शनिवार, अप्रैल 13, 2019

इस बार तुरुप का पत्ता ही हुँकार भरेगा


तिवारी जी और घंसु देश की दोनों बड़ी पार्टियों का और तमाम आंचलिक पार्टियों का घोषणा पत्र पढ़ पढ़ कर तय कर रहे हैं कि किसमें से कौन सा हिस्सा उठाना है. इस तरीके से वो एक नया घोषणा पत्र तैयार कर रहे हैं.
तिवारी जी और घंसु ने मिलकर गैर मान्यता प्राप्त एक नई पार्टी बना ली है. बस दो ही सदस्य हैं. तिवारी जी राष्ट्रीय अध्यक्ष घंसु के द्वारा चुने गये हैं और घंसु राष्ट्रीय सह अध्यक्ष चुने गये हैं तिवारी जी के द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से.
तिवारी जी पास वाले शहर, जो कि उनका ससुराल भी है, से चुनाव लड़ेंगे और घंसु चूँकि विवाहित नहीं हैं, अतः वे अपने ही शहर से चुनाव लड़ेंगे.
आज घोषणा पत्र आ गया है. कोई पत्रकार तो आया नहीं है अतः पान की दुकान पर ही इसे जारी कर दिया गया है. ऐसा देश में पिछले ७२ सालों में पहली बार हो रहा है जिसमें बिके हुए गोदी मीडिया को कोई स्थान नहीं दिया गया है और घोषणा पत्र भी हस्त लिखित पेंसिल से लिखा गया है.  सच तो यह है कि तमाम निवेदनों के बाद जब मीडिया नहीं आया तो ऐसा कहा है तिवारी जी और घंसु ने संयुक्त बयान में.
घोषणा पत्र में सब कुछ लोक लुभावन है. नाम रखा गया है ’ जनता से संकल्प ’. इसमें जहाँ चुनाव जीतते ही देश के हर घर में १५ लाख रुपये घर पर जा जा कर देने का वादा है, वहीं साथ ही हर महिने १२००० रुपये देने का वादा है. घंसु का मानना है कि सिर्फ १५ लाख एक बार दे देने से सारा जीवन नहीं कटता. हर महीने के खर्चे भी तो लगे ही रहते हैं? साथ ही वादा किया गया है कि न सिर्फ जीएसटी हटेगा वरन आयकर भी हटा दिया जायेगा. फिर देश कैसे चलेगा?  पूछने पर बताया गया कि यह बात आप दुबई वालों से जाकर क्यूँ नहीं पूछते? क्या वो नहीं चल रहा?
सरकारी योजनाओं और विकास के ढेरों वादे हैं. गैस मुफ्त, बिजली मुफ्त, पानी मुफ्त, शिक्षा मुफ्त, चिकित्सा मुफ्त, सड़कें ऐसी जैसे कि हवाई पट्टी.
जेब कतरने वालों को कोई सजा नहीं होगी बल्कि उन्हें स्किल इंडिया के तहत अर्जुन पुरुस्कार दिया जायेगा. उनकी हाथ की सफाई को स्वच्छता अभियान का हिस्सा माना जायेगा. कुछ तो साफ हो रहा है इस बहाने.
साथ ही घोषणा हुई है कि मंदिर वहीं बनेगा. फिर एक घोषणा है कि मस्जिद वहीं बनेगी. इसका क्या आधार होगा पर तिवारी जी थोड़ा झुंझला गये कि क्या कभी दो मंजिला इमारत नहीं देखी क्या. एक की एंट्री उत्तर दिशा से और दूसरे की सीढ़ी दक्षिण से. इतना सरल सा समाधान और आज झगड़ा देखो कि कभी कोर्ट कचहरी तो कभी अली और बजरंगबली. लगता है जैसे कोइ समाधान चाहता ही नहीं. मंदिर मस्जिद न हुआ मानो धारा ३७० हो गई हो कश्मीर की. जब तक रहेगी कम से कम एक पैरा तो घोषणा पत्र में बदलने की जरुरत न होगी हर बार.
घोषणाओं के प्रवाह में बहते हुए तिवारी जी ने घोषणा की कि अब हर शहर में हवाई सुविधा दे जायेगी और हवाई यात्रा का किराया रेल यात्रा के किराये से एक चौथाई और रोड़वेज़ के किराये से आधा होगा. पान की दुकान पर खड़े ग्राहकों को लगा कि तिवारी जी पीकर बहक गये हैं. मगर तब घंसु सामने आये और बताया इस विषय पर हमने पूरी रात गहन मनन किया है. हमारे पास हर घोषणा को बैकअप करने का प्लान है. सरकारी स्कूल के अर्थशास्त्र की मास्साब पांडे जी जो तिवारी जी के मित्र भी हैं, उन्होंने इस योजना को तौला है और एक अच्छी योजना बताया है.
बाद में देर रात गये पुलिया पर बैठे दारु पीते पीते घंसु ने मुझे नाम न बताने की कसम देते हुए पूरी योजना का खुलासा किया. योजना में दम दिखा. उसका कहना था कि हवाई कम्पनियाँ तो प्राईवेट सेक्टर की हैं और उस पर तो हमारा भला क्या जोर चलेगा? मगर रेल और सरकारी रोड़वेज तो हमारी होगी. हम उसका किराया इस प्रकार कर देंगे ताकि वो रेल किराया को हवाई किराये का चार गुना कर दे और रोड़वेज़ की बस का दुगना. बताओ है न सोची समझी हुई योजना. हमने कोई भी घोषणा बिना आधार के नहीं की है जबकि हमने आधार कार्ड का टंटा खत्म करने की भी घोषणा की है.
आलू से सोना बनाने और नाले से गैस जलाने की बातें भी घोषित की गई थीं मगर आधार पोषित न हो पाने से इरेज़र से मिटा दी गई.
यही फायदा है पैंसिल से हस्त लिखित घोषणा पत्र का. मुकरने की जरुरत ही नहीं है. बस, इरेज़र उठाओ और मिटा डालो. कौन सा रिपोर्ट कार्ड और कौन सी वादा खिलाफी. दारु पीते हुए यह बात भी घंसु की जुबान से फिसल गई थी.
एक घोषणा थी कि हिन्दु राष्ट्र बनावेंगे और एक अन्य कि मुस्लिम राष्ट्र बनावेंगे. पूछने पर बताया गया कि हम एक ऐसे राष्ट्र का निर्माण करेंगे जहाँ हिन्दु को लगेगा कि हिन्दु राष्ट्र है, मुस्लिम को लगेगा कि मुस्लिम राष्ट्र है और ईसाई सोचेगा कि क्रिश्चियन राष्ट्र है. हर धर्म का अंतस प्रेम है एक दूसरे से. मानवता है. बस!! हम वैसा ही राष्ट्र बनाने का सपना देखते हैं.
दिल प्रसन्न हो गया. लगा कि काश!! इनकी ही सरकार बने. दोनों जीते तो भला वरना एक भी जीत गया तो लक्षण तो इस चुनाव में ऐसे ही दिख रहे हैं कि एक सीट जीता भी सरकार बना सकता है.
इस बार तुरुप का पत्ता ही हुँकार भरेगा.
-समीर लाल ’समीर’

भोपाल से प्रकाशित दैनिक सुबह सवेरे में रविवार अप्रेल १४, २०१९ को:



Indli - Hindi News, Blogs, Links

सोमवार, अप्रैल 08, 2019

वाह!! आज तुमने फिर बहुत सुन्दर लिखा है!!


यह उस आलेख का विस्तार है जो सन २००७ में लिखा था. माँ के गुजर जाने के पश्चात पहली बार पिता जी अकेले कनाडा आये हुए थे मेरे पास.
समय भी अजब शै है. जब हम चाहते हैं कि जल्दी से कट जाये तो ऐसा रुकता है कि पूछो मत और जब चाहें कि थमा रहे, तो ऐसा भगता है कि पकड़ ही नहीं आ पाता. बिल्कुल विद्रोही व्यक्तित्व है समय का.
कुछ दिन पहले दफ्तर से घर आने को निकला. उस रोज घर जरा जल्दी पहुँचना था. स्टेशन से ट्रेन छूटी और तुरन्त ही कुछ दूर चल कर रुक गई. सुना कि आगे तीन स्टेशन छोड़कर एग्लिंगटन स्टेशन पर किसी ने पहले की किसी ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या कर ली थी. पुलिस की जाँच पड़ताल जारी थी. वाकिया हुए पहले ही एक घंटे हो चुके थे, उम्मीद थी कि जल्द ही हरी झंडी मिलेगी और घंटी बजेगी ट्रेन चल देने की.
यात्रियों का समय काटे नहीं कट रहा था. मैने कुछ देर अखबार पलटाया. कुछ देर इधर उधर लोगों के चेहरे के हाव भाव पढ़ता रहा. कोई परेशान दिख रहा था, तो कोई मोबाईल पर बातचीत में मगन और कोई कसमसाया सा जागा हुआ सोया था. कुछ बातों में मशगुल थे और कुछ रेल्वे को गरिया रहे थे. अब कोई पटरी पर कूद गया तो रेल्वे क्या करे? मगर मानव तो मानव है, गल्ती थोपी और खुश हो लिये. हर चीज के लिए सरकार को कोसने का यही तो आनन्द है.
एक सज्जन अपने मित्र से बड़े मजाकिया अंदाज में बोले कि इनको भी रश ऑवर में ही कूदना होता है. १२ या १ बजे दिन में कूद लेते तो अब तक ट्रेक क्लियर हो जाता. कितना असंवेदनशीन बना दिया है वक्त की रफ्तार ने मानव को. एक महिला का बेटा डे-केयर में था, उसे उसके लिये चिंता थी. ऐसा लगा कि जैसे मैं ही बस फुरसत में हूँ.
घर फोन कर दिया था और इत्मिनान से बैठा बाकियों की परेशानियों का अवलोकन करने में सच्चे भारतीय की तरह ऐसा खो गया कि खुद की परेशानी हावी ही नहीं हो पाई. सबको परेशान देखकर प्रसन्नाचित्त मैं यह भी भूल गया कि खुद को घर जल्दी पहुँचना है. अच्छा ही हुआ, याद भी रहता तो तकलीफ ही देता. पहुँचता तो तभी जब ट्रेन पहुँचाती.
लगा कि समय आगे बढ़ ही नहीं रहा. तीन घंटे का इन्तजार लोगों के लिये मानो तीन साल की तरह कटा, तब कहीं ट्रेन चली. वाकई, इन्तजार की घड़ियां अक्सर बहुत मुश्किल से कटती हैं. शायद इसीलिए विकास और अच्छे दिन का इन्तजार में लोग बौखला गये हैं.
वहीं दूसरी तरफ, पिता जी भारत से मई में आ गये थे चार माह के लिये. हम भी निश्चिंत थे कि अब लम्बे समय तक हमारे साथ रहेंगे. रोज शाम को साथ बैठ कर चाय पीना, टीवी देखना, जमाने की बातें, अपने आलेखों और कविताओं को सुना सुना कर उनसे स्नेह भरी वाहवाही लूटना.
यही रुटीन हो गया था. हर लेख और कविता पर उनकी तारीफ सुनना मेरी आदत सी बन गये इतने कम दिनों में ही. पत्नी का रुटीन भी उन्हीं के इर्द गिर्द घूमने लगा. अब पापा का चाय का समय हो गया, अब दवा देना है, अब नाश्ता तो अब खाना. सब कुछ उसी रंग में रंग गया. सब बड़े मजे से चलता रहा और इस बार तो समय को जैसे पंख लग गये. चार महीने बीत भी गये. अभी कल ही तो आये थे ऐसा लगा. कितना तेज समय बीता, समझ ही नहीं पाये.
उन्हें हवाई जहाज पर बैठा कर लौटे थे. घर तो जैसे पूरा खाली खाली लग रहा था. दादा जी के जाने से हमरी पालतू तीनों चिड़िया भी उदास थीं, जो शाम को उनको अपनी चीं चीं से हैरान कर डालती थीं.  आज वो भी चीं चीं नहीं कर रहीं. पत्नी चुपचाप अनमनी सी बैठी टीवी देख रही थी, जैसे अब उसके पास कोई काम करने को ही नहीं बचा.
मन भी बहुत भारी था, बस तसल्ली इतनी सी थी कि कुछ दिनों में मैं खुद भारत जाऊँगा तो फिर से साथ हो जायेगा कुछ माह को ही सही.
इधर साल बीतते गये और कल समचार आया कि वे अब इस दुनिया में नहीं रहे. मन विचलित हो गया. दो दिन से चुपचाप बैठा अपनी खिड़की से झांकता बचपन से लेकर आजतक की कितनी ही यादों के संसार में खोया रहा. कभी मुस्कराता तो कभी आसूँ बहाता. कभी बस साक्षी भाव से उन्हें अहसासता. बार बार लगता कि काश! फिर से वो पल जी पाता तो ऐसा नहीं ऐसा करता!!
अभी कुछ देर पहले सीढ़ी पर छड़ी की ठक ठक सुनाई दी, लगा कि पापा उतर कर फेमली रुम में आ रहे हैं और आकर मुझसे कहने वाले हैं कि सुनाओ, आज क्या लिखा है?
मैं आपकी स्नेह भरी वाहवाही लूटने की चाहत में इसी २००७ के आलेख को जल्दी जल्दी बदलने लगता हूँ ताकि लगे कि आज ही लिखा है.
मगर आप नहीं आये. ये बस एक वहम था. आप अब कभी नहीं आओगे.
किन्तु मैं लिखता रहूँगा आपके इन्तजार में. शायद कहीं दूर से कभी आपकी आवाज सुनाई दे कि वाह!! आज तुमने फिर बहुत सुन्दर लिखा है!!
-समीर लाल ’समीर’
भोपाल से प्रकाशित दैनिक सुबह सवेरे में रविवार अप्रेल ८, २०१९ को:



Indli - Hindi News, Blogs, Links

रविवार, मार्च 31, 2019

तो आज देश की हालत कुछ और होती


युवा अवस्था क्रांतिकारी होती है. क्रांति भी ऐसी कि बस विरोध करना है एक बड़ी भीड़ का. इस चक्कर में वो गाँधी के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को नकार देता है. नेहरु के राष्ट्र निर्माण को नकार देता है. वो इतने विश्वास से यह बात कहता है कि अगर गाँधी ने नेहरु की जगह पटेल को प्रधानमंत्री बना दिया होता तो आज देश कहीं का कहीं होता. कहीं का कहीं मे कहाँ होता ये तो मालूम नहीं मगर उसे सुनकर ऐसा लगता है कि मानो उस कमरे में गाँधी, नेहरु, पटेल के अलावा चौथा आदमी ये ही थे. मीटिंग खत्म होने के बाद पटेल ने इन्हीं के साथ बैठकर अपने राष्ट्र निर्माण का प्लान बताया था जो उनके प्रधानमंत्री न बनाये जाने के कारण वे गंगा में बहा आये. कहाँ से लाते हैं ऐसी सोच ये?
बहुत गंभीरता से आंकलन करता हूँ तो कभी कभी शक की सुई चे ग्वेरा की तरफ घूम जाती है. ऐसे युवाओं को अक्सर चे ग्वेरा की तस्वीर वाली टी शर्ट, जीन्स और उसी स्टाईल के बेतरतीब से बाल के साथ पाया है. धीर गंभीर सा चेहरा लिए न जाने भीतर भीतर किस ज्वाला को सुलगाये हुए जीवन जीता है. हाथ में तो सुलगती हुई सिगरेट दिखती है.
उनकी नजर में कुछ भी सही नहीं हो रहा है. उन्हें बस ये समझ में आता है कि जो हो रहा है उसकी जगह जो नहीं हो रहा है, वो ही सही रहता. डर लगता है कभी अति चिन्तन में ये ऐसा विचार न रख दें कि अगर गंगा बंगाल की खाड़ी से शुरु हो कर गंगोत्री तक जाकर गोमुख में समाई होती तो कभी इतनी मैली न होती. एक जरा सी गल्ती और आज देखो, गंगा सफाई के कारण क्या क्या नहीं हो जा रहा है. करोड़ों करोड़ों रुपये एक जमाने से इसकी सफाई के नाम पर डकार लिए जा रहे हैं. कितनी सरकारें बन बिगड़ गई. कोई गंगा सफाई बोर्ड का कभी चेयरमैन बना तो कोई इस अभियान का प्रमुख. बात बढ़ते बढते यहाँ तक आ गई कि इसकी हालत देखकर एक बेटा तो बनारस ही चला आया और हालत का रोना रोते रोते दिल्ली में सत्ता की बागडोर संभाल देश का प्रधान चौकीदार बन गया. वो भूल गया कि सफाई चौकीदार नहीं करता है.
हमारे देश में विडम्बना यही है कि हम जिन मुद्दों और आधारों पर चिन्तित होकर सरकारें चुनते आये हैं, वो मुद्दे अगर खत्म हो जायें तो फिर आखिर चुनाव का आधार क्या होगा? आजादी के बाद से ही आज तक गरीबी हटाओ, किसानों की स्थिति, बेरोजगारी, सड़कों की हालत, गंगा की सफाई, राम मंदिर, धारा ३७२ आदि आदि हर चुनाव के स्थाई मुद्दे हैं. आने वाले ५० साल बाद भी यही मुद्दे इतने ही ज्वलंत रहेंगे और चे ग्वेरा की तस्वीर वाली टीशर्ट पहने ये चिन्तक तब भी कहते पाये जायेंगे कि अगर जो हुआ है, उसकी जगह वो हो जाता जो नहीं हुआ है, तो आज देश की हालत कुछ और होती.
यही वो चिन्तक हैं जो त्यौहारों पर भी मूँह फुला लेते हैं कि हम क्यूँ मनायें ये त्यौहार? अपने धार्मिक त्यौहारों की तो खैर चलो, इनका गुस्सा जाने भी दो. मगर बाजार द्वारा प्रद्दत त्यौहारों को जैसे मदर्स डे, फादर्स डे, वेलेन्टाईन डे पर तो इनके ऐसे बोल फूटते हैं कि क्या कहा जाये?
भले घर में सिर्फ सोने और खाने जाते हों मगर कहेंगे कि हम तो अपने मां, बाप की हर रोज ही सेवा सुश्रुषा करते हैं तो फिर हम ये दिखावे वाला एक दिन मदर्स डे और फादर्स डे के नाम का क्यूँ मनायें? साल में चार बार गर्ल फ्रेण्ड बदलने के बाद वेलेन्टाईन डे के दिन इनको ख्याल आता है कि प्यार कोई एक दिन की दिखाने की चीज थोड़े ही है? हम नहीं मनाते वेलेन्टाईन डे!!
इन सब बातों का ख्याल कुछ यूँ आया कि सामने ही १ अप्रेल है और लोग अप्रेल फूल बनाने के लिए तरह तरह की योजनायें बना रहे हैं. मुझे इन्तजार है इन चिन्तकों का जो कम से कम एक बार तो एक दम सौ टका सच बात कहेंगे कि हम तो हर रोज हर पल अपने नेताओं से मूर्ख बनते आ रहे हैं और सतत बनते जा रहे हैं तो हम क्यूँ मनायें मूर्ख दिवस?
हम तो यह त्यौहार मनाने के लिए उस दिन का इन्तजार करेंगे, जिस दिन ये नेता हमें मूर्ख बनाना बंद कर देंगे. मगर हम ये भी जानते हैं ऐसा दिन भी तब ही आयेगा जब गरीबी हट जायेगी, किसान  समृद्ध हो जायेगा, बेरोजगारी खत्म हो जायेगी, सड़कें हवाई पट्टी बन जायेंगी, गंगा एकदम साफ सुथरी हो जायेगी, राम मंदिर बन जायेगा, धारा ३७२ हट जायेगी आदि आदि. न ये सब कभी होगा, न कभी त्यौहार मनाने की नौबत आयेगी.
मगर बुराई क्या है ऐसे दिन आने का इन्तजार करने में. अच्छे दिन आने का इन्तजार तो कर ही रहे हो.
-समीर लाल ’समीर’  
भोपाल से प्रकाशित दैनिक सुबह सवेरे में रविवार मार्च ३१, २०१९ को:
http://epaper.subahsavere.news/c/38075001


चित्र साभार: गुगल Indli - Hindi News, Blogs, Links

सोमवार, मार्च 25, 2019

साहित्य के रंग – शैलजा के संग


साहित्य के रंग – शैलजा के संग



टोरंटो के TAG TV से प्रसारित ’साहित्य के रंग – शैलजा के संग’ पर समीर लाल ’समीर’ और न्यू यॉर्क से अनूप भार्गव जी से बातचीत शैलजा जी की.


TAGTV का facebook link:






Indli - Hindi News, Blogs, Links