शनिवार, मई 16, 2020

अंदर की बात क्या होती है!!!



मास्साब छुट्टी पर हैं अतः मैं  क्लास ले रहा हूँ. आज का विषय है:
'अंदर की बात एवं बाहर की बात’

क्या आप में से कोई छात्र इस विषय पर कुछ कह सकता है?
’सर, परिभाषा तो नहीं मगर उदाहरण से बता सकता हूँ.’ यह वही छात्र है जिसने पिछली बार निबंध प्रतियोगिता में टॉप किया था.
मैं बहुत खुश हुआ कि अगर उदाहरण से बता देगा तो परिभाषा सिखाना तो बहुत आसान हो जायेगा.
’सर, आपने अभी कहा कि मास्साब छुट्टी पर हैं, यह बाहर की बात है और असल में मास्साब को छुट्टी पर भेजा गया है क्यूँकि उन पर हमारे निबंध चुरा कर छापने की इनक्वायरी चल रही है, यह अंदर की बात है.’.

चुप रहो-मैं मास्साब की बची खुची इज्जत पर डांट का पैबंद लगाने की मित्रवत कोशिश करता हूँ. तुम लोग बस शरीफ लोगों को बदनाम करना जानते हो.
अब मैं उनको बोलने का मौका न देते हुए परिभाषा पर आ जाता हूँ:
दरअसल, बाहर की बात वह होती है जो अंदर से आती है बाहर सबको बतलाने के लिए और सामान्यतः उसी के द्वारा भेजी जाती है, जिसके विषय में बात हो रही है. अंदर की बात बाहर से बाहर के लिए आती है और अंदर की ग्रुप से मनभेद पर टूटे हुए व्यक्ति द्वारा भेजी जाती है.
उदाहरण के लिए, संसद में चमका चमका कर दिखाया गया कि हमें १ करोड़ घूस दी गई. यह बाहर की बात कहलाई एवं यह उन्हीं के द्वारा कही गई जिन्हें घूस मिली. इसमें अंदर की बात यह है कि घूस दरअसल २५ करोड़ मिली और यह बात उसने बताई जिसने घूस दिलवाने के लिए अंदर के आदमी का काम किया-देयता और ग्रेहता के बीच सेतु के समान.
मगर सर हमने तो सुना था कि अंदर की बात अक्सर अफवाह होती है. यह फिर वही विद्वान छात्र पूछ रहा है.
बेटा, अंदर की बात स्वभाववश अफवाह जैसी ही लगती है किन्तु अफवाह और अंदर की बात के बीच एक बारीक लकीर का विभाजन है इसे ज्ञानी लोग समझ जाते हैं और मौका देख कर किनारा कस लेते हैं.
अफवाह अक्सर कोरी बकवास होती है जबकि अंदर की बात मूलतः ठोस. अतः यह अंतर करना सीखना परम आवश्यक है और यह मात्र अनुभव से आ सकता है. जिस तरह घाघ नेता बनने की कोई किताबी पाठशाला नहीं है, बस अनुभव से बना जा सकता है, ठीक वैसे ही इसे पहचानने के लिए भी मात्र अनुभव की ही आवश्यक्ता है.

जैसे उदाहरण के तौर पर अमरीका का कहना कि इराक के पास वेपन ऑफ मास डिस्ट्रक्शन थे, यह बाहर की बात थी असल में अंदर की बात यह थी कि इराक के पास तेल के लबालब कुएं थे, जिस पर अमरीका की नजर थी.

ऐसा ही अपवाद एक और है कि जब अंदर की बात कई बार अंदर से ही धीरे से बाहर करवा दी जाती है बाहर वाले के द्वारा जो अंदर का आदमी होता है.

अन्य भारतीय समस्यायों के जंजाल में फंसी आम जनता जिस तरह इन नेताओं की चालों और बयानों से कन्फ्यूज होकर चुप बैठ जाती है, कुछ वैसे यह छात्र भी अपनी कुर्सी पर वापस बैठ गया.

इसी तरह अपवादवश कभी बाहर की बात बाहर से ही अंदर वाला बाहर वालों के लिए अंदर के व्यक्ति के द्वारा कहलवा देता है.

अब बालक और ज्यादा कन्फ्यूज था, शायद किसान होता तो आत्महत्या कर लेता या प्रवासी ग्रमीण होता तो पैडल घर निकल लेता मगर सारांश में इतना समझ पाया कि बाहर की बात झूठी और अंदर की बात सच्ची, अगर अफवाह न हुई तो और अफवाह और अंदर की बात के बीच भेद करना अभी उसके लिए बिना अनुभव के संभव नहीं.

फिर भी हिम्मत जुटा कर वो पूछ ही लेता है कि फिर वो मास्साब की चोरी की इन्क्वायरी वाली बात तो अंदर की बात कहलाई.

मुझे जबाब नहीं सुझता और मैं सर दर्द का बहाना बना कर निकल लेता हूँ यह कहते हुए कि जब तुम्हारे मास्साब आ जायें, तो उनसे पूछ लेना. वरना तो ये नई नसल के बच्चे, कहीं करोना और आर्थिक पैकेज पर बात न करने लगें कि इसमें कौन सी अंदर की बात है और कौन सी बाहर की?
-समीर लाल ’समीर’

भोपाल से प्रकाशित दैनिक सुबह सवेरे के रविवार मई १७,२०२० के अंक में:
ब्लॉग पर पढ़ें:


Indli - Hindi News, Blogs, Links

शनिवार, मई 09, 2020

मुस्कान संक्रामक होती है, मुस्कराते रहिये




मुस्कान संक्रामक होती है, मुस्कराते रहिये -ये अब कल की बात हो गई है.  
अब तो मुस्कराओ या कि मनहूस की तरह मूँह बनाये बैठे रहो, कोई देखने वाला नहीं. सब मास्क के पीछे छिपा रहेगा.कोई फरक नहीं. सब धान बाईस पसेरी वाला मुहावरा इससे बेहतर कहाँ सटीक बैठेगा?
अब शायरों को भी अपनी शायरी में लबों पर मुस्कान का जुमला भुलाना होगा. शायरी तो महबूबा के लिए होती है और आजकल कौन सी महबूबा बिना मास्क के मिलने का जोखिम उठायेगी. कम से कम वो वाली तो नहीं जो अभी शेर शायरी को प्रेरित कर रही हो. जब तक मास्क उतारकर मिलने लायक पहचान होगी, तब भला कैसा शेर और कैसी शायरी. बीबी के लिए भला कौन लबों पर मुस्कान वाली शायरी लिखता है?
नया शायर लिखेगा:
उसकी इसी अदा पर, तबीयत मचल जाती है,
वो जब भी मिलती है, आँखों से मुस्कराती है.
हो सकता है ये शेर बहर में न हो, व्याकरण में सुधार मांगता हो. सो तो ये जिन्दगी भी ऐसी डगर पर है कि हर एक कदम पर जीने के तरीके में सुधार मांग रही है. अब तो फुसफुसा का इश्क का इज़हार करना भी कहाँ संभव है. माना कि फोन पर फुसफुसा कर कहा जा सकता है लेकिन फोन नम्बर लेने के लिए इस सोशल डिस्टेन्सिंग के चलते ६ फुट दूर से चिल्ला कर फोन नम्बर माँगना पड़ेगा. मानो कि आप सफल भी हो गये तो वो भी तो चिल्ला कर ही अपना नम्बर दे पायेगी. और जब तक आप नम्बर पा जाने की खुशी से उबर कर उसे फोन लगायेंगे. तब तक उसी वक्त आसपास से गुजरते चार लड़के उसका फोन नम्बर नोट करके उसको फोन मिला चुके होंगे. संभव है उनमें से किसी के साथ बात इतनी कुछ बढ़ भी गई हो कि आपको रॉन्ग नम्बर कह कर टाल दिया जाये. 
फास्ट ट्रेक का जमाना है. सब इतने लम्बे लॉक डाउन की चोट और महामारी की मार देखकर कोई एक भी पल गँवाने को तैयार नहीं. क्या पता कब वायरस धर ले और आप की आत्मा वायर लैस होकर उड़ान भर ले.
यूँ भी आने वाले समय में मुझे लगता है कि अरेन्जड मैरिज का जमाना फिर से जगमगा उठेगा. लोग रिश्ता लायेंगे कि हमारी रिश्तेदार की बच्ची है. बिना मास्क के बहुत सुन्दर दिखती है. दाँत भी एकदम ऐसे जैसे मोती पिरो दिये हों. बिना किसी के रेफरेन्स के क्या पता कि फेसबुक प्रोफाइल पर किसकी तस्वीर चिपका रखी हो. वहाँ तो खैर लड़के भी लड़कियों की प्रोफाइल बनाये बैठे हुए हैं. उनके चक्कर में पड़ जाओगे तो मिलना तो खैर कभी होगा नहीं, बस उनके मोबाईल रीचार्ज कराने से लेकर पिज़्ज़ा भिजवाते ही नजर आओगे. 
लड़का चुनना भी बिना रिफरेन्स के कैसे होगा? तमाम गुटका खा खा कर लाल दांत किये भी मास्क की आड़ में खप जायेंगे. कोई भरोसा नहीं कि एक पीर गुटकेबाज मास्क पहन कर दंतमंजन का विज्ञापन कर रहा हो, कौन जान पायेगा. 
समय ऐसा बदला है कि खुद को कितना बदलें वो भी समझ आना बंद हो गया है. भारत से कनाडा शिफ्ट हुए तो नमस्ते करना छोड़ कर हाथ मिलाने लगे सबसे. अब सब हाथ मिलाना छोड़ कर यहाँ नमस्ते कर रहे हैं और हम बचपन से नमस्ते के अभ्यासी, पुनः नमस्ते करने के अभ्यास में जुटे हैं.  
क्या क्या बदलेगा कौन जाने. लिप्स्टिक लगे मास्क आयेंगे या गुटका थूकने के लिए खिड़की लगे वाले .बस जो नहीं बदलेगा वो ये है कि हमारे नेताओं के चरित्र में कोई अंतर नहीं आयेगा. पहले भी वो अदृश्य मास्क पहने ही रहते थे. जो थे वो वैसे कभी कहाँ नजर आये? अब बस वो अदृश्य मास्क दिखने लगेगा. मगर वो दिखने वाला मास्क तो सबके चेहरे पर होगा. भीड़ में मास्क पहने कौव्वे और हंस सब एक ही नजर आयेंगे. चाहे कौव्वा लंगड़ाये या हंस सीधा चले, कौन समझ पायेगा. 
-समीर लाल ’समीर’
भोपाल से प्रकाशित दैनिक सुबह सवेरे के रविवार मई ०९, २०२० के अंक में:
ब्लॉग पर पढ़ें:

#Jugalbandi
#जुगलबंदी
#व्यंग्य_की_जुगलबंदी
#हिन्दी_ब्लॉगिंग
#Hindi_Blogging

Indli - Hindi News, Blogs, Links