सोमवार, मार्च 06, 2017

हे करण जोहर- तुम पहले कहाँ थे!!!!


करण जोहर का सरोगेसी के माध्यम से पिता बन जाने का धमाका आज ऐसा गुँजायमान है कि उसकी धमक में नार्थ कोरिया की छोड़ी मिसाईलें अपनी धमक खो बैठी...सारे मीडिया और सोशल मीडिया की सुर्खियाँ बस इसी पर नागिन डांस चल रहा है मानो कि बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना!!

एकाएक राजेश रेड्डी का शेर याद आया:
मेरे दिल के किसी कोने में इक मासूम सा बच्चा,
बड़ों की देख के हालत बड़ा होने से डरता है --------

...राजेश रेड्डी से माफी के साथ मेरी कलम यूँ फिसली कि:

उसके दिल के किसी कोने में इक दबंग सा मर्द
पतियों की देख के हालत पति होने से डरता है....

मगर एक पति बनने के डर के मारे पिता बनने के सुख से वंचित रह जाओ, ये तो सरासर नाइंसाफी है. कोई जरुरी है क्या कि गुलाब का फूल तोड़ने के हम अपने हाथ कांटों से जख्मी करवा कर लहू लुहान हो जायें वो भी तब जब कि बाज़ार में गुलाब का फूल काँटे वांटे साफ करके मिल रहे हैं.

जब हम बाज़ार से सबसे मँहगा वाला हॉलैण्ड का गुलाब खरीद कर अपने कोट में फंसा कर घूमने निकलेंगे तो लोग पूछेंगे ही कि भाई जी, गज़ब गुलाब है? कहाँ से लाये?

ऐसे में दुकान का नाम और कीमत ही तो बतायेंगे न!! इस बात का चिट्ठा लेकर तो नहीं घूमेंगे न कि किस माली ने तोड़ा? उसको कांटा चुभा क्या?

विवाहित पुरुषों के एक सर्वे के मुताबिक, नाम न छापने की शर्त पर, ८७.३८ प्रतिशत पतियों नें करन जौहर को ब्रिलियन्ट माना है और कहा है कि अगर पहले से मालूम होता तो वो इसी राह पर चलते मगर अब तो इट ईज टू लेट.
उनसे जब पूछा गया कि क्या आप अपने बेटों को करण जैसा स्टेप लेने के लिए प्रोत्साहित करेंगे तो इस पर उनका जबाब था कि एक जरुरी काम याद आ गया है...बस!! उसे निपटा कर आता हूँ..ये फैसला बच्चों की माँ लेगी.

हल्ला है कि करन जोहर का नाम हो रहा है और उस बेचारी माँ के नाम का जिक्र भी नहीं जिसने इस सरोगेसी को अन्जाम दिया..हद है हल्ला उठाने वालों का भी..सरोगेसी मे से कॉन्फिडेन्सियल्टी गायब हो जायेगी तो बचेगा क्या? ये तो वही बात हुई कि सी आई ए का जासूस कहीं जासूसी करने घुसने के पहले अपना विजिटिंग कार्ड दे कि मैं सी आई ए से हूँ और आपके यहाँ जासूसी करने आया हूं जी...कृप्या मुझे गुप्त बातें बताई जावें!!

सरोगेसी से माँ बनना एक व्यापार है.. अपनी कोख समाज सेवा हेतु नहीं..जीविकोपार्जन हेतु किराये पर दे रही हैं. उनकी कोख है, उनका अधिकार है कि किराये पर दें या न दें? कोई जबरदस्ती नहीं करता उनके साथ.

पैदा करने वाले से बड़ा स्थान पालने और संस्कार देने वाले का होता है जीवन में.. ऐसे में यह प्रश्न चिन्ह कि पैदा नहीं कर सकते थे तो सरोगेसी क्यूँ? जबाब कि पैदा नहीं कर सकते इसीलिए सरोगेसी...

मैने कनाडा में अनेक सेम सेक्स वाले जोड़े देखें हैं जिन्होंने बच्चे गोद लिए हैं. उनका पालन पोषण देखकर किसी भी तरह उन्हें कमतर नहीं कहा जा सकता और वहीं नार्मल शादी किये पति पत्नी अपनी पैदा की हुई औलाद के सामने लड़ लड़ कर ऐसा उदाहरण पेश किये दे रहे हैं कि बच्चा सुबह शाम मनाता है कि इससे बेहतर तो फोस्टर पेरेन्ट ही रहेंगे...फास्टर पेरेन्ट वो होते हैं जिनको सरकार दूसरों का बच्चा अपने बच्चे की तरह पालने के लिए बच्चे के खर्च के साथ पालने की फीस देती हैं.

वक्त और मौके की नजाकत है ऐसे में करन जौहर ने जो किया वो उनका फैसला है. बच्चों को तो एक धन धान्य से परिपूर्ण घर मिला..भविष्य तो उज्जवल होगा ही...

बॉर्न विथ सिल्वर स्पून..


-समीर लाल ’समीर’
Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, मार्च 05, 2017

लब आजाद हैं मेरे...


आज तक गाँधी, भगत सिंग, सन ४७ आदि का जिक्र सुनते ही मानट पटल पर बैकड्राप में आजादी की आवाज गूँज उठती थी लेकिन एकाएक कुछ समय से अभिव्यक्ति का जिक्र आते ही यही गूँज धमाका बन कर सुनाई देने लगी है उसी आजादी वाले बैकड्राप के साथ. वैसे हम शादी शुदा पुरुषों को इस तरह की अभिव्यक्ति की आजादी के स्वपन भी नहीं देखना चाहिये किन्तु फिर भी माहौल को कैसे नजर अंदाज करें?
कभी जिस अभिव्यक्ति के साथ भावनात्मक, रचनात्मक जैसे विशेषण जुड़ा करते थे आज वही आजाद और बोल्ड बनी, आजादी के साथ गलबहिंया किये खड़ी अभिव्यक्ति की आजादी के नारे लगा रही है
सब के सब लामबद्ध होकर इस बात को स्वीकार करते हैं कि देश में अभिव्यक्ति की आजादी है. मगर जब तक अभिव्यक्ति उनके स्तुति गान करे तब तक तो ठीक वरना अभिव्यक्ति की आजादी का दुरुपयोग और इस आजादी का दुरुपयोग देशद्रोह कहला रहा है, भले ही यह आजादी देश की नहीं अभिव्यक्ति की थी.  
जैसे किसी बाबा जी के कहने पर कि सारी इच्छायें त्याग कर प्रभु में ध्यान लगाओ और सारे भक्त आँख मूँद कर प्रभु में ध्यान लगाने हेतु सारी इच्छायें त्यागने में जुट जाते हैं और भूल जाते हैं कि सारी इच्छायें त्यागने की इच्छा भी तो एक इच्छा ही है. उसी तरह निष्पक्षों की एक बड़ी जमात ने अपना एक अलग पक्ष बना लिया है.
वे इस अभिव्यक्ति की आजादी के प्रणेता और देशद्रोहियों के बीच होती कुश्ति पर नित सोशल मीडिया में अफसोस जाहिर करते हुए देखे जा सकते हैं. ये चुनावी सभाओं की उन लोगों की भीड़ के समान हैं जो हर पार्टी की सभाओं में जा कर भीड़ बढ़ा आते हैं मगर वोटिंग के दिन पिकनिक मनाने निकल जाते हैं. इनका सभाओं में होना चुनावी परिणामों पर कोई मायने नहीं रखता मगर इनकी तादाद बहुत बड़ी होती है. वैसे ही यह निष्पक्ष गुटेरे हर तरफ अफसोस जाहिर करते नजर आते हैं मगर अभिव्यक्ति की आजादी के बसह को इनके माध्यम से कोई मुकाम नहीं मिलता.
अभिव्यक्ति की आजादी पर बात करना, उसके लिए नारे बुलंद करना और इस आजादी का परचम लहराने के लिए एकाएक कोई बोल्ड सा बयान दे देना आजकल सोशल मीडिया पर बुद्धिजीवी कहलाने का माध्यम एवं स्टेटस सिम्बाल सा बन गया है.
अभिव्यक्ति की आजादी के छप्पर के नीचे खड़े होकर कही गई एक बोल्ड पंक्ति भी साहित्य के ऊँचे मंच से खड़े होकर कही गई १५०० पंक्तियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति को पछाड़े हुए है. हालात यूँ बने कि पछाड़ खाते खाते जब परेशान होकर वही साहित्यकार उसी आजादी वाले छप्पर के नीचे जाकर गुस्से में एक पंक्ति की हुँकार लगा आता है, तब जाकर लोगों को पता चलता है कि इन्होंने १५०० पंक्तियों वाली कोई रचनात्मक अभिव्यक्ति भी की हुई है.
ग्लोबल वार्मिंग की तरह ही इस अभिव्यक्ति की आजादी के माहौल की गर्माहट का हर क्षेत्र में कुछ न कुछ असर दिख रहा है. अखबार और पत्रिका कहते हैं कि अपनी व्यंग्य रचनायें भेजिये, हम छापेंगे. एकदम निष्पक्ष होकर लिखिये बस थोड़ा सा ध्यान रखियेगा कि एक तो सरकार और उसकी नीतियों पर तंज न हो...(बिना बताये समझ लें कि विज्ञापन तो वहीं से आयेगा) और दूसरा स्पेस कन्सट्रेन्ट तो आप जैसे लेखक समझते ही हैं अतः आलेख ५०० शब्दों से ज्यादा का न हो.
अब ऐसा आजाद और निष्पक्ष लेखन निश्चित शब्द सीमा में करना उसी तोते की आजादी जैसा है जिसका पूरा आसमान उसके पिंजड़े की सीमा रेखा है. पंख तो हैं, पिंजड़े में से नीला आसमान भी नजर आता है और उड़ना भी मना नहीं है मगर पिंजड़े में उड़े भी तो भला कैसे? जुबान भी है, बोल भी लेता है. गाली देना भी आती है और गुस्सा भी आता है पिंजड़े में बंद रखने के लिए मगर बोलता है तो सिर्फ राम राम, आखिर सुबह शाम खाना देने वाले को गाली बके भी तो कैसे?
राम राम भी शायद इसीलिए बोलता होगा ताकि कम से कम इतना अहम जिन्दा रहे कि सुन लो, लब आजाद हैं मेरे!!

-समीर लाल ’समीर”
#Jugalbandi #जुगलबन्दी
Indli - Hindi News, Blogs, Links

शुक्रवार, मार्च 03, 2017

अहंकार का दौर


अहंकार का दौर है. हालात यूँ बदले कि जब एक साहित्य रत्न से नवाजे गये उच्च श्रेणी के साहित्यकार से मुलाकात हुई तो उन्हें कविता की शुरुवात पूर्ण विराम लगा कर करते देखा.
आज तक पंक्ति के अंत में पूर्ण विराम देखते आये थे. यही बचपन से पढ़ाया लिखाया गया था. आश्चर्य हुआ कि इतना नामी साहित्यकार आखिर पंक्ति की शुरुवात पूर्ण विराम से कैसे कर रहा है? पूछने का मन तो हुआ मगर साहित्य रत्नों से प्रश्न पूछने के न तो संस्कार हैं और न ही अनुमति. ये सब साहित्यकार साहित्य रत्नों से नवाजे जाते ही मानो आर टी आई से बाहर हो जाते हैं. न तो आप उनसे ये पूछ सकते हैं कि किस बात पर नवाजे गये और न ही यह कि आज तक आपका साहित्य के प्रति क्या योगदान रहा है?
वैसे आर टी आई लगा भी दिया जाये तो साहित्य रत्न से नवाजे जाते ही ये सब अपने बारे में न तो कुछ बोलते हैं और न ही बताते हैं. समय ही नहीं होता. न लिखने का वक्त मिलता है और न पढ़ने का वक्त. इतने समारोह अटेंड करने पड़ते हैं कि उसी में साहित्य के गिरते स्तर पर चिंता व्यक्त करते ही पूरा दिन निकल जाता है. फिर नवांकुरितो को सलाह देने के बहाने अपने गुट में शामिल करते चलने में भी भरपूर परिश्रम की आवश्यक्ता होती है.
ऐसे व्यस्तता के दौर में महोदय लिख रहे हैं, वही काफी है. भले ही पूर्णविराम से पंक्ति की शुरुवात कर रहे हैं तो क्या?
समरथ को नहीं दोष गोसाईं...अमिताभ बच्चन छेद वाली बनियान पहन कर आ जाते थे तो हमारे जमाने में वही फैशन बन जाता था. हो सकता है पूर्ण विराम से लेखन की शुरुवात का ही फैशन चल निकले इन नामचीन महोदय चलते. बड़े लोगों का अन्दाज कुछ तो अलग होता ही है तभी तो बड़े कहलाते हैं. यही विचार कर चुप्पी साधे बैठे रहे.
फिर जब आज एक समारोह में माननीय ने कहा कि प्रश्न पूछना ही अज्ञान के अंधकार को दूर करने का एक मात्र उपाय है और आज की नई पीढ़ी प्रश्न पूछने से कतरा रही है. वो भयभीत है कि उनकी अज्ञानता के बारे में दूसरे न जान जायें. यह सुन कर एकाएक मेरी हिम्मत जागी.
उस शाम उनके घर जाकर अपनी शंका का समाधान चाहा तो जबाब सुनकर दंग रह गया. कहने लगे कि मेरे लेखन का स्तर ही ऐसा है कि जहाँ आकर सारी कलमें थम जाती हैं मेरी कलम वहाँ से बात शुरु करती है. इसलिए मैं पूर्णविराम शुरु में लगाता हूँ कि अब तक जो कुछ भी पढ़ा सुना हो उसके आगे की बात सुनो..यही तो वजह है कि ....
बस!! फिर वह अन्य नवांकुरितों के साथ व्यस्त हो गये और हमने उनका छोड़ा अधूरा वाक्य खुद ही पूरा कर लिया मन ही मन...
यही तो वजह है कि हमें साहित्य रत्न से नवाजा गया है...
कुछ न कुछ अलग सा नहीं करोगे तो बस!! लिखते रह जाओगे ..कुछ अलग करो मितरों!!

-समीर लाल ’समीर’
Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, फ़रवरी 26, 2017

अब शराफत का जमाना नहीं रहा

किस्मत कुछ ऐसी रही कि जिस जमाने में हम पैदा हुए, शराफत और इमानदारी इस दुनिया से विदा हो चुके थे. ऐसा हम नहीं कह रहे हैं हमारे शहर भर के बुजुर्ग बताया करते थे. जिससे सुनो बस यही सुनते थे कि..अब शराफत का जमाना नहीं रहा. विदा तो खैर तब तक गाँधी जी भी हो चुके थे मगर उनके बारे में जान लेने के लिए और बताने के लिए इतिहास की किताबें थी और ज्ञानी लोग थे.
शराफत के विषय में किताब में जो कुछ भी दर्ज पाया या लोगों से जाना वो बड़ा कन्फ्यूज करने वाला रहा अतः कभी कोई निश्चित जबाब मिला ही नहीं. जब तक हम किसी की किसी हरकत को शराफत समझते वो उसे छोड़ने की घोषणा करता मिलता है कि बस, अब तक हम शराफत से पेश आ रहे थे तो तुमको समझ नहीं आ रहा था, अब हम बताते हैं तुमको अपनी असली औकात...
पुलिस वाला तक शराफत और इमानदारी की बात करता नजर आता है तो सारा पढ़ा लिखा पानी हो जाता है. उस दिन पुलिस वाला कहता मिला कि शराफत से पूछ रहा हूँ इमानदारी से बता दो वरना तो फिर तुम जानते हो हमें उगलवाना आता है..
लोग शराफत को कपड़ो की तरह उतारते पहनते दिखते हैं. कोई उसे कही छोड़ आता है तो कोई कहता है कि शराफत गई तेल लेने. एक सज्जन का तो तकिया कलाम ही यही मिला कि हमसे से शराफत की उम्मीद मत रखना, उधार देना जानते हैं तो ब्याज वसूलना भी जानते हैं.
एक तरफ तो बुजुर्ग बता गये कि शराफत का जमाना गया तो दूसरी तरफ ऐसे ऐसे विवादास्पद दृष्य देखकर आज तक ये ही नहीं समझ आया कि शराफत होती क्या है. ऐसे में कल को जब बच्चे पूछेंगे कि शराफत क्या होती है तो क्या जबाब देंगे?
यही सब सोच कर अब तो हम भी आजकल इतना ही कहते हैं कि अब शराफत का जमाना नहीं रहा. हालांकि उम्र के इस दौर में बच्चों के लिए हम शहर के वैसे ही बुजुर्ग है जिनका शुक्र में हमने जिक्र किया था हमारे जमाने वाले.

-समीर लाल ’समीर’
#Jugalbandi #जुगलबन्दी
Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, फ़रवरी 25, 2017

गुगल आकाशवाणी नहीं करता....


एक मित्र का फेस बुक पर स्टेटस अपडेट:
यात्रा पर जाने का कार्यक्रम रद्द..
कल दिन में तेज दर्द के कारण इन्जेक्शन लगवाना पडा था।
आज अल्ट्रा साउन्ड  कराया तो दोनों गुर्दों में पत्थरी निकली।
दाये में ६ से ७ एमएम और बायें में ९ से १० एमएम की दो पत्थरी है।
किसी भाई के पास सटीक इलाज हो या ठिकाना पता हो तो अवश्य बताये।
सरकारी डाक्टर ने नीरी व सिसटोन बतायी है।
-छः पंक्तियों में सारा निचोड़ बता कर सलाह मांगी गई है.....वो भी सलाहकारों के ऐसे देश में जो पान की दुकान में खड़ा होकर सचिन को वर्ल्ड कप में कैसे शॉट मारना चाहिये था की सलाह देने में नहीं हिचकिचाता भले खुद आज तक मोहल्ले की टीम से भी न खेले हों. वो तो हिलेरी तक को जितवा देते अगर उनकी सलाह मान लेती. ट्रम्प कहीं लग्गे न लगता. अभी चुप हैं वो ...काहे कि उनके मूँह में पान भरा है...११ मार्च को थूकने के बाद बोलेंगे कि देखा न!! कैसे यूपी हार गये...और करो मन की...न सुनो हमारी..
कई बार इन सलाहकारों से पूछा कि अगर इत्ता ही जानते हो तो खुद काहे नहीं चले गये खेलने...इत्ती सी बात पर बिफर पड़े...सीए से लेकर आईएएस तक बने लोगों को पढ़ाने वाले मास्साब कोई सीए या आईएएस होते हैं क्या? सबका अपना अपना फील्ड है...और आप बात करते हैं!!
खैर पूछा गया तो फेसबुक पर सलाह आने का दौर शुरु हुआ...
शहद से लेकर साँप के जहर तक और गरम पानी के हल्के हल्के घूँट से लेकर एक बोतल बीयर सुबह और एक बोतल बीयर शाम को पीने तक की सलाह दी गई..हर सलाह के साथ दावा १००% शार्तिया इलाज का...दिल्ली वाले डॉ अरोरा वाला..मिले शादी के पहले या शादी के बाद...
एक मित्र आयुर्वेदिक दवा मय फोटो बता गये कि हमने यही ली थी..पक्का ठीक हो जाओगे तो दूसरे होम्योपैथी बता कर निकल लिये.
एक ने बताया कि उनके गुरु जी एक पुड़िया देते हैं उससे तीन दिन में मात्र ३००० रुपये में आराम आ जायेगा तो दूसरे ने ऐसा नुस्खा बताया कि एक किलो नींबू में एक मुट्ठी कोढी पंसारी के यहाँ से लाकर धोकर मिला दो..और १५ दिन के लिए कहीं ऊँची अटारी पर धर दो ताकी हिले न..१५ दिन में कोढी पूरी घुल जायेगी तब सुबह सुबह आधा कप पी लो..फिर एक घंटे कुछ न खायें..पथरी गल कर निकल जायेगी...भाई मेरे..जब आधा कप ही पीना था तो एक किलो नींबू का रस काहे निकलवाये? और १५ दिन? तब तक तो इत्ती बड़ी बड़ी पथरी निकलने के पहले दर्द प्राण ही निकाल लेगा...
एक ने कुलथी की दाल और उसे बनाने की विस्तृत विधि बताते हुए कहा कि अगले दिन ही पथरी बाहर हो जायेगी तो दूसरे ने शंका जाहिर की कि हो सकता है पथरी हो ही न...बस, गैस का दर्द हो..अजवाईन में काला नमक मिला कर फाँक कर देखिये...शायद आराम लग जाये..कई बार डॉक्टर कमाई के चक्कर में झूठ रिपोर्ट दे देते हैं. हमारे एक दोस्त का ऑपरेशन भी कर डाला था जबकि उसको पथरी थी ही नहीं...अब इसका क्या प्रमाण कि उसको पथरी थी ही नहीं..पर उनका कहना है कि उस डॉक्टर की लैब में जो चाय देने जाता था ..उसने बताया था कि ये डॉक्टर ऐसा ही करता है.
एक ने डांटा कि हम कब से आपसे कह रहे थे कि सेहत का ख्याल रखिये..लेव...अब भुगतो..सुनना तो है ही नहीं..है न!! दूसरे ने कहा कि इस बार तो जैसे तैसे पथरी निकल जाये बस यही मनाईये..हम भी आपके लिए प्रार्थना करेंगे..मगर आगे से बैंगन, कच्ची प्याज और टमाटर बिल्कुल बंद...
एक ने अपने मित्र का खर्च बता कर ही इनको निढाल कर दिया कि उसने लेज़र से निकलवाये थे..रुपये ३००० प्रति एमएम के हिसाब से डॉक्टर ने लिए थे मानो पथरी निकाल नहीं रहा हो मार्बल लगा रहा हो ..फिर इनके तो १८ एमएम निकलना है...पल्स अस्पताल का खर्च...लाख से कम तो क्या बैठेगा..सोच कर ही पथरी तो क्या अंतड़ी ही बाहर निकल जाये...
एक मित्र ने बाला जी के मंदिर जाने की सलाह दी तो दूसरे ने लोटस टेंपल बेहतर बताया....१०१ रुपये का प्रसाद काम न करेगा अतः १००१ की सलाह दी गई क्यूँकि पथरी का साईज बड़ा है...प्रभु तो सब जानते हैं..
एक बाबा बंगाली का पता दे गये कि वो तीन दिन झाड़ देंगे तो पथरी तो क्या पूरी पहाड़ तोड़कर बहा देंगे तो एक ने झुरमुट वाले अधोरी बाबा से मिलने को कहा जो नीम की पत्ती से ऑपरेशन करते हैं...
एक घर लाकर भभुत दे गये कि इसे लगा लो..तो दूसरे स्वस्थ जीवन का सूत्र...बाबा रामदेव से किसी की लिखी किताब थमा गये..
अंत में सबसे संतोषी जीव आये और बोल गये कि गुगल करके देखिये ..शर्तिया कोई न कोई इलाज मिल जायेगा..उन्होंने अपना डाटा प्लान खर्च करना भी उचित न समझा सलाह देने हेतु..
हद ये रही कि किसी ने भी यह नहीं कहा कि जब डॉक्टर ने अल्ट्रा साउन्ड करके नीरी व सिसटोन बताई है, तो उसे ट्राई करके तो देखो..उस डॉक्टर का अनुभव और पढ़ाई दोनों इसी हेतु है...एक बार आजमाओ तो..
वही हाल आजकल नई बहुओं और बेटों का है...बच्चा पैदा होते ही माँ बाप को समझाते हैं कि गुगल ने बताया है ..इसका सिर मत थपथपाईये प्लीज,,,इससे दिमाग कमजोर हो जाता है...और अपने ही पाले बच्चों से ऐसा व्यक्तत्व सुनकर माँ बाप को सच में लगने लगता है कि गुगल सच ही कह रहा है..इसका दिमाग भी कमजोर ही हो गया है हमारे इसका सिर बचपन में थपथपाने से..
तब गुगल तो था नहीं..न ही फेसबुक कि पूछ कर देख लेते...
मगर माँ बाप को गुगल से पढ़कर समझाने वाली इस पीढ़ी को कौन समझाये कि गुगल भी हमारे जैसे ही किसी माँ बाप का अनुभव तुमको लाकर पढ़ा रहा है जिसे तुम आकाशवाणी समझ बैठे हो...

-समीर लाल ’समीर’
आज के सुबह सबेरे भोपाल में प्रकाशित:
http://epaper.subahsavere.news/c/17124710
Indli - Hindi News, Blogs, Links