देने से इन्कार कर रही थी. एक होता तो बाकी पहचान कर उसे मान लेते टील. मगर यहाँ तो अनजान रंगों की भीड़ चली जा रही थी. ऐसे में हाथ हिलाने लगे तो सब पागल ही समझेंगे हर कार को हाथ हिलाता देख कर.
दस मिनट खड़े सोचते रहे. अपनी कमीज के रंग का अंग्रेजी भी याद नहीं आ रहा था आखिरकार हार कर बेवकूफ नजर आने से बेहतर विकल्प का सहारा लिया.
उन्हें फिर से फोन लगाया और कहा कि एकाएक पत्नी की तबीयत खराब लगने लगी है. अतः तुरंत घर वापस जाना होगा. आप अपने बेटे से कह दिजिये कि वो परेशान न हो और किसी को भी पास दे दे या वेस्ट जाने दे.
पत्नी को बता दिया कि उनका लड़का कहीं जरुरी काम में फंस गया है तो आ नहीं पा रहा है. लौटना पड़ेगा.
घर आकर नेट पर अधिक से अधिक रंगों के नाम अंग्रेजी में सीखे. फिरोजी मतलब टर्काईस जान गये. टील रंग भी नेट पर देखा. खड़ी तो थी बिल्कुल उसी रंग की सेडान पार्किंग के सामने. मगर अब क्या, वो तो पास फेंक कर ४ घंटे पहले जा चुका होगा और शो भी खत्म हो चुका होगा.
अब तो मैं मर्जेन्टा, टैन, बर्गेन्डी जैसे कठिन रंग भी पहचान जाता हूँ मगर पत्नी की मूँह से सुना धानी रंग अभी पहचानना बाकी है. नेट पर मिल नहीं रहा और उससे पूँछू तो फिर वो ही अहम!! कौन बेवकूफ नजर आना चाहेगा.
वैसे, कभी सोचता हूँ कि अगर रंग होते ही न तो क्या होता?
दुनिया भले बेरंग होती मगर रंग भेदियों की जमात से तो कितनों को मुक्ति मिल गई होती. लेकिन इन्सान तो इन्सान है, तब झगड़ने का कोई और मुद्दा निकाल लेता.
-समीर लाल ’समीर’
भोपाल से प्रकाशित दैनिक सुबह सवेरे में:

http://epaper.subahsavere.news/c/18978937
Indli - Hindi News, Blogs, Links

सोमवार, मई 08, 2017

कड़ी निंदा


उनको इतना समझाया था कि चाहे भड़काऊ भाषण देकर देशद्रोह कर लो या कंपनी खोलकर करोड़ों का घोटाला कर लो या  बैंक से दूसरों की कमाई का हजारों करोड़ पैसा लेकर देश से भाग जाओ या नहीं तो गोरक्षक सेना में ही शामिल होकर गुंडागीरी कर लो..
इतना भी न बन पड़े तो लव जेहाद के नाम पर प्रेमी युगलों को मारो...या फोकट में  आते- जाते एयरलाईन के कर्मचारियों को जूते से पीट लो  कोई कुछ नहीं कहेगा. .. ज्यादा से ज्यादा कुछ माह की जेल हो जायेगी फिर छूट जाओगे ..
या फिर चाहो तो सेना के जवानों को थप्पड़ मारो या पत्थर से मारो, बदले में प्लास्टिक की गोली से गुदगुदा दिये जाओगे, बस्स!
ये भी न चले और ज्यादा ही कुछ करने का मन हो तो बलात्कार कर लो..नाबालिग हुए तो तीन साल में छूट जाओगे वरना सात साल में..या ज्यादा से ज्यादा फाँसी चढ़ा दिये जाओगे..मगर कोई कुछ कहेगा नहीं...
इन्सान सब झेल सकता है मगर अपना अपमान नहीं.... और किसी ने ज़रा सा कुछ कह दिया तो मान की हानि यानि घोर अपमान हो सकता है
इसीलिए मना किया था कि कभी ऐसा हमला न करना जिसमें बड़े लोग नाराज हो जायें और नाराज हो कर अपमानित कर दें.
बड़े लोग नाराज होते हैं तो ऐसा हिकारत भरा चेहरा बना कर कड़ी निंदा करते हैं कि लगने लगता है अरे सर!! प्लीज..गोली मार दो मगर निंदा न करो. और उस पर इतनी कड़ी निंदा..
जब जब भी ऐसी नाराजगी की बात होती है तो बड़े लोग तुरन्त बयान जारी कर कृत्य की कड़ी निंदा तो करते ही है..साथ में इतनी जोर की आवाज में मुँह तोड़ जबाब देने की चेतावनी देते हैं कि चाहे नक्सली हो या आतंकवादी, भीतर तक दहल जाता है...कड़ी निंदा से अपमानित हो अवसाद से भर कर आत्महत्या कर लेने का मन बना बैठता है.
मगर बड़े लोगों की नाराजगी की क्या कहें कड़ी निंदा पर भी नहीं रुकते...हर बार कहते हैं कि अगर अब भी न समझे...तो यहाँ तो मारेंगे ही..घर में घूस कर भी मारेंगे.
बाप रे बाप!!! इसके बाद भला वो अपने घर में रुकेंगे क्या? घर ही बदल देते होंगे पक्का!! वैसे कभी न इस पार मारा न कभी उस पार घूस कर..अतः जमीनी हकीकत का अंदाज तो है नहीं कि घर बदल देते होंगे कि नहीं?
वैसे एक बात तो है इन बन्दों की रिकवरी रेट अर्थव्यवस्था की रिकवरी रेट से बहुत तेज है.
नोटबंदी के बाद दावा था कि अब न पत्थर फिंकवाने के लिए पैसे बचे हैं प्रायोजकों के पास और न नक्सलियों के पास गोली बारुद खरीदने के...अर्थ व्यवस्था को तो खैर पूर्वावस्था में आने में अभी बरसों लगेंगे मगर ५ महिने में जिस तरह से यह पत्थरबाजी के प्रायोजक और नक्सलवादी  पूर्वावस्था को प्राप्त हुए हैं..चौंका देने वाला है. उनका अर्थ व्यवस्थापिक ग्रोथ !!
इनकी इस त्वरित रिकवरी की कड़ी निंदा होना चाहिये और इस रिकवरी को मुँह तोड़ जबाब दिया जाना चाहिये.
वैसे ज्यादातर बड़े लोग कड़ी निंदा करके अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर लेते है. हालातों की समीक्षा के लिए तुरंत समय नहीं रहता है इसलिए १५ दिन बाद की बैठक बुलाई जाती है.
निंदा,मुँह तोड़ जबाब की धमकी और समीक्षा बैठक के बाद फाईल बंद कर दी जानी है हमेशा की तरह..एक नई घटना के इन्तजार में.


-समीर लाल ’समीर’

#JugalBandi #जुगलबंदी
Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, मई 07, 2017

कनाडा के विपक्ष को कौन समझाये कि हम भारतीय हैं...


याद आता है २००३ का पावर आउटेज -जिसने पूरे उत्तरी अमेरिका को अपनी चपेट में ले लिया था ,सारे शहर तीन दिन के लिए बिना बिजली के हो गये थे. कहा जाता है कि यहाँ का जीवन यांत्रिक है. बिना बिजली के एक सांस लेना भी मुश्किल है. सब दावों को धता बताते हुए जीवन चला था उन तीन दिनों में भी..... लोगों ने एक दूसरे की इतनी मदद की कि लोगों की मानवता से फिर मुलाकात हुई, फिर विश्वास जागा मानवता में. लगा कि ऐसा कार्यक्रम प्रायोजित करते रहना चाहिये जनहित में, मानवता में भरोसा जगाये रखने के लिए. 
तब अमरीका के राष्ट्रपति ने टीवी पर राष्ट्र पर आई इस मुसीबत के लिए माफी मांगी और कड़ी निंदा से इतर एक वादा किया कि आगे से ऐसा न हो, इस हेतु फलां फलां कदम उठायेंगे. वादे का दम या कदमों की धमक, उसके बाद से १४ साल बीत गये, फिर कभी वैसा न हुआ.
उस रोज उनके लिए भी संभव था कि इस घटना की कड़ी निंदा कर देते, चन्द जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित कर देते. मगर नहीं, मूँह तोड़ जबाब की गीदड़ भभकी के बदले जी तोड़ मेहनत वाले समुचित कदम उठाये इसकी पुनरावृत्ति रोकने के लिए और सफल भी हुए.
अब जरा सोचें कि हमारे देश के राष्ट्रपति अगर बिजली चले जाने पर टीवी पर आये और राष्ट्र से माफी मांगे तब तो हमारे राष्ट्रपति २४ x ७ टीवी स्टेशन पर ही माफी मांगते नजर आयेंगे- युनिवर्सिटियों की डिग्रियां और पुरुस्कार कब बांटेंगे?
इधर दो दिनों से एक नया नाटक चल रहा है कि सज्जन ने झूठ क्रेडिट ले लिया अत: वह इस्तीफा दें?
व्याकरण के जानकारों को बताता चलूँ कि दरअसल ये सज्जन विशेषण वाले नहीं, संज्ञा वाले हैं.
हरजीत सज्जन कनाडा के रक्षा मंत्री हैं. भारत यात्रा पर गये थे..मौसम का तकाजा कहो या संगत का..बोलने लगे तो फेंकने लगे..फेंके भी ऐसा कि मानो मितरों से कह रहे हों कि अफगानिस्तान की जब कनाडा ने ईंट से ईंट बजाई, तो उन ईंटों के बजाने की धुन मैने बनाई थी.
मानो सज्जन सज्जन न होकर भारतीय म्यूजिक कम्पोजर हो लिए, हर धुन को अपनी मौलिक धुन बता कर क्रेडिट ले लेते है. चलो, राजनीत में है तो म्यूजिक की बात न भी करें तो समझो हमारे सबसे बड़े नेता हो लिए हों कि मंगल यान से लेकर सबसे सस्ते जलपान का क्रेडिट लिए जा रहे हैं. मानो इनके पहले सब हाथ पर हाथ धरे बैठे थे और पिछले ६७ सालों में सब मात्र दाँत चियारे बैठे हों पूरे भारत में,,काम अब शुरु हुआ है नोट बंदी के साथ.
बस, सज्जन जी से भूल इतनी सी हो गई कि हैं भले ही सरदार, मगर भूल गये कि कनेडीयन भी हैं और वो भी कनाडा जैसे देश के रक्षा मंत्री.
सैनिकों ने बवाल मचा दिया कि ये उस समय अफगानिस्तान में थे जरुर मगर एक सैनिक की हैसियत से और प्लान टीम का बनाया हुआ था और ये तो टीम लीड भी न थे बस टीम मेम्बर थे. फिजूल में क्रडिट ले लिया है..इस्तिफा दें.
बवाल मचा तो इन्हें याद आया कि ओए, हुंड तो कनेडियन सी...तो लिहाज करते माफी वगैरह मांगी. भारतीय हैं तो सेटिंग तो कर ही लेते हैं. अतः कनाडा के प्रधान मंत्री ने भी कह दिया कि चलो, जाने दो..बंदे ने देश की सेना से लेकर पुलिस में इत्ती सेवा की है. मगर विपक्ष है कि अड़ा है कि इनको मॉरेल ग्राऊण्ड पर इस्तीफा देना चाहिये..
विपक्ष को कौन समझाये कि हम भारतीय हैं..भले ही कनेडीयन नागरिकता ले ली हो..डी एन ए तो वही है न... झूठ बोलने पर या झूठा क्रेडिट लेने पर इस्तीफा देने लगे तो हमारी सरकार मय प्रधान मंत्री से लेकर पार्षद तक ऐसी भड़भड़ा कर गिरेगी कि उसकी धमक विश्व भर की सारी न्यूक्लियर संधियों को नेस्तनाबूत कर देगी.
फिर होती रहे विश्व भर में हमारे धमाके की कड़ी निंदा..
हमें तो पता ही है कि कड़ी निंदा से कुछ नहीं होता जाता बस मूँह छुपाने का बहाना मिल जाता है.

-समीर लाल ’समीर’
 http://epaper.subahsavere.news/c/18853044
#Jugalbandi #जुगलबन्दी
Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, अप्रैल 30, 2017

जब कान में जूँ महज रेंगी नहीं..सरपट भागी



कान में जूँ का रेंगना भी अजब सी घटना है. जाने किस बात पर रेंग जाये और जाने किस बात पर न रेंगे. इसका बात की बड़ी या छोटी होने से कुछ लेना देना नहीं है.
मंचों और माईकों से भाषण से लेकर प्रवचन तक सब दिये गये कि भ्रष्टाचार मिटाओ. समझाया गया कि आप जब रिश्वत दोगे नहीं, तो कोई लेगा कैसे? मगर किसी की कान में जूँ तक नहीं रेंगी.
और वहीं एक सेलीब्रेटी घर बैठे १४० से भी कम शब्दों में ट्वीट करता है कि अज़ान की आवाज से उसकी नींद में खलल पड़ता है तो पूरा देश टूट पड़ता है. जूँ रेंगने के बदले दौड़ पड़ती है सरपट सबके कानों में. कोई सेलिब्रेटी के साथ तो कोई विरोध में.
१४० शब्दों के ट्वीट ने ऐसा हंगामा मचाया कि बात बत न रही..वह हिन्दु मुसलमान हो गई. यही आजकल हर बात का चरम है. एक तरफ मंदिर की आरती, जगराता, गणपति विसर्जन का हंगामा मुद्दा बनने लगा तो दूसरे तरफ लाऊड स्पीकर पर दी जाने वाली अज़ान.
एक बात जरुर है ऐसे आड़े वक्तों में मीडिया अपनी यूजवल जलाई बुझाई के साथ साथ आपको विषय विशेष में ज्ञानी ही नहीं विशेषज्ञ बना डालता है.
लगातार कार्यक्रम चला रहा है कि अज़ान क्या होती है? कौन सी दिशा में देखकर कौन सी पंक्ति पढ़ी जाती है? हर पंक्ति का क्या अर्थ होता है? कितनी देर की होती है? कितनी बार होती है? अज़ान लगाने वाला मुअज्जिन कहलाता है. अज़ान अरबी शब्द उज्न से बना है.  डेसिबल क्या होता है? कितने डेसिबल तक लाउड स्पीकर कोर्ट के आदेश के मुताबिक बजा सकते हैं? एडीसन कौन था? वो १८४७ में पैदा हुआ था. ईस्लाम उसके पहले से है तो कुरान में तो लाउड स्पीकर का जिक्र आ ही नहीं सकता और न जाने क्या क्या...
कभी जयललिता भर्ती हुई थीं तब उनके इतिहास से लेकर पूरी मेडिकल साईंस पढ़ा डाली थी, तो कभी मंगलयान के साथ पूरा अंतरीक्ष ज्ञान तो कभी भूकंप आने पर एपिक सेन्टर से लेकर रेक्टर स्केल और मेग्नीट्यूड का ज्ञान. मीडिया महान है..अपने आप में एक विश्व विध्यालय है.
हमारे जमाने में तो ये इतने जागृत न थे मगर इतना सब कालेज में अगर कोई पढ़ा देता तो आज हम कहीं किसी शहर के कलेक्टर होते.
ऐसे ही सीख सीख कर दिमाग ओवरलोड हो लिया है. कभी कभी तो पान ठेले की तर्ज पर टीवी पर बोर्ड टांग देने का मन करता है: कृप्या यहाँ ज्ञान न बांटे, यहाँ सभी ज्ञानी हैं.
धन्य हैं कि अभी वो स्तर नहीं हुआ है कि उस लेयर पर पढ़ाया जाये जहाँ नींद में खलल के क्या क्या कारण हो सकते हैं और इससे स्वास्थय पर क्या प्रभाव पड़ता है. अहसान ही कहलाया दर्शकों पर.
वरना इनका क्या- कह देते हवाई जहाज इतने बजे से इतने बजे न उड़ाया जाये, उससे इतने डेसिबल का साउन्ड उठता है और कम्पन के रेडीयेशन का हार्ट पर इतना असर पड़ता है. मुद्दा चाहिये बस्स!!
कहने लगेंगे कि एक एंटी रोमियों स्क्वॉयड की तर्ज पर एंटी मुर्गा स्कवॉयड बनाई जाना चाहिये. जो भी मुर्गा सुबह सुबह बांग लगा कर नींद में खलल डालेगा, उसे इस एंटी मुर्गा स्कवॉयड के स्वयंसेवक मुर्गा बना कर सजा देंगे.
कोई ज्ञानी प्रश्न उठायेगा कि वो तो पहले से ही मुर्गा है, उसको क्या मुर्गा बनाओगे?
जबाब तो सब जानते हैं, दारु के साथ जो मुर्गा खाया जाता है वो भी तो मुर्गे से ही बनता है..तब काहे नहीं पूछते हो कि मुर्गे को क्या मुर्गा बनाओगे?
खैर दहशत कहो या विकास या शहरीकरण!! मुर्गा जमाने से मौन है..
सच सच बताना कि मुर्गे की बांग आखिरी बार कब सुनी थी सुबह सुबह!!
१९८५ के बाद जन्में बच्चे इस प्रश्न के दायरे के बाहर रखे जा रहे हैं..उनको तो शायद कोयल की कूंक और मुर्गे की बांग का अन्तर भी न पता हो..तब तक देश उस तरक्की की राह पर चल पड़ा था..जिस पर आजतक चलता ही चला जा रहा है...न जाने कहाँ पहुँचने को..

-समीर लाल ’समीर’

अप्रेल ३०, २०१७ के भोपाल से प्रकाशित सुबह सवेरे में प्रकाशित
http://epaper.subahsavere.news/c/18697532


Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, अप्रैल 29, 2017

जैसे हवाई चप्पल के दिन बहुरे, वैसे सबके बहुरें!!


हवाई चप्पल वालों के लिए हवाई यात्रा की घोषणा कर साहेब ने यह तो कर दिखाया कि अच्छे दिन वाली बात पूरी तरह से हवाई किला नहीं थी, एकाध कमरे असली भी बन रहे हैं.
अब बताईये कुतर्की ऐसा कह रहे हैं कि भले वो बंदा एयरपोर्ट तक आने के लिए टैक्सी का किराया न भर पाये मगर हवाई यात्रा की कीमत इतनी लुभावनी कि एक रात पहले ही घर से हवाई चप्पल पहने पैदल निकल ले.
घोषणाओं और उससे जुड़े नियमों के नित बदलाव के पुराने अनुभव ऐसे रहे हैं कि हो सकता है कि कल जब आप हवाई चप्पल पहने शिमला जाने के हवाई सपने सजाये हवाई अड्डे पहुँचे तब तक कोई नया नियम आ चुका हो, मसलन:
  • सिर्फ हवानी कम्पनी की हवाई चप्पल ही हवाई यात्रा के लिए मान्य है.
  • केवल भीम एप से खरीदी गई चप्प्लें ही मान्य हैं.
  • तीन महीने से ज्यादा पुरानी चप्पलें वैध्य नहीं हैं? कृप्या उनका रिन्यूवल करा कर वापस आवें.
  • सिर्फ हवानी कम्पनी की हवाई चप्पल में चीप लगी है, जिससे आपको अपना आधार कार्ड अटैच करना होगा, अन्यथा आप यात्रा नहीं कर सकते.
  • कृप्या ध्यान रखें कि यह हवाई चप्पले पहनने के लिए नहीं हैं. इसे आप सिक्यूरीटी चैक पर अपने पहचान पत्र, आधार कार्ड के साथ तल्ला उपर की तरफ करके दिखायें. सिक्यूरीटी को जरा भी डाऊट होने पर कि यह चप्पल आपने कभी पहनी हैं, वो आपको यात्रा करने से रोक सकता है.
  • कृप्या हवाई यात्रा के दौरान हवाई कर्मचारियों को मारने के लिए इस चप्पल का इस्तेमाल न करें. यह दंडनीय अपराध है. उस पावन कार्य हेतु आप चमड़े की या कोल्हापुरी चप्पल का इस्तेमाल करें.
  • हवाई चप्पल का धारक जिसका आधार कार्ड चप्पल से अटैच हो, वही बस यात्रा कर सकता है, चप्पलें भले सेम साईज की हो, मगर ट्रास्फरेबल नहीं हैं.
  • कृप्या ध्यान दें कि यात्रा से वापस आकर चप्पलें अपने जन धन खाते से जुड़े लॉकर में सुरक्षित रखें. चप्पल खरीदते समय आधार कार्ड के साथ साथ आपको अपने लॉकर का पता भी दर्ज करना होगा.
  • यात्रा समाप्ति के २४ घंटे के भीतर चप्पल लॉकर में ने जमा करने पर प्रति दिन ५०० रुपये का जुर्माना भुगतान करना होगा.
  • हवाई चप्पल गुम हो जाने की दशा में, तुरंत एफ आई आर दर्ज करा कर, इन्हें नई चप्पल से रिप्लेस कराना होगा जिसका एडमिन चार्ज पहली गुमाई पर ३००० रुपये और उसके बाद प्रत्येक गुमाई पर ५००० रुपया होगा.
  • हर तीन माह में हवाई चप्पल का रिन्यूवल हवानी कम्पनी के लोकल दफ्तर से कराना होगा, जिसका रिन्यूवल चार्ज ५०० रुपया होगा जो मात्र भीम एप के जरिये देय होगा.
  • हवाई जहाज में एन्ट्री पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी. बाकी यात्री अपनी हवाई चप्पल पुनः अपने लॉकर में जमा कर आराम से घर पर बैठें.
  • जन धन खाते से जुड़े लॉकर का प्रति ऑपरेशन चार्ज ५०० रुपये एवं सालाना किराया ३००० रुपया प्लस सर्विस टैक्स अलग से लगाया जायेगा.
  • हवाई चप्पल कोटा के यात्री कृप्या ध्यान दें कि अपनी हवाई चप्पल अपनी सीट के सामने वाली पाकेट में फंसा कर रखें ताकि कहीं भूले से एयर होस्टेस आपको नार्मल यात्री समझ कर चाय पानी न पूछ बैठे.
बाकी तो अच्छे दिन आ ही गये हैं कृप्या हवाई जहाज में चढ़ने से पहले साहेब का जयकारा लगाना न भूलें.

 -समीर लाल ’समीर’

#व्यंग्यकीजुगलबन्दी #vyangyakijugalabandi #Jugalbandi #जुगलबन्दी

Indli - Hindi News, Blogs, Links

सोमवार, अप्रैल 24, 2017

सबसे ज्यादा तोड़ा मरोड़ा क्या जाता है?



प्रश्न वही हो तब भी जबाब देने वाले के हिसाब से जबाब अलग अलग मिल सकते हैं..
सबसे ज्यादा क्या तोड़ा जाता है..आशीक मिज़ाज होगा तो कहेगा दिल और पति होगा तो कहेगा पत्नी के द्वारा गुस्से में कांच का गिलास..आम जन होगा तो कहेगा नेताओं का वादा.
फिर आप पूछेंगे कि सबसे ज्यादा मरोड़ा क्या जाता है..फिरवही..माशूका होगी तो कहेगी..बहियां और स्कूली छात्र होगा तो कहेगा रफ कागज..
मगर आप चाहें किसी से पूछें कि सबसे ज्यादा तोड़ा मरोड़ा क्या जाता है?
एक सुर में सभी कहेंगे कि नेताओं के बयान!!
हालत ये हैं कि प्रेस कांफ्रेन्स में टीवी पर दिये बयान से भी मुकर जाते हैं और कहते हैं कि इसे तोड़ मरोड़ कर प्रस्तुत किया गया है. सिर्फ २५ चप्पल मारी थी एयर लाईन के स्टाफ को..प्रेस ने तोड़ मरोड़ कर मेरे बयान को ऐसे पेश किया जैसे मैने ३० चप्पल मारी हों. ये प्रेस वाले बहुत गलत लोग हैं..जनता को भड़काते हैं. इनको बस टी आर पी से मतलब रहता है.
चुनाव में १५ लाख रुपये हर खाते में डलवाने वाले जुमले को वायदा कह कर पेश कर दिया. अब इस तोड़ मरोड़ न कहें तो क्या कहें? सब जानते थे कि यह बस एक जुमला है जैसे पहले होता था गरीबी मिटायेंगे- उसी को बस क्वान्टीफाई  कर दिया. १५ लाख खाते में आना और गरीबी मिटाना एक ही बात तो है. मगर यह मुआ मीडिया..आज तक तोड़ मरोड़ किये जा रहा है...हमेशा प्रश्न करता है कि अच्छे दिन कहाँ हैं? हमारे १५ लाख कहां हैं यह जनता जानना चाहती है!! कौन सी जनता भई? अगर वो जानना चाहती तो भला यू पी में ऐसे जिताती?
अब आज का ही एक बयान देखिये...
प्रदेश में अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि राज्य भर की जेलों में बंद सभी माफिया डॉन और सामान्य अपराधियों को एक जैसा खाना और अन्य सुविधाएं दी जायें।
टीवी पर ब्रेकिंग न्यूज:
खबर आ रही है कि मुख्य मंत्री द्वारा जेल में आम कैदियों को भी एसी, मोबाईल, मुर्गा और दारु परोसने का आदेश...जेल में जो सुविधायें डॉन को दी जायें वो ही आम कैदियो को भी दी जाये...
वाह जी, क्या जलवे कर दिये. बाहर ५ रुपये की थाली का इन्तजाम शरीफों के लिए और भीतर एसी, मोबाईल, मुर्गा और दारु परोसने का आदेश..
बड़े ध्यान से दोनों न्यूज पढ़ रहा हूँ मुझे तो तोड़ मरोड़ कहीं दिख नहीं रहा है, आपको दिख रहा है क्या?
वैसे तो आजकल प्रचलन यह है कि नेता खुद ही अपना बयान ही इतना तोड़ मरोड़ कर देते हैं कि और तोड़ने मरोड़ने की ज्यादा गुँजाईश होती नहीं और जब सरल शब्दों में समझाने को कहो तो बोल देते हैं कि उपर से आदेश है मौन रहा करो.
आज से सब नेताओं को हिन्दी में भाषण देना अनिवार्य कर दिया गया है..अब तो नित तोड़ मरोड़ का ठीकरा भाषा पर टूटेगा और नाहक ही बदनाम होगी हमारी हिन्दी!!!
-समीर लाल ’समीर’
भोपाल से प्रकाशित दैनिक सुबह सवेरे में अप्रेल २३, २०१७ को:

http://epaper.subahsavere.news/c/18514205
Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, अप्रैल 22, 2017

हद है ये कैसा राज पाट ..जिसमें लाल बत्ती भी न हो?


बत्ती उतरी कार से, मंत्री जी झुंझलायें
ये वीआईपी कार है, कैसे यह बतलायें
कैसे यह बतलायें, कोई तो राह बताओ..
मंत्री न हो आम, कोई तो साख बचाओ..
मैं बोला कि आप अब कर दो एक कमाल
बैठो छत पे कार की, पहन के टोपी लाल!!
-समीर लाल ’समीर’

किसी जमाने में कुण्डली बांच कर पंडित जी बताया करते थे कि तुम्हारी कुण्डली में राज योग है. १६ अश्वों के रथ में सवार होकर एक दिन चक्रवर्ती सम्राट बनोगे.
सम्राटों को जमाना तो खैर लद गया मगर राज पाट और राज योग तो फिर भी जारी रहा.
कुछ बरसों पूर्व हरिद्वार में एक पंडित मेरी हथेली थामे मेरा भाग्य बांच रहा था...राज योग है..एक दिन लाल बत्ती की गाड़ी में घूमोगे. खजाने में हजारों हजार के नोट भरे होंगे. फिर इस भविष्यवाणी के साथ मुस्कराते हुए पंडित जी बोले- तब हमको ही अपना राज ज्योतिष रखना...ऐसा प्रसन्न किया पंडित ने कि उसके चढ़ावे में मांगे गये उस समय के वैध्य हजार के नोट के २१ नोट मूँगफली के दाने के समान नजर आये.
मगर अब क्या बतायें?
आशीष था..खजाने में हजारों हजार के नोट भरे होंगे....इसे तो नोट बन्दी ने ऐसा खारिज किया गया कि जित्ते जमा थे वो भी जार जार रोये कि क्यूँ जमा हुए? बेहतर होता कि खर्च ही हो लिए होते..अब तो उनका धोबी के गधे सा हाल हो गया है..न घर के न घाट के...घर में रखें तो कोहराम..बैंक में जमा करें तो कोहराम... मन किया कि उसी पंडित को बुलवायें और कहें चलो, इसे भी समेटो और अब कभी अपना चेहरा न दिखाना? मगर फिर शाप न दे दे...यह डर भी तो होता है पंडित से डील करने में..संस्कार डीएनए गढ़ देते हैं..इसलिए चुप रहे कि जब लाल बत्ती मिल जायेगी तो इस नुकसान की भरपाई कर लेंगे दो हजार वालों से...पंडित हर बार थोड़े न गलत साबित होगा?
मगर बुरे दिन फिसलपट्टी के समान होते हैं..संभलने का मौका ही नहीं देते,,,फिसलाते ही चले जाते हैं जब तक की मन भर न फिसला लें.. आज सुनते हैं कि अब लाल बत्ती से भी गये!! अब वो भी नसीब न होगी,,,
हद है ये कैसा राज पाट ..जिसमें लाल बत्ती भी न हो?
एक जमाने में कहते थे कि क्लर्क से प्रमोटेड..नामित आईएएस..जब कोई बिल पास करता है तो टोटल खुद से लगा कर देखता है..यही अंतर होता है असली आईएएस और नामित आईएएस में..असली काम करता है और नामित काम करने लग जाता है. बिना लाल बत्ती वाला मंत्री..टोटल ही लगायेगा...नई योजना तो भला क्या ला पायेगा...योजना बनाने का समय ही कहाँ बच रहेगा?
लाल बत्ती एक कॉन्फीडेन्स देती है पावर का..बिना इस कॉन्फीडेन्स के तो भला हनुमान भी जान पाते क्या कि वो उड़ सकते हैं? उन्हें भी बताया गया था कि सर, आपके पास लालबत्ती है..आप उड़ सकते हैं..तब जाकर वो उड़े थे..संजीवनी लाने वरना तो लक्ष्मण जी तभी नमस्ते हो लिए होते..
मगर अब न होगी लाल बत्ती तो न होगी!!
आदत पड़ जायेगी लाल बत्ती वाले पावर को बिना लाल बत्ती वाले पॉवर से रिप्लेस करने की..बाकी का सारा ढोल मजीरा...कमांडो..सब तो हैं ही..बस लाल बत्ती ही तो बुझी है.
वैसे भी लाल बत्ती..रेड लाईट..याद दिलाती है या यूं कहें कौंधाती है रेड लाईट एरिया का ख्याल...अंतर क्या है...कहीं तन बिकता है तो कहीं वतन बिकता है...
अपवाद तो दोनों तरफ हैं..उस रेड लाईट एरिया में भी तो मूँगफली बेचने वाले होते हैं..और इस रेड लाईट एरिया में..कुछ फकीरी की नुमाईश लगाने वाले भी दिखाई पड़ ही जाते हैं..
मगर अपवादों से दुनिया नहीं चलती..
अपवाद चिन्हित होते हैं और वास्तविक दुनिया अपवादों से इतर परिभाषित!!

-समीर लाल ’समीर’
#vyangyakijugalbandi
#व्यंग्यकीजुगलबंदी

भोपाल के दैनिक सुबह सवेरे में प्रकाशित
http://epaper.subahsavere.news/c/18459983


Indli - Hindi News, Blogs, Links